फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chamoli Avalanche: हिमस्खलन में फंसे मजदूर, बर्फबारी के कारण रेस्क्यू रोका, हेल्पलाइन नंबर जारी

Fri, 28 Feb 2025 11:20 PM IST
अलका त्यागी संवाद न्यूज एजेंसी, चमोली

खास बातें

Chamoli Avalanche Update: माणा कैंप के पास सुबह करीब आठ बजे हिमस्खलन हो गया। इस दौरान वहां निर्माण कार्य में लगे 55 मजदूर बर्फ में दब गए। रेस्क्यू अभियान जारी है। यहां जानें पल-पल का अपडेट...
विज्ञापन
एवलांच के बाद रेस्क्यू की तस्वीरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:20 PM, 28-Feb-2025

हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू के लिए तीन टीमें तैनात

चमोली के माणा में हुए हिमस्खलन को देखते हुए एसडीआरएफ मुख्यालय जौलीग्रांट से अलर्ट जारी करते हुए तीन हाई एल्टीट्यूट रेस्क्यू टीमों को जौलीग्रांट, सहस्रधारा और गोचर में तैनात कर दिया गया है। जो मौसम साफ होने पर हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू उपकरणों के साथ उड़ान भरेंगी। गोचर और सहस्रधारा में आठ-आठ लोगों की दो टीमों और जौलीग्रांट मुख्यालय में बटालियन की दस लोगों की एक टीम को तैनात किया गया है। इन टीमों को सेटेलाइट फोन और बर्फ में रेस्क्यू के लिए जरूरी उपकरणों के साथ तैनात किया गया है। वहीं एसडीआरएफ में अलर्ट जारी किया गया है। यदि घायलों को एम्स ऋषिकेश लाया जाता है तो इसके लिए ढालवाला की टीम को अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस महानिदेशक रिधिम अग्रवाल ने कहा कि हाई एल्टीट्यूट रेस्क्यू के लिए तीन टीमों को जरूरी उपकरणों के साथ तैनात किया गया है। मौसम ठीक होने पर टीमें घटनास्थल के लिए रवाना होंगी। टीम में दक्ष जवानों को भेजा गया है।

10:22 PM, 28-Feb-2025

श्रमिकों की सूची जारी

चमोली जिला प्रशासन ने हिमस्खलन में फंसे श्रमिकों की सूची जारी की है। डीएम ने बताया कि हिमस्खलन में 55 श्रमिक फंसे थे। इसमें से 33 को बचाया गया है। अन्य की तलाश कल शुरू होगी।
यहां देखें श्रमिकों की सूची...

09:44 PM, 28-Feb-2025

बर्फबारी के समय हिमस्खलन की घटना सामान्य

वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. अमित कुमार कहते हैं कि हिमस्खलन एक प्राकृतिक और सामान्य घटना है। बर्फबारी के समय हिमस्खलन होता है। ऊंचाई वाले इलाके में हिमस्खलन होता है। दरअसल वहां लगातार बर्फबारी हो रही है, वहां ऐसे स्लोप है, जहां वह टिक नहीं पाती है गिर जाती है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून निदेशक विक्रम सिंह कहते हैं कि अत्याधिक बर्फ गिरती है तो ऐसी घटना हो सकती है। बर्फबारी के मद्देनजर ही आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार से मौसम ठीक होना शुरू हो जाएगा।

विज्ञापन
09:01 PM, 28-Feb-2025

अधिकारी व जवानों ने चलाया रेस्क्यू

माणा के समीप हुए हिमस्खलन की चपेट में आए मजदूरों को रेस्क्यू करने के लिए सेना के गढ़वाल स्काउट के 52 अधिकारी और जवान मौजूद रहे। ज्योतिर्मठ से गढ़वाल स्काउट के सीओ अपने 60 जवानों के साथ माणा गांव के लिए रवाना हो गए हैं। हालांकि बदरीनाथ हाईवे पर जमी बर्फ को हटाने के बाद ही जवान माणा तक पहुंच सकेंगे। 

08:28 PM, 28-Feb-2025

सरकार ने हेल्प लाइन नंबर जारी किया

शासन ने माणा की घटना के मद्देनजर हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि हिमस्खलन होने के कारण 57 मजदूरों के फंसे होने की सूचना मिली है। बचाव कार्य जारी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रभावित व्यक्तियों को सहायता प्रदान करने के साथ हेल्पलाइन नंबर 8218867005, 9058441404, 0135 2664315, टोल फ्री नंबर 1070 जारी किए गए हैं। यदि किसी को उक्त घटना के कारण माणा क्षेत्र में किसी भी प्रकार के मदद की आवश्यकता हो या इस घटना से संबंधित किसी प्रकार की कोई भी जानकारी प्राप्त करनी हो तो वह संबंधित नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। यह हेल्पलाइन नंबर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।

विज्ञापन
08:24 PM, 28-Feb-2025

एम्स की हेली एंबुलेंस को भी अलर्ट पर किया

रेस्क्यू अभियान के बीच एम्स की हेली एंबुलेंस को भी तैयार रखा गया है। शाम पांच बजे तक सेना व आईटीबीपी ने 32 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। अभी भी 25 श्रमिक वहां फंसे हैं और खराब मौसम के कारण बचाव अभियान बाधित हो रहा है। आपातकालीन स्थिति को देखते हुए जोशीमठ, रविग्राम और गोविंदघाट में हेलिपैड तैयार किए गए हैं, ताकि मौसम खुलने पर हवाई सेवा के जरिये बचाव अभियान चलाया जा सके। 

08:15 PM, 28-Feb-2025

सरकार ने मांगा एमआई-17

चमोली जिले के माणा के पास हुए हिमस्खलन में फंसे 25 श्रमिकों को बचाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने भारतीय वायु सेना के एमआई-17 की मांग की है।

07:18 PM, 28-Feb-2025

32 मजदूरों को बचाया, 25 की तलाश जारी

शाम पांच बजे तक 32 मजदूरों को सेना और आईटीबीपी के जवानों ने सुरक्षित निकाल लिया, जबकि 25 मजदूरों का अभी कुछ पता नहीं चल सका है। 

06:50 PM, 28-Feb-2025

हाईवे बर्फ से ढका, रेस्क्यू टीमें पैदल रवाना

चमोली के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि बदरीनाथ हाईवे पर जमी बर्फ को हटाने के लिए बीआरओ की जेसीबी लगाई है। क्षेत्र में लगातार बर्फबारी होने और कोहरा लगने से रेस्क्यू कार्य बाधित हो रहा है। बदरीनाथ हाईवे से पैदल ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आपदा और पुलिस की टीमें माणा गांव के लिए रवाना हो गई हैं।

06:10 PM, 28-Feb-2025

जम्मू-कश्मीर, पंजाब और उत्तर प्रदेश के मजदूर आए चपेट में

हिमस्खलन की चपेट में जम्मू-कश्मीर, पंजाब और उत्तर प्रदेश के मजदूर आए हैं। ये सब बीआरओ की कार्यदायी संस्था के मजदूर हैं। 

06:05 PM, 28-Feb-2025

कंटेनर में फंसे थे मजदूर

बर्फबारी के बीच आज सुबह कुबेर पर्वत से भारी हिमस्खलन हो गया। जिससे बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) के 57 मजदूर इसकी चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि मजदूर वहां कंटेनर में सो रहे थे। इसी दौरान कंटेनर के ऊपर हिमस्खलन हो गया। 

04:38 PM, 28-Feb-2025

आईटीबीपी ने रेस्क्यू ऑपरेशन बंद किया

भारी बर्फबारी के चलते आईटीबीपी ने रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया है। आईटीबीपी के जवान माणा गांव में वापस अपने कैंप में लौट गए है। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि जिस स्थान पर हिमस्खलन हुआ है वहां करीब आठ फीट तक बर्फ जम गई है। मौसम सामान्य होने पर फिर से रेस्क्यू चलाया जाएगा। 

04:10 PM, 28-Feb-2025

'हर संभव सहायता प्रदान की जा रही'- रक्षामंत्री राजनाथ सिंह

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "जोशीमठ के माणा क्षेत्र में आज एक दुर्भाग्यपूर्ण हिमस्खलन हुआ है, जिससे बीआरओ का जीआरईएफ शिविर प्रभावित हुआ है। स्थिति के संबंध में सीएम पुष्कर सिंह धामी से बात की। प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। स्थानीय सेना इकाइयों द्वारा बचाव प्रयास भी जारी हैं। सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करके फंसे हुए कर्मियों को बचाने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं।"
 

03:46 PM, 28-Feb-2025

एनडीआरएफ की टीमें भी मोर्चे पर उतरेंगी- गृहमंत्री अमित शाह  

गृहमंत्री अमित शाह ने चमोली में हिमस्खलन को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर फटने के संदर्भ में सीएम से बात हुई है। आईटीबीवी, डीजी एनडीआरएफ से बात हुई है। हादसे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना हमारी प्राथमिकता है। स्थानीय प्रशासन बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से लगा हुआ है। एनडीआरएफ की दो टीमें भी जल्द ही घटना स्थल पर पहुंच रही हैं।
 

03:41 PM, 28-Feb-2025

अभी तक 15 मजदूरों को निकाला

एसडीआरएफ के अनुसार, हिमस्खलन के दौरान निर्माण कार्य में लगे 57 मजदूर बर्फ में दबे थे। अब तक 15 मजदूरों को निकाल लिया गया है। अन्य की तलाश जारी है।

03:39 PM, 28-Feb-2025

लोगों को आई रैणी आपदा की याद

चमाेली में हिमस्खलन की घटना ने साल 2021 में चमोली के रैणी में ग्लेशियर टूटने से आई आपदा  की याद दिला दी। तब ग्लेशियर टूटने से ऋषिगंगा में बाढ़ के कारण 206 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, कई अब भी लापता है।

03:37 PM, 28-Feb-2025

तीन दिन से हो रही बर्फबारी
बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, लाल माटी, नंदा घुंघटी, औली, गोरसों के साथ ही नीती और माणा घाटियों में तीन दिन से बर्फबारी हो रही है। जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फ जमा हो गई है।

03:32 PM, 28-Feb-2025
सीएम धामी ने ली बैठक - फोटो : अमर उजाला

सीएम धामी ने ली बैठक

चमोली में हिमस्खलन को लेकर अब सीएम धामी ने मोर्चा संभाल लिया है। सीएम अचानक देहरादून में आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे और अधिकारियों से हिमस्खलन की घटना की जानकारी ली। 

03:31 PM, 28-Feb-2025

संचार सेवा ठप

क्षेत्र में मौसम खराब होने के चलते संचार सेवा ठप पड़ी है। चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि एयर फोर्स से मदद मांगी जा रही है। सेना, आईटीबीपी रेस्क्यू में लगी है। एनडीआरएफ की टीम  को भी मूव कर दिया गया है। 

03:25 PM, 28-Feb-2025

Chamoli Avalanche: हिमस्खलन में फंसे मजदूर, बर्फबारी के कारण रेस्क्यू रोका, हेल्पलाइन नंबर जारी

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बीच शुक्रवार को भारत-चीन (तिब्बत) सीमा क्षेत्र में माणा कैंप के पास भारी हिमस्खलन हुआ है। इस दौरान वहां निर्माण कार्य में लगे 57 मजदूर बर्फ में दब गए। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने बताया कि अब तक 15 मजदूरों को निकाल लिया गया है। अन्य की तलाश जारी है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें