11:42 PM, 06-Nov-2023
चुनाव को देखते हुए ओडिशा पुलिस ने छत्तीसगढ़ सीमा पर सुरक्षा बढ़ाई
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को देखते हुए ओडिशा पुलिस ने राज्य से लगती सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों ने कहा कि मंगलवार को मतदान के दौरान माओवादी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी गई है। कोरापुट के पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को कहा कि पांच प्रमुख स्थानों पर बीएसएफ, डीवीएफ (जिला स्वैच्छिक बल) और एसओजी (विशेष अभियान समूह) सहित सुरक्षा बलों द्वारा आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि हालांकि वर्तमान में स्थिति सामान्य है, लेकिन हम लापरवाही नहीं बरत सकते हैं। चुनाव आयोग के निर्देश पर माओवादियों की आवाजाही को रोकने के लिए सीमा पर सुरक्षा के पर्याप्त उपाय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कोटपाड, कुंद्रा और बोइपरिगुडा पुलिस थाना क्षेत्रों में सुरक्षाकर्मियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। दो गश्ती दल कोटपाड़ और बोइपरिगुडा में निगरानी पर हैं और एक मोबाइल टीम को कुंद्रा पुलिस थाना क्षेत्र में तैनात किया गया है।