अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कांटे की टक्कर में दक्षिण अफ्रीका ने डबल सुपर ओवर में अफगानिस्तान को हरा दिया है। दोनों टीमों ने 20-20 ओवर के खेल के बाद 187-187 रन बनाए थे। मैच टाई रहने पर सुपर ओवर में पहुंचा था। इसके बाद अफगानिस्तान ने पहले सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए 17 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने भी 17 रन बना डाले। सुपर ओवर में स्कोर टाई रहने के बाद मैच दूसरे सुपर ओवर में पहुंचा।
दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 23 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान की टीम ने शुरुआती दो गेंद में कोई रन नहीं बनाए थे, साथ ही नबी भी आउट हो गए थे। इसके बाद गुरबाज बल्लेबाजी के लिए आए और अगली तीन गेंद पर तीन छक्के लगाए। ऐसे में केशव महाराज की आखिरी गेंद पर अफगानिस्तान को छह रन चाहिए थे। फिर महाराज ने वाइड गेंद फेंकी। ऐसे में अफगानिस्तान को मैच टाई कराने के लिए चार रन और जीत के लिए पांच रन चाहिए थे। हालांकि, आखिरी गेंद पर गुरबाज कैच दे बैठे और आउट हो गए। ऐसे में अफगानिस्तान की टीम हार गई। यह हार अफगानिस्तान के लिए दिल तोड़ देने वाली है। गुरबाज मैच के बाद भावुक दिखे।
अफगानिस्तान के लिए दूसरे सुपर ओवर में मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह ओमरजई बल्लेबाजी के लिए आए हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के लिए केशव महाराज गेंदबाजी कर रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका के लिए दूसरे सुपर ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर बल्लेबाजी के लिए आए हैं। वहीं, अफगानिस्तान के लिए अजमतुल्लाह ओमरजई गेंदबाजी के लिए आए।
मैच अब डबल सुपर ओवर में पहुंच चुका है। पहला सुपर ओवर टाई रहने के बाद अब दूसरा सुपर ओवर खेला जाएगा। जो बल्लेबाज पहले सुपर ओवर में आउट हुए, वो फिर से बल्लेबाजी के लिए नहीं आ सकते और वही गेंदबाज फिर से गेंदबाजी नहीं कर सकते। अब दक्षिण अफ्रीका की टीम पहले बल्लेबाजी करेगी।
दक्षिण अफ्रीका के लिए डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस बल्लेबाजी के लिए उतरे। वहीं, अफगानिस्तान के लिए फजलहक फारूकी ने गेंदबाजी की।
अफगानिस्तान के लिए रहमनुल्लाह गुरबाज और अजमतुल्लाह ओमरजई बल्लेबाजी के लिए आए। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के लिए एनगिडी ने गेंदबाजी की।
अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला सुपर ओवर में पहुंच गया है। अहमदाबाद में खेले गए ग्रुप डी के इस मुकाबले में दोनों टीमों ने 187-187 रन बनाए। अब सुपर ओवर में पहले अफगानिस्तान की टीम बल्लेबाजी करेगी, फिर दक्षिण अफ्रीका की टीम उस स्कोर को चेज करेगी।
आखिरी दो ओवर में अफगानिस्तान को जीत के लिए 24 रन चाहिए थे। तब राशिद खान और मुजीब उर रहमान क्रीज पर थे। इसी ओवर में तीसरी गेंद पर राशिद खान कैच आउट हो गए। इसके बाद नूर ने आकर छक्का लगाया। हालांकि, ओवर की आखिरी गेंद पर मुजीब रन आउट हो गए।
आखिरी ओवर का रोमांच
अफगानिस्तान ने 18 ओवर के बाद सात विकेट पर 164 रन बना लिए हैं। फिलहाल राशिद और मुजीब रहमान क्रीज पर हैं। अफगानिस्तान को 12 गेंद में 24 रन चाहिए। अजमतुल्लाह ओमरजई 22 रन और मोहम्मद नबी पांच रन बनाकर आउट हुए।
अफगानिस्तान की टीम को 13वें ओवर में 121 के स्कोर पर दो झटके लगे। केशव महाराज ने तूफानी बल्लेबाजी कर रहे रहमनुल्लाह गुरबाज को लिंडे के हाथों कैच कराया। गुरबाज शतक से चूक गए। उन्होंने 42 गेंद में चार चौके और सात छक्के की मदद से 84 रन की पारी खेली। इसके बाद ओवर की पांचवीं गेंद पर दरविश रसूली रन आउट हो गए। वह 18 गेंद में 15 रन बना सके। रसूली और गुरबाज के बीच 69 रन की साझेदारी हुई। 13 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर पांच विकेट पर 121 रन है। उन्हें 42 गेंद में 67 रन की जरूरत है। फिलहाल मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह ओमरजई क्रीज पर हैं।
अफगानिस्तान ने सात गेंद में तीन विकेट गंवा दिए हैं। इनमें से दो विकेट लुंगी एनगिडी और एक विकेट कगिसो रबाडा ने लिया। पांचवें ओवर में एनगिडी ने इब्राहिम जादरान (12) और गुलबदीन नईब (0) को आउट किया था। इसके बाद छठे ओवर में कगिसो रबाडा ने सेदिकुल्लाह अटल को पवेलियन भेजा। अटल भी खाता नहीं खोल सके। फिलहाल रहमनुल्लाह गुरबाज और दरविश रसूली क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 56 रन है।
अफगानिस्तान को पांचवें ओवर में तीन गेंद में दो झटके लगे। ओवर की दूसरी गेंद पर लुंगी एनगिडी ने इब्राहिम जादरान को क्लीन बोल्ड किया। वह 12 रन बना सके। इसके बाद चौथी गेंद पर गुलबदीन नईब का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। वह खाता नहीं खोल सके।
अफगानिस्तान को रहमनुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने तूफानी शुरुआत दिलाई। हालांकि, 51 के स्कोर पर इब्राहिम आउट हो गए। उन्हें लुंगी एनगिडी ने क्लीन बोल्ड किया। जादरान ने 10 गेंद में 12 रन बनाए। फिलहाल गुरबाज और गुलबदीन नईब क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका ने अफगानिस्तान के सामने 188 रन का लक्ष्य रखा है। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में छह विकेट पर 187 रन बनाए। टीम की शुरुआत खराब रही थी। कप्तान एडेन मार्करम पांच रन बनाकर फजलहक फारूकी का शिकार बने। इसके बाद क्विंटन डिकॉक और रियान रिकेल्टन ने तूफानी बल्लेबाजी की। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 61 गेंद में 114 रन जोड़े। इस साझेदारी को राशिद खान ने तोड़ा। उन्होंने तीन गेंद में दोनों को पवेलियन भेजा। डिकॉक 41 गेंद में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 59 रन और रिकेल्टन 28 गेंद में पांच चौके और चार छक्कों की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। डेवाल्ड ब्रेविस 19 गेंद में 23 रन और ट्रिस्टन स्टब्स एक रन बनाकर आउट हुए। यानसेन ने सात गेंद में 16 रन बनाए। डेविड मिलर 15 गेंद में 20 रन बनाकर नाबाद रहे। अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह ओमरजई ने तीन और राशिद ने दो विकेट झटके। वहीं, फजलहक फारूकी को एक विकेट मिला।
अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने तीन गेंद में दक्षिण अफ्रीका को दो बड़े झटके दिए। उन्होंने 13वें ओवर की चौथी गेंद पर डिकॉक को इब्राहिम जादरान के हाथों कैच कराया। डिकॉक ने 41 गेंद में पांच चौके और तीन छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। फिर ओवर की आखिरी गेंद पर रेयान रिकेल्टन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 28 गेंद में पांच चौके और चार छक्कों की मदद से 61 रन बना सके। 13 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 127 रन है। फिलहाल डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर क्रीज पर हैं। रिकेल्टन और डिकॉक के बीच दूसरे विकेट के लिए 61 गेंद में 114 रन की साझेदारी हुई।
12 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट गंवाकर 124 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्विंटन डिकॉक 38 गेंद में 58 रन और रियान रिकेल्टन 26 गेंद में 60 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 110 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका को एकमात्र झटका कप्तान एडेन मार्करम के रूप में लगा।
आठ ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट गंवाकर 64 रन बना लिए हैं। फिलहाल डिकॉक 25 गेंद में 35 रन और रियान रिकेल्टन 15 गेंद में 23 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। टीम को पहला झटका तीसरे ओवर में ही लगा था, जब कप्तान मार्करम को फारूकी ने पवेलियन भेजा था।
दक्षिण अफ्रीका को तीसरे ओवर में 12 के स्कोर पर पहला झटका लगा। फजलहक फारूकी ने कप्तान एडेन मार्करम को नबी के हाथों कैच कराया। वह आठ गेंद में पांच रन बना सके। फिलहाल रेयान रिकेल्टन और क्विंटन डिकॉक क्रीज पर हैं।
अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। राशिद ने कहा कि उनके गेंदबाज द. अफ्रीका को कम से कम स्कोर पर समेटना चाहेंगे।
अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड से हारने के बाद अफगानिस्तान के लिए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बुधवार को यहां होने वाला टी20 विश्व कप का मैच करो या मरो जैसा होगा क्योंकि प्रत्येक ग्रुप से केवल दो टीम ही सुपर आठ चरण में पहुंचेंगी। दक्षिण अफ्रीका ग्रुप डी में शीर्ष पर काबिज है और बाकी टीमों से काफी आगे है। कनाडा पर 57 रन की जीत ने न सिर्फ उसे दो अंक मिले बल्कि इसने उसके नेट रन रेट को 2.850 तक पहुंचा दिया है।
दूसरी ओर न्यूजीलैंड (1.162) से पांच विकेट से हारने के कारण अफगानिस्तान -1.162 के नेट रन रेट के साथ तीसरे स्थान पर है। उसे अगले दौर में पहुंचने की अपनी उम्मीद को बरकरार रखने के लिए न केवल मैच जीतना होगा बल्कि अपना नेट रन रेट भी सुधारना होगा।
इस तरह की परिस्थितियों में दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला होने की संभावना है। अफगानिस्तान की टीम कभी हार नहीं मानने का जज्बा रखती है और दक्षिण अफ्रीका इससे अच्छी तरह से वाकिफ होगा। दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान जैसी टीमों की मौजूदगी के कारण यह ‘ग्रुप आफ डेथ’ बन गया है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने गुलबदीन नायब की 35 गेंदों में खेली गई 63 रन की पारी और अन्य बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान से 182 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ चेपॉक में टी20 क्रिकेट खेलने का अनुभव रखने वाले नूर अहमद को टीम से बाहर रखने का फैसला अफगानिस्तान के लिए नुकसानदायक साबित हुआ क्योंकि उनकी जगह तेज गेंदबाजों को मौका दिया गया था जो अपनी रणनीति पर अमल करने में नाकाम साबित हुए। अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज कीवी टीम पर दबाव बनाने में विफल रहे और यहां तक कि उसके कप्तान राशिद का भी दिन खराब रहा, जिन्होंने अपने चार ओवरों में 36 रन दिए और एक विकेट लिया।
गेंदबाजी में अफगानिस्तान के लिए मुजीब उर रहमान का प्रदर्शन एकमात्र सकारात्मक पहलू था, जिन्होंने 31 रन देकर दो विकेट हासिल किए। अफगानिस्तान की टीम अब दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में अपने खेल में सुधार करने के लिए प्रतिबद्ध होगी। राशिद का आईपीएल में यहां खेलने का अनुभव अफगानिस्तान के लिए महत्वपूर्ण होगा, जिसे वापसी करने और अपने अभियान को पटरी पर लाने के लिए जीत की जरूरत है।
दक्षिण अफ्रीका का अफगानिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड अच्छा रहा है और उसने अपने इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ खेले गए तीनों मैच जीते हैं। उसने अफगानिस्तान को टी20 विश्व कप में 2024 में नौ विकेट से, 2016 में 37 रन से और 2010 में 59 रन से हराया था।
दक्षिण अफ्रीका की टीम कनाडा के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने के बाद इस मुकाबले से पहले आत्मविश्वास से भरी होगी। कप्तान एडन मार्क्रम (59) ने तेज अर्धशतक लगाकर आगे बढ़कर टीम का नेतृत्व किया। उसके अन्य खिलाड़ियों ने भी महत्वपूर्ण रन बनाकर इस एकतरफा मैच में दक्षिण अफ्रीका को 200 रन के पार पहुंचाया। कनाडा के खिलाफ महज छह रन बनाकर आउट होने के बाद युवा डेवाल्ड ब्रेविस पर सबकी नजरें होंगी। ब्रेविस टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए हैं। पिछले 14 मैचों में उनका उच्चतम स्कोर 31 रन रहा है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। टी20 विश्वकप 2026 के 13वें मैच में आज दक्षिण अफ्रीका का सामना अफगानिस्तान से है। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। अफगानिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।