फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lok Sabha Polls Live: महाराष्ट्र की 8 लोकसभा सीटों पर 352 नामांकन, कांग्रेस ने SDPI के समर्थन से किया किनारा

Thu, 04 Apr 2024 11:02 PM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Lok Sabha Election Live News in Hindi: देश में लोकसभा चुनाव सात चरणों में होने हैं। पहले चरण के लिए 19 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। अंतिम और सातवें चरण के लिए मतदान एक जून को होगा। मतगणना चार जून को होगी। इससे पहले निर्वाचन आयोग ने समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए कई राज्यों में प्रशासनिक, सुरक्षा और व्यय निगरानी के मकसद से विशेष पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की। आइए पढ़ते हैं पल-पल की अपडेट्स सिर्फ अमर उजाला पर...
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव 2024 - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:02 PM, 04-Apr-2024

तमिलनाडु के रामनाथपुरम से निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव प्रचार के दौरान एक दिन के लिए नाई बन गए।

10:38 PM, 04-Apr-2024

कांग्रेस ने केरल में SDPI के समर्थन का किया खारिज
सीपीआई (एम) और भाजपा के हमले के बाद केरल में कांग्रेस ने गुरुवार को आगामी लोकसभा में प्रतिबंधित पीएफआई की राजनीतिक शाखा एसडीपीआई द्वारा घोषित संगठनात्मक समर्थन को खारिज कर दिया। लेकिन यूडीएफ का समर्थन करने के लिए व्यक्तिगत मतदाताओं का स्वागत किया। विपक्ष के नेता वीडी सतीसन ने कहा कि कांग्रेस बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक सांप्रदायिकता का विरोध करती है। सतीसन ने कहा कि हम बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक सांप्रदायिकता का विरोध करते हैं। एसडीपीआई द्वारा यूडीएफ को दिए गए समर्थन को इन परिस्थितियों में देखा जा रहा है। प्रत्येक व्यक्ति अपनी इच्छा के मुताबिक मतदान कर सकता है। हम चाहते हैं कि हर कोई यूडीएफ के लिए वोट करें लेकिन संगठनों के मामले में, यह हमारा रुख है।

10:32 PM, 04-Apr-2024

महाराष्ट्र की आठ लोकसभा सीटों पर 352 उम्मीदवारों का नामांकन दाखिल
भाजपा और कांग्रेस जैसे प्रमुख दलों समेत कम से कम 352 उम्मीदवारों ने महाराष्ट्र की आठ लोकसभा सीटों के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है, जहां 26 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा। गुरुवार को राज्य निर्वाचन कार्यालय में अधिकारी ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगियों ने कुल 477 नामांकन जमा किए हैं (मतलब उनमें से कुछ ने एक से अधिक सेट दाखिल किए हैं)। दूसरे दौर के मतदान में शामिल राज्य की सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने का गुरुवार (4 अप्रैल) आखिरी दिन था। अब इन नामांकनों की जांच की जाएगी और उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख 8 अप्रैल है।
 

विज्ञापन
10:09 PM, 04-Apr-2024

शिंदे गुट ने यवतमाल और हिंगोली से उम्मीदवार उतारा
शिवसेना ने गुरुवार को पूर्वी महाराष्ट्र के यवतमाल-वाशिम लोकसभा क्षेत्र से पार्टी की मौजूदा सांसद भावना गवली के स्थान पर हिंगोली सांसद हेमंत पाटिल की पत्नी राजश्री पाटिल को मैदान में उतारा। मध्य महाराष्ट्र के हिंगोली में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी ने मौजूदा सांसद हेमंत पाटिल को हटाकर उनकी जगह बाबूराव कदम-कोहलीकर को टिकट दिया है। पार्टी ने अपनी पहली सूची में हेमंत पाटिल की उम्मीदवारी की घोषणा की थी, लेकिन अपनी सहयोगी भाजपा की स्थानीय इकाई के विरोध के बाद उन्हें बदल दिया गया।
 

09:38 PM, 04-Apr-2024

केंद्रीय मंत्री चंद्रशेखर ने कांग्रेस नेता के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
केंद्रीय मंत्री और तिरुवनंतपुरम से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी राजीव चंद्रशेखर ने उनके चुनाव अभियान को बदनाम करने के इरादे से एक तस्वीर से छेड़छाड़ करने के लिए कांग्रेस नेता जे मोसेस जोसेफ डीक्रूज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
 

विज्ञापन
09:37 PM, 04-Apr-2024

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस शुक्रवार को जारी करेगी घोषणापत्र 
कांग्रेस के शीर्ष नेता शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी करेंगे, जिसका फोकस न्याय के पांच स्तंभों पर होगा। घोषणापत्र पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी जारी करेंगे। घोषणापत्र के लॉन्च के एक दिन बाद खरगे और गांधी परिवार जयपुर और हैदराबाद में सार्वजनिक रैलियों को संबोधित करेंगे, जहां वे घोषणापत्र के प्रमुख तत्वों पर भी प्रकाश डालेंगे।
 

08:59 PM, 04-Apr-2024

एनसीपी (शरद पवार) ने भिवंडी सीट से अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा की, सुरेश म्हात्रे भिवंडी से उम्मीदवार होंगे. और बजरंग सोनावणे बीड सीट से उम्मीदवार होंगे।

08:57 PM, 04-Apr-2024

समाजवादी पार्टी की नेता सुनीता वर्मा ने आज उत्तर प्रदेश की मेरठ लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। वह संसदीय सीट पर भाजपा के अरुण गोविल के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी।

08:56 PM, 04-Apr-2024

शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने बुलढाणा में रोड शो किया।

08:56 PM, 04-Apr-2024

एआईएडीएमके महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने आज ऊटी में रोड शो किया।

08:18 PM, 04-Apr-2024

जनसेना ने रेलवे कोदुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार को बदला
जनसेना पार्टी ने गुरुवार को आंध्र प्रदेश में आगामी चुनावों के लिए रेलवे कोदुर विधानसभा क्षेत्र से अपने उम्मीदवार वाई भास्कर राव की जगह ए श्रीधर को उम्मीदवार बनाया।  शुरुआत में, भास्कर राव को उम्मीदवार घोषित किया गया था, लेकिन जमीनी स्तर और गठबंधन सहयोगियों से मिलि  प्रतिक्रिया के कारण पार्टी प्रमुख पवन कल्याण ने उनकी जगह श्रीधर को उम्मीदवार बनाया।
 

08:03 PM, 04-Apr-2024

कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए गौरव वल्लभ ने कहा कि मैं आज भगवान श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि वह कांग्रेस के लोगों को सद्बुद्धि दें और वे सनातन के खिलाफ बोलना बंद करें। उन्हें रचनात्मक आलोचना में भाग लेना चाहिए। वहीं लगातार पीएम मोदी की आलोचना करते-करते कांग्रेस पार्टी उस स्थिति में पहुंच गई है, जहां वह अब खुद की आलोचना कर रही है।

08:01 PM, 04-Apr-2024

भाजपा नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में भाजपा चुनाव घोषणापत्र समिति की आज दूसरी बैठक हुई। इस दौरान भाजपा के घोषणा पत्र को लेकर चर्चा की गई। 

07:57 PM, 04-Apr-2024

वर्षा गायकवाड़ ने निरुपम पर साधा निशाना
मुंबई कांग्रेस प्रमुख वर्षा गायकवाड़ ने गुरुवार को पूर्व सहयोगी संजय निरुपम की आलोचना की और कहा कि उनकी पार्टी धर्म के खिलाफ नहीं है बल्कि धर्म के नाम पर विभाजनकारी राजनीति है। बुधवार को कांग्रेस से निष्कासित किए गए निरुपम ने दावा किया था कि नेहरूवादी धर्मनिरपेक्षता, जिसमें समाज में धर्म के लिए कोई जगह नहीं है, खत्म हो गई है। गायकवाड़ ने कहा कि निरुपम की राजनीतिक यात्रा से पता चलता है कि वह जहां भी गए, उन्होंने पार्टी संगठनों को कमजोर कर दिया और नेताओं और कार्यकर्ताओं को विचलित कर दिया।

07:21 PM, 04-Apr-2024

भाजपा विधायक की पत्नी अर्चना पाटिल राकांपा में शामिल
तुलजापुर के भाजपा विधायक राणा जगजीत सिंह पाटिल की पत्नी अर्चना पाटिल गुरुवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गईं और उन्हें उस्मानाबाद लोकसभा सीट से मैदान में उतारा जाएगा। राकांपा की राज्य इकाई के प्रमुख सुनील तटकरे ने उनका पार्टी में स्वागत किया और उनकी उम्मीदवारी की घोषणा की। राणा जगजीत सिंह पाटिल, जिन्होंने 2019 में उस्मानाबाद लोकसभा सीट पर राकांपा के टिकट पर संयुक्त शिवसेना के ओम प्रकाश निंबालकर के खिलाफ चुनाव लड़ा था, पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा में चले गए थे।
 

07:19 PM, 04-Apr-2024

महाराष्ट्र भिवंडी लोकसभा सीट पर शरद गुट ने उतारा उम्मीदवार 
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) ने गुरुवार को भिवंडी लोकसभा क्षेत्र से सुरेश म्हात्रे को अपना उम्मीदवार बनाया है, जिस पर महाराष्ट्र के लिए सीट बंटवारे की बातचीत में सहयोगी कांग्रेस ने दावा किया था। शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने दो उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, जिसमें मध्य महाराष्ट्र के बीड से बजरंग सोनावणे को मैदान में उतारा गया। बीड में चौथे चरण में 13 मई को मतदान होगा, जबकि निकटवर्ती ठाणे जिले के भिवंडी में 20 मई को पांचवें चरण में मतदान होगा। महाराष्ट्र, जिसमें 48 लोकसभा सीटें हैं, जो उत्तर प्रदेश (80) के बाद दूसरी सबसे बड़ी सीट है, 19 अप्रैल से शुरू होने वाले पांच चरणों में मतदान होगा और मतगणना 4 जून को होगी।
 

07:15 PM, 04-Apr-2024

अमित शाह, राजनाथ सिंह, नड्डा अरुणाचल में प्रचार करेंगे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आठ अप्रैल से पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने के लिए अरुणाचल प्रदेश का दौरा करेंगे। पूर्वोत्तर राज्य में 19 अप्रैल को पहले चरण में दो लोकसभा और 50 विधानसभा क्षेत्रों के लिए एक साथ मतदान होगा। सत्तारूढ़ भाजपा 60 सदस्यीय विधानसभा में पहले ही दस सीटें निर्विरोध जीत चुकी है। भाजपा की राज्य इकाई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष तार तारक ने कहा कि शाह आठ अप्रैल को एक दिवसीय दौरे पर पूर्वी सियांग जिले के पासीघाट पहुंचेंगे और सेंचुरियन शहर में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
 

05:11 PM, 04-Apr-2024

सोचो, समझो और फिर सही फैसला लो: राहुल का लोगों से आग्रह
लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि भारत इस समय एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है और लोगों से देश का निर्माण करने वालों और देश को नष्ट करने वालों के बीच अंतर को पहचानने का आग्रह किया। सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव से पहले लोगों को बताया कि उनका भविष्य उनके हाथ में है और उन्हें सोचना, समझना और फिर सही निर्णय लेना चाहिए।

04:40 PM, 04-Apr-2024

ओडिशा में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने नाम की घोषणा पर झारसुगुड़ा से बीजेडी विधायक दीपाली दास ने कहा कि मैं सीएम नवीन पटनायक को धन्यवाद देना चाहती हूं। यह मेरे लिए गर्व का क्षण है। मुझे इसमें काम करने का अवसर मिला है। मुझे उपचुनाव और आम चुनाव के बीच कोई अंतर नहीं दिखता क्योंकि मेरा मकसद विकास है, क्योंकि मेरे पिता चाहते थे कि मैं लोगों की सेवा में काम करूं सब कुछ सार्वजनिक सेवा के बारे में है।

04:39 PM, 04-Apr-2024

महाराष्ट्र की अमरावती लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार नवनीत राणा ने नामांकन दाखिल किया।

04:36 PM, 04-Apr-2024

सीपीआई ने लोकसभा चुनावों के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया है। पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि भारत के मतदाताओं से हमारी अपील है कि भारत का धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य आज अस्तित्व के खतरे का सामना कर रहा है और हमारा कार्य संविधान के अनुसार भारतीय गणराज्य के चरित्र की रक्षा करना है। हम मतदाताओं से भाजपा और उसके सहयोगियों को हराने, संसद में सीपीआई और वाम दलों की सीटें बढ़ाने और एक विकल्प सुनिश्चित करने का आह्वान करते हैं। केंद्र में धर्मनिरपेक्ष सरकार बनी है।

04:36 PM, 04-Apr-2024

लोकसभा चुनाव पर असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि जिस तरह की प्रतिक्रिया हमें लोगों से मिल रही है, वह अकल्पनीय है। असम में पूरी तरह से मोदी लहर है। असम में आप देखेंगे कि सबसे ज्यादा मुस्लिम लोग भाजपा को वोट देंगे।

04:35 PM, 04-Apr-2024

राष्ट्रीय महिला आयोग ने कहा कि रणदीप सुरजेवाला द्वारा की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हैं। ये टिप्पणियां महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली थी। आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने औपचारिक रूप से मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर सुरजेवाला के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की अपील की है और तीन दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट का अनुरोध किया है।

04:33 PM, 04-Apr-2024

कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने और राहुल गांधी को असम में चुनाव प्रचार करने के लिए कहने पर सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि हर दिन कांग्रेस से लोग शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस मुख्यालय अब खाली है। नोटबंदी से पहले हमारे पास पुराने नोट थे। अगर आप जाएं तो पुराने नोटों को बाजार में कोई स्वीकार नहीं करेगा। कांग्रेस पुराने नोटों का पर्याय बन गई है। 

04:28 PM, 04-Apr-2024

पूर्व सीएम कुमारस्वामी, भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने दाखिल किया नामांकन
कर्नाटक में लोकसभा चुनावों के लिए बृहस्पतिवार को पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी, उनके बहनोई सीएन मंजूनाथ और सांसद तेजस्वी सूर्या ने अपना नामांकन दाखिल किया। राजग प्रत्याशी कुमारस्वामी ने मांड्या, मंजूनाथ ने बंगलूरू ग्रामीण और सूर्या ने बंगलूरू दक्षिण सीट के लिए चुनाव अधिकारी के समक्ष पर्चा प्रस्तुत किया। इससे पहले, तीनों नेता अपने समर्थकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।

नामांकन से पहले, जदएस नेता कुमारस्वामी ने मांड्या के श्री अर्केश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की। साथ ही, अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा और मां से आशीर्वाद लिया। उधर, भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने एक रैली और एक रोड शो किया। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक मौजूद थे।

उधर, तुमकुरु में पूर्व सांसद मुद्दहानुमेगौड़ा एसपी ने कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। चित्रदुर्ग से कांग्रेस उम्मीदवार बीएन चंद्रप्पा और उनके भाजपा प्रतिद्वंद्वी गोविंद करजोल ने भी अपना पर्चा दाखिल किया। इनके अलावा, नामांकन दाखिल करने वालों में दक्षिण कन्नड़ से भाजपा उम्मीदवार कैप्टन ब्रिजेश चौटा, कोलार से जदएस उम्मीदवार मल्लेश बाबू, हासन से जदएस उम्मीदवार प्रज्वल रेवन्ना भी शामिल थे। 
 

03:53 PM, 04-Apr-2024

भाजपा राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुघ ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता कोई स्वतंत्रता आंदोलन या लोगों के लिए जेल नहीं गए हैं। वे सभी घोटालों, रिश्वतखोरी के कारण जेल में बंद हैं। बीआर अंबेडकर और भगत सिंह के नामों का इस्तेमाल करते उनका अपमान किया जा रहा है। एक ये लोग हैं जो शराब घोटाले में शामिल हैं, एक वो थे देश के लिए उन्होंने सब कुछ न्यौछावर कर दिया था। 
 

03:49 PM, 04-Apr-2024

जन सेना प्रमुख पवन कल्याण ने गुरुवार को आंध्र प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में एम बुद्ध प्रसाद को अवनिगड्डा निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया। पार्टी के नेताओं के साथ विचार-विमर्श के बाद, कल्याण ने अवनीगड्डा निर्वाचन क्षेत्र के लिए उम्मीदवार की पुष्टि की। उम्मीद है कि पवन कल्याण एक दो दिनों में पालकोंडा निर्वाचन क्षेत्र के लिए उम्मीदवार पर फैसला ले लेंगे।

03:46 PM, 04-Apr-2024

तमिलनाडु में सत्तारूढ़ डीएमके ने गुरुवार को कहा कि पार्टी अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी 12 अप्रैल को कोयंबटूर में इंडिया गठबंधन की चुनावी रैली में भाग लेंगे। तमिलनाडु की 39 लोकसभा सीटों पर एक चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। डीएमके द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा कि दोनों नेता रैली में भाग लेंगे और विपक्षी गुट के उम्मीदवारों के लिए समर्थन मांगेंगे।

03:45 PM, 04-Apr-2024

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला द्वारा भाजपा सांसद हेमा मालिनी पर की गई अभद्र टिप्पणी के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया है। 

03:01 PM, 04-Apr-2024

'भाजपा में नेतृत्व की कमी'

कर्नाटक सरकार के मंत्री और कांग्रेस नेता प्रियांक खरगे ने कहा, 'यह चुनाव कांग्रेस और भाजपा के बीच नहीं है बल्कि कांग्रेस और पुरानी कांग्रेस के बीच है। कितने सारे कांग्रेस नेताओं को वे अपनी पार्टी में ले रहे हैं। भाजपा में नेतृत्व की कमी है...हमने स्पष्ट तौर पर कहा था कि आस्था अपनी-अपनी जगह...अगर कोई जाना चाहता है, हमने किसी को राम मंदिर कार्यक्रम में जाने से नहीं रोका...हम नहीं गए क्योंकि यह RSS और भाजपा का कार्यक्रम था।'
 
 

02:38 PM, 04-Apr-2024

केएस ईश्वरप्पा ने लगाए गंभीर आरोप

कर्नाटक के पूर्व डिप्टी सीएम केएस ईश्वरप्पा ने दावा किया है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनसे मुलाकात नहीं की। केएस ईश्वरप्पा कर्नाटक की शिवमोगा सीट से भाजपा उम्मीदवार बीवाई राघवेंद्र के खिलाफ बतौर बागी उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। ईश्वरप्पा ने बताया कि वह दिल्ली गए थे क्योंकि उन्हें बुलाया गया था, लेकिन अमित शाह ने मुझसे मुलाकात नहीं की। ईश्वरप्पा ने कहा कि मैंने कुछ सवाल किए थे, हो सकता है कि मेरे सवालों के जवाब देना मुश्किल हो रहा था। ईश्वरप्पा ने अपने बेटे केई कांतेश के लिए हावेरी सीट से टिकट मांगा था, लेकिन कांतेश को टिकट नहीं मिला। ईश्वरप्पा ने इसका आरोप पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा पर लगाया और इसके विरोध में येदियुरप्पा के बेटे के खिलाफ शिवमोगा से चुनावी ताल ठोक दी। 

02:27 PM, 04-Apr-2024

ममता बनर्जी ने लगाए आरोप

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कूचबिहार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'मैं आलोचना नहीं कर रही बल्कि मेरा लोकतांत्रिक अधिकार है। मैं चुनाव आयोग से निवेदन करती हूं कि आप देखें कि भाजपा वाले कैसे गुंडागर्दी कर रहे हैं और कैसे सीआईएसएफ, बीएसएफ, आईटी और एनआईए वाले अपने नाम का इस्तेमाल कर भाजपा के साथ मिलकर लोगों को परेशान कर रही हैं। यह लोकतांत्रिक तरीका नहीं हो सकता है।' ममता बनर्जी ने कहा, 'सभी एजेंसी को काम पर लगाया गया है। राज्य के अधिकारियों का तबादला किया जा रहा है। जो सेंट्रल एजेंसी है-NIA, CBI, IT इनमें से कितने अधिकारियों का तबादला हुआ?... बंगाल तो मैं संभाल लूंगी, मेरे रहते उनकी हिम्मत नहीं कि बंगाल वासियों को छू सकें। चुनाव से पहले CAA लाया गया... आप जैसे ही रजिस्ट्रेशन(CAA नागरिकता के लिए) के लिए अपना नाम दाखिल करेंगे वैसे ही आपको बांग्लादेशी घोषित कर दिया जाएगा।'
 

01:45 PM, 04-Apr-2024

भाजपा में शामिल होने पर जानिए क्या बोले गौरव वल्लभ

भाजपा में शामिल होने के बाद गौरव वल्लभ ने कहा, 'मैंने सुबह एक पत्र सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर डाला...उस पत्र में मैंने अपने दिल की सारी व्यथाएं लिख दीं...मेरा शुरू से यह दृष्टिकोण रहा है कि भगवान श्री राम का मंदिर बने, न्योता मिले और कांग्रेस ने न्योते को अस्वीकार कर दिया, मैं इसे स्वीकार नहीं कर सकता...गठबंधन के नेताओं ने सनातन पर प्रश्न उठाए, कांग्रेस द्वारा उसका जवाब क्यों नहीं दिया गया?...मैं आज भाजपा में शामिल हुआ और मुझे उम्मीद है कि मैं अपनी योग्यता, ज्ञान का प्रयोग भारत को आगे ले जाने में करूंगा।'

01:43 PM, 04-Apr-2024

भाजपा में शामिल हुए गौरव वल्लभ

भाजपा में शामिल हुए गौरव वल्लभ। गौरव वल्लभ ने आज ही कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। 
 

01:42 PM, 04-Apr-2024

कांग्रेस उम्मीदवार पर लगा चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप

असम की धुबरी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार रकीबुल हसन पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगा है। बिलासीपारा जिले के चुनाव आचार संहिता के नोडल अफसर ने जिले के कांग्रेस अध्यक्ष और सचिव को पत्र लिखकर रकीबुल हसन पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। पत्र में लिखा है कि कांग्रेस नेता ने 28 मार्च को बिना जिला चुनाव अधिकारी की इजाजत के एक जनसभा का आयोजन किया। साथ ही इस जनसभा को सोशल मीडिया पर भी लाइव किया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों से इस पर जवाब मांगा गया है। 

12:58 PM, 04-Apr-2024

'भारत को विकसित बनाना ही लक्ष्य'

जमुई की जनसभा में पीएम मोदी ने कहा कि ये चुनाव बिहार के सपने पूरा करने का चुनाव है। एक तरफ कांग्रेस और राजद जैसी पार्टियां हैं, जिन्होंने अपनी सरकार के समय पूरी दुनिया में देश का नाम खराब किया था। दूसरी तरफ भाजपा और एनडीए हैं, जिनका लक्ष्य भारत को विकसित बनाना है। 
 

12:52 PM, 04-Apr-2024

जमुई की रैली में कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी

जमुई में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 'कांग्रेस के राज में भारत को गरीब और कमजोर देश माना जाता था। छोटे-छोटे देश जो आज आटे के लिए तरस रहे हैं उनके आतंकी हम पर हमला करके चले जाते थे और तब की कांग्रेस दूसरे देशों के पास शिकायत लेकर जाती थी। मोदी ने कहा ऐसे नहीं चलेगा...आज का भारत घर में घुसकर मारता है...आज का भारत दुनिया को दिशा दिखाता है।'
 

12:17 PM, 04-Apr-2024

वायनाड से भाजपा उम्मीदवार के सुरेंद्रन ने भरा पर्चा

केरल भाजपा प्रमुख और वायनाड से उम्मीदवार के. सुरेंद्रन ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। के सुरेंद्रन के नामांकन से पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सुरेंद्रन के समर्थन में वायनाड में रोड शो भी किया। बता दें कि वायनाड सीट से ही राहुल गांधी चुनाव मैदान में हैं और यही वजह है कि इस सीट पर सभी की निगाहें लगी हुई हैं। 
 

11:45 AM, 04-Apr-2024

केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने भरा पर्चा

केंद्रीय मंत्री और तिरुवनंतपुरम से भाजपा उम्मीदवार राजीव चन्द्रशेखर ने विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर की उपस्थिति में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।
 

11:42 AM, 04-Apr-2024

हेमामालिनी ने किया नामांकन

हेमामालिनी ने मथुरा से किया नामांकन। हेमामालिनी अभी मथुरा लोकसभा सीट से ही सांसद हैं और तीसरी बार मथुरा से चुनाव लड़ने जा रही हैं। 
 

10:34 AM, 04-Apr-2024

पप्पू यादव आज भरेंगे नामांकन

कांग्रेस नेता पप्पू यादव आज स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में पूर्णिया से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने कहा, 'आज का दिन मेरी जिंदगी के अध्याय का है क्योंकि मैंने सबका दिल जीता है औऱ मुझे सभी का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है, मैं INDIA गठबंधन की मज़बूती के लिए काम करूंगा... कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्थापित हो... इस देश की युवाओं की, देश के अर्थव्यवस्था की बात होनी चाहिए।'

10:31 AM, 04-Apr-2024

तेजस्वी सूर्या आज करेंगे नामांकन

तेजस्वी सूर्या बंगलूरू दक्षिण सीट से आज भरेंगे नामांकन। नामांकन से पहले तेजस्वी सूर्या के समर्थकों ने जश्न मनाया। 
 

09:54 AM, 04-Apr-2024

मुख्यमंत्री विजयन ने राहुल को घेरा
केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने कहा कि वायनाड में राहुल गांधी के रोड शो के दौरान कांग्रेस डर के कारण अपना या इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) का झंडा नहीं दिखा सकी। कांग्रेस आईयूएमएल के वोट तो चाहती है, लेकिन उसका झंडा नहीं चाहती।

09:46 AM, 04-Apr-2024

बिहार की जनता इस बार 40 की 40 सीट देने का मन बना चुकी है: सम्राट
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार की 40 सीटों पर चुनाव लड़े रहे हैं...आज उनका प्रथम दौरा है...बिहार की जनता इस बार 40 की 40 सीट देने का मन बना चुकी है..."

08:37 AM, 04-Apr-2024

कांग्रेस नेता गौरव वल्लभ ने पार्टी से इस्तीफा
कांग्रेस नेता गौरव वल्लभ ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज जिस प्रकार से दिशाहीन होकर आगे बढ़ रही है,उसमें मैं खुद को सहज महसूस नहीं कर पा रहा। मैं न तो सनातन विरोधी नारे लगा सकता हूं और न ही सुबह-शाम देश के वेल्थ क्रिएटर्स को गाली दे सकता। इसलिए मैं कांग्रेस पार्टी के सभी पदों व प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं।
 

07:50 AM, 04-Apr-2024

प्रधानमंत्री मोदी बिहार में चुनाव अभियान की कमान संभालेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। वे जमुई में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। चुनाव की घोषणा के बाद राज्य में उनकी पहली रैली होगी। भाजपा के सहयोगी चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि यह लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और जमुई के लोगों के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री इस निर्वाचन क्षेत्र से बिहार में अपना प्रचार अभियान शुरू करने के लिए सहमत हुए हैं। हम उनके लिए बिहार की सभी 40 सीट समेत 400 से अधिक सीट जीतने के राजग के लक्ष्य को हासिल करने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

07:50 AM, 04-Apr-2024

महाराष्ट्र में प्रचार करेंगे खरगे, राहुल और प्रियंका
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए महाराष्ट्र में प्रचार करेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे ने कहा कि राहुल गांधी 13 अप्रैल को भंडारा-गोंदिया निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार करेंगे, जबकि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा 15 अप्रैल को चंद्रपुर में होंगी। खरगे आठ या नौ अप्रैल को रामटेक में होंगे। रामटेक, नागपुर, चंद्रपुर, भंडारा-गोंदिया, गढ़चिरौली-चिमूर महाराष्ट्र के पांच निर्वाचन क्षेत्र हैं, जहां 19 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा। महाराष्ट्र में लोकसभा की 48 सीट हैं और इनके लिए चुनाव 19 अप्रैल से 20 मई के बीच पांच चरणों में होंगे।

07:50 AM, 04-Apr-2024

आदित्य ठाकरे ने केंद्र पर कसा तंज
शिवसेना (UBT) विधायक आदित्य ठाकरे ने कहा कि दुनिया एक दिन अप्रैल फूल डे मनाती है लेकिन हम पिछले 10 सालों से अच्छे दिन का जुमला सुन रहे हैं... इस बार पूर्ण बहुमत से INDIA गठबंधन की सरकार बनेगी।

07:44 AM, 04-Apr-2024

Lok Sabha Polls Live: महाराष्ट्र की 8 लोकसभा सीटों पर 352 नामांकन, कांग्रेस ने SDPI के समर्थन से किया किनारा

Lok Sabha Election Live News in Hindi: देश में लोकसभा चुनाव सात चरणों में होने हैं। पहले चरण के लिए 19 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। अंतिम और सातवें चरण के लिए मतदान एक जून को होगा। मतगणना चार जून को होगी। इससे पहले निर्वाचन आयोग ने समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए कई राज्यों में प्रशासनिक, सुरक्षा और व्यय निगरानी के मकसद से विशेष पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की। आइए पढ़ते हैं पल-पल की अपडेट्स सिर्फ अमर उजाला पर...

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें