पंजाब की जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तहत बुधवार को तीन बजे तक 42.60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जालंधर पश्चिम में बहुकोणीय मुकाबला है। यहां प्रमुख राजनीतिक दल आम आदमी पार्टी (आप), कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है। उपचुनाव के लिए 15 उम्मीदवार मैदान में हैं।
तमिलनाडु की विक्रवांडी विधानसभा सीट पर बुधवार को उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। यहां तीन बजे तक 64.44 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। लोग सुबह सात बजे से ही उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए मतदान केंद्रों पर कतार में खड़े नजर आए। निर्वाचन आयोग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, अपराह्न तीन बजे तक 64.44 प्रतिशत मतदान हुआ। विक्रवांडी से द्रमुक विधायक ए पुघाझेंडी का गत छह अप्रैल को निधन होने के कारण यह सीट रिक्त हो गई थी इसलिए यहां उपचुनाव हो रहा है। विक्रवांडी सीट पर कुल 29 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतगणना 13 जुलाई को होगी।
उत्तराखंड की मंगलौर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बुधवार को जारी मतदान के दौरान एक मतदान केंद्र पर प्रतिद्वंद्वी दलों के समर्थकों के बीच झड़प में चार लोग घायल हो गए। राज्य के बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में भी मतदान जारी है। मंगलौर में दोपहर तीन बजे तक 56.21 प्रतिशत और बद्रीनाथ में 40.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
पश्चिम बंगाल की चार विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बुधवार को दोपहर तीन बजे तक 50.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि रायगंज में सबसे अधिक 53.89 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद रानाघाट दक्षिण (अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित सीट) में 52.41 प्रतिशत, बगदाह (अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित सीट) में 50.81 प्रतिशत और मानिकतला में 43.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
तमिलनाडु की विक्रवांडी विधानसभा सीट पर लोग सुबह सात बजे से ही उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचे। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे तक निर्वाचन क्षेत्र में 12.94 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
उत्तर दिनाजपुर के रायगंज विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। रायगंज विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मानस कुमार घोष ने मतदान किया।
राणाघाट दक्षिण भाजपा उम्मीदवार मनोज कुमार बिस्वास ने बताया, 'राणाघाट दक्षिण भाजपा का क्षेत्र है, यह पिछले चुनाव में बार-बार साबित हुआ है। मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह है। मुझे विश्वास है कि इस चुनाव में मतदाता फिर से हमें जिताएंगे, लेकिन सच्चाई यह है कि आपराधिक कर्मियों के साथ प्रशासन द्वारा समर्थित टीएमसी एक अराजक स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रही है ताकि कोई भी मतदाता वोट देने न आए। वे हमारे मतदाताओं और कार्यकर्ताओं को धमका रहे हैं... पश्चिम बंगाल में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं है क्योंकि सरकार ऐसा नहीं चाहती है।'