मिजोरम में होम वोटिंग और डाक मतपत्रों से 9,555 लोगों ने किया मतदान
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने शनिवार को कहा कि मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए होम वोटिंग (घर से मतदान) के माध्यम से 2,058 वोट और डाक मतपत्रों के माध्यम से 7,497 वोट डाले गए हैं। शनिवार शाम पांच बजे तक घर से मतदान और डाक मतपत्रों के माध्यम से कुल 9,555 वोट डाले गए हैं। इस बार चुनाव आयोग ने वरिष्ठ नागरिकों (80 वर्ष और उससे अधिक आयु) और दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर से मतदान प्रक्रिया को राज्य के विभिन्न जिलों तक बढ़ा दिया गया है। वहीं, ड्यूटी पर तैनात मतदान कर्मी, अन्य अधिकारी और आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारी डाक मतपत्र के जरिए अपना वोट डाल रहे हैं।
तेलंगाना में कांग्रेस ने की क्लस्टर प्रभारी और क्षेत्र पर्यवेक्षकों की नियुक्ति
कांग्रेस ने तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए 'क्लस्टर प्रभारी' और विधानसभा क्षेत्र पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। पड़ोसी राज्य कर्नाटक के कांग्रेस के कई वरिष्ठ मंत्रियों और नेताओं को विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी की चुनावी गतिविधियों की देखभाल के लिए 'क्लस्टर प्रभारी' के रूप में नामित किया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा क्लस्टर प्रभारी के रूप में नियुक्त किए गए 10 नेताओं में दिनेश गुंडू राव, प्रियांक खरगे, एमसी सुधाकर, केएच मुनियप्पा, कृष्णा बायरे गौड़ा और बीजेड जमीर अहमद खान शामिल हैं। साथ ही पार्टी ने तेलंगाना की 48 विधानसभा सीटों के लिए निर्वाचन क्षेत्र पर्यवेक्षकों को भी नामित किया गया। तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी।
छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को जमकर कोसा। सीएम योगी ने कहा कि 'जो सरकार झूठ बोलती है, किसानों का शोषण करती है, उसे सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। लोकतंत्र में लोगों के पास ताकत है। वही सत्ता देते हैं और वही छीन भी सकते हैं। कांग्रेस की यही आदत है वह झूठ बोलकर सत्ता में आते हैं और फिर भ्रष्टाचार करते हैं।'
दुर्ग की रैली में पीएम मोदी ने कहा 'कांग्रेस स्वाभिमानी और विश्वास से भरे गरीब लोगों से नफरत करती है। यह हमेशा चाहती है कि गरीब लोग उसके सामने खड़े होकर याचना करें इसलिए वह गरीब को गरीब बनाए रखना चाहते हैं। केंद्र सरकार ने गरीबों के लिए जो योजनाएं बनाई, उन्हें राज्य सरकार ने रोकने की पूरी कोशिश की। अब सिर्फ 30 दिन बचे हैं और आप इस परेशानी से मुक्त हो जाएंगे।'
ईडी द्वारा छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल पर आरोप लगाने पर कांग्रेस ने कहा है कि 'राज्य में चुनाव एक तरफा होगा और यह भूपेश बघेल की छवि को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची जा रही है। जांच एजेंसियां हर कांग्रेसी नेता के दरवाजे पर पहुंची हुई हैं। हम केंद्र सरकार से पूछते हैं कि महादेव एप के खिलाफ कार्रवाई करने से आपको कौन रोक रहा है? यह दुबई से संचालित हो रही है और यह आपका काम है उसके खिलाफ कार्रवाई करना। छत्तीसगढ़ के लोग इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे।'
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आज चुनाव प्रचार के लिए मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। शनिवार की सुबह उन्होंने रीवा के चिरहुला मंदिर में भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।