फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SA vs WI Highlights: दक्षिण अफ्रीका ने सेमीफाइनल की ओर बढ़ाए कदम, भारत के लिए आसान की राह

Thu, 26 Feb 2026 06:15 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

WI vs SA T20 World Cup Super 8 : दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को हराकर भारत के लिए राह आसान कर दी है। दक्षिण अफ्रीका ने सुपर आठ में लगातार दो मैच जीते हैं और सेमीफाइनल के लिए दावा मजबूत कर लिया है।
विज्ञापन
मार्करम और डिकॉक - फोटो : IANS
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:14 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: दक्षिण अफ्रीका की जीत

कप्तान एडेन मार्करम की नाबाद अर्धशतकीय पारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को नौ विकेट से हराया। दक्षिण अफ्रीका ने इसके साथ ही टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है और सेमीफाइनल के लिए दावा मजबूत कर लिया है। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 176 रन बनाए। जवाब में मार्करम ने दमदार बल्लेबाजी की जिससे दक्षिण अफ्रीका ने 16.1 ओवर में एक विकेट पर 177 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।

दक्षिण अफ्रीका ने इस तरह भारत के लिए राह आसान कर दी है। अब भारत को अगले दो मुकाबले जीतने हैं जिससे वह सेमीफाइनल में जगह बना सकता है। भारत का सामना जिम्बाब्वे से है और इसके बाद टीम को वेस्टइंडीज का सामना करना है।

लक्ष्य का पीछा करते हुए मार्करम ने क्विंटन डिकॉक के साथ मिलकर दक्षिण अफ्रीका को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े। डिकॉक अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन रोस्टन चेज ने उन्हें आउट कर दिया। डिकॉक 24 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 47 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मार्करम ने रेयान रिकेल्टन के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज पर दबाव बढ़ाया।

दक्षिण अफ्रीका की कोशिश मैच को जल्द से जल्द अपने नाम करने की थी जिससे नेट रन रेट और बेहतर किया जा सके। दक्षिण अफ्रीका इसमें सफल रहा क्योंकि उसने 23 गेंद शेष रहते हुए मुकाबला अपने नाम किया। दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्करम ने 46 गेंदों पर सात चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 82 रन बनाए, जबकि रिकेल्टन 28 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 45 रन बनाकर नाबाद रहे।

06:00 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 150 के पार

वेस्टइंडीज के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 150 रन के पार पहुंच गया है। मार्करम और रिकेल्टन के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी हो गई है। दक्षिण अफ्रीका को अब 36 गेंदों पर 22 रन चाहिए।

05:37 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: मार्करम का पचासा

एडेन मार्करम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। मार्करम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई है। दक्षिण अफ्रीका ने नौ ओवर में ही 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है।

विज्ञापन
05:33 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका

रोस्टन चेज ने वेस्टइंडीज को पहली सफलता दिलाई। चेज ने क्विंटन डिकॉक को अपना शिकार बनाया जो 24 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 47 रन बनाकर आउट हुए। इसके साथ ही एडेन मार्करम के साथ उनकी साझेदारी का अंत भी हो गया। मार्करम और डिकॉक ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े।

05:17 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: दक्षिण अफ्रीका की अच्छी शुरुआत

एडेन मार्करम और क्विंटन डिकॉक ने दक्षिण अफ्रीका को शानदार शुरुआत दिलाई है। लक्ष्य का पीछा करते हुए मार्करम और डिकॉक के बीच पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो गई है।

विज्ञापन
05:00 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरू

दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरू हो चुकी है। एडेन मार्करम और क्विंटन डिकॉक क्रीज पर मौजूद हैं।

04:41 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: वेस्टइंडीज की पारी समाप्त

वेस्टइंडीज ने रोमारिया शेफर्ड के अर्धशतक और जेसन होल्डर के साथ शानदार साझेदारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका को 177 रनों का लक्ष्य दिया है। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 176 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए सिर्फ शेफर्ड और होल्डर ने दमदार प्रदर्शन किया जिससे टीम चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दे सकी। शेफर्ड 37 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 52 रन बनाकर नाबाद लौटे।

दक्षिण अफ्रीका ने लुंगी एनगिडी की अगुआई में दमदार प्रदर्शन किया और वेस्टइंडीज को झटके दिए। वेस्टइंडीज का स्कोर एक समय सात विकेट पर 83 रन था। लेकिन शेफर्ड और होल्डर ने इसके बाद पारी को संभाला और दोनों बल्लेबाजों ने आठवें विकेट के लिए 57 गेंदों पर 89 रनों की साझेदारी कर वेस्टइंडीज को मुश्किल से उबारा। होल्डर आखिरी ओवर में रन आउट हुए जिससे ये साझेदारी टूट गई। होल्डर 31 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 49 रन बनाकर आउट हुए।

वेस्टइंडीज के लिए होल्डर और शेफर्ड के अलावा ब्रेंडन किंग ने 21, शाई होप ने 16, शेरफाने रदरफोर्ड ने 12 और मैथ्यू फोर्ड ने 11 रन बनाए, जबकि रोवमैन पोवैल 9, शिमरॉन हेटमायर 2 और रोस्टन चेज 2 रन बनाकर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका के लिए एनगिडी ने तीन विकेट लिए, जबकि कगिसो रबादा और कॉर्बिन बॉश को दो-दो विकेट मिले।

04:21 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: शेफर्ड-होल्डर के बीच साझेदारी

शेफर्ड और होल्डर के बीच आठवें विकेट के लिए साझेदारी पनप रही है। दोनों ने टीम को संभाल लिया है और दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों को विकेट की तलाश है। वेस्टइंडीज का स्कोर 130 के पार पहुंच गया है। 

04:09 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: विंडीज का स्कोर 100 के पार

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वेस्टइंडीज का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट मिल चुके हैं। विंडीज के लिए फिलहाल क्रीज पर शेफर्ड और होल्डर मौजूद हैं।

03:56 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: दक्षिण अफ्रीका को सातवीं सफलता

कॉर्बिन बॉश ने दक्षिण अफ्रीका को सातवीं सफलता दिलाई है। बॉश ने मैथ्यू फोर्ड को अपना शिकार बनाया जो एक चौका और एक छक्के की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए।

03:45 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: वेस्टइंडीज को छठा झटका

लुंगी एनगिडी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए वेस्टइंडीज को छठा झटका दिया। एनगिडी ने रोवैन पोवेल को पवेलियन की राह दिखाई जो 11 गेंदों पर एक चौके की मदद से नौ रन बनाकर आउट हुए।

03:36 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: वेस्टइंडीज की आधी टीम पवेलियन लौटी

वेस्टइंडीज की पारी लड़खड़ा गई है और 60 रन के स्कोर पर उसकी आधी टीम पवेलियन लौट गई है। कॉर्बिन बॉश ने शेरफाने रदरफोर्ड को आउट कर विंडीज को पांचवां झटका दिया जो 10 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 12 रन बनाकर आउट हुए।

03:21 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: चेज पवेलियन लौटे

लुंगी एनगिडी ने रोस्टन चेज को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को चौथी सफलता दिलाई है। वेस्टइंडीज ने पावरप्ले में ही चार विकेट गंवा दिए हैं। चेज दो रन बनाकर आउट हुए।

03:20 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: वेस्टइंडीज का तीसरा विकेट गिरा

लुंगी एनगिडी ने ब्रेंडन किंग को आउट कर वेस्टइंडीज को तीसरा झटका दिया है। किंग 11 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए।

03:13 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: हेटमायर पवेलियन लौटे

कगिसो रबादा ने एक ही ओवर में वेस्टइंडीज को दूसरा झटका दिया है। रबादा ने पहले होप को आउट किया और फिर शिमरॉन हेटमायर को पवेलियन की राह दिखाई। पहली ही गेंद पर हेटमायर का कैच कॉर्बिन बॉश ने छोड़ दिया था, लेकिन केशव महाराज ने यह भूल नहीं की। हेटमायर दो रन बनाकर आउट हुए।

03:10 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: वेस्टइंडीज को पहला झटका

कगिसो रबादा ने शाई होप को आउट कर वेस्टइंडीज को पहला झटका दिया है। होप और किंग ने विंडीज को मजबूत शुरुआत दिलाई थी, लेकिन रबादा ने इस साझेदारी को तोड़ दिया। होप छह गेंदों पर एक चौका और दो छक्के की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुए।

03:01 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी शुरू

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर आठ के मुकाबले में वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। वेस्टइंडीज के लिए शाई होप के साथ ब्रेंडन किंग पारी का आगाज करने उतरे हैं।

02:35 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

  • वेस्टइंडीज: ब्रैंडन किंग, शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), शिमरन हेटमायर, रोवमन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्डे, रोस्टन चेज, गुडाकेश मोती, शमर जोसेफ।
  • दक्षिण अफ्रीका: एडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रेयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी।

02:34 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: द. अफ्रीका ने जीता टॉस

वेस्टइंडीज के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान ने कहा कि उनकी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं है। वहीं, वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव है। अकील हुसैन की जगह रोस्टन चेज को शामिल किया है।

02:20 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: भारत चाहेगा द. अफ्रीका जीते

टी20 विश्वकप 2026 में आज दो मुकाबले हैं। भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ अहम मुकाबला खेलना है। हालांकि, इससे पहले होने वाले दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच मुकाबले से ही तस्वीर कुछ हद तक साफ हो जाएगी। भारत-जिम्बाब्वे मैच शाम सात बजे से चेन्नई के चेपॉक में, जबकि दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच मैच दोपहर तीन बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

02:19 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: अहमदाबाद में भारत से भिड़ा था द. अफ्रीका

दक्षिण अफ्रीका के लिए अच्छी बात यह है कि उसने भारत के खिलाफ पिछला मुकाबला भी यहीं खेला था। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत चाहेगा कि एडेन मार्करम की टीम यह मुकाबला जीते। अगर दक्षिण अफ्रीका यह मैच जीतता है और भारत भी जिम्बाब्वे को हराने में कामयाब रहता है तो फिर एक मार्च को भारत-वेस्टइंडीज के बीच वर्चुअल नॉकआउट होगा।

02:19 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: दोनों टीमों का इस विश्वकप में प्रदर्शन

इस विश्वकप में वेस्टइंडीज का प्रदर्शन
दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज का ग्रुप स्टेज में सफर शानदार रहा।

  • इस टीम ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 35 रन से जीत दर्ज करने के बाद इंग्लैंड को 30 रन से हराया।
  • नेपाल के खिलाफ नौ विकेट से जीत दर्ज की और फिर इसके बाद इटली को 42 रन से परास्त किया।
  • अपने पहले सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 107 रन से रौंदकर वेस्टइंडीज ने सुपर-8 के ग्रुप-1 में +5.350 नेट रन रेट के साथ पहला स्थान हासिल कर लिया है।

इस विश्वकप में द. अफ्रीका का प्रदर्शन
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीकी टीम +3.800 नेट रन रेट के साथ दूसरे पायदान पर है।
  • इस टीम ने कनाडा के खिलाफ अपना पहला मैच 57 रन से जीता था, जिसके बाद अफगानिस्तान को दूसरे सुपर ओवर में मात दी।
  • न्यूजीलैंड को सात विकेट से शिकस्त देने के बाद यूएई के खिलाफ छह विकेट से जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने अपने ग्रुप स्टेज अभियान का अंत शीर्ष पर रहकर किया।
  • इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ 76 रन से जीत दर्ज करते हुए अपने सुपर-8 अभियान का दमदार आगाज किया।

02:19 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: वेस्टइंडीज बनाम दक्षिण अफ्रीका हेड टू हेड

दोनों देशों के बीच अब तक 29 बार टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें कांटे की टक्कर देखने को मिली है। वेस्टइंडीज ने इस दौरान 15 मुकाबले अपने नाम किए, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने 14 मैच जीते। दोनों टीमों के बीच पिछली भिड़ंत 31 जनवरी को तीन मैचों की टी20 सीरीज के दौरान हुई थी, जिसमें वेस्टइंडीज ने छह रन से जीत हासिल की थी। हालांकि, यह सीरीज दक्षिण अफ्रीका ने 2-1 से अपने नाम की थी।

02:18 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: टी20 विश्वकप में पांच बार भिड़ीं दोनों टीमें

टी20 विश्वकप में दोनों टीमें पांच बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें से दक्षिण अफ्रीका ने चार मुकाबले जीते हैं, जबकि वेस्टइंडीज को एक बार जीत मिली है। वेस्टइंडीज ने पिछली और आखिरी बार टी20 विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका को साल 2016 में हराया था। तब वेस्टइंडीज ने नागपुर में तीन विकेट से जीत दर्ज की थी और फिर खिताब भी अपने नाम किया था। संयोग की बात यह है कि तब भी टी20 विश्वकप मैच भारत में ही खेला गया था और इस बार भी दोनों के बीच टी20 विश्वकप मुकाबला भारत में ही है। ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाड़ी 10 साल के इंतजार को खत्म करना चाहेंगे।

02:17 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: पिच और मौसम

अहमदाबाद में एक बार फिर भीषण गर्मी वाला दिन रहने की संभावना है। दोपहर तीन बजे मैच की शुरुआत होगी और इस समय खिलाड़ियों को गर्म मौसम से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इस मुकाबले के लिए पिच नंबर सात आवंटित की गई है, जो लाल मिट्टी की सतह है। लाल मिट्टी की पिच पर आमतौर पर अतिरिक्त उछाल (बाउंस) देखने को मिलता है, हालांकि पिछले मैच में ऐसा ज्यादा नजर नहीं आया था। कुल मिलाकर यह पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जा रही है, खासकर दोनों टीमों की मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप को देखते हुए यहां बड़े स्कोर की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

02:17 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Live Score: कहां देख सकते हैं दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज मैच

टी20 विश्व कप के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स के पास है और दर्शक इसके मुकाबले स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकेंगे। इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार एप पर होगी। आप Amarujala.com पर भी मैच के लाइव अपडेट्स पढ़ सकते हैं।

02:08 PM, 26-Feb-2026

SA vs WI Highlights: दक्षिण अफ्रीका ने सेमीफाइनल की ओर बढ़ाए कदम, भारत के लिए आसान की राह

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। टी20 विश्वकप 2026 रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। सेमीफाइनल के लिए जंग दिलचस्प हो चली है। आज सुपर-8 के अहम मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की टक्कर वेस्टइंडीज से है। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत चाहेगा कि आज दक्षिण अफ्रीका की टीम जीत हासिल करे, ताकी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद बनी रहे। दक्षिण अफ्रीका जीता तो लगभग सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। वहीं, वेस्टइंडीज जीता तो उनकी सीट भी लगभग पक्की हो जाएगी, लेकिन इससे भारत की राह बेहद मुश्किल हो जाएगी।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें