लोकसभा उपचुनाव की दोनों सीट पर कांग्रेस का कब्जा
देश में दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आज जारी कर दिए गए हैं। जिसमें वायनाड में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने चार लाख से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की है। वहीं नांदेड़ लोकसभा सीट पर भी कांग्रेस नेता रविंद्र वसंतराव च्व्हाण ने भाजपा के डॉ. संतुक हंबार्डे को 1457 वोटों से हराया है। इसके साथ उपचुनाव सभी नतीजे जारी कर दिए गए हैं।
यूपी में भाजपा+ सात, सपा को दो सीटें
उत्तर प्रदेश में नौ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने छह सीटों पर कब्जा जमाया है, वहीं समाजवादी पार्टी के खाते में दो सीटें आई हैं। जबकि भाजपा के साथ गठबंधन में आरएलडी ने भी एक सीट पर कब्जा जमाया है। इसके साथ ही देश की 13 राज्यों में 46 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं।
असम में पांच में तीन पर भाजपा का कब्जा
असम में भी विधानसभा उपचुनाव वाली सभी सीटों पर नतीजे आ चुके हैं। राज्य में पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए जिनमें भाजपा ने तीन सीटें जीती हैं, वहीं यूपीडीएल और एजीपी को एक-एक सीट मिली है।
वायनाड लोकसभा सीट पर प्रियंका की बड़ी जीत
केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने जीत हासिल की है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सीपीआई के सत्यन मोकेरी को चार लाख 10 हजार से ज्यादा वोटों के हराया है। वहीं भाजपा की नव्या हरिदास इस मुकाबले में तीसरे नंबर पर रहीं हैं।
उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की जीत है- ब्रजेश पाठक
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, भाजपा ने उत्तर प्रदेश की जनता का विश्वास जीतने का काम किया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री मोदी की गरीब कल्याण योजना को जन-जन तक पहुंचाने में सफल हुए हैं... यह उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की जीत है।
जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को जाता है- सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा के परिणाम आए हैं और विभिन्न राज्यों में उपचुनाव के परिणाम भी स्पष्ट हुए हैं। उत्तर प्रदेश उपचुनाव में भाजपा गठबंधन ने 7 सीटें जीती हैं। इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को जाता है।
राजस्थान में भाजपा का पांच सीटों पर कब्जा
राजस्थान में सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने पांच सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि भारत आदिवासी पार्टी ने एक सीट पर कब्जा जमाया है। वहीं दौसा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी दीन दयाल ने जीत दर्ज की है।
पंजाब में आप चार, कांग्रेस एक सीट पर विजयी
पंजाब की चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में तीन सीटों (डेरा बाबा नानक, छब्बेवाल, गिद्दड़बाहा) पर आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की है, वहीं एक सीट (बरनाला) पर कांग्रेस के प्रत्याशी को विजय मिली है।
मध्य प्रदेश के विजयपुर में कांग्रेस का कब्जा
मध्य प्रदेश की विजयपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा ने जीत हासिल की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के रामनिवास रावत को सात हजार से ज्यादा वोटों से मात दी है।
छत्तीसगढ़ की रायपुर सिटी दक्षिण सीट पर भाजपा की जीत
छत्तीसगढ़ की रायपुर सिटी दक्षिण सीट पर भाजपा प्रत्याशी सुनील कुमार सोनी ने जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को 46 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है।
वायनाड में प्रियंका गांधी आगे
राहुल गांधी द्वारा वायनाड सीट को खाली करने के बाद उनकी बहन प्रियंका गांधी चुनावी मैदान में हैं। यहां से प्रियंका ने लाखों की बढ़त हासिल कर ली है। अभी तक की गिनती के मुताबिक, प्रियंका गांधी को 253940 वोट मिले हैं। वो 167539 वोटों से आगे हैं। वहीं दूसरे नंबर पर सीपीआई के उम्मीदवार सत्यन मोकरी हैं। उन्हें 86401 वोट मिले हैं। बात अगर भाजपा उम्मीदवार नव्या हरिदास की करें तो उन्हें मात्र 48122 वोट मिले हैं। वो 205818 वोटों से पीछे हैं।
केरल की दो सीटों पलक्कड़ और चेलक्करा में विधानसभा उपचुनाव हुआ है। इनमें एक पर एनडीए और एक पर अन्य आगे है।
मेघालय की गांबेगरे विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में एनडीए आगे चल रहा है। यह सीट कांग्रेस विधायक सलेंग ए संगमा के सांसद बनने से सीट खाली हुई है।
वाव सीट पर विपक्षी गठबंधन इंडिया आगे
गुजरात की वाव विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में विपक्षी गठबंधन इंडिया आगे है। यह सीट कांग्रेस विधायक गेनीबेन ठाकोर के सांसद बनने से खाली हुई।
असम में दो सीटों पर एनडीए आगे
असम की पांच विधानसभा सभा सीटों पर हुए उपचुनाव में दो सीटों पर फिलहाल एनडीए आगे है।
राजस्थान में चार सीटों पर एनडीए आगे
bypoll election results: राजस्थान में ऐसा है अभी तक का रुझान
अलवर में पहले राउंट की गिनती पूरी हो गई है। यहां कांग्रेस के आर्यन जुबेर बीजेपी से आगे चल रहे हैं। वहीं झुंझुनूं में पहले राउंड में बीजेपी के राजेंद्र भांभू 3500 वोट के साथ आगे हैं। वहीं कांग्रेस के अमित ओला को 2482 वोट मिले हैं। इसी तरह दौसा में पहले राउंड में कांग्रेस के डीसी बैरवा 940 वोटों से आगे हैं।
केदारनाथ उपचुनाव में भाजपा आगे
केदारनाथ उपचुनाव में ईवीएम की पहले राउंड की मतगणना में भाजपा आगे चल रही है। भाजपा उम्मीदवार को 1398 वोट जबकि कांग्रेस को 915 वोट मिले हैं।
यूपी में छह सीटों पर भाजपा गठबंधन आगे
उत्तर प्रदेश की नौ सीटों पर उपचुनाव में भाजपा गठबंधन छह सीटों पर आगे चल रही है, वहीं, सपा तीन सीटों पर आगे चल रही है।
Bihar By Election Result: चारों सीटों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है
बेलागंज, इमामगंज, तरारी और रामगढ़ विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती हो रही। सभी जगह सुरक्षा व्यव्यस्था चाक चौबंद हैं। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। कहीं किसी तरह की कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। नक्सल प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
उत्तर प्रदेश उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती आज होगी। मतगणना केंद्र पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
झारखंड में मतगणना की तैयारियां पूरी
झारखंड में उपचुनाव को लेकर उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी वरुण रंजन ने मतगणना की तैयारियों पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतगणना से संबंधित जो भी तैयारियां की जानी थीं वो सभी पूरी कर ली गई हैं। आठ बजे से पोस्टल बैलेट की मतगणना शुरू हो जाएगी और 8.30 बजे से EVM की मतगणना शुरू होगी।