फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ZIM 2nd T20 Highlights: भारत ने 90 रनों से जीता दूसरा टी20, जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में ली अजेय बढ़त

Sat, 25 Jul 2026 07:58 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हरारे

खास बातें

IND vs ZIM 2nd T20 2026: भारतीय टीम ने दूसरे टी20 मुकाबले में भी शानदार प्रदर्शन किया और एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। भारत ने इस तरह तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने पहली बार सीरीज जीती है।
विज्ञापन
भारतीय टीम - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:57 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: भारत ने जीता मुकाबला

भारत ने जिम्बाब्वे को दूसरे टी20 मुकाबले में 90 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 219 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी बेहद खराब रही और टीम किसी भी समय सुखद स्थिति में नहीं दिखे। जिम्बाब्वे ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। सीरीज का तीसरा और आखिरी टी20 मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। 

जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा रन ब्रायन बेनेट ने बनाए जो 32 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा तदिवानाशे मारुमनी ने 24, रेयान बर्ल ने 20 और ब्रैड इवांस ने 19 रन बनाए। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, जबकि यश ठाकुर और प्रिंस यादव को दो-दो विकेट मिले। रवि बिश्नोई, शिवम दुबे और तिलक वर्मा को एक-एक विकेट मिले। 

07:51 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: भारत जीत के करीब

भारत दूसरा टी20 मुकाबला जीतने से एक कदम दूर है। यश ठाकुर ने मारुमनी को आउट कर जिम्बाब्वे को नौवां झटका दिया है। मारुमनी 19 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। 

07:41 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: ब्रैड इवांस आउट

जिम्बाब्वे को ब्रैड इवांस के रूप में सातवां झटका लगा है। अभिषेक शर्मा ने इवांस को अपना शिकार बनाया जो 11 गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 

विज्ञापन
07:30 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे को छठा झटका

तिलक वर्मा ने भारत को छठी सफलता दिलाई है। तिलक ने रेयान बर्ल को आउट किया जो 18 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए। 

07:12 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे की आधी टीम आउट

भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। जिम्बाब्वे ने 65 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। शिवम दुबे ने माधेवेरे को आउट किया जो तीन गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए। 

विज्ञापन
07:01 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: रजा शून्य पर आउट

जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा खाता खोले बिना आउट हो गए हैं। प्रिंस यादव ने रजा को अपना शिकार बनाया जो शून्य पर पवेलियन लौटे। 

06:57 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: भारत को तीसरी सफलता

जिम्बाब्वे की पारी लड़खड़ा गई है और उसने पावरप्ले के अंदर ही तीन विकेट गंवा दिए हैं। रवि बिश्नोई ने डियोन मेयर्स को बोल्ड किया जो नौ गेंदों पर दो चौकों की मदद से 12 रन बनाकर आउट हुए। 

06:50 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे ने गंवाया दूसरा विकेट

प्रिंस यादव ने बेन करन को आउट कर जिम्बाब्वे को दूसरा झटका दिया। करन पांच गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए। 

06:47 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: यश को पहली सफलता

यश ठाकुर ने ब्रायन बेनेट को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। डेब्यू मैच खेल रहे यश का टी20 अंतरराष्ट्रीय में यह पहला विकेट है। बेनेट 19 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए। 

06:32 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे की पारी शुरू

भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की पारी शुरू हो गई है। जिम्बाब्वे के लिए बेन करन और ब्रायन बेनेट पारी का आगाज करने उतरे हैं। 

06:10 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: भारत की पारी खत्म

ईशान किशन और तिलक वर्मा के अर्धशतकों की मदद से भारत ने जिम्बाब्वे के सामने 220 रनों का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 219 रन बनाए। ईशान और तिलक के बीच चौथे विकेट के लिए 94 रनों की साझेदारी हुई। ईशान ने सबसे ज्यादा 44 गेंदों पर नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 81 रन बनाए। वहीं, तिलक 29 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 60 रन बनाकर नाबाद रहे। 

ईशान ने तिलक के साथ साझेदारी से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े। भारत की ओर से श्रेयस ने 25, वैभव सूर्यवंशी ने 20, रिंकू सिंह ने 12 और अभिषेक शर्मा ने आठ रन बनाए। शिवम दुबे छह रन बनाकर नाबाद रहे। जिम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा, ब्रैड इवांस, न्यूमैन नयामहुरी और ब्रायन बेनेट ने एक-एक विकेट लिए। 

05:53 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: भारत को चौथा झटका

भारत को ईशान किशन के रूप में चौथा झटका लगा है। ईशान और तिलक के बीच चौथे विकेट के लिए 94 रनों की साझेदारी हुई। ईशान 44 गेंदों पर नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 81 रन बनाकर आउट हुए। 

05:34 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: ईशान और तिलक के बीच साझेदारी

ईशान किशन और तिलक वर्मा के बीच साझेदारी पनप रही है। ईशान किशन अर्धशतक लगा चुके हैं और भारतीय पारी को संभाले हुए हैं। 

05:17 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: भारत को तीसरा झटका

भारत को कप्तान श्रेयस अय्यर के रूप में तीसरा झटका लगा है। ब्रायन बेनेट ने श्रेयस को आउट किया जो 20 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 25 रन बनाकर आउट हुए।

05:09 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: आठ ओवर का खेल हुआ

आठ ओवर के बाद भारत ने दो विकेट पर 69 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर 14 गेंद में 14 रन और ईशान किशन 17 गेंद में 26 रन बनाकर क्रीज पर हैं। वैभव नौ गेंद में 20 रन और अभिषेक आठ गेंद में आठ रन बनाकर आउट हुए।

04:45 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: भारत को दूसरा झटका

भारत को 29 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। अभिषेक शर्मा के बाद वैभव सूर्यवंशी भी पवेलियन लौट गए। अभिषेक आठ गेंद में आठ रन बना सके थे। वहीं, वैभव नौ गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 34 रन है। वैभव को एनगरवा ने और अभिषेक को मुजरबानी ने आउट किया।

04:41 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: भारत को पहला झटका

भारत को दूसरे ओवर में 10 के स्कोर पर पहला झटका लगा। मुजरबानी ने अभिषेक शर्मा को रेयान बर्ल के हाथों कैच कराया। अभिषेक आठ रन ही बना सके। फिलहाल वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन क्रीज पर हैं।

04:32 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: दूसरा टी20 शुरू

दूसरे टी20 की शुरुआत हो चुकी है। वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा क्रीज पर हैं। जिम्बाब्वे के लिए पहले ओवर में गेंदबाजी कप्तान सिकंदर रजा ने की। एक ओवर के बाद स्कोर बिना विकेट गंवाए नौ रन है।

04:07 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, मयंक यादव।

जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, बेन करन, डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रेयान बर्ल, वेसली मधेवेयरे, तदिवानाशी मारूमानी (विकेटकीपर), ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहूरी, रिचर्ड एनगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी।

04:05 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे ने जीता टॉस

जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि वह टॉस जीतते तो भी पहले बल्लेबाजी करते। ऐसे में टॉस का ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। श्रेयस अय्यर अपनी कप्तानी में पहली बार टॉस हारे हैं। आठ मैचों में वह पहली बार टॉस हारे हैं।

03:50 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: कहां देख सकते हैं मैच

हम यहां आपको भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरे टी20 मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी दे रहे हैं...

भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 मैच कब खेला जाएगा?
भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 मैच 25 जुलाई यानी शनिवार को खेला जाएगा।

भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 मैच कहां खेला जाएगा?
भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 मैच हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा।

भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 मैच कितने बजे से खेला जाएगा?
भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 मैच भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे से खेला जाएगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम 4:00 बजे होगा। 

भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 मैच कहां देख पाएंगे?
भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज का प्रसारण अधिकार यूनाईटेड 8 स्पोर्ट्स के पास है और दर्शक इसके मुकाबले यूनाईटेड 8 स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकेंगे। इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड एप पर होगी। आप Amarujala.com पर भी मैच के लाइव अपडेट्स पढ़ सकते हैं।

03:49 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे को बल्लेबाजों से होगी उम्मीद

दूसरी ओर, जिम्बाब्वे की टीम अपने बल्लेबाजों से दूसरे टी20 में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। पहले टी20 में सिर्फ वेस्ली मधेवेरे और रयान बर्ल ही कुछ हद तक लड़ाई लड़ते नजर आए थे। बर्ल ने 26 रन बनाए थे, तो वेस्ली ने 34 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 39 रनों का योगदान दिया था। गेंदबाजी में ब्लेसिंग मुजरबानी अच्छी लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने चार ओवर में 26 रन देकर दो विकेट निकाले थे। हालांकि, टीम के बाकी गेंदबाज लय में दिखाई नहीं दिए थे। जिम्बाब्वे को पावरप्ले में जरूरत से ज्यादा विकेट गंवाने का अफसोस रहेगा। उसके बल्लेबाज भारतीय तेज गेंदबाजों का सामना करने में नाकाम रहे और भारत के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य नहीं रख पाए।

03:49 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: अभिषेक से बड़ी पारी की आस

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की 19 गेंदों में खेली गई 50 रन की पारी ने भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि जिम्बाब्वे ने हाल में अपने घरेलू मैदानों पर अच्छा प्रदर्शन किया था। भारत ने सूर्यवंशी के अर्धशतक, ईशान किशन के 35 रन और कप्तान अय्यर की 28 रन की नाबाद पारी की बदौलत छह ओवर और सात विकेट शेष रहते हुए 126 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर दिया था। दो साल पहले हरारे स्पोर्ट्स क्लब में अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करते हुए अपने दूसरे ही मैच में ही शतक बनाने वाले अभिषेक शर्मा पहले मैच में नहीं चल पाए थे और वह उसकी भरपाई करने के लिए प्रतिबद्ध होंगे। भारत ने परिस्थितियों से अच्छी तरह से तालमेल बिठाया है और वह इस लय को बरकरार रखना चाहेगा।

03:49 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: गेंदबाजों का प्रदर्शन रहा था शानदार

  • अपनी रफ्तार के दम पर मयंक यादव विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को शांत रखने में सफल रहे थे और उन्होंने 18 रन देकर दो अहम विकेट चटकाए थे। 
  • वहीं, प्रिंस यादव भी अच्छी लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने 29 रन देकर दो विकेट निकाले थे। 
  • अशोक शर्मा भी छाप छोड़ने में कामयाब रहे थे। 
  • स्पिन विभाग में रवि बिश्नोई की घूमती गेंदें जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुई थी।

03:49 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM Live: दूसरा मुकाबला आज

भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। भारतीय टीम सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। वहीं, जिम्बाब्वे को पहली जीत की तलाश होगी। भारतीय टीम के लिए पहले टी20 मुकाबले में सब कुछ सही घटा था। टीम के तेज गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को सिर्फ 125 रनों पर रोका था। फिर लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने विस्फोटक पारी खेली थी। 

03:42 PM, 25-Jul-2026

IND vs ZIM 2nd T20 Highlights: भारत ने 90 रनों से जीता दूसरा टी20, जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में ली अजेय बढ़त

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मैच आज हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। टीम इंडिया पहला मैच जीतकर पहले ही सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुकी है। आज उसकी नजर मैच जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने पर होगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें