इंग्लैंड ने भारत को दूसरे टी20 मैच में चार विकेट से हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। शनिवार को मैनचेस्टर में खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में सात विकेट पर 190 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने जैकब बेथेल की अर्धशतकीय पारी की मदद से 19 ओवर में छह विकेट पर 191 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बेथेल ने भारत के खिलाफ अर्धशतक जड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। वहीं, भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई का एक ओवर काफी महंगा साबित हुआ, जिसमें उन्होंने 29 रन लुटा दिए। बिश्नोई ने अपने चौथे ओवर में तीन नो-बॉल फेंकी, जिसका इंग्लैंड ने पूरा फायदा उठाया। बेथेल ने मिली दो फ्री-हिट गेंदों पर दो शानदार छक्के जड़ते हुए तेजी से रन बटोरे और अपना पचासा भी पूरा किया। यह ओवर भारत के लिए मुकाबले का सबसे महंगा ओवर साबित हुआ।
भारत को इंग्लैंड के खिलाफ पांचवीं सफलता वरुण चक्रवर्ती ने दिलाई। उन्होंने पारी के 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर विल जैक्स को एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत को बड़ी राहत दिलाई। वरुण की नीची रहती फुलटॉस गेंद पर जैक्स ने रिवर्स स्वीप खेलने का प्रयास किया, लेकिन वह पूरी तरह चूक गए और गेंद सीधे उनके पैड पर जा लगी। अंपायर ने तुरंत आउट करार दिया। गेंद की लाइन और इम्पैक्ट दोनों स्टंप्स के अनुरूप थे, जिससे फैसला भारत के पक्ष में गया। इस विकेट के साथ इंग्लैंड पर दबाव और बढ़ गया।
भारत को इंग्लैंड के खिलाफ चौथी सफलता अर्शदीप सिंह ने दिलाई। उन्होंने पारी के 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर टॉम बेंटन को पवेलियन भेजकर भारत को अहम विकेट दिलाया। अर्शदीप ने ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ गेंद डाली, जिस पर बेंटन ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद बल्ले के बीचोंबीच लगी, लेकिन वह गहरे कवर की दिशा में चली गई, जहां तिलक वर्मा ने शानदार कैच लपक लिया। टॉम बेंटन 32 गेंदों में 39 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने छह चौके लगाए और इंग्लैंड की पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन अर्शदीप ने उनकी पारी का अंत कर भारत को बड़ी राहत दिलाई।
इंग्लैंड ने दूसरे टी20 मुकाबले में 11 ओवर के बाद तीन विकेट पर 103 रन बना लिए हैं। शुरुआती तीन झटकों के बावजूद टॉम बेंटन और जैकब बेथेल ने पारी को संभालते हुए टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया है। इस समय जैकब बेथेल 25 गेंदों में 31 रन और टॉम बेंटन 23 गेंदों में 28 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। वहीं, हर्षित राणा ने अब तक दो ओवर में 20 रन दिए हैं, लेकिन उन्हें अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।
भारत को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरी बड़ी सफलता अक्षर पटेल ने दिलाई। अपने पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर अक्षर ने खतरनाक बल्लेबाजी कर रहे हैरी ब्रूक को पवेलियन भेज दिया। ब्रूक लेग साइड की ओर स्वीप शॉट खेलने की कोशिश में थे, लेकिन गेंद उनके ग्लव्स का हल्का किनारा लेकर विकेटकीपर ईशान किशन के दस्तानों में समा गई। मैदानी अंपायर ने शुरुआत में आउट नहीं दिया, जिसके बाद भारत ने डीआरएस लिया। अल्ट्राएज में साफ हुआ कि गेंद ग्लव्स से लगी थी और फैसला भारत के पक्ष में गया।
हैरी ब्रूक 15 गेंदों में 39 रन बनाकर आउट हुए। आउट होने से पहले ब्रूक ने अर्शदीप सिंह के एक ओवर में लगातार तीन छक्के और दो चौके जड़ते हुए कुल 27 रन बटोरे थे, लेकिन अक्षर पटेल ने उनकी विस्फोटक पारी पर समय रहते विराम लगा दिया।
दो शुरुआती विकेट गंवाने के बाद हैरी ब्रूक ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की पारी को संभाल लिया। उन्होंने अर्शदीप सिंह के दूसरे ओवर में जमकर रन बटोरे और मुकाबले का रुख बदलने की कोशिश की। ब्रूक ने इस ओवर में लगातार तीन छक्कों के साथ दो चौके भी लगाए। अर्शदीप के इस ओवर से कुल 27 रन आए। तीन ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 2 विकेट पर 38 रन हो गया।
भारत ने इंग्लैंड की पारी की शुरुआत बेहद शानदार अंदाज में की। अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर की पांचवीं गेंद पर इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर को शून्य पर आउट कर दिया। बटलर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में चूक गए और गेंद वरुण चक्रवर्ती के हाथों में चली गई। इससे पहले अपनी पहली गेंद पर अर्शदीप ने फिल सॉल्ट को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया था।
इंग्लैंड की पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। अर्शदीप सिंह ने मैच की पहली ही गेंद पर ओपनर फिल सॉल्ट को पवेलियन भेजकर भारत को शानदार सफलता दिलाई। अर्शदीप ने ऑफ स्टंप के बाहर शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद डाली, जो अतिरिक्त उछाल के साथ बल्ले का बाहरी किनारा ले गई। बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में फिल सॉल्ट चूक गए और गेंद सीधा विकेटकीपर ईशान किशन के दस्तानों में समा गई। फिल सॉल्ट पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हुए।
भारत ने दूसरे टी20 मुकाबले में इंग्लैंड के सामने 191 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाए। भारत की ओर से ईशान किशन सबसे सफल बल्लेबाज रहे। वह अर्धशतक से सिर्फ एक रन दूर रह गए और 40 गेंदों में 49 रन की पारी खेली। अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों में 43 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। वहीं, कप्तान श्रेयस अय्यर ने 22 गेंदों में 37 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा अंत तक नाबाद रहे और 24 रन का अहम योगदान दिया।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कर रहे 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने भी बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने 10 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 14 रन बनाए और अपने पहले ही मैच में शानदार छाप छोड़ी। इंग्लैंड की ओर से सैम करन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने तीन विकेट झटके। वहीं, जोफ्रा आर्चर, विल जैक्स और लियाम डॉवसन को एक-एक विकेट मिला।
भारत की पारी के 19वें ओवर में टीम को छठा झटका लगा। अक्षर पटेल दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रनआउट हो गए। वह 3 गेंदों में 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यह घटना जोश टंग के ओवर की तीसरी गेंद पर हुई। रन लेने की कोशिश में जोस बटलर ने स्ट्राइकर एंड की ओर थ्रो फेंका, लेकिन गेंद सीधे गेंदबाज एंड के स्टंप्स पर जा लगी। उस समय अक्षर पटेल क्रीज से बाहर थे, जिसके चलते उन्हें रनआउट होकर वापस लौटना पड़ा।
भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन अर्धशतक से महज एक रन दूर रह गए। वह 40 गेंदों में 49 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अपनी पारी में उन्होंने छह चौके लगाए और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। ईशान का विकेट सैम करन ने लिया। करन ने ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ गेंद डाली, जिस पर ईशान ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। हालांकि, गेंद बल्ले से सही तरह नहीं लगी और अतिरिक्त कवर के पास हवा में चली गई। वहां लियाम डॉवसन ने आसान कैच लपककर उनकी पारी का अंत कर दिया। इस विकेट के साथ सैम करन ने मुकाबले में अपना तीसरा विकेट भी हासिल कर लिया। इंग्लैंड के लिए वह अब तक सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए हैं।
भारत की पारी को 145 रन के पार पहुंचने के बाद चौथा बड़ा झटका लगा। शिवम दुबे तेज रन बनाने की कोशिश में सफल नहीं हो सके और सिर्फ 7 गेंदों में 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। शिवम का विकेट सैम करन ने झटका। गेंद हवा में काफी ऊंची चली गई, जहां टॉम बेंटन ने मिड-ऑफ पर आसान कैच लपक लिया। इंग्लैंड ने लगातार कसी हुई गेंदबाजी करते हुए भारत पर दबाव बना दिया और बीच के ओवरों में शानदार वापसी करते हुए टीम को चौथा झटका दिया।
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन के बीच बन रही अहम साझेदारी टूट गई। भारत का स्कोर 130 रन के पार पहुंच चुका है, लेकिन इसी बीच टीम को कप्तान के रूप में बड़ा झटका लगा। श्रेयस अय्यर 22 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। स्पिनर लियाम डॉवसन ने उन्हें अपनी गेंद का शिकार बनाया।
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम ने 10 ओवर के बाद दो विकेट के नुकसान पर 96 रन बना लिए हैं। शुरुआती झटकों के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने पारी को संभाल लिया है। फिलहाल श्रेयस अय्यर 18 रन और ईशान किशन 14 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की, लेकिन वह अपनी शानदार शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। अभिषेक 24 गेंदों में 43 रन बनाकर आउट हो गए। अपनी पारी में उन्होंने आठ चौके और एक छक्का लगाया। अभिषेक का विकेट सैम करन ने लिया। करन की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में उन्होंने हवा में कैच दे दिया, जिसे टॉम बैंटन ने सुरक्षित लपक लिया। इसके साथ ही भारत को अच्छी लय में खेल रहे बल्लेबाज के रूप में बड़ा झटका लगा।
भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का अंतरराष्ट्रीय डेब्यू भले ही शानदार अंदाज में शुरू हुआ, लेकिन उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी। 15 वर्षीय बल्लेबाज 10 गेंदों में 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने इस छोटी पारी में दो शानदार छक्के लगाए। वैभव का विकेट विल जैक्स ने हासिल किया।
भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू को यादगार अंदाज में शुरू किया। 15 वर्षीय बल्लेबाज ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी करते हुए दो शानदार छक्के जड़कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वैभव ने तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने आगमन का एलान कर दिया। जॉफ्रा आर्चर की गेंद को एक घुटने पर बैठकर उन्होंने गेंद को विकेटकीपर के ऊपर से उठाकर बाउंड्री के बाहर पहुंचाया। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला छक्का भी रहा। इसके बाद उन्होंने जॉश टंगे की धीमी गेंद को शानदार टाइमिंग के साथ सीमा रेखा के पार पहुंचाया। ऑफ स्टंप के बाहर सही लेंथ पर मिली गेंद को उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए सीधे दर्शकों के बीच भेज दिया।
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में भारत की पारी शुरू हो गई है। भारत के लिए अभिषेक शर्मा के साथ वैभव सूर्यवंशी पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। इंग्लैंड की तरफ से जोफ्रा आर्चर पहले गेंदबाजी करने आए है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए इसे भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। बोर्ड ने वैभव को उनके डेब्यू पर बधाई दी और इस खास उपलब्धि का जश्न मनाया। वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भारत की ओर से अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेलते हुए भारतीय क्रिकेट के इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया।
A historic day for Indian cricket 💙
— BCCI (@BCCI) July 4, 2026
Vaibhav Sooryavanshi makes his #TeamIndia debut at 1️⃣5️⃣ years, 3️⃣ months, and 8️⃣ days 👏#ENGvIND pic.twitter.com/qr2CnbrwYQ
भारत: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्षित राणा, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बेंटन, सैमसन करन, विल जैक्स, लियाम डॉवसन, जोश टंग, आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर।
भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इस मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया गया, जिसमें संजू सैमसन की जगह 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला। वैभव सूर्यवंशी ने इस मुकाबले के साथ भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह 15 साल और 99 दिन की उम्र में टीम इंडिया के लिए पहला इंटरनेशनल मैच खेलने उतरे।
टॉस के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा कि टीम ने एक बार फिर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। उन्होंने वैभव की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों में युवा बल्लेबाज ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसके दम पर वह इस अवसर का पूरी तरह हकदार है। कप्तान के मुताबिक, वैभव दबाव को खुद पर हावी नहीं होने देता और उसे अच्छी तरह पता है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किन चुनौतियों का सामना करना होगा।
भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिला है। मैच शुरू होने से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी तिलक वर्मा ने उन्हें डेब्यू कैप सौंपी। इसके बाद साथी खिलाड़ियों ने तालियों की गड़गड़ाहट और पीठ थपथपाकर उनका स्वागत किया। इसी के साथ वैभव टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। अब दोनों टीमों के बीच मुकाबले के लिए कुछ ही देर में टॉस होगा।
भारत की संभावित प्लेइंग-11: संजू सैमसन/वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड की घोषित प्लेइंग 11: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बेंटन, सैमसन करन, विल जैक्स, लियाम डॉवसन, जोश टंग, आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर।
पहले टी20 में भारतीय गेंदबाज अपनी क्षमता नहीं दिखा सके क्योंकि बारिश के कारण दूसरी पारी खेली ही नहीं जा सकी। वहीं इंग्लैंड के गेंदबाजों ने पहली पारी में अच्छा प्रदर्शन किया। साकिब महमूद ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, जबकि सैम करन और आदिल रशीद ने भी अहम मौकों पर विकेट चटकाकर भारत पर दबाव बनाया था।
Today Cricket Live Score IND vs ENG 2nd T20I: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जा रहा है। पहले मैच में बारिश के कारण नतीजा नहीं निकल सका था। ऐसे में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया जीत के साथ सीरीज में बढ़त बनाने के इरादे से मैदान में उतरी है, जबकि हैरी ब्रूक की इंग्लैंड भी घरेलू सरजमीं पर दमदार प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी।