फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs IRE Highlights: आयरलैंड ने भारत को 34 रन से हराया, 0-1 की बढ़त बनाई; अभिषेक की मेहनत पर फिरा पानी

Fri, 26 Jun 2026 09:36 PM IST
शिवम गर्ग स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बेलफास्ट

खास बातें

IND vs IRE T20 Highlights 2026 : आयरलैंड ने भारत को 34 रनों से हरा दिया। शुक्रवार को बेलफास्ट में खेले गए पहले मुकाबले में आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 182 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया 18.5 ओवर में सिर्फ 148 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ आयरलैंड ने दो टी20 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
विज्ञापन
भारत बनाम आयरलैंड लाइव स्कोर - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:35 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: आयरलैंड ने भारत को 34 रन से हराया

आयरलैंड ने भारत को 34 रनों से हरा दिया। शुक्रवार को बेलफास्ट में खेले गए पहले मुकाबले में आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 182 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया 18.5 ओवर में सिर्फ 148 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ आयरलैंड ने दो टी20 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

09:32 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: भारत की पारी समाप्ति की ओर, हर्षित राणा आउट

भारत की पारी में एक और झटका लगा है, जहां हर्षित राणा आउट होकर पवेलियन लौट गए हैं। इसके साथ ही भारत की उम्मीदें भी लगभग खत्म हो गई हैं। राणा 9 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हुए।

09:21 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: अक्षर पटेल 15 रन बनाकर आउट

भारत को एक और बड़ा झटका लगा है, जहां गारेथ डेलानी ने अक्षर पटेल को पवेलियन का रास्ता दिखाया। अक्षर ने 16 गेंदों में 15 रन बनाए। वह शॉट खेलने के प्रयास में गेंद को ठीक से टाइम नहीं कर सके, जिससे गेंद हवा में चली गई। वहां मौजूद हैरी टेक्टर ने कैच पकड़कर उनकी पारी समाप्त कर दी।

विज्ञापन
09:18 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: शिवम दुबे 25 रन बनाकर आउट

भारत को सातवां झटका शिवम दुबे के रूप में लगा। यह विकेट जै मूंद्रा के खाते में गया, जिन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए दुबे को पवेलियन का रास्ता दिखाया। दुबे 14 गेंदों में 25 रन ही बना सके। शॉट खेलने के प्रयास में वह गेंद को सही तरह टाइम नहीं कर पाए और गेंद सीधे गेंदबाज की ओर चली गई। जै मूंद्रा ने खुद ही आसान कैच पकड़कर उनकी पारी का अंत कर दिया।

08:55 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: भारत को छठा झटका

भारत को छठा झटका होलार्ड ने ही दिया। उन्होंने कैलिट्ज के हाथों वाशिंगटन सुंदर को कैच कराया। वह 12 गेंदों में सिर्फ नौ रन बना सके। अब शिवम दुबे का साथ देने अक्षर पटेल आए हैं। 

विज्ञापन
08:49 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: तिलक वर्मा 19 रन बनाकर आउट, भारत का स्कोर 90-5

भारत की पारी को एक और झटका लगा है। 10वें ओवर की दूसरी गेंद पर तिलक वर्मा पवेलियन लौट गए, जिससे टीम आधी बल्लेबाजी लाइन-अप खो चुकी है। मैथ्यू हम्फ्रीज की गेंद पर तिलक वर्मा ने रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद शॉर्ट लेंथ थी। शॉट ठीक से टाइम नहीं हुआ और गेंद बल्ले के अंदरूनी हिस्से से लगकर बैकवर्ड पॉइंट की ओर चली गई, जहां रॉस अडायर ने आसान कैच पकड़ लिया। तिलक वर्मा 21 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुए।

08:38 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: अर्धशतक के बाद अभिषेक शर्मा आउट, भारत का स्कोर 80-4

अभिषेक शर्मा की शानदार पारी का अंत सातवें ओवर की आखिरी गेंद में हो गया। लियाम मैकार्थी ने उन्हें अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट बनाते हुए पवेलियन भेज दिया। अभिषेक 20 गेंदों में 50 रन (7 चौके, 2 छक्के) बनाकर आउट हुए। मैथ्यू हम्फ्रीज ने कैच पकड़ा। भारत ने 4 विकेट के नुकसान पर 80 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। इस समय वॉशिंगटन सुंदर और तिलक वर्मा क्रीज पर मौजूद हैं और पारी को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

08:33 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: अभिषेक शर्मा ने जड़ा अर्धशतक

अभिषेक शर्मा ने आयरलैंड के खिलाफ तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने केवल 19 गेंदों में पचासा जड़कर विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। अभिषेक ने एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है। यह पांचवीं बार है जब उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20 या उससे कम गेंदों में अर्धशतक पूरा किया है। वे फुल मेंबर टीमों के बल्लेबाजों में इस कारनामे को सबसे ज्यादा बार करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस सूची में उनसे पीछे कोई भी बल्लेबाज तीन से ज्यादा बार यह उपलब्धि हासिल नहीं कर सका है।

08:22 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: भारत को तीसरा झटका, कप्तान श्रेयस अय्यर 3 रन बनाकर आउट

भारत की पारी लड़खड़ा गई है और तीसरा विकेट भी गिर गया है। तेज गेंदबाज मैथ्यू हॉलेर्ड ने अपना दूसरा शिकार करते हुए श्रेयस अय्यर को पवेलियन भेज दिया। अय्यर 7 गेंदों में सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने 60 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। कप्तान के आउट होने के बाद अब तिलक वर्मा क्रीज पर आए हैं और अब टीम की पारी को संभालने की जिम्मेदारी उनके और अभिषेक शर्मा के कंधों पर है।

08:09 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: भारत को दूसरा झटका, ईशान किशन सिर्फ 1 रन बनाकर आउट

तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर भारत की पारी को एक और बड़ा झटका लगा है। डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज मैथ्यू हॉलार्ड ने ईशान किशन को विकेटकीपर लॉर्कन टकर के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेज दिया। ईशान किशन 5 गेंदों का सामना करने के बाद केवल 1 रन ही बना सके।

08:02 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: जय मूंधरा ने डेब्यू मैच की पहली ही गेंद पर संजू सैमसन को किया बोल्ड

भारतीय मूल के तेज गेंदबाज जय मूंधरा ने अपने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू को यादगार बना दिया। उन्होंने अपने करियर की पहली ही गेंद पर संजू सैमसन का विकेट चटकाते हुए आयरलैंड को शानदार शुरुआत दिलाई। संजू सैमसन 4 गेंदों में 5 रन बनाकर बोल्ड हो गए। दो ओवर बाद भारत का स्कोर 24/1 है।

08:00 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की धमाकेदार शुरुआत

183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने पहले ही ओवर में आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। बिना कोई विकेट गंवाए भारत ने शुरुआती ओवर में 16 रन जोड़ लिए। अभिषेक शर्मा ने शुरुआत से ही बड़े शॉट खेलते हुए 3 गेंदों में 11 रन बनाए, जिसमें एक छक्का और एक चौका शामिल रहा। वहीं, संजू सैमसन 3 गेंदों पर 5 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।

07:46 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: आयरलैंड ने भारत के सामने 183 रन का लक्ष्य रखा

आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। अब भारत को मुकाबला अपने नाम करने के लिए 183 रन बनाने होंगे। आयरलैंड की ओर से कप्तान लॉर्कन टकर ने सबसे ज्यादा 50 रन की पारी खेली, जबकि गैरेथ डेलानी ने 49 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा आयरलैंड का कोई भी खिलाड़ी 20 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका।

भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए। हर्षित राणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि शिवम दुबे को 1 सफलता मिली।

07:40 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: अंतिम ओवर में अक्षर पटेल का कमाल

पारी के आखिरी ओवर की पहली ही गेंद पर अक्षर पटेल ने भारत को एक और सफलता दिलाई। लियाम मैकार्थी 5 गेंदों में 7 रन बनाकर आउट हो गए। तिलक वर्मा ने दौड़ते हुए शानदार कैच लपककर मैकार्थी की पारी का अंत कर दिया। जिसके बाद आखिरी गेंद पर मैथ्यू हम्फ्रीज रन आउट हो गए। उन्होंने गेंद को लॉन्ग-ऑफ की दिशा में खेलकर दो रन लेने की कोशिश की, लेकिन तिलक वर्मा ने तेजी दिखाते हुए शानदार और सटीक थ्रो फेंकी। विकेटकीपर संजू सैमसन ने बिना कोई गलती किए बेल्स बिखेर दीं, जिससे हम्फ्रीज क्रीज तक पहुंचने से पहले ही आउट हो गए।

07:39 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: डेलानी की शानदार पारी का किया अंत

अर्शदीप सिंह ने डेथ ओवरों में भारत को बड़ी सफलता दिलाते हुएगारेथ डेलानी को पवेलियन भेज दिया। डेलानी 32 गेंदों में 49 रन बनाकर आउट हुए। उनकी आक्रामक पारी में 3 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। 18 ओवर की अंतिम गेंद पर डेलानी बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में चूक गए। अक्षर पटेल ने आसान कैच लेकर उनकी पारी का अंत कर दिया।

07:30 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: अक्षर पटेल ने जॉर्ज डॉकरेल को किया चलता

अक्षर पटेल ने 17वें ओवर की पहली गेंद पर भारत को एक और महत्वपूर्ण सफलता दिलाते हुए जॉर्ज डॉकरेल का विकेट अपने नाम किया। डॉकरेल 10 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में 2 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। डीप में तैनात अर्शदीप सिंह ने बेहतरीन कैच लपकते हुए उन्हें पवेलियन की राह दिखा दी। 

07:16 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: अर्धशतक के बाद कप्तान भी आउट

हर्षित राणा ने अहम सफलता हासिल करते हुए आयरलैंड के कप्तान लॉर्कन टकर को पवेलियन भेज दिया। टकर ने 36 गेंदों में 50 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। डीप में खड़े तिलक वर्मा ने आसान कैच पकड़कर उनकी पारी का अंत कर दिया।

07:11 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: कप्तान लॉर्कन टकर का अर्धशतक

आयरलैंड के कप्तान लॉर्कन टकर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक पूरा कर लिया है। 14 ओवर के बाद टीम का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 111 रन हो गया है।

06:54 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: 10 ओवर के बाद आयरलैंड 68/4

आयरलैंड ने 10 ओवर के खेल के बाद चार विकेट के नुकसान पर 68 रन बना लिए हैं। इस समय क्रीज पर लॉर्कन टकर 13 रन बनाकर टिके हुए हैं, जबकि गैरेथ डेलानी 7 रन पर उनका साथ दे रहे हैं। दोनों के बीच साझेदारी पनप रही है।

06:42 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: बेंजामिन कैलिट्ज भी आउट

शिवम दुबे ने सातवें ओवर की पहली गेंद पर भारत को एक और सफलता दिलाई। बेंजामिन कैलिट्ज दो छक्कों की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए। 

06:20 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: टिम टैक्टर 17 रन बनाकर आउट

भारत को चौथे ओवर में हर्षित राणा ने एक और सफलता हासिल करते हुए आयरलैंड को तीसरा झटका दिया। टिम टैक्टर 17 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें श्रेयस अय्यर ने शानदार कैच पकड़कर पवेलियन भेजा।

06:15 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: अर्शदीप सिंह ने दिलाई दूसरी सफलता

अर्शदीप सिंह ने भारत को एक और बड़ी सफलता दिलाई है। हैरी टैक्टर बिना कोई रन बनाए संजू सैमसन के हाथों कैच आउट हो गए। इस विकेट के साथ आयरलैंड की शुरुआत और भी मुश्किल हो गई है।

06:10 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: रॉस अडायर कैच आउट

आयरलैंड की टीम को 20 रन के कुल स्कोर पर पहला झटका लगा है। रॉस अडायर 12 रन बनाकर हर्षित राणा की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। संजू सैमसन ने बाईं ओर दौड़ लगाकर शानदार कैच पकड़ा। अभी हैरी टैक्टर और टिम टैक्टर क्रीज पर मौजूद है।

06:01 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: आयरलैंड की पारी शुरू

आयरलैंड की ओर से टिम टैक्टर और रॉस अडायर क्रीज पर मौजूद हैं। अर्शदीप सिंह ने नई गेंद के साथ गेंदबाजी की शुरुआत की।

05:40 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा। 

आयरलैंड: टिम टैक्टर, रॉस अडायर, हैरी टैक्टर, लॉर्कन टकर (कप्तान और विकेटकीपर), बेंजामिन कैलिट्ज, गारेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, लियाम मैकार्थी, मैथ्यू हम्फ्रे, जय मुंधरा, मैथ्यू होलार्ड।

05:34 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: भारत ने जीता टॉस

भारत ने आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा जहां तक वैभव के खेलने की बात है, फिलहाल उन्हें मौका नहीं मिला है। सही समय आने पर उन्हें भी अवसर मिलेगा। इस मुकाबले के लिए हमने तीन तेज गेंदबाज और एक ऑलराउंडर के साथ उतरने का फैसला किया है।

आयरलैंड कप्तान ने कहा कि अगर हम टॉस जीतते, तो हम पहले गेंदबाजी ही करते। यह पिच काफी अच्छी लग रही है। यह टीम के बदलाव का एक चरण है। पिछले कुछ वर्षों में स्टर्लिंग ने बेहतरीन नेतृत्व किया। भारतीय मूल के जय मुंधरा और मैथ्यू होलार्ड आज अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कर रहे हैं।

05:06 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: क्या टूटेगी सफल ओपनिंग जोड़ी?

वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल करने के लिए भारत को अपनी सफल ओपनिंग जोड़ी में बदलाव करना पड़ सकता है। संजू सैमसन टी20 विश्व कप में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' रहे थे, जबकि अभिषेक शर्मा ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, ईशान किशन भी बेहतरीन फॉर्म में हैं। ऐसे में वैभव को जगह देने के लिए टीम प्रबंधन को बड़ा फैसला लेना होगा। अगर वैभव पहले मुकाबले में खेलते हैं तो वह भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे।

04:51 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा / वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई/प्रसिद्ध कृष्णा/प्रिंस यादव।

आयरलैंड: टिम टेक्टर, रॉस अडायर, हैरी टेक्टर, लॉर्कन टकर (कप्तान और विकेटकीपर), बेंजामिन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हम्फ्रीज, मैट होलार्ड, रूबेन विलियम्स, जय मूंद्रा।

04:40 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: क्या सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए करना पड़ेगा इंतजार?

वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्रिकेट फैंस की सबसे बड़ी उत्सुकता यही है कि क्या वह कम उम्र में भारत के लिए डेब्यू कर सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ पाएंगे? लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए ऐसा लगता है कि टीम प्रबंधन किसी भी तरह की जल्दबाजी के पक्ष में नहीं है।

यदि पहले से अच्छा प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों की जगह सुरक्षित रहती है, तो वैभव को अपने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, जिस तरह का प्रदर्शन उन्होंने आईपीएल में किया है, उसे देखते हुए यह तय माना जा रहा है कि नीली जर्सी पहनने का उनका सपना ज्यादा दूर नहीं है। फर्क सिर्फ इतना है कि टीम इंडिया चाहती है कि उनका डेब्यू किसी रिकॉर्ड या सुर्खियों के लिए नहीं, बल्कि पूरी तरह उनकी योग्यता और सही अवसर के आधार पर हो।
 

04:27 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Live Score: कप्तान के रूप में श्रेयस अय्यर की नई शुरुआत

भारत की टी20 टीम की कप्तानी अब श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी, जिन्होंने सूर्यकुमार यादव की जगह यह जिम्मेदारी संभाली है। आईपीएल में अपनी सफल कप्तानी से प्रभावित करने वाले अय्यर के लिए यह सीनियर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहली बड़ी कप्तानी की परीक्षा होगी।

04:12 PM, 26-Jun-2026

IND vs IRE Highlights: आयरलैंड ने भारत को 34 रन से हराया, 0-1 की बढ़त बनाई; अभिषेक की मेहनत पर फिरा पानी

Live Cricket Score Today , India vs Ireland (IND vs IRE) 1st T20 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और आयरलैंड के बीच आज दो मैचों की टी20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है। अय्यर पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कप्तान के तौर पर खेलते नजर आएंगे, वहीं वैभव को आज डेब्यू का मौका मिल सकता है। आप यहां पल-पल के अपडेट्स पढ़ सकते हैं....

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें