शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, 'कांग्रेस को आत्मचिंतन करना होगा... छत्तीसगढ़ में सरकार उनकी थी, उन्होंने जो काम किए थे वह शायद जनता तक नहीं पहुंचे, मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी जिसे भाजपा ने गिराई थी लेकिन 2018 की जीत के 3 साल बाद भी कांग्रेस की गति नहीं बन पाई तो कहां कमी रह गई?... सपा और कांग्रेस में जो टकराव हुआ था उसे भी टाला जा सकता था, अगर आप(कांग्रेस) बड़ी पार्टी हैं और INDIA गठबंधन में भी बड़ी जिम्मेदारी ले रहे हैं तो कहीं तो आपको उदारता दिखानी पड़ेगी।'
भाजपा मुख्यालय में अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि मेरे लिए देश में चार जातियां ही सबसे बड़ी जातियां हैं। इन जातियों में नारी शक्ति, युवा शक्ति, किसान और गरीब परिवार शामिल हैं।
चार राज्यों के चुनाव नतीजों पर हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कांग्रेस पर कसा तंज
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनाव नतीजों पर ट्वीट करते हुए लिखा, मैं तेलंगाना के लोगों को धन्यवाद देता हूं। साथ ही मैं उन्हें भी धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान में हमें वोट दिया। इन तीन राज्यों में हमारा प्रदर्शन निराशाजनक रहा लेकिन हम पूरे समर्पण के साथ फिर से इन राज्यों में वापसी करेंगे। कांग्रेस पार्टी पूरे मन से चारों राज्यों में चुनाव लड़ी, जिसमें हमारे कार्यकर्ताओं ने काफी मेहनत की। हम इन अस्थायी झटकों से उबर जाएंगे और विपक्षी गठबंधन के साथ मिलकर आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी करेंगे।
अमित शाह ने चुनाव नतीजों पर ट्वीट कर लिखा- 'तुष्टीकरण और जाति में बांटने की राजनीति के दिन समाप्त हो चुके हैं'।
चुनाव नतीजे जारी होने के बाद कमलनाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा- हम मध्य प्रदेश के मतदाताओं का फैसला स्वीकार करते हैं और भाजपा को बधाई देते हैं।
राहुल गांधी ने चुनाव नतीजों पर ट्वीट करते हुए लिखा- 'मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान का जनादेश हम विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं। विचारधारा की लड़ाई जारी रहेगी। तेलंगाना के लोगों को मेरा बहुत धन्यवाद, प्रजालु तेलंगाना बनाने का वादा हम जरूर पूरा करेंगे। सभी कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत और समर्थन के लिए दिल से शुक्रिया।'
तेलंगाना की जीत पर प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा- तेलंगाना की जनता ने इतिहास रच दिया है। यह तेलंगाना की जीत है।
पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के चुनाव परिणामों पर जनता को किया नमन।
पीएम मोदी ने चुनाव नतीजों पर ट्वीट करते हुए लिखा, 'तेलंगाना के भाइयों-बहनों, भाजपा के लिए आपके समर्थन के लिए धन्यवाद। बीते कुछ सालों से आपका समर्थन भाजपा के लिए बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में यह जारी रहेगा। तेलंगाना के साथ हमारा रिश्ता अटूट है और हम राज्य के लोगों के लिए काम करते रहेंगे। मैं भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रयासों की भी तारीफ करता हूं।'
चुनाव नतीजों पर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि 'जनता का जो फैसला आ रहा है, हम जनता का फैसला स्वीकार करेंगे। जो नई सरकार बनेगी हम उन्हें बधाई देंगे। जो नतीजे आए हैं, वह चौंकाने वाले हैं।' सीएम ने कहा 'मैं जन सेवक हूं, मैं अंतिम सांस तक प्रदेश वासियों की सेवा करूंगा...। राहुल गांधी, खरगे जी सभी ने चुनाव में कोई कमी नहीं रखी... मैं कार्यकर्ताओं से कहना चाहूंगा चुनाव में हार और जीत होते रहती है, कई कारण बन जाते हैं।'
बिहार भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा, 'स्पष्ट तौर पर ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है और पीएम मोदी की गारंटी ने इस देश का दिल जीतने का काम किया है। मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़, ये झांकी है, अभी तो बिहार बाकी है...।'
भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा, 'मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मन में मोदी हैं यह स्पष्ट हो गया है, पूरे देश के मन में मोदी हैं यह भी स्पष्ट हो गया है... कांग्रेस फेल हो गई, परिवारवाद खत्म है, कांग्रेस खत्म है।'
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, 'यह जीत खास है। देश को प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास है... इन चुनावों में यह स्पष्ट तौर पर उभरा है कि लोग डबल इंजन की सरकार चाहते हैं, मोदी जी के विकास और गरीब कल्याण में विश्वास रखते हैं...कांग्रेस की गारंटियां फेल हो गईं...भाजपा की डबल इंजन की सरकार पर वापस मुहर लगी है... विपक्ष ने जितना कीचड़ उछाला, उतना ही मोदी जी निखर कर आए, उतना ही कमल खिला है...।'
मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहनाओं से मुलाकात की और कहा, 'PM मोदी करोड़ों जनता के हृदय के हार हैं और देश की जनता के मन में भी बसते हैं। ये विश्वास की जीत है जो बीजेपी को आज मिल रहा है और मेरे बहनों आपने जो प्यार और आर्शीवाद दिया उसके लिए मैं आपके सामने नतमस्तक होता हूं। लाड़ली बहनों के साथ होने से बीजेपी को ये जीत हासिल हुई है।'
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, 'तीन राज्यों में प्रधानमंत्री मोदी का करिश्मा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की प्लानिंग और कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाई है। तीन राज्यों में भाजपा की सरकार बन रही है। राहुल गांधी ने झूठे वादे किए, किसानों के साथ धोखा किया...।'
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, 'मध्य प्रदेश के मन में प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री मोदी के मन में मध्य प्रदेश, मध्य प्रदेश के मन में लाडली बहना और लाडली बहना के मन में मध्य प्रदेश की विजय है।'
मध्य प्रदेश: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी. शर्मा ने कहा, "भाजपा अब तक की सर्वाधिक सीटें जीतकर इतिहास बनाएगी... कांग्रेस केवल झूठ बोलती है। भाजपा की सरकार बनाने के लिए आगे की जो रणनीति होगी वो हमारा केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा।"
एमपी में भाजपा की बढ़त पर पार्टी नेता जश्न मना रहे। सीएम शिवराज का वीडियो आया सामने
छत्तीसगढ़ बीजेपी अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, "कांग्रेस के कुशासन का अंत होने वाला है। कमल खिलने वाला है। छ्त्तीसगढ़ खुशहाली और तरक्की की ओर आगे बढ़ने वाला है। प्रधानमंत्री मोदी की गांरटी जनता को मिलने वाली है...यह रुझान ही परिणाम में बदलने वाला है और इससे अधिक सीटें भाजपा को मिलने वाली हैं..."
चुनाव नतीजों को लेकर जदयू ने भी ट्वीट किया है। जदयू नेता निखिल मंडल ने लिखा है कि 'INDIA गठबंधन को अब आदरणीय नीतीश कुमार जी के अनुसार चलना चाहिए। कांग्रेस पांच राज्यों के चुनाव में व्यस्त होने की वजह से गठबंधन पर ध्यान नहीं दे पा रही थी। अब तो कांग्रेस भी चुनाव लड़ ली, रिजल्ट भी सामने है। याद रहे नीतीश कुमार जी विपक्षी गठबंधन के सूत्रधार हैं और वही इस नैया को पार करा सकते हैं।'
बता दें कि बीते दिनों नीतीश कुमार ने एक कार्यक्रम के दौरान आरोप लगाया था कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव में व्यस्त होने के चलते विपक्षी गठबंधन की रणनीति को लेकर चर्चा नहीं कर रही है। अब जब राजस्थान और एमपी में कांग्रेस पिछड़ रही है तो विपक्षी गठबंधन के सहयोगी कांग्रेस पर तंज कस रहे हैं।
चुनाव नतीजों के बाद विपक्षी गठबंधन में भी रस्साकसी शुरू हो गई है। दरअसल समाजवादी पार्टी ने कमलनाथ का वीडियो ट्वीट कर उन पर तंज कसा है। सपा ने लिखा 'जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है'। सपा प्रवक्ता मनोज सिंह काका ने एमपी में कांग्रेस की हार का ठीकरा कमलनाथ पर फोड़ा है। दरअसल एमपी चुनाव से पूर्व एक कार्यक्रम में कमलनाथ से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर सवाल किया गया था, जिस पर कमलनाथ ने कहा था कि 'छोड़ो भई अखिलेश-वखिलेश।' इस पर सपा नेताओं और खुद अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। अब जब चुनाव नतीजों में कांग्रेस बुरी तरह पिछड़ गई है तो सपा ने तीखा तंज कसा है।
NCP(शरद पवार गुट) सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, "ये लिटमस टेस्ट नहीं है। साल 2019 में राजस्थान और मध्य प्रदेश, दोनों राज्यों में कांग्रेस जीती थी और लोकसभा चुनाव में कुछ और हुआ था। लोकसभा और विधानसभा काफी अलग होते हैं... जैसी लड़ाई होगी उसी हिसाब से पता चलेगा कि लोकसभा में क्या होगा... लड़ाई में मेहनत करने में क्या है, हार-जीत तो होती रहती है।"
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चुनाव रुझानों पर कहा कि 'कांग्रेस लड्डू बांटने और बधाई देने वाले पोस्टर लगाने की तैयारी कर रही थी। वहीं हम चुपचाप अपना काम कर रहे थे। लाडली बहना योजना एक गेम चेंजर साबित हुई और इसके लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान को पूरा श्रेय जाता है।'
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने चुनाव नतीजों पर कहा 'मध्य प्रदेश में यह भाजपा के लिए बड़ी जीत है। भाजपा सरकार ने काम किया और लोगों ने डबल इंजन की सरकार और पीएम मोदी के नेतृत्व और सीएम शिवराज के कामों में विश्वास दिखाया। मैं सभी को बधाई देता हूं।'
बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने चार राज्यों के चुनाव नतीजों पर कहा कि 'शुरुआती रुझानों में भाजपा राजस्थान और मध्य प्रदेश में आगे चल रही है और कांग्रेस तेलंगाना में सरकार बना रही है। छत्तीसगढ़ में बराबरी की टक्कर है। हालांकि मुझे लगता है कि कौन जीत रहा है, इसके बारे में भविष्यवाणी करना जल्दबाजी है। दोपहर एक बजे तक स्थिति साफ होगी और हम उम्मीद कर रहे हैं कि कांग्रेस चुनाव जीतेगी।'
सीएम शिवराज ने कहा कि पीएम मोदी के मन में मध्य प्रदेश है और मध्य प्रदेश के मन में पीएम मोदी हैं। पीएम ने यहां जो सभाएं
सीएम शिवराज सिंह ने 1984 की भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। सीएम ने कहा कि 'आज भी 2-3 दिसंबर की रात याद आती है तो हम कांप उठते हैं। गैस के कारण हमारे हजारों भाई -बहनों और बच्चों की जान चली गई थी। भोपाल का वो दृश्य भूला नहीं जा सकता। मैं उन सभी भाई-बहनों के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं।'
राजस्थान के रुझानों पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का कहना है कि 'जादूगर का जादू खत्म हो गया है। भाजपा इस चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ जीतेगी....राजस्थान की जनता ने हकीकत पर वोट दिया है..मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनाएगी।'
राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सी.पी. जोशी ने कहा, "...यह बढ़त बढ़ती रहेगी। हम 135 से ज्यादा सीटें जीतेंगे..."
भाजपा सांसद और विद्याधर नगर से भाजपा उम्मीदवार दीया कुमारी ने मंदिर में किए दर्शन
तेलंगाना में बीआरएस के सांसद के केशवा राव ने कहा कि 'मैं आंकड़ों में नहीं जाऊंगा क्योंकि मैं सर्वे को कम नहीं आंक रहा। आपके पास अपने आंकड़े हैं और हमारे पास हमारे आंकड़े हैं। सर्वे में भले ही कांग्रेस को बहुमत दिया गया है लेकिन मेरे हिसाब से बीआरएस को बहुमत मिलेगा। कांग्रेस अकेले लड़ाई लड़ रही है और उनके पास किसी का समर्थन नहीं है। उन्हें सारी सीटें अकेले दम पर लानी हैं लेकिन भाजपा और एआईएमआईएम हमें समर्थन देंगे।'
मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, "परिणाम आना शुरू हो गए हैं, मैं मानता हूं कि बीजेपी अब तक की सर्वाधिक सीट जीतकर मध्य प्रदेश में इतिहास बनाएगी...।"