03:06 PM, 20-Apr-2026
विजय ने पोननेरी विधानसभा क्षेत्र में किया बड़ा रोड शो
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बीच अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) ने जोरदार चुनावी अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को विजय ने पोननेरी विधानसभा क्षेत्र के पंचट्टी इलाके में बड़ा रोड शो किया, जहां भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने उनका जोरदार समर्थन किया। भीड़ और तेज धूप के कारण कई समर्थकों की तबीयत बिगड़ गई। एक महिला समर्थक को पार्टी कार्यकर्ताओं ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया, जबकि कुछ लोग गर्मी से बेहोश भी हो गए।
विजय इस चुनाव में पहली बार राजनीति में उतर रहे हैं। वे तिरुचिरापल्ली ईस्ट और पेरंबुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनका मुकाबला डीएमके के उम्मीदवारों से है। रोड शो के बाद उन्होंने पार्टी का चुनावी घोषणापत्र भी जारी किया। इसमें उन्होंने महिलाओं के लिए हर महीने ₹2,500 की सहायता देने का वादा किया है। साथ ही, गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए 8 ग्राम सोना और साड़ी देने का भी ऐलान किया है।
छात्रों के लिए उन्होंने कहा कि शिक्षा ऋण के लिए बिना गारंटी ₹20 लाख तक का लोन दिया जाएगा और प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग भी दी जाएगी, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल होगा। विजय ने कहा कि उनकी पार्टी ईमानदार शासन के सिद्धांत पर काम करेगी और वे अन्य दलों पर खोखले वादों का आरोप लगाते हुए उन्हें एक जैसा बताया।