एनडीपीपी, कांग्रेस उम्मीदवारों ने नागालैंड उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया
नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) और कांग्रेस उम्मीदवारों ने नागालैंड में तापी विधानसभा सीट पर सात नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। चुनाव कार्यालय के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। बता दें कि विधायक और समाज कल्याण विभाग के सलाहकार नोक वांगनाओ (एनडीपीपी) के निधन के बाद उपचुनाव हो रहा है। उपचुनाव में दोनों पार्टियों के बीच सीधी लड़ाई होगी क्योंकि उपचुनाव के लिए केवल उनके उम्मीदवारों ने ही नामांकन दाखिल किया है। एनडीपीपी ने वांगपांग कोन्याक को मैदान में उतारा है और कांग्रेस ने उस सीट के लिए वांगलेम कोन्याक को नामांकित किया है। बता दें कि शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन था।
'आप' ने छत्तीसगढ़ के लिए जारी की प्रचारकों की सूची
आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ चुनाव के लिए 37 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, AAP सांसद संजय सिंह, पार्टी नेता मनीष सिसौदिया और अन्य नेताओं को स्टार प्रचारक के रूप में नामित किया गया है।
राहुल गांधी बोले, कांग्रेस में शामिल होने के लिए भाजपाईयों की लंबी लाइन
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पिछले तीन दिनों से तेलंगाना दौरे पर है। शुक्रवार को तेलंगाना में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, बीआरएस, भाजपा और एआईएमआईएम के बीच मिलीभगत है। तेलंगाना में सिर्फ कांग्रेस और बीआरएस के बीच मुकाबला है। ऐसी स्थिति में भाजपाईयों ने कांग्रेस में शामिल होने के लिए लंबी लाइन लगा रखी है। निजामाबाद में अर्मूर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, पहले भाजपा के लोग बॉलीवुड हीरो के जरिए चुनावी रैली करते थे। लेकिन उन्हें अब ये पता चल गया कि ऐसा नहीं चलेगा। विजयभेरी यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने एक जगह दुकान पर डोसा भी खाया और लोगों से मुलाकात की।
चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी चाय की दुकानदार पर पहुंचें
आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचार प्रसार के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी तेलंगाना दौरे पर पहुंचें। आर्मूर में रोड शो के जरिए उन्होंने लोगों से कांग्रेस के लिए समर्थन मांगा। वहीं तेलंगाना के निजामाबाद में प्रचार के दौरान राहुल गांधी एक चाय की दुकान पर जा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों से बातचीत की। महिला चाय दुकानदार और उनके बच्चों से भी प्रचार के दौरान मुलाकात की।
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होने जा रही है। पीएम मोदी भी इस बैठक के लिए भाजपा मुख्यालय पहुंच चुके हैं। बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, अमित शाह मौजूद हैं। इसके अलावा, वसुंधरा राजे, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान भी बैठक में मौजूद हैं। बैठक में राजस्थान और मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर मंथन होगा।
रॉबर्ट वाड्रा बोले, विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का शानदार प्रदर्शन रहेगा
पांचों राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखें जैसे-जैसे नजदीक आ रही है। वैसे-वैसे राजनीतिक दलों की दिल की धड़कने बढ़ती जा रही है। सभी दलों ने मतदाताओं को रिझाने के लिए नए-नए हथकंडे अपनाए हैं। वहीं कांग्रेस और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रचार प्रसार के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। राजनीतिक बयानबाजी के बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने पांचों राज्यों में कांग्रेस की जीत का दावा कर डाला। उन्होंने कहा, आप इन चुनावों में दखेंगे कि लोग सही निर्णय लेंगे। वे अब ऐसी सरकार चाहते हैं, जिस पर वे भरोसा कर सकें। मुझे लगता है कि कांग्रेस सभी पांचों राज्यों ( राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मिजोरम) में शानदार प्रदर्शन करेगी।
राहुल गांधी बोले-हमारी लड़ाई विचारधारा की है, हम भाजपा को हराएंगे
आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचार प्रसार के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी तेलंगाना दौरे पर पहुंचे। आर्मूर में रोड शो के जरिए उन्होंने लोगों से कांग्रेस के लिए समर्थन मांगा। अपने रोड शो में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, हमारी लड़ाई विचारधारा की है। यह मेरे लिए राजनीतिक लड़ाई नहीं, बल्कि डीएनए की लड़ाई है। हम भाजपा को हर राज्य में हराएंगे। तेलंगाना में बीआरएस को हराएंगे। हम राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा को करारी शिकस्त देंगे।
टीजेएस पार्टी का तेलंगाना विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को समर्थन
तेलंगाना जन समिति पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान पार्टी ने तेलंगाना के आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी को बिना शर्त समर्थन दिया। टीजेएस प्रतिनिधिमंडल में कोदंडराम, विश्वेश्वर राव, अंबाती श्रीनिवास शामिल थे।
मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने जारी की प्रचारकों की सूची
मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। 40 स्टार प्रचारकों की सूची में पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित समेत कई अन्य प्रचारक शामिल हैं।
तेलंगाना में कांग्रेस और बीआरएस पर जमकर बरसी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी
तारीखों के एलान के बाद से चुनावी राज्यों में सभी दलों ने प्रचार प्रसार शुरू कर दिया है। भाजपा भी इन राज्यों में लगातार रैलियों का आयोजन कर रही है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी तेलंगाना राज्य के दौरे पर पहुंचीं। भाजपा रैली में संबोधन करते हुए उन्होंने कांग्रेस और सत्तारूढ़ दल बीआरएस को जमकर घेरा। संबोधन में उन्होंने कहा, कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। कांग्रेस को वोट मतलब बीआरएस को वोट देना है, क्योंकि निर्वाचित कांग्रेस विधायक चुनाव के बाद बीआरएस में जाएंगे। वहीं राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा, जैसे हमने राहुल गांधी को यूपी से भगाया वैसे ही आपको तेलंगाना से बीआरएस को भगाना है। कालेश्वर परियोजना में केसीआर सरकार ने लागत 40 करोड़ रुपये से 1 लाख करोड़ रुपये बढ़ा दी। लेकिन अनुमानित भूमि का 60 प्रतिशत भी सिंचित करने में विफल रहा। सेवा आयोग बेरोजगारों को नौकरी देने में विफल रहा।
राहुल ने किसानों से किया यह वादा
राहुल गांधी ने एक चुनावी रैली में कहा कि अगर कांग्रेस तेलंगाना में सत्ता में आई तो हल्दी किसानों को 12,000 रुपये से 15,000 रुपये प्रति क्विंटल दाम मिलेगा। तेलंगाना में किसानों को उनकी किसी भी फसल के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से प्रति क्विंटल 500 रुपये अधिक मिलेंगे।