01:40 PM, 05-Apr-2026
'2026 चुनाव का सुपरस्टार है डीएमके का घोषणापत्र'
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने रविवार को डीएमके के चुनावी घोषणापत्र को '2026 चुनाव का सुपरस्टार' बताते हुए कहा कि वादे कोई भी कर सकता है, लेकिन जनता भरोसा केवल उनकी पार्टी के वादों पर ही करती है। सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस की एक जनसभा को संबोधित करते हुए, डीएमके अध्यक्ष स्टालिन ने एआईएडीएमके के महासचिव के पलानीस्वामी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पलानीस्वामी का पूरा चुनाव अभियान झूठ और निम्न स्तर की बयानबाजी पर आधारित है।
स्टालिन ने पलानीस्वामी को झूठा और विश्वासघात का प्रतीक करार दिया। मुख्यमंत्री ने अपने घोषणापत्र के प्रमुख वादों का जिक्र करते हुए कहा कि 'महालिर उरिमै थोगई' योजना के तहत मासिक सहायता राशि बढ़ाकर 2,000 रुपये की जाएगी। इसके अलावा 'इलाथरासी' योजना के अंतर्गत गृहिणियों को घरेलू उपकरण खरीदने के लिए 8,000 रुपये के कूपन दिए जाएंगे।
विपक्ष से तुलना करते हुए स्टालिन ने अपने 'द्रविड़ मॉडल' शासन को बेहतर बताया और दावा किया कि डीएमके की कल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को विपक्ष पचा नहीं पा रहा है, इसी कारण ऐसी बयानबाजी की जा रही है। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल को होने वाले हैं।