Uttarakhand Monsoon Session 2025 News: प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में आज 19 से 22 अगस्त तक विधानसभा का मानसून सत्र चलेगा। सदन पटल पर सदस्यों के लगभग 550 से अधिक प्रश्न मंत्रियों की परीक्षा लेंगे। वित्त मंत्री के तौर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अनुपूरक बजट पेश करेंगे। यहां पढ़ें पल-पल के अपडेट...
सदन की कार्यवाही फिर शुरू की गई। इस दौरान विपक्ष का वेल में हंगामा जारी है।
सत्र के दौरान विपक्ष का हंगामा जारी है। सदन की कार्यवाही चार बजे तक के लिए स्थगित की गई है।
सदन की कार्यवाही तीन बजे तक के लिए स्थगित की गई है। वहीं विपक्ष का हंगामा जारी है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने दिवंगत पूर्व विधायक मुन्नी देवी को श्रद्धांजलि दी। उनके बाद सदन में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज फिर कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत और मंत्री सौरभ बहुगुणा ने श्रद्धांजलि दी।
सीएम धामी ने कहा, मुन्नी देवी ने अपने पति पूर्व विधायक मदन लाल शाह की मृत्यु के बाद न केवल अपने परिवार को संभाला बल्कि उनकी राजनीतिक विरासत को भी आगे बढ़ाया। मुन्नी देवी जनता से सीधा संवाद करने में विश्वास रखती थीं। मैं अस्पताल में उनसे मिला। बीमारी में भी वह अपने क्षेत्र के लिए चिंतित थीं।
कानून व्यवस्था पर कांग्रेस के विरोध के चलते लगातार कार्यवाही स्थगित की जा रही है। सदन की कार्यवाही के दौरान विपक्षी नेताओं ने सचिव की टेबल पलटने की कोशिश की। साथ ही माइक तोड़ दिया। कांग्रेस विधायकों ने वेल में लहराए कागज। लगातार कर रहे प्रदर्शन और नारेबाजी।
तीसरी बार सदन की स्थगन अवधि बढ़ाई गई है। पहले 11:40 तक सदन स्थगित किया था। फिर दोबारा कार्यवाही शुरू हुई। इसके 10 मिनट और अवधि बढ़ाई गई। अब सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित की गई।
विपक्ष के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही फिर शुरू हो गई है। पहले दिन ही सदन पटल पर अनुपूरक अनुदान मांगे पेश होंगी।
कांग्रेस के प्रदर्शन के बीच बसपा विधायक मोहम्मद शहजाद भी विरोध में शामिल हो गए। वहीं सदन की कार्यवाही 11:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
उत्तराखंड विधानसभा मानसून सत्र में सदन की कार्यवाही शुरू हो गई है। वहीं सभी विपक्षी विधायक प्रदर्शन करते हुए वेल में पहुंचे हैं।
भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले सीएम धामी ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से भेंट की। इस दौरान माननीय संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल भी मौजूद रहे।
सत्र के दौरान सरकार अपनी वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अनुपूरक बजट पेश करेगी। अनुपूरक बजट के करीब 5000 करोड़ रुपये तक होने का अनुमान है। वित्त मंत्री के तौर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अनुपूरक बजट पेश करेंगे। विधानसभा मानसून सत्र के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी हैं। सदन सुचारु रूप से संचालित हो, इसके लिए सत्ता व विपक्ष से सहयोग की अपेक्षा करती हूं। सभी विधायकों से मेरा आग्रह है कि सदन की गरिमा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के विकास व अपने विधानसभा क्षेत्रों के जनमुद्दों को रखें जिससे सदन में गहन चर्चा की जा सके।
भराड़ीसैंण में हो रहे विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान 20 अगस्त को कांग्रेस विधानसभा घेराव करेगी। कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष दान सिंह नेगी ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी के नेतृत्व में 20 अगस्त को रामलीला मैदान में विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। जिसके बाद गैरसैंण क्षेत्र की शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़कों की बदहाली सहित स्थायी राजधानी की मांग को लेकर विधानसभा घेराव किया जाएगा। वहीं पूर्व अनशनकारी भुवन कठायत ने गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित किए जाने की मांग को लेकर सत्र के तीनों दिन तक गैरसैंण के रामलीला मैदान में धरना-प्रर्दशन के आयोजन करने की बात कही है।
- उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता (संशोधन) विधेयक 2025
- उत्तराखंड अल्प संख्यक शिक्षा विधेयक 2025
- उत्तराखंड साक्षी संरक्षण (निरसन) विधेयक 2025
- उत्तराखंड समान नागरिकता (संशोधन) विधेयक
- लोकतंत्र सेनानियों की सुविधाएं बढ़ाने से संबंधित विधेयक 2025
- पंचायत राज संशोधन विधेयक
- अनुपूरक विधेयक
मानसून सत्र में सरकार नौ विधेयकों के अलावा विभिन्न विभागों की प्रतिवेदन व वार्षिक लेखा रिपोर्ट को सदन के पटल पर रखेगी। सदन में विपक्ष के हर सवाल का सरकार मजबूती से जवाब देगी। इसके लिए सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है। - सुबोध उनियाल, संसदीय कार्य मंत्री
उत्तराखंड विधासभा का चार दिवसीय मानसून सत्र आज मंगलवार से शुरू हो गया है। सदन की कार्यवाही 11 शुरू हुई, लेकिन फिर स्थगित कर दी गई। विपक्ष के हंगामे के बीच एक बार फिर सदन की कार्यवाही शुरू हुई। सत्र से पहले मुलाकातों का दौर भी जारी रहा। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की।
भराड़ीसैंण में शुरू हुए विधानसभा सत्र के पहले ही दिन सदन के बाहर विपक्ष सड़क पर उतरकर प्रदर्शन में जुट गया है। विपक्ष हमलावर दिखा। अंदर अनुपूरक अनुदान मांगों के साथ आठ विधेयक और वित्तीय लेखे पटल पर रखे जाएंगे। वन, भाषा, लोनिवि, सिंचाई और पंचायती राज से जुड़े सवालों पर सदन गरमाएगा।
सवाल-जवाब के दौरान मंत्रियों के होमवर्क की परीक्षा होगी। विपक्ष कानून व्यवस्था पर कार्यस्थगन प्रस्ताव ला सकता है, वहीं नैनीताल में नेता प्रतिपक्ष पर मुकदमे को लेकर कांग्रेस विधायक आक्रामक रुख में हैं। भराड़ीसैंण में अधिकारियों की व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
चार दिवसीय सत्र के लिए सरकार और विपक्ष ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) पहुंचे हैं। सरकार वित्तीय आवश्यकताओं के लिए अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसके साथ ही सरकार उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम में संशोधन समेत नौ विधेयक पारित कराने के लिए लाएगी।