फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Assembly Election Live: तेलंगाना में सरकार बनने पर SC को 18 और ST को 12% आरक्षण, प्रियंका गांधी ने किया वादा

Thu, 19 Oct 2023 01:57 AM IST
शिव शरण शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Vidhan Sabha Chunav 2023 News: कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक दिल्ली में शुरू हो गई है। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कर रहे हैं। इस दौरान तीन राज्यों के उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे।
 
विज्ञापन
कांग्रेस की बैठक शुरू - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:56 AM, 19-Oct-2023

तेलंगाना में अब तक 165 करोड़ से अधिक की नकदी, सोना और अन्य वस्तुएं जब्त

तेलंगाना में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद बुधवार तक 165 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाब नकदी, सोना और अन्य कीमती सामान और वस्तुएं जब्त की गईं। राज्य में नौ अक्तूबर को आदर्श आचार संहिता लागू हुई थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से बुधवार को एक बयान में बताया गया कि कुल 77.87 करोड़ कैश, लगभग 62.73 करोड़ मूल्य का सोना, चांदी और अन्य कीमती सामान के अलावा 8.99 करोड़ रुपये से अधिक की शराब, 7.55 करोड़ मूल्य का गांजा और 8.64 करोड़ मूल्य की अन्य वस्तुएं/मुफ्त वस्तुएं जब्त की गईं। 

08:01 PM, 18-Oct-2023

राहुल ने केसीआर और भाजपा पर बोला हमला
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि तेलंगाना चुनाव में मुकाबला कांग्रेस और बीआरएस के बीच है। हम पहले ही बीजेपी को हरा चुके हैं। भाजपा चाहती है कि तेलंगाना चुनाव में बीआरएस की जीत हो। बीजेपी, बीआरएस और एआईएमआईएम एक साथ काम कर रहे हैं। वे मिलकर कांग्रेस को हराने की कोशिश कर रहे हैं। 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि आमतौर पर राजनीतिक पार्टियां वैसे वादे नहीं करती हैं, जिससे उनका नुकसान हो लेकिन हमने इसके बारे में नहीं सोचा। आपके मुख्यमंत्री ने भी वादे किये। उन्होंने कहा था कि वह हर परिवार को तीन एकड़ जमीन देंगे, मुख्यमंत्री ने क्या आपको जमीन दी? उन्होंने रोजगार का वादा किया, क्या रोजगार मिला?उन्होंने कहा था कि एक लाख तक का कर्ज़ा माफ करेंगे, किसका कर्ज़ा माफ किया? दूसरी ओर हम जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं।

07:05 PM, 18-Oct-2023

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज शाम राजस्थान के अजमेर पहुंचे।

विज्ञापन
07:04 PM, 18-Oct-2023

छठ के कारण छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तारीख बदलने की मांग
आम आदमी पार्टी (आप) ने भारत निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर वर्तमान मतदान तिथि पर पड़ने वाले छठ के मद्देनजर छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तारीख बदलने की मांग की है। आप ने आयोग से 17 नवंबर से बदलकर 25 नवंबर करने का अनुरोध किया है।

07:03 PM, 18-Oct-2023

कांग्रेस की गारंटियों का एलान

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हमने तय किया है कि तेलंगाना में एससी को 18 फीसदी और एसटी को 12 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। अंबेडकर अभय हस्तम योजना के तहत एससी और एसटी परिवारों को 12 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, इंदिराम्मा पक्का घर योजना के तहत बेघर एससी और एसटी परिवारों को अपना घर बनाने के लिए जमीन और 6 लाख रुपये दिए जाएंगे। 

विज्ञापन
06:57 PM, 18-Oct-2023

सीईसी बैठक में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता पहुंचे मुख्यालय

पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता कमल नाथ आगामी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव पर केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में भाग लेने के लिए एआईसीसी मुख्यालय पहुंचे। उनके अलावा, इस बैठक में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया भी कांग्रेस मुख्यालय पहुंचीं।

06:52 PM, 18-Oct-2023

कांग्रेस ने आगामी छत्तीसगढ़ चुनाव के लिए 53 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की।

06:50 PM, 18-Oct-2023

जल्द आएगी राजस्थान के लिए भाजपा उम्मीदवारों की दूसरी सूची
राजस्थान में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि राजस्थान की जनता मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कुशासन का अंत करने के लिए चुनाव का इंतजार कर रही थी। मुझे पूरा विश्वास है कि जनता गहलोत सरकार को उखाड़कर फेंक देगी और भाजपा 2/3 बहुमत से सरकार बनाएगी। हमारी दूसरी सूची(उम्मीदवार सूची) जल्द ही जारी की जाएगी। 
 

06:46 PM, 18-Oct-2023

राहुल और प्रियंका गांधी वाड्रा ने की 'बस विजयभेरी यात्रा' का शुभारंभ 
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांग्रेस की 'बस विजयभेरी यात्रा' का शुभारंभ किया। इस मौके पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी का उसूल है कि सामाजिक न्याय होना चाहिए और सभी एक साथ आगे बढ़ें। जब कांग्रेस ने देखा कि यह(तेलंगाना प्रदेश की स्थापना) आपका सपना था और आप इसके लिए लड़ रहे थे, तो पार्टी ने इसे समझा और तेलंगाना प्रदेश बनाने का निर्णय लिया गया। 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि कांग्रेस की जो सरकार बनी थी वह लोगों की सरकार थी। वह सरकार आपको मजबूत करने के लिए बनाई गई थी। हमने तेलंगाना के लिए एक विजन और रोडमैप बनाया है। हमने जो गारंटी दी है उसका काम भी शुरू कर दिया है। 
 

05:52 PM, 18-Oct-2023

इस बीच, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव ने एक चुनावी रैली में कहा कि बीआरएस सरकार ने अपने दो कार्यकाल के दौरान 37,000 करोड़ रुपये के कृषि ऋण माफ किए। तेलंगाना भारत का एकमात्र राज्य है जो किसानों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति प्रदान करता है। 

05:52 PM, 18-Oct-2023

तेलंगाना के कांग्रेस प्रभारी माणिकराव ठाकरे ने बीआरएस नेता के कविता पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि के कविता और उनकी पार्टी डरी हुई है और इसलिए उन्होंने ऐसा बयान दिया है। सोनिया गांधी ने तेलंगाना के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लोग के कविता पर भरोसा नहीं करते हैं। उनका नाम शराब घोटाले में आया है। गांधी परिवार ने राज्य के लिए बहुत काम किया है। लोग समझ गए हैं कि बीआरएस सिर्फ झूठे वादे करती है। 


 

05:52 PM, 18-Oct-2023

रामप्पा मंदिर में राहुल-प्रियंका ने की पूजा

वहीं, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और एआईसीसी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तेलंगाना के मुलुगु जिले के रामप्पा मंदिर पहुंचे। जहां दोनों ने मंदिर में पूजा अर्चना की। 

03:21 PM, 18-Oct-2023

छत्तीसगढ़ में असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, 'शासन में आने के बाद हमने बोला था हम राम मंदिर बनाएंगे और जनवरी में यह बनकर भी तैयार हो जाएगा... कांग्रेस 60 साल सत्ता में रही, लेकिन उन्होंने कभी राम मंदिर बनाने के लिए कोई काम नहीं किया, उन्होंने हमेशा बाबर की पूजा की।'

03:20 PM, 18-Oct-2023

कांग्रेस के घोषणापत्र पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, 'इनके वचनों की लिस्ट तो बहुत लंबी होती है, लेकिन पूरी एक भी नहीं होती। घोषणापत्र बनाना उसमें अनेक तरीके के मिश्रण, अनेक तरीके के लुभान्वित मुद्दों को डालना बहुत आसान है, लेकिन 15 महीनों में इन्होंने मध्य प्रदेश की जो चौपट स्थिति की थी उसके बाद प्रदेश की जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी।'

03:20 PM, 18-Oct-2023

भाजपा ने आगामी मिजोरम चुनाव के लिए 9 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की।
 

03:18 PM, 18-Oct-2023

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रमन सिंह ने कहा, 'भूपेश बघेल को डॉ.रमन के सिवाय कोई और चीज सपने में भी दिखती नहीं है...सुबह, दोपहर, शाम उन्हें सिर्फ सपना ही दिखता है पता नहीं उन्हें क्या भय है ये मेरे समझ के बाहर है। टिकट वितरण का काम केंद्रीय चुनाव…।'

03:18 PM, 18-Oct-2023

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'इन सपा और कांग्रेस पार्टियों ने पहले भी गठबंधन किया था, चाहे 2017 का विधानसभा चुनाव हो या 2019 का लोकसभा चुनाव हो। कांग्रेस-सपा गठबंधन करे तब भी, न करे तब भी भाजपा की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा।'

03:18 PM, 18-Oct-2023

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा राजस्थान में पार्टी नेताओं के साथ बैठक करने के लिए कोटा पहुंचे।

12:46 PM, 18-Oct-2023

भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने छत्तीसगढ़ में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव 2023 के लिए पंडरिया विधानसभा से भावना बोहरा को प्रत्याशी बनाया है। बोहरा वर्तमान में कबीरधाम जिला पंचायत सदस्य और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री हैं।

12:45 PM, 18-Oct-2023

 

कांग्रेस के सिद्धार्थ तिवारी और पुंदरलाल चौधरी ने भाजपा ज्वाइन की।

 

12:15 PM, 18-Oct-2023

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'कांग्रेस में काम बंटे हुए हैं। गालियां खाने की पावर ऑफ अटॉर्नी भी दी गई है, इसका खुलासा खुद कमलनाथ ने किया है कि गाली खाने की पावर ऑफ अटॉर्नी उन्होंने दिग्विजय सिंह को दी है। ऐसे ही सरकार चलाने की पावर ऑफ अटॉर्नी भी इन्होंने दिग्विजय सिंह को ही दे रखी थी, पहले भी बंटाधार हुआ और बाद में भी बंटाधार हो गया।'

12:13 PM, 18-Oct-2023

भाजपा ने छत्तीसगढ़ की पंडरिया विधानसभा सीट से भावना बोहरा को उम्मीदवार घोषित किया है।

12:13 PM, 18-Oct-2023

एनसीपी प्रमुख शरद पवार लोकसभा चुनाव की समीक्षा बैठक के लिए एनसीपी कार्यालय पहुंचे।

12:11 PM, 18-Oct-2023

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कविता के बयान पर कहा, 'मेरे ख्याल से कविता जी की याददाश्त थोड़ी खराब हो गई है जिस तरह से उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं और लगातार वो जवाब दे रही हैं तो उससे परेशान होकर वो अब प्रासंगिक बातें नहीं बोलती हैं। राहुल गांधी जन-जन के नेता है।'

11:59 AM, 18-Oct-2023

बीआरएस एमएलसी कविता ने कहा, 'आज राहुल गांधी और प्रियंका गांधी यहां आने वाले हैं, वे गारंटियां दे रहे हैं, झूठे वादें कर रहे हैं लेकिन जनता जानती है कि कांग्रेस पार्टी जो कहती है वह कभी नहीं करती। राहुल गांधी को मैं इलेक्शन गांधी बोलूंगी क्योंकि वे सिर्फ चुनाव के समय ही प्रदेश में आते हैं।'

11:59 AM, 18-Oct-2023

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने राहुल के कल आइजोल में दिए बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा,'यह कहना कि अमित शाह के बेटे व अनुराग ठाकुर क्या करते हैं कुतर्क है। कांग्रेस के पास जवाब देने के लिए कुछ नहीं है। वे परिवारवाद, तुष्टिकरण, झूठ बोलने और भ्रम फैलाने के आदी हैं। कांग्रेस हमेशा लालच की राजनीति करती है।'

09:58 AM, 18-Oct-2023

इससे पहले 13 अक्तूबर को कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय में मध्य प्रदेश, तेलंगाना विधानसभा चुनावों के मद्देनजर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आयोजित की थी। सीईसी की बैठक होने से पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भरोसा जताया है कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज करेगी।

09:57 AM, 18-Oct-2023

Assembly Election Live: तेलंगाना में सरकार बनने पर SC को 18 और ST को 12% आरक्षण, प्रियंका गांधी ने किया वादा

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक दिल्ली में शुरू हो गई है। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कर रहे हैं। बता दें, इस दौरान तीन राज्यों के उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे।राजस्थान के साथ-साथ छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश में बची हुई सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए कांग्रेस की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सोनिया गांधी के साथ सीईसी के सदस्य और संबंधित राज्यों के स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य भाग ले रहे हैं। 
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें