भारत ने गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में 165 रन से जीत हासिल की है। जीत के लिए मिले 372 रन के लक्ष्य के जवाब में श्रीलंका की दूसरी पारी 206 रन पर सिमट गई। मानव सुथार ने छह विकेट लिए। इस जीत के साथ टीम इंडिया दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है। सीरीज का दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 462 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर सिमट गई थी। टीम इंडिया को दूसरी पारी में 178 रन की बढ़त हासिल थी। भारत ने अपनी दूसरी पारी में 193 रन बनाए और कुल 371 रन की बढ़त हासिल की और इस तरह श्रीलंका को 372 रन का लक्ष्य मिला था। मानव ने मैच में कुल 10 विकेट लिए। पहली पारी में उन्होंने चार विकेट झटके थे।
श्रीलंका की टीम ने पांचवें दिन चार विकेट पर 84 रन से आगे खेलना शुरू किया और 122 रन बनाने में बाकी के छह विकेट गंवा दिए। कप्तान धनंजय डिसिल्वा और सोनल दिनुषा ने शानदार बल्लेबाजी की और पांचवें विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी निभाई। धनंजय को रवींद्र जडेजा ने पवेलियन भेजा। वह सात चौके की मदद से 59 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद श्रीलंका की टीम लगातार विकेट गंवाती रही। निरोशन डिकवेला 10 रन, केशारा नुवांथा 20 रन बनाकर आउट हुए।
वहीं, प्रभात जयसूर्या और लाहिरू कुमारा खाता नहीं खोल सके। सोनल दिनुषा आठ चौके और एक छक्के की मदद से 84 रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से सुथार के अलावा प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट झटके। वहीं, रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज को एक-एक विकेट मिला। मैच के रिकॉर्ड्स और हाईलाइट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
श्रीलंका ने 199 के स्कोर पर तीन विकेट गंवाए। मानव सुथार ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लिए। उन्होंने 76वें ओवर की पहली गेंद पर सोनल दिनुषा को ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। सोनल ने 128 गेंद में आठ चौके और एक छक्के की मदद से 84 रन की पारी खेली। वहीं, अगली गेंद पर मानव ने प्रभात जयसूर्या को बोल्ड किया। वह खाता नहीं खोल सके। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर मानव ने लाहिरू कुमारा को पंत के हाथों कैच कराया। लाहिरू खाता नहीं खोल पाए। इस तरह मानव ने पांच विकेट झटके। यह उनके टेस्ट करियर का दूसरा पारी में पांच विकेट रहा। फिलहाल असिथा फर्नांडो और केशारा नुवांथा क्रीज पर हैं।
पांचवें दिन दूसरे सत्र का खेल जारी है। श्रीलंका ने छह विकेट पर 186 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए अभी भी 188 रन की दरकार है। वहीं, भारत को जीत के लिए चार विकेट चाहिए। सोनल दिनुषा 72 रन और केशारा नुवांथा 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
श्रीलंका ने पांचवें दिन लंच ब्रेक तक अपनी दूसरी पारी में छह विकेट पर 175 रन बना लिए हैं। फिलहाल सोनल दिनुषा 65 रन और केशारा नुवांथा आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 19 रन की साझेदारी हो चुकी है। श्रीलंका ने आज चार विकेट पर 84 रन से आगे खेलना शुरू किया और 33 औवर में 91 रन जोड़े और दो विकेट गंवाए। श्रीलंका को 372 रन का लक्ष्य मिला है, और उसे अभी जीत के लिए 197 रन और बनाने हैं। वहीं, भारत गॉल टेस्ट जीतने से चार विकेट दूर है।
श्रीलंका के जो दो विकेट आज गिरे उनमें कप्तान धनंजय डिसिल्वा और निरोशन डिकवेला के विकेट शामिल हैं। धनंजय ने सोनल दिनुषा के साथ 95 रन की साझेदारी निभाई। वह 151 गेंद में सात चौके की मदद से 59 रन बनाकर आउट हुए। जबकि डिकवेला ने 10 रन बनाए। भारत की ओर से मानव सुथार और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो विकेट लिए हैं। इसके अलावा मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट लिया है।
श्रीलंका को 156 के स्कोर पर छठा झटका लगा। प्रसिद्ध कृष्णा ने निरोशन डिकवेला को पंत के हाथों कैच कराया। वह 10 रन बना सके। फिलहाल सोनल दिनुषा के साथ केशारा नुवांथा क्रीज पर हैं। श्रीलंका को जीत के लिए 210+ रन की जरूरत है। वहीं, भारत को जीत के लिए चार विकेट चाहिए। सोनल अर्धशतक लगा चुके हैं और अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं।
श्रीलंका को 142 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। रवींद्र जडेजा ने कप्तान धनंजय डिसिल्वा को मानव सुथार के हाथों कैच कराया। धनंजय ने 151 गेंद में सात चौके की मदद से 59 रन की पारी खेली। धनंजय ने सोनल दिनुषा के साथ मिलकर 202 गेंद में 95 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल सोनल के साथ निरोशन डिकवेला क्रीज पर हैं। सोनल भी अर्धशतक लगा चुके हैं। श्रीलंका को जीत के लिए अभी भी 230 रन की जरूरत है। वहीं, भारत को पांच विकेट और चाहिए।
श्रीलंका के लिए कप्तान धनंयज डिसिल्वा और सोनल दिनुषा बेहतरीन पारी खेल रहे हैं। दोनों ने अब तक पांचवें विकेट के लिए 90+ रन की साझेदारी कर ली है। श्रीलंका को अब 230+ रन की दरकार है। सोनल ने लगातार दूसरी पारी में 50+ का स्कोर बनाया। पिछली पारी में उन्होंने शतक जड़ा था।
कप्तान धनंजय डिसिल्वा ने टेस्ट करियर का 20वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने सोनल दिनुषा के साथ मिलकर श्रीलंका को मुश्किल परिस्थिति से निकाला है। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 80 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। श्रीलंका ने चार विकेट पर 130 से ज्यादा रन बना लिए हैं। फिलहाल सोनल भी अर्धशतक के करीब हैं। सोनल ने पिछली पारी में शतक लगाया था। श्रीलंका को जीत के लिए 240+ रन की जरूरत है।
कप्तान धनंजय डिसिल्वा और सोनल दिनुषा के बीच पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में चार विकेट पर 97 रन बना लिए हैं। टीम को अभी भी 276 रन की जरूरत है।
पांचवें दिन के खेल की शुरुआत हो चुकी है। श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में चार विकेट गंवाकर 90+ रन बना लिए हैं। उन्हें जीत के लिए अभी भी 280+ रन की दरकार है। वहीं, भारत को जीत के लिए छह विकेट चाहिए। कप्तान धनंजय डिसिल्वा और सोनल दिनुषा क्रीज पर हैं।
क्यूरेटर को श्रेय देना होगा कि उन्होंने गॉल में एक शानदार और संतुलित पिच तैयार की है। यहां बल्ले और गेंद के बीच अच्छा मुकाबला देखने को मिला है। बल्लेबाजों को भी सफलता मिली है। दो शतकवीरों (पडिक्कल और सोनल दिनुषा) और चार अर्धशतकवीरों (राहुल, जुरेल, डिकवेला और पंत) का प्रदर्शन इसका सबूत है। वहीं गेंदबाजों के लिए भी पिच पर पर्याप्त मदद रही है। तेज और सीम गेंदबाजों के साथ-साथ स्पिनरों को भी फायदा मिला है। पहली दो पारियों में स्पिनरों ने 20 में से 15 विकेट अपने नाम किए। हालांकि, चौथे दिन तेज गेंदबाजों ने शानदार जज्बे के साथ गेंदबाजी की और गिरे 14 विकेटों में से आठ विकेट अपने नाम किए।
पिच गॉल में आमतौर पर जितनी खराब होती है, उतनी इस बार नहीं हुई है, लेकिन समय के साथ बल्लेबाजी निश्चित रूप से मुश्किल हुई है। सोनल, पहली पारी की तरह ही, स्पिन के खिलाफ काफी सधे हुए अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं धनंजय इसके बिल्कुल उलट नजर आए हैं। हालांकि, वह अभी भी क्रीज पर टिके हुए हैं और श्रीलंका के लिए यही सबसे अहम बात है। क्या यह जोड़ी और आने वाले बल्लेबाज निरोशन डिकवेला भारतीय गेंदबाजों को परेशान कर सकते हैं? या फिर गिल की टीम आसानी से जीत हासिल कर लेगी? इसका जवाब जल्द ही मिल जाएगा।
ध्रुव जुरेल को चौथे दिन शॉर्ट लेग पर फील्डिंग करते समय टखने में चोट लगी थी। इसके बाद वह लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए थे और चौथे दिन के बाकी समय मैदान पर वापस नहीं लौटे।
इस समय गॉल में मौसम साफ और धूप खिली हुई है। ऐसे में आज मैच समय पर शुरू होने की पूरी उम्मीद है। हालांकि, इस बात की गारंटी नहीं दी जा सकती कि पूरे दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। देवदत्त पडिक्कल और यशस्वी जायसवाल साइड पिच पर ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते भी दिखे।
कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने लाहिरू उदारा के साथ चौथे विकेट के लिए 26 रन जोड़े और फिर सोनल दिनुषा के साथ पांचवें विकेट के लिए 37 रन की अटूट साझेदारी की। फिलहाल धनंजय 31 रन और सोनल दिनुषा 25 रन बनाकर नाबाद हैं। इस पारी में भारत की तरफ से मानव सुथार सर्वाधिक 2 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1-1 विकेट झटका है।
इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम चौथे दिन के खेल तक 84/4 का स्कोर ही बना सकी। श्रीलंका को 13 के स्कोर पर निशान मदुष्का (6) के रूप में पहला झटका लगा। टीम के खाते में सिर्फ 1 ही रन जुड़ा था कि पसिंदु सूरियाबंदारा (0) भी अपना विकेट गंवा बैठे। टीम ने 21 के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट भी खो दिया।
मेहमान टीम के पास पहली पारी के आधार पर 178 रन की शानदार बढ़त थी। इसके बाद भारत दूसरी पारी में 193 रन पर सिमट गया और श्रीलंका को जीत के लिए 372 रन का टारगेट मिला। इस पारी में टीम इंडिया की तरफ से ऋषभ पंत ने सर्वाधिक 66 रन बनाए, जबकि देवदत्त पड्डिकल ने 44 रन की पारी खेली। इनके अलावा, केएल राहुल ने 35 रन का योगदान दिया। श्रीलंका के लिए असिथा फर्नांडों ने 4 विकेट निकाले। प्रभात जयसूर्या ने 3 विकेट अपने नाम किए, जबकि लाहिरू कुमारा ने 2 विकेट चटकाए।
इसके बाद, श्रीलंकाई टीम पहली पारी में 284 रन पर सिमट गई, जिसके साथ टीम इंडिया ने पहली पारी के आधार पर शानदार लीड बना ली। इस पारी में सोनल दिनुशा ने निरोशन डिकवेला के साथ 146 रन जोड़कर टीम को 284 के स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। सोनल 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 100 रन बनाकर आउट हुए, जबकि निरोशन डिकवेला ने 80 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। भारत की तरफ से मानव सुथार ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट झटके। मोहम्मद शमी, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी में 462 रन बनाए। इस पारी में देवदत्त पड्डिकल और केएल राहुल के बीच दूसरे विकेट के लिए 162 रन की साझेदारी हुई। केएल राहुल 11 बाउंड्री के साथ 82 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पड्डिकल ने 16 बाउंड्री के साथ 167 रन की पारी खेली। इनके अलावा, ध्रुव जुरेल 51 रन बनाकर आउट हुए। मेजबान टीम से प्रभात जयसूर्या ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि केशरा नुवानथा ने 3 विकेट निकाले। असिथा फर्नांडों को 2 विकेट हाथ लगे।
भारतीय टीम गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच में जीत की दहलीज पर है। मुकाबले के चौथे दिन जीत के लिए 372 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम दिन की समाप्ति तक दूसरी पारी में 4 विकेट खोकर 84 रन ही बना सकी है। यहां से भारत को जीत के लिए 6 विकेट की दरकार है, जबकि श्रीलंकाई टीम जीत से 288 रन दूर है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गॉल में जारी है। बुधवार को इस टेस्ट का पांचवां दिन है। टीम इंडिया को जीत के लिए छह विकेट की दरकार है, जबकि श्रीलंका को 288 रन की और जरूरत है। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में चार विकेट पर 84 रन बना लिए थे। टीम इंडिया ने 372 रन का लक्ष्य रखा है।