शिवम दुबे ने कहा, मेरी भूमिका शुरू से ही साफ थी। मुझे कुछ बड़े छक्के लगाने थे। टूर्नामेंट के पहले दिन से यही मेरा रोल था। मैं हमेशा खुद पर भरोसा रखता हूं और मानता हूं कि जब भी मौका मिलेगा, मैं छक्के जरूर लगाऊंगा। मैंने अपने खेल में काफी सुधार किया है, खासकर गेंदबाजी में, लेकिन इस टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं रहा। उम्मीद है कि आगे आने वाले समय में मैं और बेहतर प्रदर्शन करूंगा।
वरुण चक्रवर्ती ने कहा, यह अहसास शानदार है। लगातार दो ट्रॉफी जीतना वाकई खास है। आज अभिषेक के लिए भी बहुत खुशी हो रही है, उसने बेहतरीन पारी खेली। हम दोनों अक्सर आपस में बात करते थे कि आखिर क्या हो रहा है, हमारे लिए कुछ भी ठीक से काम क्यों नहीं कर रहा। लेकिन अब बात अलग है। हमने वर्ल्ड कप जीत लिया है।
फाइनल मैच के दौरान माहौल उस वक्त गर्म हो गया था जब अर्शदीप सिंह और न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल के बीच नोकझोंक हुई। इस विवाद को लेकर अर्शदीप ने कहा, मैं तुरंत भागकर मिचेल से माफी मांगने गया था। जब मैंने गेंद फेंकी तो वह रिवर्स स्विंग हो गई और थ्रो में उन्हें लग गई। अभी तो जीत की खुशी बहुत अच्छी लग रही है, लेकिन असली अहसास शायद अगले दो-चार दिनों में आएगा। यह बहुत शानदार टीम है, जिसमें कई मैच जिताने वाले खिलाड़ी हैं। एक गेंदबाज के तौर पर हमारी भूमिका साफ होती है। अगर हमारी टीम 250 रन बनाती है तो प्रतिद्वंद्वी टीम को 250 से नीचे रोकना है और अगर पहले गेंदबाजी कर रहे हों, तो उन्हें जितना कम हो सके उतने स्कोर पर रोकना है। अभिषेक जब कल नेट में अभ्यास कर रहा था, तभी लग गया था कि अभिषेक बड़ी पारी खेलने वाला है।
खिताबी जीत के बाद बुमराह ने कहा, यह जीत बेहद खास है, क्योंकि मैंने अपने होम ग्राउंड पर पहले भी एक फाइनल खेला था, लेकिन तब हम जीत नहीं पाए थे। आज जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है। मुझे पता था कि विकेट काफी सपाट है, इसलिए मुझे अपना पूरा अनुभव इस्तेमाल करना था। इस टूर्नामेंट से पहले मैं ऐसे दौर में था, जहां मुझे लग रहा था कि मैं थोड़ा ज्यादा कोशिश कर रहा हूं। गेंदबाजी अच्छी हो रही थी, लेकिन ऐसा लग रहा था कि मैं खुद पर ज्यादा दबाव डाल रहा हूं।
बुमराह ने कहा, इस टूर्नामेंट में मैंने बस खेल पर ध्यान दिया और वह तरीका मेरे लिए काफी अच्छा काम कर गया। अपने होम ग्राउंड पर विश्व कप फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच मिलने से बेहतर और कुछ नहीं हो सकता। जहां तक मेरी धीमी गेंदों की बात है, अनुभव की वजह से मुझे पता था कि यहां बहुत तेज गेंदबाजी करने से बल्लेबाजों के लिए शॉट खेलना आसान हो जाता है। इसलिए मैंने समझदारी से गेंदबाजी की और यह समझने की कोशिश की कि बल्लेबाज क्या करने की कोशिश कर रहे हैं। जो टीमें दबाव में भी शांत रहती हैं, वही टूर्नामेंट जीतती हैं और मुझे खुशी है कि हमने ऐसा ही किया।
हार्दिक पांड्या ने कहा, ''मेरे लिए यह पांचवां कम बैक था। मैं क्रिकेट इसीलिए खेला हूं। बारबाडोस के बाद तय किया था कि जो ट्रॉफी खेलूंगा, उसे जीतना चाहूंगा। इस जीत के पीछे बहुत सारी मेहनत है। मुझे भी सिर्फ मेहनत आती है। माहिका जब से आई है, तब से जिंदगी में जीत ही जीत की बात हुई है। माहिका का खास तौर पर जिक्र करना चाहूंगा। इनका सबसे बड़ा सपोर्ट है। मेरे सपोर्ट स्टाफ ने भी बहुत मेहनत की। लोगों को जो हार्दिक पांड्या दिखता है, उसके पीछे इन लोगों की मेहनत है। मेरा आधा करियर बाकी है। मैं कम से कम 10 ट्रॉफी जीतना चाहूंगा। कल से मुझे पता था कि हम चैंपियन हैं। माहिका से भी कहा था कि चिंता मत करो, हम ही जीतेंगे। अभिषेक और ईशान से भी मैंने आज कहा कि याद करो कि जिंदगी में सबसे अच्छा लम्हा क्या था। उसे याद करो और खेलो। संजू सैमसन पर हमें गर्व है।''
खिताबी जीत के बाद अभिषेक ने कहा, एक बात बिल्कुल साफ थी। मैं इसे पहले भी साझा करना चाहता था, लेकिन आज सबसे सही दिन है। कप्तान और कोच को मुझ पर भरोसा था, जबकि मुझे खुद पर शक होने लगा था। ऐसा अनुभव मुझे पहले कभी नहीं हुआ था, यह मेरे लिए एक मुश्किल टूर्नामेंट था। मैं बस अपने प्रोसेस पर ध्यान दे रहा था, लेकिन मैच-दर-मैच यह आसान नहीं था। फिर भी मुझे इस टीम से प्यार है, क्योंकि जिस तरह उन्होंने मेरा साथ दिया, वह खास है।
उन्होंने कहा, पूरे साल मैं टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहा था, लेकिन बड़े टूर्नामेंट में वैसा नहीं कर पा रहा था, इसलिए यह मेरे लिए आसान नहीं था। इसके बावजूद टीम और मैनेजमेंट ने मुझ पर जो भरोसा दिखाया, वह बहुत मायने रखता है। टूर्नामेंट के बीच में मैं भावुक भी हो गया था और कोच व कप्तान से बात करना चाहता था। उन्होंने मुझसे कहा कि तुम हमारे लिए बड़े मैच जिताओगे। अगर कोई मुझे शुरू से कहता कि आपके रन नहीं बन रहे तो कोई बात नहीं, आप विश्वकप जीत जाओगे, तो बात अलग होती। मेरे साथ ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। कोच और सूर्यकुमार समेत सभी सीनियर्स कहते रहे कि आप बड़ा मैच जिताओगे। बड़े दिन का इंतजार करो।
सैमसन ने कहा, 'न्यूजीलैंड सीरीज के बाद मैं पूरी तरह टूट गया था। ऐसा लगा था कि मेरे सारे सपने बिखर गए हैं। मैं सोच रहा था कि अब क्या करूं? कई पूर्व खिलाड़ियों ने मुझसे संपर्क किया और मेरी मदद करने की कोशिश की। पिछले कुछ महीनों से मैं लगातार सचिन तेंदुलकर सर के संपर्क में था। मैंने उनसे बात की और लंबी-लंबी चर्चाएं कीं। उनके जैसे महान खिलाड़ी से मार्गदर्शन मिलने से बड़ी बात और क्या हो सकती है? जिन लोगों ने मेरा साथ दिया, मैं उन सबका बहुत आभारी हूं। जहां तक आगे के लक्ष्य की बात है, फिलहाल यह उपलब्धि ही मेरे लिए बहुत बड़ी है। अभी मैं इसे जीना और इसका आनंद लेना चाहता हूं। कुछ दिनों बाद सोचूंगा कि आगे क्या करना है।'
भारत ने न्यूजीलैंड को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में हराकर खिताब जीत लिया है। भारत के 255 रन के जवाब में न्यूजीलैंड 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 विश्वकप का खिताब जीता है। इससे पहले टीम 2007 में पहले संस्करण और 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीती थी। सूर्यकुमार यादव का भी नाम विश्व विजेता कप्तानों में शुमार हो गया है। अहमदाबाद में साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया से वनडे विश्वकप में हार के बाद कई बातें कही गई थीं, लेकिन अब टीम इंडिया ने चैंपियन बनते हुए इतिहास दोहराया भी, हराया भी और नया इतिहास भी रच दिया।
भारत की पारी: 255 रन बनाए
भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 256 रन का लक्ष्य रखा था।। इस मैच में टीम इंडिया ने रिकॉर्ड्स की बारिश कर दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 255 रन बनाए। भारत एक समय 300 रन बनाती हुई दिख रही थी, लेकिन 16वें ओवर में नीशम ने तीन झटके दिए और इससे रन गति धीमी पड़ गई। भारत का स्कोर 15वें ओवर के बाद एक विकेट पर 203 रन था। इसके बाद 16वें ओवर में टीम इंडिया ने संजू सैमसन, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव के विकेट गंवाए। इस ओवर में एक रन बना। फिर 17वें ओवर में सात रन और 18वें ओवर में नौ रन बने। 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या आउट हुए और 11 रन बने। हालांकि, आखिरी ओवर में शिवम दुबे का बल्ला चला और इसकी वजह से टीम 250 के पार पहुंच सकी। दुबे आठ गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 26 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने आखिरी यानी 20वें ओवर में 24 रन बटोरे।
भारत को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। अभिषेक ने फॉर्म में वापसी की और फाइनल में उनका बल्ला चला। उन्होंने 21 गेंद में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। संजू के साथ अभिषेक ने 43 गेंद में 98 रन की ओपनिंग साझेदारी की। अभिषेक को रचिन रवींद्र ने आउट किया। फिर संजू ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 गेंद में 105 रन की साझेदारी निभाई। सैमसन ने लगातार तीसरा अर्धशतक लगाया। वहीं, ईशान किशन ने भी फिफ्टी पूरी की। हालांकि, 16वें ओवर में दोनों आउट हो गए। सैमसन फिर शतक से चूक गए। वह 46 गेंद में पांच चौके और आठ छक्के की मदद से 89 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ईशान ने 25 गेंद में चार चौके और चार छक्के की मदद से 54 रन की पारी खेली।
हार्दिक 13 गेंद में 18 रन बना सके, जबकि सूर्यकुमार खाता नहीं खोल पाए। तिलक छह गेंद में आठ रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से नीशम ने तीन विकेट झटके, जबकि मैट हेनरी और रचिन को एक-एक विकेट मिला। भारत का 255/5 का स्कोर टी20 विश्वकप फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर है। भारत ने खुद का दो साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। 2024 टी20 विश्वकप के फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सात विकेट पर 176 रन बनाए थे।
न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर सिमटी
न्यूजीलैंड के लिए केवल टिम साइफर्ट और मिचेल सैंटनर ही रन बना सके। इसके अलावा डेरिल मिचेल ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। वरना बाकी सभी 10 रन के अंदर आउट हुए। साइफर्ट ने 26 गेंद में 52 रन की पारी खेली। वहीं, सैंटनर ने 35 गेंद में 43 रन बनाए। मिचेल ने 17 रन की पारी खेली। फिन एलेन नौ रन, रचिन रवींद्र एक रन, ग्लेन फिलिप्स पांच रन, मार्क चैपमैन तीन रन, जेम्स नीशम आठ रन और डफी तीन रन बना सके। मैट हेनरी खाता नहीं खोल सके।
न्यूजीलैंड को 153 के स्कोर पर नौवां झटका लगा। बुमराह ने जेम्स नीशम और मैट हेनरी के बाद मिचेल सैंटनर के क्लीन बोल्ड किया। भारत चैंपियन बनने से एक विकेट दूर है। बुमराह ने इससे पहले रचिन रवींद्र को आउट किया था।
न्यूजीलैंड को बुमराह ने 16वें ओवर में लगातार दो गेंद पर दो झटके दिए। उन्होंने तीसरी गेंद पर नीशम और अगली गेंद पर मैट हेनरी को क्लीन बोल्ड किया। फिलहाल सैंटनर और फर्ग्यूसन क्रीज पर हैं। भारत खिताब से दो विकेट दूर है।
न्यूजीलैंड को 13वें ओवर में 124 के स्कोर पर छठा झटका लगा। अक्षर पटेल ने डेरिल मिचेल को ईशान किशन के हाथों कैच कराया। वह 11 गेंद में 17 रन बना सके। अक्षर की यह तीसरी सफलता रही। 13 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर छह विकेट पर 128 रन है।
11वें ओवर में अर्शदीप और डेरिल मिचेल के बीच नोकझोंक देखने को मिली। ओवर की पांचवीं गेंद पर मिचेल डिफेंसिव शॉट खेला और गेंद बाउंस करते हुए अर्शदीप के पास पहुंची। अर्शदीप ने फॉलो थ्रू में गेंद मिचेल के जांघ पर मार दी। इससे मैदान में थोड़ी देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।
अर्शदीप सिंह ने ऑफ स्टंप के बाहर वाइड यॉर्कर डाली, जिसे डेरिल मिचेल ने सीधे पिच की तरफ खेल दिया। इसके बाद अर्शदीप ने विकेट की ओर थ्रो मारने की कोशिश की, लेकिन गेंद मिचेल की जांघ (थाई) पर जा लगी। इससे मिचेल काफी नाराज हो गए और वह आक्रामक अंदाज में अर्शदीप की ओर बढ़ते हुए हाथों से इशारे करते नजर आए। स्थिति थोड़ी गरम होती दिखी, तभी सूर्यकुमार यादव बीच में आए और मिचेल के कंधे पर हाथ रखकर उनसे बात करते हुए माहौल को शांत करने की कोशिश की। उधर अंपायर ने भी अर्शदीप सिंह से बात की। दरअसल, वह थ्रो बिल्कुल जरूरी नहीं था, इसलिए इस पर मैदान पर थोड़ी बहस देखने को मिली।
10 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने पांच विकेट गंवाकर 88 रन बना लिए हैं। आखिरी 60 गेंद पर न्यूजीलैंड को 168 रन चाहिए। फिलहाल डेरिल मिचेल और मिचेल सैंटनर क्रीज पर हैं।
नौवें ओवर में 72 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को पांचवां झटका लगा। वरुण चक्रवर्ती ने टिम साइफर्ट को ईशान किशन के हाथों कैच कराया। वह 26 गेंद में दो चौके और पांच छक्के की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल डेरिल मिचेल और कप्तान सैंटनर क्रीज पर हैं। नौ ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 83 रन है।
टिम साइफर्ट ने 23 गेंद में अर्धशतक जड़ा। वह अकेले दम पर भारत से लड़ रहे हैं। हालांकि, आठवें ओवर में हार्दिक पांड्या ने मार्क चैपमैन को बोल्ड किया। गेंद उनके बल्ले से लगकर विकेट पर लग गई। चैपमैन तीन रन बना सके। इससे पहले अक्षर ने फिन एलेन और ग्लेन फिलिप्स को आउट किया था। वहीं, बुमराह ने रचिन रवींद्र को पवेलियन भेजा। आठ ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर चार विकेट पर 72 रन है।
भारत ने अपने पावरप्ले में 92 रन बनाए थे और कोई विकेट नहीं गंवाया था। वहीं, न्यूजीलैंड ने पावरप्ले में 52 रन बनाए और फिन एलेन, रचिन रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स के विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल टिम साइफर्ट और मार्क चैपमैन क्रीज पर हैं।
न्यूजीलैंड को पांचवें ओवर में तीसरा झटका लगा। अक्षर पटेल ने ग्लेन फिलिप्स को क्लीन बोल्ड किया। वह पांच रन बना सके। पांच ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 47 रन है। फिलहाल मार्क चैपमैन और टिम साइफर्ट क्रीज पर हैं। यह अक्षर की दूसरी सफलता रही। इससे पहले अक्षर ने फिन एलेन को आउट किया था। वहीं, बुमराह ने रचिन रवींद्र को पवेलियन भेजा।
जसप्रीत बुमराह का कमाल सेमीफाइनल के बाद फाइनल में भी देखने को मिला है। उन्होंने लगातार दूसरे मैच में अपनी पहली ही गेंद (न्यूजीलैंड की पारी का चौथा ओवर) पर टीम इंडिया को सफलता दिलाई है। इससे पहले सेमीफाइनल में उन्होंने अपनी पहली गेंद पर हैरी ब्रूक को आउट किया था। वहीं, फाइनल में उन्होंने अपनी पहली गेंद पर रचिन रवींद्र को पवेलियन भेजा। रचिन एक रन बना सके। इससे पहले अक्षर ने फिन एलेन को आउट किया था। वह नौ रन बना सके थे। चार ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर दो विकेट पर 36 रन है। साइफर्ट 13 गेंद में 24 रन और फिलिप्स एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
न्यूजीलैंड को तीसरे ओवर में पहला झटका लगा। अक्षर पटेल ने फिन एलेन को तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। एलेन को पहले ओवर में जीवनदान मिला था, तब वह एक के स्कोर पर थे। अब वह नौ रन बनाकर आउट हुए। एलेन को जीवनदान देना भारी नहीं पड़ा। अक्षर की गेंद पर बड़े शॉट के चक्कर में एलेन लॉन्ग ऑन पर कैच थमा बैठे। फिलहाल टिम साइफर्ट 10 गेंद में 21 रन और रचिन रवींद्र एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
न्यूजीलैंड ने हार्दिक के दूसरे ओवर से 21 रन बटोरे। साइफर्ट ने इस ओवर में दो छक्के और दो चौके लगाए। दो ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर बिना विकेट गंवाए 25 रन है। फिलहाल साइफर्ट आठ गेंद में 20 रन और एलेन चार गेंद में चार रन बनाकर क्रीज पर हैं।
न्यूजीलैंड की पारी के पहले ओवर में ही भारत की खराब फील्डिंग देखने को मिली। शिवम दुबे ने फिन एलेन का आसान कैच छोड़ दिया। अर्शदीप के ओवर की पांचवीं गेंद पर गेंद दुबे के हाथ से लगकर छिटक गई। अर्शदीप सिंह ने लगभग 129 किमी/घंटा की रफ्तार से ऑफ स्टंप के बाहर स्विंग होती गेंद डाली। फिन एलेन ने जल्दी में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के किनारे (क्यू एंड) से लगकर हवा में मिड-ऑफ के ऊपर काफी ऊंची चली गई। कैच लेने के लिए शिवम दुबे पीछे की ओर दौड़ते रहे, लेकिन आखिर में वह गेंद तक पहुंच भी गए, लेकिन गेंद उनके अंगुलियों को छूते हुए नीचे गिर गई। गेंद काफी देर तक हवा में रही, जिससे लग रहा था कि कैच आसानी से हो जाएगा। इस दौरान एलेन ने तो गुस्से में अपना बल्ला पैड पर मार दिया और अर्शदीप सिंह भी जश्न मनाते हुए दौड़ पड़े थे, लेकिन आखिर में कैच पूरा नहीं हो पाया। तब एलेन एक रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। एक ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर बिना विकेट गंवाए चार रन है।
चैंपियन बनने की तरफ मजबूती से कदम बढ़ा रही टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी की शुरुआत अर्शदीप ने की।
भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 256 रन का लक्ष्य रखा है। इस मैच में टीम इंडिया ने रिकॉर्ड्स की बारिश कर दी है। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 255 रन बनाए। भारत एक समय 300 रन बनाती हुई दिख रही थी, लेकिन 16वें ओवर में नीशम ने तीन झटके दिए और इससे रन गति धीमी पड़ गई। भारत का स्कोर 15वें ओवर के बाद एक विकेट पर 203 रन था। इसके बाद 16वें ओवर में टीम इंडिया ने संजू सैमसन, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव के विकेट गंवाए। इस ओवर में एक रन बना। फिर 17वें ओवर में सात रन और 18वें ओवर में नौ रन बने। 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या आउट हुए और 11 रन बने। हालांकि, आखिरी ओवर में शिवम दुबे का बल्ला चला और इसकी वजह से टीम 250 के पार पहुंच सकी। दुबे आठ गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 26 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने आखिरी यानी 20वें ओवर में 24 रन बटोरे।
भारत को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। अभिषेक ने फॉर्म में वापसी की और फाइनल में उनका बल्ला चला। उन्होंने 21 गेंद में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। संजू के साथ अभिषेक ने 43 गेंद में 98 रन की ओपनिंग साझेदारी की। अभिषेक को रचिन रवींद्र ने आउट किया। फिर संजू ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 गेंद में 105 रन की साझेदारी निभाई। सैमसन ने लगातार तीसरा अर्धशतक लगाया। वहीं, ईशान किशन ने भी फिफ्टी पूरी की। हालांकि, 16वें ओवर में दोनों आउट हो गए। सैमसन फिर शतक से चूक गए। वह 46 गेंद में पांच चौके और आठ छक्के की मदद से 89 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ईशान ने 25 गेंद में चार चौके और चार छक्के की मदद से 54 रन की पारी खेली।
हार्दिक 13 गेंद में 18 रन बना सके, जबकि सूर्यकुमार खाता नहीं खोल पाए। तिलक छह गेंद में आठ रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से नीशम ने तीन विकेट झटके, जबकि मैट हेनरी और रचिन को एक-एक विकेट मिला। भारत का 255/5 का स्कोर टी20 विश्वकप फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर है। भारत ने खुद का दो साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। 2024 टी20 विश्वकप के फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सात विकेट पर 176 रन बनाए थे।
टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़े टीम स्कोर
| स्कोर | मुकाबला | वर्ष |
|---|---|---|
| 255/5 | भारत बनाम न्यूजीलैंड | 2026 |
| 176/7 | भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका | 2024 |
| 173/2 | ऑस्ट्रेलिया बनाम न्यूजीलैंड | 2021 |
टी20 विश्वकप के दौरान टी20 क्रिकेट में बड़े स्कोर की बरसात देखने को मिली। खासतौर पर भारत ने 250 से ज्यादा के कई स्कोर बनाकर नए रिकॉर्ड कायम किए। टी20 वर्ल्ड कप में लंबे समय तक सबसे बड़ा स्कोर 2007 में श्रीलंका का 260/6 रहा। हालांकि 2026 टूर्नामेंट में बल्लेबाजों ने जबरदस्त आक्रामकता दिखाई। भारत ने दो बार 250 से ज्यादा स्कोर बनाया, जबकि सेमीफाइनल में दोनों टीमों ने 240 से ऊपर रन बना दिए। इससे साफ दिखता है कि आधुनिक टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजी और पावर-हिटिंग का स्तर पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गया है।
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़े टीम स्कोर
| स्कोर | टीम बनाम खिलाफ | मैदान | वर्ष |
|---|---|---|---|
| 260/6 | श्रीलंका बनाम केन्या | जोहानिसबर्ग | 2007 |
| 256/4 | भारत बनाम जिम्बाब्वे | चेन्नई | 2026 |
| 255/5 | भारत बनाम न्यूजीलैंड | अहमदाबाद (फाइनल) | 2026 |
| 254/6 | वेस्टइंडीज बनाम जिम्बाब्वे | मुंबई | 2026 |
| 253/7 | भारत बनाम इंग्लैंड | मुंबई (सेमीफाइनल) | 2026 |
| 246/7 | इंग्लैंड बनाम भारत | मुंबई (सेमीफाइनल) | 2026 |
250 से ज्यादा का स्कोर टी20 क्रिकेट में बेहद दुर्लभ माना जाता था, लेकिन अब यह रिकॉर्ड तेजी से टूट रहे हैं। भारत ने मेंस टी20 क्रिकेट में सात बार 250+ स्कोर बनाकर इस सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया है। इसके बाद आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद आती है, जिसने पांच बार यह उपलब्धि हासिल की। यह आंकड़ा भारतीय बल्लेबाजी की ताकत और आक्रामक शैली को दर्शाता है।
मेंस टी20 में सबसे ज्यादा 250+ टीम स्कोर
| टीम | 250+ स्कोर |
|---|---|
| भारत | 7 |
| सनराइजर्स हैदराबाद | 5 |
| वेस्टइंडीज | 3 |
| जिम्बाब्वे | 3 |
| सरे | 3 |
एक ही टी20 टूर्नामेंट में तीन बार 250 से ज्यादा स्कोर बनाना बेहद मुश्किल उपलब्धि है। इससे पहले यह कारनामा सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2024 में किया था। अब भारत ने भी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में तीन बार 250+ स्कोर बनाकर इस खास क्लब में जगह बना ली है। इससे टीम इंडिया की विस्फोटक बल्लेबाजी का अंदाजा लगाया जा सकता है।
एक टी20 प्रतियोगिता में तीन 250+ स्कोर
| टीम | प्रतियोगिता |
|---|---|
| सनराइजर्स हैदराबाद | आईपीएल 2024 |
| भारत | टी20 वर्ल्ड कप 2026 |
भारत ने 2026 कैलेंडर वर्ष में चार बार 250 से ज्यादा रन बनाए, जो किसी भी टीम द्वारा एक साल में सबसे ज्यादा है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि टीम इंडिया की बल्लेबाजी लाइन-अप लगातार बड़े स्कोर बनाने में सक्षम है। आधुनिक टी20 रणनीति, आक्रामक ओपनिंग और डेथ ओवरों में तेज रनगति ने इन बड़े स्कोरों को संभव बनाया है।
2026 में भारत के 250+ स्कोर
| वर्ष | टीम | 250+ स्कोर |
|---|---|---|
| 2026 | भारत | 4 |
भारत को 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या के रूप में झटका लगा। वह 13 गेंद में 18 रन बना सके। भारत को 16वें ओवर में तीन झटके लगे थे। पिछले चार ओवर में भारत ने 23 रन बनाए और चार विकेट गंवाए। 19 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 231 रन है।
नीशम के 16वें ओवर ने खेल पलट दिया है। जहां भारत 250+ के स्कोर को देख रही थी, 16वें ओवर में तीन विकेट ने अचानक झटका दिया है। नीशम ने ओवर की पहली गेंद पर संजू सैमसन को मैककॉन्की के हाथों कैच कराया। वह 46 गेंद में पांच चौके और आठ छक्के की मदद से 89 रन बना सके। इसके बाद पांचवीं गेंद पर नीशम ने ईशान किशन को चैपमैन के हाथों कैच कराया। वह 25 गेंद में चार चौके और चार छक्के की मदद से 54 रन बनाकर आउट हुए। फिर आखिरी गेंद पर नीशम ने सूर्यकुमार यादव को रचिन के हाथों कैच कराया। कप्तान खाता नहीं खोल सके। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 204 रन है। फिलहाल हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं।
14 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 191 रन बना लिए हैं। फिलहाल संजू सैमसन 44 गेंद में 88 रन और ईशान किशन 19 गेंद में 43 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। संजू ने 14वें ओवर में रचिन की गेंद पर लगातार तीन छक्के लगाए।
भारत ने 12वें ओवर के बाद एक विकेट गंवाकर 161 रन बना लिए हैं। फिलहाल संजू सैमसन 37 गेंद में 67 रन और ईशान किशन 14 गेंद में 34 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। लोकी फर्ग्यूसन की खूब धुनाई हुई है। वो दो ओवर में 24-24 रन यानी कुल मिलाकर 48 रन लुटा चुके हैं। 12वें ओवर में संजू ने दो छक्के और एक चौका और ईशान ने एक छक्का लगाया।
11 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 137 रन बना लिए हैं। फिलहाल संजू सैमसन 33 गेंद में 50 रन और ईशान किशन 12 गेंद में 27 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 30+ रन की साझेदारी हो चुकी है। अभिषेक के बाद सैमसन ने जिम्मेदारी संभाली है और चौके-छक्कों की बरसात कर रहे हैं। सैमसन ने अपने शानदार फॉर्म को इस मैच में भी जारी रखा।
भारत को आठवें ओवर में पहली गेंद पर पहला झटका लगा। रचिन रवींद्र ने पारी में अपनी पहली ही गेंद पर अभिषेक को विकेटकीपर साइफर्ट के हाथों कैच कराया। वह 21 गेंद में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल ईशान किशन और संजू सैमसन क्रीज पर हैं। भारत ने इसी ओवर में 100 रन भी पूरे किए। आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 110 रन है।
पावरप्ले खत्म हो चुका है और भारत ने छह ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 92 रन बना लिए हैं। फिलहाल अभिषेक शर्मा 19 गेंद में 51 रन और संजू सैमसन 17 गेंद में 33 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। शुरुआती दो ओवर में 12 रन बनाने के बाद पिछले चार ओवर में 80 रन बने हैं। अभिषेक ने अपना बेस्ट फाइनल के लिए बचा रखा था और टीम के भरोसे पर वह खरे उतरे हैं। खराब फॉर्म के बावजूद टीम मैनेजमेंट उन पर लगातार भरोसा करता रहा और उन्होंने तूफानी अर्धशतक जड़कर इस भरोसे को सही साबित किया।
पांचवें ओवर में 21 रन बने। चौथे ओवर में 24 रन और तीसरे ओवर में 15 रन बने थे। यानी पिछले तीन ओवर में 60 रन बने हैं। शुरुआती दो ओवर में 12 रन आए थे। फिलहाल संजू सैमसन 17 गेंद में 33 रन और अभिषेक शर्मा 13 गेंद में 31 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत का स्कोर पांच ओवर के बाद 72 रन है।
पुरुष टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी टीम के ओपनर्स ने 50+ रन की साझेदारी की है। इससे पहले फाइनल में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी 48 रन की थी, जो 2009 में कामरान अकमल और शाहजैब हसन ने श्रीलंका के खिलाफ लॉर्ड्स ग्राउंड में बनाई थी। यानी लगभग 17 साल बाद टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में ओपनिंग जोड़ी ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
चार ओवर के बाद भारत ने बिना विकेट गंवाए 51 रन बना लिए हैं। फिलहाल संजू सैमसन 14 गेंद में 24 रन और अभिषेक शर्मा 10 गेंद में 23 रन बना लिए हैं। लोकी फर्ग्यूसन ने चौथे ओवर में गेंदबाजी की और इस ओवर में 24 रन आए।
तीन ओवर के बाद भारत ने 27 रन बना लिए हैं। फिलहाल संजू सैमसन 11 गेंद में 14 रन और अभिषेक शर्मा सात गेंद में 12 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
भारतीय पारी की शुरुआत हो चुकी है। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा क्रीज पर हैं। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने गेंदबाजी की शुरुआत की। शुरुआती तीन गेंद पर संजू ने डिफेंसिव शॉट खेले। पांचवें गेंद पर उन्होंने छक्का लगाया। पहले ओवर में सात रन बने।
सूर्यकुमार यादव ने कहा कि हम पहले बल्लेबाजी करके खुश हैं। हम पहले बल्लेबाजी बहुत अच्छे तरीके से कर रहे हैं। सेमीफाइनल या फाइनल में स्कोरबोर्ड पर रन होना हमेशा अच्छा लगता है। जो हो चुका वो इतिहास है, यह नया विश्वकप है और हम इसके लिए उत्साहित हैं। अहमदाबाद का स्टेडियम फुल है। उम्मीद है कि हम दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
मिचेल सैंटनर ने कहा कि वह गेंदबाजी चुनेंगे। माहौल अच्छा दिख रहा है। हमें देखना होगा कि पिच से कुछ मदद मिलती है या नहीं और हम उन्हें चेज करने वाले स्कोर पर रोक पाते हैं या नहीं। यह शानदार ओकेजन है। खिलाड़ी आत्मविश्वास से भरे हैं। यह सबसे बड़ा स्टेज है और सब तैयार हैं। मैककॉन्की नहीं खेल रहे। जैकब डफी को मौका दिया गया है।
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।
न्यूजीलैंड: टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलेन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जैकब डफी, मैट हेनरी, लोकी फर्ग्यूसन।
भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कीवियों ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। स्पिनर कोल मैककॉन्की की जगह जैकब डफी को जगह दी है। वहीं, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि वह पहले बल्लेबाजी करके खुश हैं। भारतीय प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं है।
टी20 विश्व कप 2026 का समापन समारोह समाप्त हो चुका है। फाल्गुनी पाठक, सुखबीर और अंतरराष्ट्रीय पॉप सिंगर रिकी मार्टिन ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। अब कुछ देर में टॉस होगा।
फाल्गुनी पाठक ने भी समां बांधा। उन्होंने अपने गुजराती गानों से अहमदाबाद की जनता को झूमने पर मजबूर कर दिया।
अंतरराष्ट्रीय पॉप सिंगर रिकी मार्टिन परफॉर्म कर रहे हैं।
टी20 विश्व कप 2026 का समापन समारोह शुरू हो चुका है। पंजाबी गायक सुखबीर परफॉर्म कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह भी अहमदाबाद पहुंच चुके हैं।
पूर्व भारतीय कप्तान और आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के ब्रांड एम्बेसडर रोहित शर्मा अपनी पत्नी रितिका सजदेह के साथ अहमदाबाद पहुंच चुके हैं।
टी20 विश्व कप 2026 का खिताबी मंच सज चुका है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जाना है। दोनों टीमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहुंच चुकी हैं।
मुख्य कोच गौतम गंभीर की पत्नी और बच्चे अहमदाबाद पहुंच गए हैं।
फिल्म अभिनेत्री और आईपीएल फ्रेंचाइजी मालिक प्रीति जिंटा अहमदाबाद पहुंच गई हैं।
भारतीय टीम के खिताब जीतते ही कोच गौतम गंभीर के नाम भी एक अनोखा कीर्तिमान जुड़ जाएगा। भारतीय क्रिकेट टीम ने एमएस धोनी की कप्तानी में 2007 में खेला गया टी20 विश्व कप का पहला संस्करण पाकिस्तान को हराकर जीता था। मौजूदा समय में टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर पहला टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम इंडिया का हिस्सा थे और टीम को चैंपियन बनाने में उनका अहम योगदान रहा था। दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग में खेले गए फाइनल में गौतम गंभीर ने 54 गेंदों पर 75 रन की पारी खेली थी।
एक खिलाड़ी के बाद एक कोच के रूप में टी20 विश्व कप जीतने का मौका गौतम गंभीर के पास है। अगर भारतीय टीम न्यूजीलैंड को हराकर टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीत लेती है, तो गंभीर ऐसे पहले व्यक्ति होंगे जिनके नाम एक खिलाड़ी और कोच के तौर पर टी20 विश्व कप का खिताब होगा। भारतीय टीम भी इतिहास रचेगी और लगातार दूसरा टी20 विश्व कप और कुल तीसरा टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बनेगी।
खिताबी मुकाबले से पहले भारतीय टीम के लिए सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की फॉर्म चिंता का विषय है। पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने अभिषेक शर्मा को फाइनल की प्लेइंग इलेवन से बाहर करने की सलाह दी है। सुनील गावस्कर ने कहा, अभिषेक अपनी गलतियों से सीखते नजर नहीं आ रहे हैं। गेंदबाज लगातार एक ही क्षेत्र में गेंद डालकर उन्हें फंसा रहे हैं, लेकिन वह अपनी रणनीति में बदलाव नहीं कर पा रहे। उनके मुताबिक फाइनल जैसे बड़े मैच में टीम को स्थिरता और भरोसेमंद विकल्प चुनना चाहिए।
गावस्कर ने कहा है कि टीम को संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत के लिए ईशान किशन को भेजना चाहिए और अभिषेक को टीम से बाहर कर उनकी जगह रिंकू सिंह को लाना चाहिए। रिंकू जैसे खिलाड़ी बड़े मैचों में दबाव झेलने की क्षमता रखते हैं। इसके अलावा गावस्कर ने वरुण चक्रवर्ती की जगह कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की सलाह दी है। गावस्कर के मुताबिक नरेंद्र मोदी स्टेडियम की बड़ी बाउंड्री और सपाट पिच पर कुलदीप की स्पिन काफी प्रभावी साबित हो सकती है।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने फाइनल मैच से पहले टीम को शुभकामना दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक्स पर साझा किए एक वीडियो संदेश में क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा, 'न्यूजीलैंड की टीम टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। इससे बेहतर कुछ भी नहीं हो सकता है। टीम का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा है। पूरा देश इस समय टीम के साथ खड़ा है। आपमें क्षमता है, आगे बढ़िए और चैंपियन बनिए।'
पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मी रतन शुक्ला ने दावा किया है कि भारत फाइनल मुकाबला जीतेगा और इतिहास रचेगा। हावड़ा में आईएएनएस से बातचीत में पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मी रतन शुक्ला ने कहा कि आज का फाइनल बहुत बड़ा मैच है। देशभर के क्रिकेट फैंस की नजर इस मैच पर रहने वाली है। भारतीय टीम से हम सभी क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि वे अच्छा खेल दिखाएंगे और विश्व कप की ट्रॉफी पर कब्जा करेंगे। पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मी रतन शुक्ला ने कहा कि भारत फाइनल मुकाबला जीतता है तो हम लगातार दो बार विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन जाएंगे। कोई भी टीम लगातार दो बार टी-20 विश्व कप की ट्रॉफी पर कब्जा नहीं कर पाई है।
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने दोनों ही टीमों को शुभकामनाएं दी हैं। शाह ने एक्स पर लिखा, 'यह रिकॉर्ड तोड़ने वाला टी20 विश्व कप रहा है। इसके कई आकर्षक बिंदु रहे, जिसमें हमारे एसोसिएट सदस्यों के कुछ शानदार प्रदर्शन भी शामिल हैं। अब भारत और न्यूजीलैंड को फाइनल के लिए गुड लक कहने का समय है, जो भारी भीड़ के सामने खेला जाएगा और जिसे करोड़ों लोग देखेंगे।' टी20 विश्व कप 2026 ने इतिहास रच दिया है। यह टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला संस्करण बन गया है, अकेले भारत में दर्शकों की संख्या 500 मिलियन को पार कर गई है, जो किसी भी टी20 विश्व कप में अब तक की सर्वाधिक है।
भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज नयन मोंगिया ने कहा कि फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम का पलड़ा भारी है। टीम इंडिया ने खेल के हर क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि, टी20 में कुछ ओवर ही मैच बदल देते हैं, इसलिए भविष्यवाणी नहीं की जा सकती। हम उम्मीद करते हैं कि भारतीय टीम चैंपियन बनेगी। नासिक के क्रिकेट कोच राजू शिंदे ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला फाइनल मुकाबला रोमांचक होगा। जीत की हार की भविष्यवाणी करना मुश्किल है। भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर पूरी तरह फॉर्म में नहीं है। हर मैच में किसी एक खिलाड़ी की बड़ी पारी और मध्यक्रम के बल्लेबाजों के सहयोग ने टीम इंडिया को जीत दिलायी है। न्यूजीलैंड आईसीसी टूर्नामेंट में हर बार भारतीय टीम को कड़ी चुनौती देती है। इसलिए भारत के लिए फाइनल मैच आसान नहीं होने वाला है।
रिंकू सिंह के कोच मसूद उज जफर अमीनी ने कहा कि यह बहुत बड़ा मैच है। न्यूजीलैंड की टीम बहुत अच्छी है। गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में भारतीय टीम को कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। मुकाबला कड़ा होगा और टक्कर वाला होगा। अच्छा खेलने वाली टीम जीतेगी। रांची में क्रिकेट अकादमी चलाने वाले कोच मानिक घोष ने कहा कि भारतीय टीम की स्थिति अच्छी है। अभिषेक शर्मा को छोड़ दिया जाए तो बाकी बल्लेबाज फॉर्म में हैं। जसप्रीत बुमराह शानदार फॉर्म में हैं। वरुण चक्रवर्ती सेमीफाइनल में अच्छी गेंदबाजी नहीं कर पाए, लेकिन पूरी उम्मीद है कि फाइनल में वह अच्छी गेंदबाजी करेंगे।
ऑस्ट्रेलिया में मौजूद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले भारतीय टीम को शुभकामना दी है। फाइनल मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। बीसीसीआई ने महिला टीम की आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो जारी किया जिसमें कोच मजूमदार, बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और स्नेह राणा ने फाइनल मुकाबले के लिए टीम इंडिया को शुभकामना दी है। वीडियो में कैप्शन है, एक टीम इंडिया जिसने घर पर वर्ल्ड कप जीता, दूसरी आज रात घर पर वर्ल्ड कप जीतने जा रही है।
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले अहमदाबाद में क्रिकेट फैंस का उत्साह चरम पर है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबले से पहले बड़ी संख्या में समर्थक नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहुंच रहे हैं। फैंस को उम्मीद है कि सूर्यकुमार की अगुआई वाली भारतीय टीम ट्रॉफी जीत सकती है, हालांकि वे यह भी मानते हैं कि मिचेल सैंटनर की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड टीम कड़ी चुनौती देगी। अहमदाबाद पहुंचे एक भारतीय समर्थक ने कहा कि वे फाइनल को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उनका मानना है कि भारत जीत सकता है, लेकिन न्यूजीलैंड हमेशा कड़ा मुकाबला देता है।
दिल्ली से आए एक अन्य फैन ने कहा कि उन्हें भारत की जीत पर पूरा भरोसा है। उन्होंने खास तौर पर संजू सैमसन की बल्लेबाजी देखने की इच्छा जताई और कहा कि जसप्रीत बुमराह हमेशा की तरह इस मैच में भी शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं। रांची और गुवाहाटी से भी कई फैंस ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उनका कहना है कि भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रही है और मजबूत बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड को हराने में सक्षम है। हालांकि उन्होंने माना कि न्यूजीलैंड भी इस विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है।
भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी रविवार सुबह अहमदाबाद पहुंच गए, जहां भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल खेला जाना है। यह खिताबी मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होगा। धोनी ने इससे पहले मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की रोमांचक सेमीफाइनल जीत भी देखी थी। अब उम्मीद है कि वह अहमदाबाद में होने वाले इस बड़े मुकाबले में भी स्टेडियम से टीम इंडिया का हौसला बढ़ाते नजर आएंगे।
टीम चयन को लेकर एक और दिलचस्प पहलू अभिषेक शर्मा से जुड़ा है। उन्हें इस टूर्नामेंट में ज्यादा मौके मिले हैं, जबकि उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है और उन्होंने सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है।ऐसे में फाइनल से पहले टीम संयोजन को लेकर चर्चा तेज है। उनकी ऑफ स्पिन के खिलाफ कमजोरी को सबने उजागर किया है। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के बाद से अभिषेक एक ही पैटर्न में आउट हुए हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट की इस पर भी नजर होगी। हालांकि, फाइनल में एक बार फिर अभिषेक पर भरोसा जताया जा सकता है।
वहीं, न्यूजीलैंड की टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ धमाकेदार जीत हासिल की थी। द. अफ्रीका को कम स्कोर पर रोकने के बाद टीम के ओपनरों ने जबरदस्त बल्लेबाजी की थी। टिम साइफर्ट और फिन एलेन फॉर्म में आ चुके हैं। साइफर्ट ने अर्धशतक और एलेन ने शतक लगाया था। इसके अलावा न्यूजीलैंड के पास स्पिन और पेसर्स का अच्छा संतुलन है। ऐसे में न्यूजीलैंड की टीम बिना किसी बदलाव के मैदान पर उतर सकती है। दोनों टीमों के स्पिनरों की तुलना की जाए तो न्यूजीलैंड के स्पिनर्स ज्यादा असरदार और अच्छे वेरिएशन वाले हैं। ऐसे में स्पिन पिच बनाना भारत के लिए खतरा होगा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की भिड़ंत 8 मार्च को न्यूजीलैंड के साथ होगी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा। वहीं, न्यूजीलैंड पहली बार टी20 विश्व कप के खिताब को अपने नाम करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार रहा है। बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा का बल्ला भले ही खामोश रहा हो, लेकिन संजू सैमसन ने अपने प्रदर्शन से हर किसी का दिल जीता है। सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ संजू ने 42 गेंदों में 89 रनों की दमदार पारी खेली थी। ईशान किशन भी टूर्नामेंट में अच्छी लय में दिखाई दिए हैं। ईशान 8 मुकाबलों में 189 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 263 रन बना चुके हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 8 मुकाबलों में 242 रन बनाए हैं। हालांकि, सूर्या का स्ट्राइक रेट जरूर सवालों के घेरे में रहा है।
हार्दिक पांड्या बल्ले और गेंद दोनों से लगातार अहम योगदान दे रहे हैं। बल्लेबाजी क्रम में बदलाव के बाद तिलक वर्मा ने फिनिशर की भूमिका को बखूबी निभाया है। वहीं, गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह लाजवाब फॉर्म में चल रहे हैं। बुमराह 7 मुकाबलों में 10 विकेट निकाल चुके हैं और उनका इकोनॉमी महज 6.62 का रहा है। हालांकि, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती की हालिया फॉर्म भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय जरूर है।
न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से रौंदा था। टॉप ऑर्डर में टिम सीफर्ट और फिन एलन कमाल की फॉर्म में नजर आए हैं। एलन ने सेमीफाइनल मैच में सिर्फ 33 गेंदों में शतक लगाया था। नंबर चार की पोजीशन पर ग्लेन फिलिप्स ने दमदार प्रदर्शन किया है। हालांकि, डेरिल मिचेल और मार्क चैपमैन टूर्नामेंट में रनों के लिए संघर्ष करते हुए दिखाई दिए हैं। गेंदबाजी में मैट हेनरी ने नई गेंद के साथ शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं, रचिन रविंद्र और मिचेल सैंटनर की स्पिन जोड़ी बीच के ओवरों में रनों पर लगाम लगाने में सफल रही है। रचिन 7 मुकाबलों में 11 विकेट चटका चुके हैं।
टी-20 इंटरनेशनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से 16 में जीत भारतीय टीम के हाथ लगी है। वहीं, न्यूजीलैंड ने 11 मैच जीते हैं। हालांकि, टी20 विश्व कप में भारतीय टीम आज तक न्यूजीलैंड को हरा नहीं सकी है। टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच कुल 3 मुकाबले खेले गए हैं और सभी में जीत न्यूजीलैंड को नसीब हुई है।
नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के अनुकूल रहती है। अहमदाबाद के इस मैदान पर जमकर चौके-छक्के लगते हैं। इस ग्राउंड पर पहली पारी का औसतन स्कोर 174 रन रहा है। वहीं, दूसरी पारी में औसत स्कोर 150 रन है।
एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले खिताबी मुकाबले में बारिश होने की आशंका न के बराबर है। मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद जताई जा रही है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
भारतीय टीम: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव।
न्यूजीलैंड टीम: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैककोन्ची, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, डेवोन कॉन्वे, काइल जैमीसन, ईश सोढ़ी, जैकब डफी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। टी20 विश्वकप 2026 का फाइनल आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला शाम सात बजे शुरू होगा। भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को और न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया है।