फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CBSE Board 12th Exam 2021 LIVE: पीएम मोदी की बैठक में बड़ा फैसला, सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा रद्द

Tue, 01 Jun 2021 07:42 PM IST
वर्तिका तोलानी एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

CBSE Board 12th Exam 2021: केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को एम्स में भर्ती किया गया है। बता दें कि शिक्षा मंत्री, 23 मई को आयोजित हुई उच्च स्तरीय बैठक में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ चर्चा और उनसे प्राप्त सुझावों पर विचार करने के पश्चात मंगलवार को सुबह 11 बजे 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर घोषणा करने वाले थे। किंतु तबीयत खराब होने की वजह से यह संभव नहीं हो पाया है। हालांकि, शाम साढ़े पांच बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। बैठक में परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय किया गया है। 
विज्ञापन
CBSE 12th board Exam 2021 - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:37 PM, 01-Jun-2021

कुछ ही देर में होगी ब्रीफिंग

सीबीएसई परीक्षाओं पर किए गए निर्णय को लेकर थोड़ी ही देर में प्रेस वार्ता होनी है। इसमें फैसले के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। 

 

07:25 PM, 01-Jun-2021

पीएम मोदी की बैठक में बड़ा फैसला, सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा रद्द

पिछले साल की तरह, यदि कुछ छात्र परीक्षा देने की इच्छा रखते हैं, तो स्थिति अनुकूल होने पर सीबीएसई द्वारा उन्हें ऐसा विकल्प प्रदान किया जाएगा।

07:24 PM, 01-Jun-2021

12वीं की परीक्षा रद्द हुई

पीएम की बैठक में बड़ा फैसला, सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा रद्द कर दी गई है। 

विज्ञापन
07:19 PM, 01-Jun-2021

सीबीएसई के 14.5 लाख छात्रों को जल्द ही जानकारी मिलेगी

सीबीएसई कक्षा 12वीं की परीक्षा 2021 के लिए लगभग 14.5 लाख छात्र पंजीकृत हैं। प्रधानमंत्री की कई कैबिनेट मंत्रियों के साथ सीबीएसई परीक्षा के संभावित विकल्पों पर चर्चा करने के लिए बैठक जारी हैं। संभव है बैठक के बाद छात्रों को जल्द ही अपडेट मिल जाए। 

07:13 PM, 01-Jun-2021

परीक्षाओं पर जल्द हो सकता है निर्णय

प्रधानमंत्री की उच्च स्तरीय बैठक पिछले डेढ़ घंटे से चल रही है। प्रधानमंत्री मोदी को कक्षा 12वीं की परीक्षाओं आयोजित करने के सभी संभावित विकल्पों और समाधानों के बारे में बताया गया है। सीबीएसई ओर आईएससी की 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन पर जल्द ही बड़ा फैसला आने की उम्मीद है।

विज्ञापन
07:00 PM, 01-Jun-2021

सुप्रीम कोर्ट में बाल अधिकार कार्यकर्ता ने नई याचिका दायर की

नई याचिका में परीक्षाओं को रद्द करने के साथ ही मूल्यांकन कार्य संबंधी निर्णय के लिए एक विशेषज्ञ समिति बनाने की मांग की गई है। यह याचिका बाल अधिकार कार्यकर्ता अनुभा श्रीवास्तव और सात अन्य ने 23 अलग-अलग राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों और तीन अलग-अलग देशों के 47 छात्रों की ओर से दायर की गई है। 

06:54 PM, 01-Jun-2021

CBSE & ICSE Board : परीक्षाओं को रद्द करने के लिए एक और याचिका दायर

जहां एक ओर प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में परीक्षाओं को लेकर उच्च स्तरीय बैठक चल रही है, वहीं दूसरी सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को एक और जनहित याचिका दायर की गई है। सुप्रीम कोर्ट में याचिका राज्य बोर्ड की परीक्षाओं और एनआईओएस की परीक्षा को रद्द करने और मूल्यांकन के लिए समान फॉर्मूला बनाने के लिए निर्देश मांगा गया है। 

06:38 PM, 01-Jun-2021

बैठक में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी भी मौजूद हैं। प्रधानमंत्री परीक्षाओं को टालने और उसके बाद के संभावित विकल्पों पर भी जानकारी ले रहे हैं। 

 

06:15 PM, 01-Jun-2021

बैठक की तस्वीरें सामने आई

बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रेल मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद हैं। राज्यों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर चर्चा हो रही है। सीबीएसई और शिक्षा मंत्रालय के अधिकारी प्रधानमंत्री को जानकारी दे रहे हैं। 

06:08 PM, 01-Jun-2021

जारी है बैठक, दो विकल्पों पर हो रही है चर्चा

कक्षा बारहवीं बोर्ड परीक्षा के संबंध में आज फैसला आ सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बैठक जारी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर, सीबीएसई के चेयरमैन और शिक्षा मंत्री के दोनों सचिव प्रधानमंत्री को बोर्ड परीक्षा आयोजत करने के सारे प्रस्तावित विकल्पों से अवगत करवा रहे हैं। 

05:48 PM, 01-Jun-2021

बैठक में राजनाथ सिंह, प्रकाश जावड़ेकर भी मौजूद

पीएम मोदी की अध्यक्षता में बैठक शुरू हो चुकी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीबीएसई चेयरमैन भी मौजूद हैं। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और शिक्षा मंत्री के दोनों सचिव भी बैठक में शामिल हुए हैं। 

05:40 PM, 01-Jun-2021

सोशल मीडिया पर बोर्ड परीक्षाओं को रद्द करने की मांग बढ़ी

सोशल मीडिया पर परीक्षाओं को रद्द करने की मांग बढ़ती जा रही है। अभी तक हैशटेग कैंसल बोर्ड एग्जाम (#cancelboardexams2021) से 61.9 हजार ट्वीट हो चुके हैं। इसके अलावा हैशटेश रमेश पोखरियाल निशंक (#RameshPokhriyalNishank) भी ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा है।  

05:14 PM, 01-Jun-2021

अगर रद्द होती है परीक्षा तो इस विकल्प का भी हो सकता है चयन

अगर सरकार कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लेती है, तो पिछले तीन शैक्षणिक वर्षों के परिणामों के आधार पर छात्रों परिणाम तैयार करने की संभावना जताई जा रही है। यानी कक्षा नौवीं, दसवीं और ग्यारहवीं के औसत अंकों के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। हालांकि इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

05:00 PM, 01-Jun-2021

आंध्र प्रदेश सरकार ने जून के पहले सप्ताह में आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। बोर्ड द्वारा जुलाई माह में कोरोना की स्थिति की समीक्षा करने के बाद फैसला लिया जाएगा। बता दें यह परीक्षाएं 7 से 16 जून 2021 के बीच प्रस्तावित थी। जिन्हें अब कुछ समय के लिए टाल दिया गया है। संभावना है कि एपी बोर्ड भी सीबीएसई की तर्ज पर ही कोई फैसला ले। 

04:38 PM, 01-Jun-2021

आज ही अंतिम फैसला आने की संभावना

माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी प्रस्तावित विकल्पों पर चर्चा करने के बाद आज ही अंतिम फैसले की घोषणा कर सकते हैं। विशेषज्ञों द्वारा अंतिम फैसला आने की संभावना जताई जा रही है।

04:19 PM, 01-Jun-2021

केजरीवाल ने 12वीं की बोर्ड परीक्षा रद्द करने का आग्रह किया

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को एक बार फिर ट्वीट करते हुए 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं रद्द करने की मांग की है। उन्होंने ट्विटर कर कहा कि 12वीं की परीक्षा को लेकर बच्चे और पेरंट्स काफ़ी चिंतित हैं। वे चाहते हैं कि बिना वैक्सिनेशन, 12वीं की परीक्षा नहीं होनी चाहिए। मेरी केंद्र सरकार से अपील है कि 12वीं की परीक्षा रद्द की जाए। पिछली पर्फोमेंस के आधार पर उनका आकलन किया जाए। 

04:03 PM, 01-Jun-2021

पिछली बैठक में 10वीं की परीक्षा रद्द करने का निर्णय हुआ था

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में केंद्रीय शिक्षा मंत्री की शिक्षा सचिव एवं सीबीएसई अधिकारियों के साथ पिछली बार हुई बैठक में विचार-विमर्श कर 10वीं बोर्ड परीक्षा को रद्द करने का निर्णय किया गया था। इस बार भी लाखों विद्यार्थी कुछ ऐसे ही निर्णय की उम्मीद कर रहे हैं।  

03:57 PM, 01-Jun-2021

शाम साढ़े पांच बजे होगी पीएम मोदी की बैठक

सीबीएसई और आईआईएससी बोर्ड की 12वीं की परीक्षाओं को लेकर हितधारकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम साढ़े पांच बजे से बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि इसी बैठक में अंतिम नतीजा निकल सकता है। इससे पहले भी अप्रैल में प्रधानमंत्री ने बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की थी।

03:43 PM, 01-Jun-2021

इन दो विकल्पों पर होगी चर्चा

शिक्षा मंत्रालय द्वारा दो विकल्प प्रस्तावित किए गए थे। विकल्प-ए के तहत केवल 19 मुख्य विषयों की ही परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षाएं मौजूदा फॉर्मेट और ऑफलाइन होगी। वहीं विकल्प-बी में यह कहा गया है कि परीक्षाओं की समय अवधि 3 घंटे से घटाकर डेढ़ घंटे कर दी जाएगी और विद्यार्थी अपने ही विद्यालय में परीक्षा दे पाएंगे।

03:12 PM, 01-Jun-2021

आज आ सकता है फैसला, पीएम की समीक्षा बैठक

मंगलवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर अहम बैठक हो सकती है। सभी राज्यों और अन्य हितधारकों के साथ व्यापक चर्चा के परिणामस्वरूप उन्हें सभी संभावित विकल्पों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

02:44 PM, 01-Jun-2021

ममता शर्मा ने ट्वीट कर शिक्षा मंत्री के जल्द स्वस्थ होने की कामना की

ममता शर्मा ने शिक्षा मंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने ट्वीट किया है कि उम्मीद है कि हमारे शिक्षा मंत्री को यह एहसास होगा कि लाखों छात्रों और उनके परिवारों को घातक वायरस के संपर्क में लाना कोई समझदारी भरा फैसला नहीं है।

02:25 PM, 01-Jun-2021

कॉमन एंट्रेंस टेस्ट या बारहवीं के अंकों के आधार पर होगा दाखिला

विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए डीयू प्रशासन दो विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। पहले कॉमन एंट्रेंस टेस्ट के आधार पर स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाए। दूसरा, पहले की ही तरह बारहवीं बोर्ड परीक्षा के अंकों के आधार पर दाखिला प्रक्रिया पूरी की जाए। हालांकि अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। उम्मीद थी कि 1 जून को बारहवीं बोर्ड का फैसले आने के बाद डीयू द्वारा भी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। किंतु शिक्षा मंत्री का स्वास्थ्य खराब होने की वजह से यह प्रक्रिया और आगे बढ़ गई है।

02:15 PM, 01-Jun-2021

कोरोना महामारी की वजह से प्रवेश परीक्षा आयोजित करना मुश्किल

कोरोना महामारी की दूसरी लहर से जिस तरह की स्थितियां बनी हैं, उनसे सेंट्रल यूनिवर्सिटी कॉमन एंट्रेस टेस्ट से दाखिले मुश्किल लग रहे हैं। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि कॉमन एंट्रेस टेस्ट नहीं हुए तो पहले ही तरह ही दाखिला प्रक्रिया हो सकती है।

02:03 PM, 01-Jun-2021

अटकी दिल्ली विश्वविद्यालय की दाखिले की प्रक्रिया

दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिला बारहवीं बोर्ड परीक्षा के अंकों के आधार पर दिया जाता है। लेकिन बारहवीं बोर्ड परीक्षा पर फैसला न होने की वजह से डीयू दाखिला प्रक्रिया भी प्रभाव पड़ रहा है। इसी तरह विभिन्न विश्वविद्यालयों में दाखिले की प्रक्रिया में देरी होते जा रही है।
 

01:51 PM, 01-Jun-2021

एसएसयूएन ने पीएम और शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र

शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास (एसएसयूएन) के संगठन सचिव अतुल कोठारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक दोनों को पत्र लिखा है। सोमवार को लिखे इस पत्र में उन्होंने दो दिनों के अंदर परीक्षाओं के संबंध में निर्णय लेने का आग्रह किया है। 

12:22 PM, 01-Jun-2021

आज नहीं आएगा फैसला, करना होगा और इंतजार

कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों को अभी और इंतजार करना होगा। शिक्षा मंत्री की तबीयत बिगड़ने की वजह से आज फैसला आने की संभावनाएं कम हैं। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। उम्मीद जताई जा रही है कि अब फैसला गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के दौरान ही लिया जाएगा। 

12:05 PM, 01-Jun-2021

हाल ही में हुए थे काेरोना संक्रमित

केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक को मंगलवार को एम्स में भर्ती कराया गया है। यह सूचना न्यूज एजेंसी एनआई को एम्स के अधिकारी द्वारा दी गई है। बता दें शिक्षा मंत्री की हाल ही में कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई थी।  

11:59 AM, 01-Jun-2021

केंद्र को कोर्ट में देना होगा जवाब

12वीं की परीक्षा रद्द करने की मांग वाली याचिका पर हुई सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए पिछले साल की नीति अपनाने की सलाह दी थी। यदि केंद्र पिछले साल की नीति को नहीं अपनाने का निर्णय लेता है, तो उन्हें कोर्ट को कारण बताना पड़ेगा और कोर्ट आगे इसकी जांच भी कर सकता है।

11:56 AM, 01-Jun-2021

नीट यूजी 2021 के संबंध में नहीं हुई कोई घोषणा

इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन 2021 के अप्रैल और मई की परीक्षाओं को कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए स्थगित कर दिया गया था। हालांकि एनटीए ने अभी तक नीट यूजी 2021 को स्थगित करने की कोई घोषणा नहीं की है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा 1 अगस्त को निर्धारित है। 

11:49 AM, 01-Jun-2021

कक्षा ग्यारहवीं के औसत अंक मांगे गए

सीआईएससीई ने सभी विद्यालयों से कक्षा बारहवीं में पढ़ रहे छात्रों के अंक मांगे हैं। इसमें कक्षा ग्यारहवीं (2019-20) के सभी विषयों में प्राप्त औसत अंक और कक्षा बारहवीं (2020-21) के सभी विषयों के लिए आयोजित विभिन्न तरह की परीक्षाओं के अंक शामिल हैं।

11:41 AM, 01-Jun-2021

सीआईएससीई ने प्रधानाचार्याें को लिखा पत्र

सीआईएससीई द्वारा कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं पर जल्द ही निर्णय लिया जा सकता है। पीटीआई के अनुसार सीआईएससीई ने स्कूल के प्रधानाचार्यों को एक पत्र लिखा है। जिसमें कहा गया है कि सीआईएससीई कक्षा 12वीं की परीक्षा के लिए सभी स्कूलों से डेटा एकत्र करने की प्रक्रिया जारी है। इसलिए, आपसे कक्षा 12 के विद्यार्थियों के संबंध में मांगी गई जानकारी प्रदान करने का अनुरोध किया जाता है।

11:20 AM, 01-Jun-2021

व्हाट्सएप ग्रुपों में दहशत के आधार नहीं तय होगा टीकाकरण

नरेंद्र मोदी सरकार ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि व्हाट्सएप ग्रुपों में तीसरी लहर में बच्चों को खतरे की आशंकाओं वाले मैसेज के आधार पर बच्चों का टीकाकरण करने का फैसला नहीं किया जाना चाहिए। “बच्चों के लिए टीका कितना सुरक्षित है, इस बारे में अध्ययन हो रहे हैं। भारत में भी जल्द ही बच्चों पर ट्रायल शुरू होने जा रहे हैं। हालांकि, बच्चों का टीकाकरण व्हाट्सएप ग्रुपों में दहशत के आधार पर तय नहीं किया जाना चाहिए और क्योंकि कुछ राजनेता राजनीति करना चाहते हैं। परीक्षणों के आधार पर पर्याप्त डेटा उपलब्ध होने के बाद यह हमारे वैज्ञानिकों द्वारा लिया गया निर्णय होना चाहिए।

11:13 AM, 01-Jun-2021

फैसले में देरी की वजह से विदेश के कॉलेजों में दाखिल मिलने में हो सकती है परेशानी

कई राज्य सरकारों को चिंता है कि अगर कक्षा 12वीं की परीक्षा में और देरी होती है, तो कॉलेज में प्रवेश में भी देरी होगी। याचिकाकर्ता अधिवक्ता ममता शर्मा ने भी अपनी पिछली सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट को सूचित किया है कि प्रक्रिया में तेजी लाने की जरूरत है, अन्यथा जो छात्र विदेश में आवेदन करना चाहते हैं उन्हें विभिन्न तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।

11:08 AM, 01-Jun-2021

हरियाण बोर्ड कर रहा है परीक्षाएं आयोजित करने की तैयारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने कहा है कि बोर्ड कक्षा बारहवीं की परीक्षाएं कराने के लिए तैयार है। रविवार को जारी बयान में कहा गया है कि बोर्ड 15 जून से 20 जून के बीच परीक्षाएं आयोजित कर सकता है। 

10:59 AM, 01-Jun-2021

सीबीएसई द्वारा अभी तक कोई डेट शीट नहीं जारी की गई है। माना जा रहा है कि शिक्षा मंत्री की घोषणा के बाद बोर्ड द्वारा कक्षा 12वीं की परीक्षा के संबंध में अधिसूचना जारी की जा सकती है। बारहवीं बोर्ड परीक्षा होगी या नहीं, आज सरकार इस पर लेगी निर्णय।

10:54 AM, 01-Jun-2021

एमपी बोर्ड को सीबीएसई के फैसले का इंतजार

मध्य प्रदेश बोर्ड द्वारा कक्षा बारहवीं बोर्ड परीक्षा के संबंध में अंतिम निर्णय जून के पहले हफ्ते में लिया जाएगा। माना जा रहा है कि एमपी बोर्ड सीबीएसई के फैसले का इंतजार कर रहा है। इसके साथ ही बोर्ड परीक्षा पैटर्न में कई बड़े बदलाव करने पर भी विचार कर रहा है।

10:44 AM, 01-Jun-2021

यूपी बोर्ड ने जुलाई में परीक्षा आयोजित करने की कि घोषणा

उत्तर प्रदेश बोर्ड ने कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया है। वहीं 12वीं बोर्ड परीक्षाएं जुलाई माह में आयोजित करने का फैसला किया है। पेपर तीन के बजाय डेढ़ घंटे का होगा। हर पेपर में 10 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें से केवल तीन सवालों का जवाब देना होगा। इसकी समय सारिणी जल्द जारी की जाएगी। 

10:36 AM, 01-Jun-2021

वैकल्पिक समाधान तैयार किए जाने चाहिए- फिक्की

FICCI ने पत्र लिख, केंद्र से 12वीं बोर्ड परीक्षा रद्द करने की मांग की है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल 'निशंक' को लिखे पत्र में, फिक्की ने आगाह किया है कि कोरोना महामारी के कारण वर्तमान स्थिति में कक्षा 12वीं की ऑफलाइन परीक्षा आयोजित करना अनुकूल नहीं है। फिक्की के अध्यक्ष उदय शंकर ने कहा कि अकादमिक प्रगति को निर्धारित करने के लिए एक वैकल्पिक समाधान तैयार किया जाना चाहिए।

10:26 AM, 01-Jun-2021

प्रियंका गांधी ने शिक्षा मंत्री को दिए सुझाव

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल 'निशंक' को सोमवार को खत लिखा था। उन्होंने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं के संबंध में प्राप्त सुझावों को खत में शामिल कर शिक्षा मंत्री के साथ साझा किया है। प्रियंका लिखती हैं कि बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं। इसलिए इन परिस्थितियों में सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन के वक्त मानवीय, मनोवैज्ञानिक और भावनात्मक लागत को समझना उचित है।

10:18 AM, 01-Jun-2021

सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा: केवल 19 मुख्य विषयों की ही हो सकती है परीक्षा

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक के बाद 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा परीक्षा आयोजित करने के पक्ष में प्रतिक्रिया दी गई है। वहीं दिल्ली, महाराष्ट्र, गोवा एवं अंडमान और निकोबार सरकार द्वारा छात्रों और शिक्षकों के लिए कोरोना टीके की मांग की गई है। परीक्षा पर सहमति जताने वाले 32 राज्यों में से 29 ने बैठक में विद्यालय में डेढ़ घंटे की ही परीक्षा आयोजित करने पर सहमति जताई है। वहीं राजस्थान, त्रिपुरा और तेलंगाना ने मौजूदा फॉर्मेट में ही केवल 19 मुख्य विषयों की ही परीक्षा आयोजित कराने पर सहमति जताई है।

10:13 AM, 01-Jun-2021

सीबीएसई बोर्ड : 15 जुलाई से 26 अगस्त के बीच में हो सकती है परीक्षा

पीटीआई की रिपोर्ट के हिसाब से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा बारहवीं बोर्ड परीक्षा को 15 जुलाई से लेकर 26 अगस्त के बीच में आयोजित करने का प्रस्ताव रखा है। प्रस्ताव के हिसाब से बोर्ड परीक्षा का परिणाम सितम्बर में जारी किया जाएगा। 

09:58 AM, 01-Jun-2021

CBSE Board 12th Exam 2021 LIVE: पीएम मोदी की बैठक में बड़ा फैसला, सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा रद्द

सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने बारहवीं बोर्ड परीक्षा रद्द करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई को गुरुवार तक टाल दिया था। अब मंगलवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक सभी सुझावों पर विचार करने के बाद अपना फैसला सुना सकते हैं। एक जून को केंद्रीय शिक्षा मंत्री या शिक्षा मंत्रालय की ओर से बताया जा सकता है कि 12वीं बोर्ड परीक्षाएं होंगी या नहीं।    

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें