फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Allu Arjun Enquiry Live Updates: अल्लू अर्जुन घर के लिए निकले, चिकडपल्ली थाने में 3 घंटे तक चली पूछताछ

Tue, 24 Dec 2024 05:57 PM IST
ज्योति राघव एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

Pushpa 2 Actor Allu Arjun Enquiry Live News in Hindi: हैदराबाद के संध्या थिएटर में 4 दिसंबर को फिल्म 'पुष्पा 2' की स्क्रीनिंग के दौरान मची भगदड़ मामले में अल्लू अर्जुन से आज हैदराबाद पुलिस पूछताछ करेगी। पूछताछ के लिए एक्टर घर से रवाना हो चुके हैं। कुछ देर में वे पुलिस के सामने पेश होंगे।
विज्ञापन
अल्लू अर्जुन - फोटो : इंस्टाग्राम@alluarjunonline
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:56 PM, 24-Dec-2024

वकील ने कहा- 'अल्लू ने पूरा सहयोग किया'
अल्लू अर्जुन वकील अशोक रेड्डी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा, 'अल्लू ने पुलिस के साथ पूरा सहयोग किया। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वे उसे फिर से बुलाएंगे। पुलिस अल्लू से पूछताछ करना चाहते थी और इसमें अल्लू ने पूरा सहयोग किया'। बता दें कि आज की पूछताछ में अल्लू अर्जुन से दर्दनाक हादसे के बारे में पूछताछ कर जानकारी जुटाई गई। 

04:04 PM, 24-Dec-2024

पुलिस ने अल्लू से पूछे ये आठ सवाल

अल्लू अर्जुन पूछताछ के बाद पुलिस स्टेशन से निकल चुके हैं। उनके बाहर आने के बाद सभी लोगों के मन में यही सवाल है कि अभिनेता से इतनी देर तक कौन से सवाल पूछे गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अल्लू अर्जुन से पुलिस ने आठ सवाल पूछे।

पुलिस ने अल्लू अर्जुन से पूछे आठ सवाल

  1. क्या आपको संध्या थिएटर के प्रीमियर शो में आने की अनुमति मिली थी?
  2. क्या आपको पहले बताया गया था कि आपको संध्या थिएटर नहीं आना चाहिए?
  3. क्या आपको यह जानकारी थी कि पुलिस ने इस कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी थी?
  4. क्या आपने इस बारे में जानकारी नहीं ली? क्या आपने और आपकी पीआर टीम ने पुलिस से इस कार्यक्रम की मंजूरी ली थी?
  5. क्या आपकी पीआर टीम ने आपको संध्या थिएटर के आसपास की स्थिति के बारे में पहले से बताया था?
  6. आपने घटनास्थल पर बाउंसर्स की कितनी संख्या सुनिश्चित की थी?
  7. उस समय घटनास्थल पर स्थिति कैसी थी?
  8. क्या आप घटना के समय मौके पर मौजूद थे, और यदि हां, तो आपने स्थिति को कैसे संभाला?

03:09 PM, 24-Dec-2024

पूछताछ के बाद वापस लौटे अल्लू अर्जुन

हैदराबाद के चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन में पूछताछ के बाद अभिनेता अल्लू अर्जुन अब वापस लौट आए हैं। पुलिस स्टेशन से बाहर आते हुए अभिनेता का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में उन्हें काले रंग की कार से वापस जाते हुए देखा जा सकता है। अभिनेता से यह पूछताछ लगभग तीन घंटे तक चली।

विज्ञापन
02:23 PM, 24-Dec-2024

संध्या थिएटर पहुंची अल्लू अर्जुन की कानूनी टीम

अभिनेता अल्लू अर्जुन की कानूनी टीम हैदराबाद के आरटीसी एक्स रोड स्थित संध्या थिएटर पहुंची, जहां 'पुष्पा 2' के प्रीमियर शो के दौरान भगदड़ की घटना हुई थी।

01:03 PM, 24-Dec-2024

पीड़त परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी
बता दें कि 'पुष्पा-2' के निर्माताओं ने कल सोमवार को उस महिला के परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी, जिसकी चार दिसंबर को सिनेमाघर में फिल्म के प्रदर्शन के दौरान भगदड़ में मौत हो गई थी। निर्माता नवीन येरनेनी उस अस्पताल में गए, जहां पीड़ित के आठ वर्षीय बेटे का इलाज हो रहा था और उन्होंने परिवार को एक चेक सौंपा।

विज्ञापन
12:38 PM, 24-Dec-2024

एसीपी और सीआई की निगरानी में पूछताछ
रिपोर्ट्स के मुताबिक अल्लू अर्जुन से एसीपी रमेश कुमार और सीआई राजू की निगरानी में पूछताछ हो रही है। पूछताछ के दौरान अभिनेता के वकील अशोक रेड्डी भी मौजूद हैं। 

11:56 AM, 24-Dec-2024

अल्लू अर्जुन के घर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
इससे पहले अभिनेता अल्लू अर्जुन के जुबली हिल्स स्थित घर में रविवार 22 दिसंबर को कुछ लोगों ने हमला कर तोड़फोड़ की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। सोमवार को आरोपियों की पेशी कोर्ट में हुई। तोड़फोड़ करने वाले छह आरोपियों को जमानत मिल गई है। आरोपियों के वकील ने दलील दी कि आरोपी अभिनेता के घर पर शांति प्रदर्शन करने गए थे पर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनके ऊपर अटैक किए। इसके बाद आरोपियों ने जो किया अपने आत्मरक्षण में किया। वकील की दलील सुनने के बाद कोर्ट ने सभी छह आरोपियों को बिना किसी शर्त और जुर्माने के जमानत दे दी। इस बीच अब एक्टर के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

11:22 AM, 24-Dec-2024
पुलिस स्टेशन पहुंचे अल्लू अर्जुन - फोटो : एएनआई

पुलिस स्टेशन पहुंचे अभिनेता
अभिनेता अल्लू अर्जुन संध्या थिएटर में मची भगदड़ मामले में पूछताछ के लिए चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन पहुंच चुके हैं। यहां उनसे पूछताछ चल रही है।
 

11:12 AM, 24-Dec-2024

क्या है मामला?
4 दिसंबर को हैदराबाद में 'पुष्पा 2' की स्क्रीनिंग के दौरान हुई भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई थी और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में अभिनेता को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, एक दिन जेल में बिताने के बाद वे अगली सुबह जमानत पर बाहर आ गए।

11:09 AM, 24-Dec-2024

अभिनेता के घर के बाहर कड़ी सुरक्षा तैनात
अल्लू अर्जुन के जुबली हिल्स स्थित आवास के बाहर कड़ी सुरक्षा तैनात की गई। बता दें कि संध्या थिएटर में मची भगदड़ और इसमें एक महिला की मौत के मामले में अभिनेता अल्लू जेल में एक रात बिताने के बाद फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।
 

11:08 AM, 24-Dec-2024

अल्लू के आवास पर पहुंचे ससुर कंचरला चंद्रशेखर रेड्डी 
अभिनेता अल्लू अर्जुन के ससुर कंचरला चंद्रशेखर रेड्डी आज मंगलवार को जुबली हिल्स स्थित अल्लू अर्जुन के आवास पर पहुंचे। 
 

11:06 AM, 24-Dec-2024
अल्लू अर्जुन - फोटो : एएनआई

रवानगी से पहले बिटिया को किया दुलार
अल्लू अर्जुन ने अपने घर से चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन के लिए रवाना होते वक्त अपनी बिटिया को दुलारा। इस दौरान अभिनेता की पत्नी स्नेहा भी नजर आईं।

10:56 AM, 24-Dec-2024

Allu Arjun Enquiry Live Updates: अल्लू अर्जुन घर के लिए निकले, चिकडपल्ली थाने में 3 घंटे तक चली पूछताछ

हैदराबाद के संध्या थिएटर में 4 दिसंबर को अल्लू अर्जुन अभिनीत फिल्म 'पुष्पा 2' की स्क्रीनिंग के दौरान मची भगदड़ मामले में आज मंगलवार को अभिनेता से पूछताछ होनी है। अल्लू अपने जुबली हिल्स स्थित आवास से रवाना हो चुके हैं। वे चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन में पेश होंगे।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें