पूर्व विधायक ने बीजद छोड़ भाजपा में हुए शामिल
पार्टी से टिकट नहीं मिलने के एक दिन बाद पूर्व विधायक कैलाश कुलेसिका ने शुक्रवार को बीजद से इस्तीफा दे दिया और भाजपा में शामिल हो गए कुलेसिका, जिन्होंने 2014 में कांग्रेस विधायक के रूप में विधानसभा में लक्ष्मीपुर का प्रतिनिधित्व किया था, 2021 में बीजद में शामिल हो गए थे और इस साल नामांकन की उम्मीद कर रहे थे। हालांकि, क्षेत्रीय पार्टी ने गुरुवार को अपने मौजूदा विधायक प्रभु जानी को आगामी चुनावों के लिए फिर से नामांकित किया।
चुनाव आयोग की भाजपा उम्मीदवार को चेतावनी
चुनाव आयोग ने विपक्षी सीपीआई (एम) को हत्यारों की पार्टी करार देकर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए त्रिपुरा पूर्व लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार कृति देवी देबबर्मन को चेतावनी दी है। इस संबंध में सीपीआई (एम) ने बुधवार को मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार से उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
मानवेंद्र सिंह ने कांग्रेस को छोड़ भाजपा का थामा दामन
पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के बेटे और पूर्व भाजपा सांसद मानवेंद्र सिंह, कांग्रेस के साथ पांच साल तक रहने के बाद शुक्रवार को बाड़मेर में भाजपा का दामन थाम लिया है। अक्तूबर 2018 में कांग्रेस में शामिल हुए मानवेंद्र शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बाड़मेर में रैली से पहले भाजपा में शामिल हो गए। पीएम की रैली के दौरान उन्होंने भाजपा के अन्य नेताओं के साथ मंच भी साझा किया था
आदिवासी संगठन के सदस्यों पर एमसीसी उल्लंघन का मामला दर्ज
जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समर्थन में कथित तौर पर झांकी निकालकर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में एक आदिवासी संगठन के कुल 26 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह झांकी कथित तौर पर केंद्रीय सरना समिति (केएसएस) के सदस्यों द्वारा गुरुवार को 'सरहुल' त्योहार के दौरान निकाली गई थी, जिसमें सोरेन को जेल के बाहर ईडी और सीबीआई अधिकारियों के साथ सलाखों के पीछे दिखाया गया था।
तमिलनाडु के मंत्री और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन ने आज पार्टी के मौजूदा सांसद और थूथुकुडी सीट से उम्मीदवार कनिमोझी के लिए चुनाव प्रचार किया।
एनडीए समन्वय बैठक के बाद पूर्व सीएम और जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि संयुक्त रूप से, दोनों दल - भाजपा और जेडीएस एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं। सभी सीटें जीतने के लिए हर कोई पूरे आत्मविश्वास और ईमानदारी के साथ काम कर रहा है।
तमिलनाडु के सीएम और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने आज कोयंबटूर में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित किया। इस दौरान स्टालिन ने कहा कि देश के दूसरे स्वतंत्रता संग्राम में कांग्रेस के हाथों को मजबूत करने के लिए डीएमके कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। सामाजिकन्याय जैसी चीजें, जिसकी डीएमके हमेशा से मांग करती रही है, कांग्रेस के घोषणापत्र में दिखाई गई है। हमेशा विदेशी दौरों पर रहने वाले पीएम मोदी अब इस समय विदेश दौरे पर हैं। चुनावों की घोषणा होने के बाद से एक राष्ट्रीय दौरा। चुनावी बॉन्ड योजना किसके द्वारा शुरू की गई थी और भ्रष्टाचार को कानूनी बनाया गया था। तमिलनाडु के लोग अच्छी तरह से जानते हैं कि राज्य के विकास को कौन रोक रहा है।
एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार द्वारा सुनेत्रा पवार को बाहरी बताए जाने पर शिवसेनानेता मनीषा कायंदे ने कहा कि जब सोनिया गांधी कांग्रेस पार्टी की नेता बनने वाली थीं, तब उन्होंने भी यही किया था। यह बहुत अप्रिय है। एक महिला द्वारा अपना नाम छोड़ने के बाद भी उसे बाहरी कहना उसका सबसे बड़ा अपमान है। शरद पवार से यह उम्मीद नहीं थी। राजनेताओं के खिलाफ ईडी के मामलों पर पीएम मोदी के बयान पर उन्होंने कहा कि अब, यह हर कोई जानता है। ईडी, सीबीआई और आयकर अपना काम कर रहे हैं, पूछताछ चल रही है।
अंदर ही अंदर इंडिया ब्लॉक के पक्ष में लहर- खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव में अंदर ही अंदर विपक्षी इंडिया ब्लॉक के पक्ष में समर्थन की एक लहर है। इससे डरकर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बड़े पैमाने पर रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। खरगे ने यहां अपने दामाद राधाकृष्ण डोड्डामणि के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी भगवान का नाम जपते हैं और गरीबों को महंगाई से कुचलते हैं। गरीब लोग जी पा रहे हैं तो उसकी वजह महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना और कर्नाटक में कांग्रेस सरकार की पांच गारंटी ही हैं।
मदुरई में रोड शो के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अन्नाद्रमुक और द्रमुक के राजनीतिक भ्रष्टाचार के कारण तमिलनाडु उतना विकास नहीं कर पाया है, जितनी संभावनाएं हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने देश को सुरक्षित और समृद्ध बनाया है। अब समय आ गया है कि तमिलनाडु के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़े रहें और भाजपा को वोट दें। केवल भाजपा ही तमिल संस्कृति को पूरे देश तक पहुंचा सकती है।
फोन टैपिंग के खिलाफ टीडीपी की चुनाव आयोग से शिकायत
पूर्व राज्यसभा सांसद कनकमेदला रवींद्र कुमार ने शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) से शिकायत की कि आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ वाईएसआरसीपी सरकार कथित तौर पर पेगासस सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर टीडीपी के राष्ट्रीय महासचिव नारा लोकेश का फोन टैप कर रही है। एपल कंपनी ने नारा लोकेश को सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। उन्होंने सीईसी को लिखे पत्र में कहा, उन्हें मार्च में भी इसी तरह का अलर्ट मिला था।
बीआरएस ने वारंगल सीट से सुधीर कुमार को उतारा
तेलंगाना में विपक्षी बीआरएस ने शुक्रवार को वारंगल (एससी) लोकसभा क्षेत्र से मारेपल्ली सुधीर कुमार को अपना उम्मीदवार घोषित किया। बीआरएस ने कहा कि सुधीर कुमार, वर्तमान में हनुमाकोंडा जिला परिषद के अध्यक्ष, 2001 में इसकी स्थापना के बाद से बीआरएस सदस्य रहे हैं। इसमें कहा गया है कि बीआरएस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने पार्टी नेताओं के साथ विचार-विमर्श के बाद सुधीर कुमार की उम्मीदवारी को अंतिम रूप दिया।
प्रियंका गांधी 16 अप्रैल को त्रिपुरा में रोड शो में शामिल होंगी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 16 अप्रैल को त्रिपुरा में एक रोड शो में हिस्सा लेंगी। एक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह रोड शो त्रिपुरा पूर्व और त्रिपुरा पश्चिम में विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में होगा। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक सुदीप रॉय बर्मन ने कहा कहा कि कोई रैली नहीं होगी लेकिन रोड शो के दौरान वह सूर्या चौमुहानी के पास भाषण देंगी और लोगों से दो लोकसभा सीटों पर विपक्षी इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए वोट करने की अपील करेंगी।
तमिलनाडु के तंजावुर में भाजपा नेता एच राजा ने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार भ्रष्टाचार में डूबी डीएमके सरकार के विकल्प के रूप में उभर रही है। लोगों को अब यह अहसास हो रहा है। एआईएडीएमके डीएमके का विकल्प नहीं हो सकती है। यह एक हो सकती है। द्रमुक का विकल्प केवल एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल ही हो सकता है। लोग द्रमुक और कांग्रेस उम्मीदवारों को अपने गांवों से बाहर निकाल रहे हैं।
चुनाव आयोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट की। लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण की तैयारी में, जिला चुनाव कार्यालय किश्तवाड और भारतीय वायु सेना द्वारा संयुक्त रूप से कल जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के मारवाह और वारवान क्षेत्रों में सुरक्षा कर्मियों की एक महत्वपूर्ण तैनाती की गई।
तमिलनाडु के भाजपा अध्यक्ष और कोयंबटूर से उम्मीदवार के अन्नामलाई के खिलाफ मामले पर डीएमके प्रवक्ता सरवनन अन्नादुराई ने कहा कि अन्नामलाई कोयंबटूर में हिंसा और दंगे भड़का रहे हैं। यह एक शांति प्रिय शहर है। यहां एक स्पष्ट नियम है कि आप रात 10 बजे के बाद प्रचार नहीं कर सकते। मैं प्रचार करना चाहता था, स्वाभाविक रूप से, वहां मौजूद लोग सवाल करेंगे क्योंकि आप रात 10 बजे के बाद सार्वजनिक स्थान की शांति भंग कर रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु के मदुरई में रोड शो किया।
ओडिशा में मई-जून में संभावित गर्मी और उमस के बीच एक साथ होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव से पहले, राज्य सरकार ने शुक्रवार को कहा कि लू से पीड़ित मतदान अधिकारियों को बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना (बीएसकेवाई) के तहत निजी अस्पतालों में इलाज कैशलेस सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की सचिव शालिनी पंडित ने बीएसकेवाई में नामांकित निजी अस्पतालों को प्रभावित चुनाव अधिकारियों को कैशलेस उपचार देने का निर्देश जारी किया।
केंद्रीय वित्त मंत्री और भाजपा नेता निर्मला सीतारमण ने पार्टी के तंजावुर लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवार एम. मुरुगनाथम के समर्थन में तंजावुर में रोड शो किया।
तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में अपने सार्वजनिक संबोधन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि हमने तय किया है कि हम किसानों को कानूनी एमएसपी की गारंटी देंगे। हम भारत के किसानों का कृषि ऋण माफी देंगे।
तमिलनाडु में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस देश के मछुआरों को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया है। वह उनके बारे में सोचते भी नहीं हैं, लेकिन मछुआरे हमारे किसानों से कम नहीं हैं। वे बड़ा जोखिम उठाते हैं और भोजन उपलब्ध कराते हैं। हम मछुआरों के लिए एक विशेष घोषणा-पत्र बनाया है और हम उन्हें मछली पकड़ने वाली नौकाओं के लिए डीजल पर सब्सिडी, मछली पकड़ने वाली नौकाओं के लिए बीमा, एक क्रेडिट कार्ड और अंतर्देशीय मछली पकड़ने और जलीय कृषि को कृषि के रूप में मान्यता देने जा रहे हैं।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने लखीमपुर संसदीय क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार प्रदान बरुआ के समर्थन में लखीमपुर जिले में अपनी चुनाव प्रचार रैली में नाचते हुए नजर आए।
राजस्थान के दौसा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोड शो किया। इस दौरान दौसा से भाजपा प्रत्याशी कन्हैया लाल मीणा और राज्य मंत्री किरोड़ी लाल मीणा भी उनके साथ मौजूद है।
तिरुवनंतपुरम में भाजपा के अभियान पर मौजूदा कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि भाजपा पिछले दो चुनावों में मेरे लिए दूसरी पार्टी बनकर उभरी है। 2009 में मैंने कम्युनिस्ट से सीट ली थी और उसके बाद भाजपा आई है। इसलिए, यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि वे एक मजबूत खिलाड़ी के रूप में उभरे हैं। कम्युनिस्ट अभियान कमजोर रहा है। केरल में भाजपा इस निर्वाचन क्षेत्र को गंभीरता से ले रही है, इसलिए अगर उन्हें कोई उम्मीद है तो वह यहीं है। हम भी उतने ही जोश और आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं।
तमिलनाडु के कोयंबटूर में चुनावी बॉन्ड के मुद्दे पर तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष अन्नामलाई ने कहा कि हम बहुत पारदर्शी हैं, इसमें गलत क्या है।
भाजपा उम्मीदवार उमेश जाधव ने गुलबर्गा लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, इस दौरान भाजपा नेता दत्तात्रेय पाटिल और अन्य नेता भी थे।
कर्नाटक: केएस ईश्वरप्पा ने नामांकन दाखिल किया
बागी भाजपा नेता केएस ईश्वरप्पा ने शिवमोग्गा लोकसभा क्षेत्र से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया।
कांग्रेस एक फर्जी पार्टी: प्रह्लाद जोशी
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, "...लोग जानते हैं कि कांग्रेस एक फर्जी पार्टी है। कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जो झूठे वादे करती है। यह वो पार्टी है जो कभी वादे पूरे नहीं करती...।"
पीलीभीत: भाजपा पर बरसे अखिलेश यादव
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "...हमारी सीमाएं सबसे ज्यादा संवेदनशील हैं... क्या चीन ने हमारा रेजांगला का शहीद स्मारक नहीं तोड़ दिया? क्या आप इस तरह दुनिया में विश्व गुरु बनेंगे? क्या दुनिया में आपकी पहचान इसलिए बनेगी कि आपने अपनी सीमाएं सीकोड़ ली हैं? और भाजपा की सरकार कहती है कि अगर उन्होंने(चीन) हमारे गांवों के नाम बदले हैं तो हम चीन का नाम बदल देते हैं। चीन का नाम मत बदलिए लेकिन अगर आप चीन के साथ व्यापार बंद कर देंगे तो शायद हमारा देश दुनिया में सबसे ज्यादा आगे दिखाई देगा।"
राधाकृष्ण डोड्डामणि ने नामांकन दाखिल किया
कलबुर्गी से कांग्रेस उम्मीदवार और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दामाद राधाकृष्ण डोड्डामणि ने अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और अन्य नेता भी मौजूद थे।
मीसा भारती पर बरसे चिराग
LJP प्रमुख चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर मीसा भारती के बयान पर कहा, "ये किस तरह की भाषा है? आप इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करके देश और दुनिया में क्या संदेश देना चाहते हैं। ऐसी भाषा का इस्तेमाल वे लोग कर रहे हैं जो खुद भ्रष्टाचार के आरोप में हैं। जिनके परिवार के कई सदस्यों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। इस तरह की भाषा सिर्फ बदले की भावना को दर्शाती है।"
सीधी (मध्य प्रदेश): जे.पी. नड्डा ने रैली को किया संबोधित
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, "...IMF को अगर कोई उगता सूरज दिखता है तो भारत दिखता है...भारत ने ऑटोमोबाइल क्षेत्र में जापान को भी पीछे छोड़ दिया है, अब सिर्फ अमेरिका और चीन भारत से आगे हैं..."
जम्मू-कश्मीर: उमर अब्दुल्ला का पीएम पर निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा, "यदि माननीय प्रधानमंत्री का कहना सही है तो उनके उम्मीदवार मैदान में क्यों नहीं हैं? भाजपा दक्षिण कश्मीर, मध्य कश्मीर और उत्तरी कश्मीर में चुनाव क्यों नहीं लड़ रही है? एक पल के लिए मान लीजिए कि प्रधानमंत्री जो कह रहे हैं वो सही है... फिर भाजपा उत्तर कश्मीर, मध्य कश्मीर और दक्षिण कश्मीर में उम्मीदवार क्यों नहीं खड़ा कर रही है..."
इस बार 80 की 80 सीट मोदी की झोली में जाएंगी: पीएम मोदी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "...2014 और 2019 में पीएम मोदी के PM बनने का सबसे बड़ा कारण उत्तर प्रदेश था... हमें उन्हें तीसरी बार भी प्रधानमंत्री बनाना है, 'इस बार ना 73 चलेंगी ना 65 चलेंगी, इस बार 80 की 80 सीट मोदी की झोली में जाएंगी'...''
पटना: पीएम मोदी पर बरसीं रोहिणी आचार्य
राजद नेता और सारण सीट से लोकसभा उम्मीदवार रोहिणी आचार्य ने कहा, "...(कार्रवाई) करना ही चाहिए, उनके(प्रधानमंत्री मोदी) अगल-बगल जितने लोग हैं सब पर कार्रवाई होनी चाहिए क्योंकि उन्होंने सरकारी वॉशिंगमशीन में धुलाई करके सबको अपने पास बैठा लिया है... "
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का रोड शो पर उन्होंने कहा, "...बेरोजगारी पर तो कोई बहस ही नहीं हो रही है... वे(नीतीश कुमार) अपना-हिसाब किताब जनता के बीच लेकर जाएं और जनता को अपने कामों का हिसाब-किताब दें।"
नगालैंड: एनडीपीपी नेता, पूर्व भाजपा नेता कांग्रेस में शामिल
आगामी लोकसभा चुनाव से पहले नगालैंड में सत्तारूढ़ गठबंधन को करारा झटका लगा है। राज्य की नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी के नेता जेम्स कुओत्सु और पूर्व भाजपा नेता किडोंगम पनमेई गुरुवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। इस दौरान पार्टी के राज्य प्रमुख एस सुपोंगमेरेन जमीर मौजूद थे।
महाराष्ट्र: भाजपा नेता का इस्तीफा
भाजपा नेता धैर्यशील मोहिते पाटिल ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की थी।
तीसरे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए 12 राज्यों की 94 सीटों पर 7 मई को होने वाले मतदान के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई। राष्ट्रपति की ओर से चुनाव आयोग द्वारा अधिसूचना जारी किए जाने के बाद यह प्रक्रिया शुरू हुई। पर्चा दाखिल करने की आखिरी तारीख 19 अप्रैल है।
मतदान के लिए किया जागरूक
भारतीय चुनाव आयोग ने ट्वीट किया, "एक अनूठी मतदाता जागरूकता पहल में, चेन्नई में स्कूबा गोताखोरों ने समुद्र में गोता लगाते हुए नीलांकरई में 60 फीट पानी के अंदर मतदान प्रक्रिया को अंजाम दिया।"
गृह मंत्री और भाजपा अध्यक्ष के चुनावी कार्यक्रम
पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तमिलनाडु के मदुरै लोकसभा क्षेत्र में रोड शो करेंगे। बीजेपी के मुताबिक पेरियार बस स्टैंड से शुरू होने वाले इस रोड शो का आयोजन शाम करीब 5.30 बजे किया जाएगा। शाह इससे पहले यूपी के मुरादाबाद और संभल में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा महाराष्ट्र के भंडारा-गोंदिया में चुनावी जनसभा करेंगे। भाजपा की तरफ से जारी सूचना के मुताबिक नड्डा गोंदिया जिले के सर्किल मैदान में शुक्रवार शाम करीब 4.50 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे।
एक ही दिन में तीन जगहों पर चुनाव प्रचार करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तूफानी चुनाव प्रचार जारी है। आज शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी तीन राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। भाजपा की तरफ से जारी सूचना के मुताबिक पीएम मोदी जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के मतदाताओं को लुभाने का प्रयास करेंगे। भाजपा की चुनावी रैलियों में पीएम मोदी सुबह करीब 11 बजे जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में जनता को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 2.15 बजे राजस्थान के बाड़मेर में जनसभा प्रस्तावित है। राजस्थान में ही एक अन्य सियासी आयोजन होगा, जब पीएम मोदी दौसा में रोड शो में शामिल होकर स्थानीय जनता का अभिवादन स्वीकार करेंगे। रोड शो का आयोजन शुक्रवार शाम लगभग 4.45 बजे किया जाना है।
Lok Sabha Chunav 2024 Live Updates in Hindi: देश में लोकसभा चुनाव अगले हफ्ते से शुरू हो जाएंगे। 19 अप्रैल को पहले चरण के लिए मतदान किया जाएगा। आखिरी और सातवें चरण के लिए एक जून को वोटिंग होगी। मतगणना चार जून को होगी। आइए जानते हैं चुनाव से जुड़े अपडेट्स अमर उजाला के साथ...