फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Assembly Polls: स्वप्ना बर्मन की राजगंज से उम्मीदवारी पर संकट! रेलवे के अनुशासन मामले ने फंसाया पेंच

Thu, 26 Mar 2026 12:21 PM IST
राकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

खास बातें

Assembly Election Updates: देश के पांच राज्यों असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों का एलान हो चुका है। राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। चुनावी चौसर पर कौन सा दल किस मुद्दे के सहारे जनता के बीच जा रहा है? किस राज्य में कौन सा गठबंधन या रणनीति अधिक कारगर साबित होगी? अलग-अलग राज्यों में विधानसभा चुनाव से जुड़े हर छोटे-बड़े अपडेट्स अमर उजाला की इस खबर में जानिए

विज्ञापन
चुनावी राज्यों में राजनीतिक हलचल तेज - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:36 PM, 26-Mar-2026

पश्चिम बंगाल में आलू किसानों की आत्महत्या पर सियासत, भाजपा ने ममता सरकार पर लगाया अनदेखी का आरोप

पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समित भट्टाचार्य ने दावा किया है कि राज्य में फरवरी से अब तक कम से कम पांच आलू किसानों ने कर्ज और फसल के सही दाम न मिलने के कारण आत्महत्या कर ली है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार ने आलू उत्पादकों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। इतना ही नहीं, दूसरे राज्यों में आलू भेजने पर रोक लगाकर संकट को और बढ़ा दिया है, जिससे किसान साहूकारों का कर्ज चुकाने में असमर्थ हैं। भट्टाचार्य ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय कोल्ड स्टोरेज मालिकों पर दबाव बना रही है।

02:12 PM, 26-Mar-2026

स्वप्ना बर्मन की राजगंज से उम्मीदवारी पर संकट! रेलवे के अनुशासन मामले ने फंसाया पेंच

एशियन गेम में स्वर्ण पदक विजेता स्वप्ना बर्मन कानूनी उलझनों में घिर गई है। राजगंज विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार स्वप्ना बर्मन पर रेलवे ने अनुशासनात्मक जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, रेलवे ने सेवा में रहते हुए राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने के कारण उनके खिलाफ यह कार्रवाई शुरू की गई है। 

इससे पहले कोलकाता हाईकोर्ट की जलपाईगुड़ी सर्किट बेंच ने स्वप्ना को निर्देश दिया था कि वे रेलवे को अपनी गलती स्वीकार करते हुए पत्र सौंपें, जिससे उन्हें चुनाव लड़ने के लिए अनिवार्य क्लीयरेंस मिल सके। हालांकि, उनके इस्तीफे से रेलवे संतुष्ट नहीं है। अब कोर्ट के कड़े रुख के बाद उन्हें दोबारा अपनी गलती स्वीकार करते हुए पत्र देना होगा। अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया तो उनका नामांकन भी रद्द हो सकता है। 



 

01:41 PM, 26-Mar-2026

सीट बंटवारे पर घमासान, डीएमके ने डीएमडीके को 10 सीटें देने के फैसले का किया बचाव

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। इस बीच विपक्षी दलों और कुछ सहयोगियों ने डीएमके की आलोचना की। हालांकि, डीएमके ने डीएमडीके (DMDK) को 10 सीटें आवंटित करने के अपने फैसले का पुरजोर बचाव किया है। राज्य मंत्री एसएस शिवशंकर ने कहा कि सीट-बंटवारे का यह फॉर्मूला कई दौर की बातचीत के बाद तय किया गया है। सभी गठबंधन सहयोगियों को उचित सम्मान और मान्यता दी गई है। विपक्ष ने सवाल उठाया था कि लंबे समय से साथ रहे वीसीके और एमडीएमके जैसे दलों की तुलना में नए सहयोगी डीएमडीके को अधिक सीटें क्यों दी गईं? इस पर डीएमके नेता ने कहा कि डीएमडीके पूर्व में मुख्य विपक्षी दल रही है। 

विज्ञापन
12:53 PM, 26-Mar-2026

पश्चिम बंगाल: 28 मार्च को अमित शाह का दौरा, TMC के खिलाफ 'आरोप पत्र' जारी करेगी भाजपा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 28 मार्च को राज्य के दो दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ भाजपा का आधिकारिक 'आरोप पत्र' जारी करेंगे। इस दस्तावेज के जरिए भाजपा राज्य में कथित भ्रष्टाचार, घुसपैठ और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति जैसे मुद्दों पर तृणमूल कांग्रेस को घेरने की तैयारी में है। दो चरणों में होने वाले मतदान से ठीक पहले शाह का यह दौरा रणनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। 

12:26 PM, 26-Mar-2026

बंगाल में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन; भवानीपुर में सुवेंदु अधिकारी ने 'राम राज्य' का आह्वान किया

पश्चिम बंगाल में आज रामनवमी के मौके पर भक्ति और राजनीति का संगम देखने को मिला। राजधानी कोलकाता के सबसे चर्चित विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर की सड़कों पर सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में रामनवमी का जुलूस निकाला गया। इस दौरान अधिकारी ने 'राम राज्य' का नारा दिया। उन्होंने कहा कि सुशासन और रोजगार ही 'राम राज्य' है। बंगाल में राम राज्य आने वाला है। 

बता दें कि भवानीपुर सिर्फ एक सीट नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का अपना इलाका है। यहां सुवेंदु अधिकारी का जुलूस निकालना और हाजरा क्रॉसिंग पर इसका समापन होना, बड़ा सियासी संदेश दे रहा है। भाजपा इस बार 'दीदी' को उन्हीं के घर में घेरने की तैयारी में हैं। गौरतलब है कि 2021 में नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हराने के बाद अब 2026 के चुनावों में एक बार फिर इन दो दिग्गजों के बीच भवानीपुर में कांटे की टक्कर होने वाली है।

पिछले कुछ वर्षों की स्थिति को देखते हुए प्रशासन इस बार कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं है। हावड़ा और हुगली जैसे संवेदनशील जिलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इन इलाकों में पिछले साल रामनवमी के दौरान हिंसा और तनाव की खबरें आई थीं।

विज्ञापन
12:10 PM, 26-Mar-2026

Assembly Polls: स्वप्ना बर्मन की राजगंज से उम्मीदवारी पर संकट! रेलवे के अनुशासन मामले ने फंसाया पेंच

अप्रैल-मई में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव कराए जाने हैं। निर्वाचन आयोग तैयारियों की समीक्षा के बाद मतदान और नतीजों के साथ-साथ चुनाव से जुड़ी तमाम तारीखों का एलान कर चुका है। राजनीतिक दलों ने प्रत्याशियों के नाम का एलान करना भी शुरू कर दिया है। कहीं चुनावी घोषणा पत्र के वादों से जनता को लुभाने के प्रयास किए जा रहे हैं, तो किसी राज्य में क्षेत्रीय अस्मिता को मुद्दा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। कई राजनीतिक दलों के बड़े चेहरे जनसभाओं के माध्यम से जनाधार बढ़ाने की कवायद भी कर रहे हैं।


पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में कैसा राजनीतिक माहौल है? आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद अब किस राज्य में कौन सी सियासी गतिविधि सुर्खियां बटोर रही है? राजनीतिक दलों के बीच कैसे सियासी गठजोड़ पर मंथन हो रहा है? विधानसभा सीटों पर उतारे जा रहे प्रत्याशियों में कौन कद्दावर उम्मीदवार है, किसे पहली बार किस्मत आजमाने का मौका मिल रहा है? राजनीतिक धुरंधरों में किसके पास विरासत की ताकत है? कौन पहली बार राजनीतिक अखाड़े में दांव-पेंच आजमाने आ रहा है? सियासी चौसर पर कितने नए राजनीतिक दल या निर्दलीय प्रत्याशी पहली बार अपना भाग्य आजमाएंगे?

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें