दिल्ली टेस्ट में पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। भारत ने बिना कोई विकेट खोए 21 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा 13 और लोकेश राहुल चार रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत फिलहाल ऑस्ट्रेलिया से 242 रन पीछे है। हालांकि, भारत के सभी 10 विकेट बचे हुए हैं। अब मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया बड़ा स्कोर खड़ा कर पहली पारी के आधार पर बढ़त लेना चाहेगी। नागपुर में भी भारत ने पहली पारी में ही विशाल स्कोर खड़ा कर पारी के अंतर से जीत हासिल की थी। अब दिल्ली में भी भारत बड़ी जीत हासिल कर सीरीज में अजेय बढ़त लेना चाहेगा।
पहले दिन क्या हुआ?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने अच्छी शुरुआत की। वॉर्नर और ख्वाजा ने पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़े। वॉर्नर 15 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद लाबुशेन और स्टीव स्मिथ लगातार गेंदों पर अश्विन का शिकार बने। लाबुशेन ने 18 रन बनाए और स्मिथ पहली गेंद पर ही खाता खोले बिना आउट हो गए। ट्रेविस हेड भी 12 रन बनाकर शमी का दूसरा शिकार बने। इसके बाद ही उस्मान ख्वाजा भी 81 रन बनाकर जडेजा का शिकार बने। राहुल ने शानदार कैच पकड़कर उन्हें पवेलियन भेजा। छठे नंबर पर आए पीटर हैंड्सकॉम्ब ने एक छोर संभालकर बल्लेबाजी की। वह 72 रन बनाकर नाबाद रहे। कप्तान पैट कमिंस ने 33 रन बनाए और हैंड्सकॉम्ब के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की। वहीं, नाथन लियोन 10 रन बनाकर आउट हुए।
भारत के लिए सबसे ज्यादा चार विकेट मोहम्मद शमी ने लिए। वहीं, जडेजा और अश्विन को तीन-तीन विकेट मिले।
भारत ने दूसरी पारी में बिना कोई विकेट खोए 21 रन बना लिए हैं। रोहित 13 और राहुल चार रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों मैच के दूसरे दिन अपनी पारी आगे बढ़ाएंगे और बड़ा स्कोर खड़ा करना चाहेंगे।
भारतीय टीम ने भी सधी हुई शुरुआत की है। सात ओवर में बिना विकेट गंवाए भारत का स्कोर 15 रन है। रोहित और राहुल संभलकर खेल रहे हैं और आज के दिन का खेल खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया के 263 रन के जवाब में भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और लोकेश राहुल की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। दोनों बल्लेबाज आज के दिन का खेल खत्म होने तक बल्लेबाजी करना चाहेंगे और दूसरे दिन बड़ी पारी खेलने की कोशिश करेंगे। पहले ओवर का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के पांच रन है।
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पहली पारी में 263 रन बनाए हैं। उस्मान ख्वाजा और पीटर हैंड्सकॉम्ब ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं, जबकि भारत के लिए मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। वहीं, अश्विन और जडेजा को तीन-तीन विकेट मिले।
पहली पारी में क्या हुआ?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने अच्छी शुरुआत की। वॉर्नर और ख्वाजा ने पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़े। वॉर्नर 15 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद लाबुशेन और स्टीव स्मिथ लगातार गेंदों पर अश्विन का शिकार बने। लाबुशेन ने 18 रन बनाए और स्मिथ पहली गेंद पर ही खाता खोले बिना आउट हो गए। ट्रेविस हेड भी 12 रन बनाकर शमी का दूसरा शिकार बने। इसके बाद ही उस्मान ख्वाजा भी 81 रन बनाकर जडेजा का शिकार बने। राहुल ने शानदार कैच पकड़कर उन्हें पवेलियन भेजा। छठे नंबर पर आए पीटर हैंड्सकॉम्ब ने एक छोर संभालकर बल्लेबाजी की। वह 72 रन बनाकर नाबाद रहे। कप्तान पैट कमिंस ने 33 रन बनाए और अर्धशतकीय साझेदारी की। वहीं, नाथन लियोन 10 रन बनाकर आउट हुए।
भारत के लिए सबसे ज्यादा चार विकेट मोहम्मद शमी ने लिए। वहीं, जडेजा और अश्विन को तीन-तीन विकेट मिले।
नौ विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। पीटर हैंड्स्कॉम्ब और मैथ्यू कुहनेमान क्रीज पर हैं। हैंड्सकॉम्ब अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं और अपनी टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने में अहम रोल अदा किया है। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया की टीम लड़ने लायक स्कोर बना चुकी है।
246 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का नौवां विकेट गिरा है। मोहम्मद शमी ने नाथन लियोन को क्लीन बोल्ड किया। लियोन ने 26 गेंद में दो चौकों की मदद से 10 रन बनाए। अब पीटर हैंड्सकॉम्ब के साथ मैथ्यू कुहनेमान क्रीज पर हैं। 75 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर नौ विकेट पर 248 रन है।
227 रन के स्कोर पर ही ऑस्ट्रेलिया का आठवां विकेट गिरा है। रवींद्र जडेजा ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की टीम को मुश्किल में डाल दिया है। उन्होंने मर्फी को क्लीन बोल्ड किया। मर्फी ने चार गेंदों का सामना किया और अपना खाता भी नहीं खोल पाए। अब पीटर हैंड्सकॉम्ब के साथ नाथन लियोन क्रीज पर हैं। 69 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर आठ विकेट पर 233 रन है।
227 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का सातवां विकेट गिरा है। रवींद्र जडेजा ने पैट कमिंस को 33 रन के स्कोर पर आउट किया। कमिंस एलबीडबल्यू आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। उन्होंने हैंड्सकॉम्ब के सात 59 रन की साझेदारी की।
पीटर हैंड्सकॉम्ब का अर्धशतक पूरा हो चुका है। उन्होंने 110 गेंदों में अपने 50 रन पूरे किए। वह अपनी पारी में अब तक छह चौके लगा चुके हैं। कमिंस के साथ शानदार साझेदारी कर उन्होंने टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया है। 67 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह विकेट पर 226 रन है।
ऑस्ट्रेलिया के पीटर हैंड्सकॉम्ब और कप्तान पैट कमिंस के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। हैंड्सकॉम्ब अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। कमिंस भी इस मैच में बल्ले के साथ कमाल कर रहे हैं और टीम का स्कोर 200 रन के पार ले जा चुके हैं।
छह विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। पैट कमिंस और पीटर हैंड्सकॉम्ब क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है और ऑस्ट्रेलिया की टीम में बनी हुई है। ये दोनों बड़ी साझेदारी कर कंगारू टीम का स्कोर 300 के करीब ले जाना चाहेंगे। पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाने पर ऑस्ट्रेलिया के लिए मैच में आसानी होगी। 62 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह विकेट पर 209 रन है।
चायकाल के बाद खेल शुरू हो गया है। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस और पीटर हैंड्सकॉम्ब क्रीज पर हैं। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 31 रनों की साझेदारी कर ली है। ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट पर 199 रन बना लिए हैं।
पहले दिन चायकाल तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 199/6 है। पीटर हैंड्सकॉम्ब 36 और पैट कमिंस 23 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं और दोनों के बीच 31 रन की साझेदारी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया की टीम मैच में बनी हुई है। भारत के लिए अश्विन ने तीन, शमी ने दो और जडेजा ने एक विकेट लिया है।
छह विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 200 रन के करीब जा चुका है। पीटर हैंड्सकॉम्ब और पैट कमिंस क्रीज पर हैं। कमिंस तेजी से रन बना रहे हैं। वहीं, हैंड्सकॉम्ब संभलकर खेल रहे हैं। 53 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह विकेट पर 188 रन है।
168 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिरा है। अश्विन ने एलेक्स कैरी को विराट कोहली के हाथों कैच कराया। इस पारी में यह अश्विन की तीसरी सफलता है और वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने 100 विकेट पूरे कर चुके हैं। कैरी ने इस मैच में पांच गेंद खेली, लेकिन कोई रन नहीं बना सके। अब पीटर हैंड्सकॉम्ब के साथ कप्तान पैट कमिंस क्रीज पर हैं। 48 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह विकेट पर 169 रन है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में अश्विन दूसरे स्थान पर हैं। दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले 111 विकेट के साथ इस सूची में पहले स्थान पर हैं।
167 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का पांचवां विकेट गिरा है। उस्मान ख्वाजा 125 गेंद में 81 रन की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौट चुके हैं। ख्वाजा ने अपनी पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया। रवींद्र जडेजा की गेंद पर लोकेश राहुल ने शानदार कैच पकड़कर ख्वाजा को पवेलियन की राह दिखाई। अब पीटर हैंड्सकॉम्ब के साथ एलेक्स कैरी क्रीज पर हैं।
पीटर हैंड्सकॉम्ब और उस्मान ख्वाजा के बीच पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। ख्वाजा धीरे-धीरे अपने शतक के करीब पहुंच रहे हैं। वहीं, हैंड्सकॉम्ब भी अच्छी पारी खेल रहे हैं। इन दोनों के बीच बेहतरीन साझेदारी के चलते ऑस्ट्रेलियाई टीम मैच में बनी हुई है। 45 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 162 रन है।
चार विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। पीटर हैंड्सकॉम्ब और उस्मान ख्वाजा के बीच अच्छी साझेदारी हुई है। ये दोनों एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई टीम को मैच में ले आए हैं। 42 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 155 रन है।
ऑस्ट्रेलिया के लिए पीटर हैंड्सकॉम्ब और उस्मान ख्वाजा के बीच बेहतरीन साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में दिख रहे हैं और कंगारू टीम को अच्छे स्कोर तक ले जाने की कोशिश करेंगे। 41 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 149 रन है।
108 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का चौथा विकेट गिरा है। मोहम्मद शमी ने ट्रेविस हेड को स्लिप में लोकेश राहुल के हाथों कैच कराया है। हेड ने 30 गेंद में 12 रन बनाए। उनकी पारी में एक चौका और एक छक्का शामिल था। इस पारी में यह शमी के दूसरी सफलता है। अब उस्मान ख्वाजा के साथ पीटर हैंड्सकॉम्ब क्रीज पर हैं। 32 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 109 रन है।
तीन विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। ट्रेविस हेड और उस्मान ख्वाजा की जोड़ी क्रीज पर है। दोनों अच्छी लय में दिख रहे हैं और बड़ी साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को अच्छे स्कोर तक पहुंचाना चाहेंगे।
दिल्ली टेस्ट में पहले दिन दूसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड और उस्मान ख्वाजा क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज तेजी से रन बनाकर अपनी टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचाना चाहेंगे। ख्वाजा अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं, लेकिन हेड कुछ समय पहले ही क्रीज पर आए हैं।
दिल्ली टेस्ट में पहले दिन के पहले सत्र का खेल खत्म हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट खोकर 94 रन बनाए हैं। इस मैच में कंगारू टीम ने दमदार शुरुआत की थी और पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़े थे। हालांकि, पहले सत्र का खेल खत्म होने से ठीक पहले अश्विन ने एक ही ओवर में मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ को आउट कर भारत को मैच में काफी आगे कर दिया। उस्मान ख्वाजा अब तक अच्छी लय में दिखे हैं और अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं। वहीं, ट्रेविस हेड उनका साथ दे रहे हैं। भारत के लिए अश्विन ने दो और शमी ने एक विकेट लिया है।
ऑस्ट्रेलिया के लिए उस्मान ख्वाजा ने बेहतरीन पारी खेली है। उन्होंने अपने टेस्ट करियर का 20वां अर्धशतक लगाकर टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया है। ख्वाजा ने 71 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। पहले टेस्ट में फेल होने के बाद उन्होंने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की है।
ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में अच्छी शुरुआत की थी। 50 रन पर डेविड वॉर्नर के आउट होने के बाद लाबुशेन और ख्वाजा ने टीम का स्कोर एक विकेट पर 91 रन तक पहुंचा दिया था और कंगारू टीम बेहतर स्थिति मे ंदिख रही थी। इसके बाद अश्विन ने दो गेंदों में दो विकेट लेकर कंगारू टीम को बैकफुट में ढकेल दिया। अगले ओवर की पहली गेंद पर जडेजा ने ट्रेविस हेड को आउट कर दिया था। हालांकि, हेड ने अंपायर के फैसले को चुनौती दी और गेंद लेग स्टंप के बाहर टप्पा खाई थी। ऐसे में वह ख्वाजा के साथ क्रीज पर बने हुए हैं। 24 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 92 रन है।
अश्विन ने लगातार दो गेंदों पर ऑस्ट्रेलिया के दो सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों को आउट किया है। लाबुशेन को एलबीडबल्यू आउट करने के बाद उन्होंने स्मिथ को विकेट के पीछे केएस भरत के हाथों कैच कराया। स्मिथ पहली गेंद पर पवेलियन लौट गए और अपना खाता तक नहीं खोल सके। इसी के साथ अश्विन का ओवर खत्म हो गया। अगले ओवर की पहली गेंद पर उनके पास अपनी हैट्रिक पूरी करने का मौका रहेगा। अब ख्वाजा के साथ ट्रेविस हेड क्रीज पर हैं और ऑस्ट्रेलिया की टीम मुश्किल में आ गई है। 23 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 91 रन है।
91 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका लगा है। मार्नस लाबुशेन 25 गेंद में 18 रन बनाकर पवेलियन लौट चुके हैं। अश्विन ने उन्हें विकटों के सामने फंसाया। अंपायर ने पहले लाबुशेन को आउट नहीं दिया था, लेकिन भारतीय टीम ने अंपायर के फैसले को चुनौती दी और गेंद का बल्ले के साथ कोई संपर्क नहीं हुआ था। अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा और लाबुशेन पवेलियन लौट गए। उन्होंने ख्वाजा के साथ 41 रन की साझेदारी की।
50 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका लगा है। मोहम्मद शमी ने दिल्ली टेस्ट में भारत को पहली सफलता दिलाई है। उन्होंने डेविड वॉर्नर को 15 रन के स्कोर पर विकेटकीपर श्रीकर भरत के हाथों कैच कराया। वॉर्नर ने 44 गेंद की पारी में तीन चौके लगाए। अब उम्सान ख्वाजा के साथ मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। इस सीरीज में पहली बार ऑस्ट्रेलिया की सलामी जोड़ी ने अर्धशतकीय साझेदारी की है। यह कंगारू टीम के लिए अच्छे संकेत हैं। अब ऑस्ट्रेलिया की कोशिश पहले दिन बड़ा स्कोर खड़ा करने की होगी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने अच्छी शुरुआत की है। 10 ओवर में कंगारू टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 26 रन बना लिए हैं। वार्नर और ख्वाजा की सलामी जोड़ी इस मैच में संभलकर बल्लेबाजी कर रही है और अपनी टीम को बेहतर शुरुआत देने की कोशिश कर रही है। इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने लड़ने का जज्बा दिखाया है। ऐसे में यह मुकाबला रोमांचक हो सकता है। 12 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर बिना किसी नुकसान के 37 रन है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सधी शुरुआत की है। ख्वाजा और वॉर्नर की जोड़ी क्रीज पर अपनी नजरें जमा रही है। हालांकि, वॉर्नर ने अब तक कोई रन नहीं बनाया है। वहीं, ख्वाजा दूसरे छोर पर अच्छी लय में दिख रहे हैं। सात ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर बिना किसी नुकसान के 21 रन है।
टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। डेविड वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। मैच की पहली ही गेंद पर बाय के रूप में ऑस्ट्रेलिया को मुफ्त के चार रन मिल गए। शमी ने लेग स्टंप के काफी बाहर गेंद की थी और विकेटकीपर इसे पकड़ पाने में असफल रहे। पहले ओवर की आखिरी गेंद में अंपायर ने वॉर्नर को एलबीडबल्यू आउट दे दिया था, लेकिन उन्होंने रिव्यू लिया और गेंद उनके बल्ले में लगने के बाद पैड पर लगी थी। ऐसे में वॉर्नर क्रीज पर सुरक्षित रहे। एक ओवर का खेल खत्म होने के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर बिना किसी नुकसान के चार रन है।
चेतेश्वर पुजारा के 100वें टेस्ट के मौके पर उनका पूरा परिवार मैदान में पहुंचा। पुजारा के पिता, पत्नी और बेटी इस मैच की शुरुआत में मैदान पर थे। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने उन्हें 100वें टेस्ट की खास टोपी दी। पुजारा भारत के लिए 100 टेस्ट खेलने वाले 13वें खिलाड़ी हैं।
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, श्रीकर भरत (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलियाः डेविड वार्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, पीटर हैंड्सकॉम्ब, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), टॉड मर्फी, नाथन लियोन, मैथ्यू कुहेमान।
इस मैच में दोनों टीमें बदलाव के साथ उतरी हैं। भारतीय टीम में सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को मौका दिया गया है। पिछले मैच के लिए श्रेयस फिट नहीं थे। ऐसे में सूर्यकुमार यादव ने अपना टेस्ट डेब्यू किया था, लेकिन वह कुछ खास नहीं कर पाए। ऐसे में श्रेयस के फिट होने पर टीम में उनकी वापसी हुई है। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम में तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड की जगह मैथ्यू कुहेमान को मौका दिया गया है। मैट रेनशॉ की जगह ट्रेविस हेड टीम में वापस आए हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। दिल्ली की पिच पहले दिन बल्लेबाजी के लिए आसान होगी। इसके बाद यहां स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलेगी। ऐसे में कंगारू टीम पिच का फायदा उठाकर पहले दिन काफी रन बनाना चाहेगी। नागपुर में भी ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया था, लेकिन यह टीम पहले दिन ही 177 रन पर सिमट गई थी और मैच पारी के अंतर से हार गई थी। इस मैच में कंगारू टीम बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी।
ऑस्ट्रेलिया के लिए स्पिन गेंदबाज कुहेमान डेब्यू कर रहे हैं। मैच से पहले उन्हें कंगारू टीम की कैप दी गई। मार्नस लाबुशेन ने उन्हें यह कैप दी। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट खेलने वाले 466 खिलाड़ी होंगे। कुहेमान बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज हैं और घरेलू क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड शानदार है।
रवींद्र जडेजा के पास इस मैच में टेस्ट में अपने 250 विकेट पूरे करने का मौका है। वह इस कीर्तिमान से एक विकेट दूर हैं। वहीं, रविचंद्रन अश्विन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 100 विकेट लेने से तीन विकेट दूर हैं। यही दोनों गेंदबाज इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ा खतरा होंगे।
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा आज अपने करियर का 100वां टेस्ट खेलेंगे। उनके 100वें टेस्ट से पहले सभी साथियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके सफर को याद किया। पुजारा ने कहा है कि एक क्रिकेटर के रूप में उनका सपना विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीतने का है।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला दिल्ली के एरुण जेटली स्टेडियम में है। चार मैच की सीरीज का पहला मैच भारत ने नागपुर में पारी और 132 रन से जीता था। अब टीम इंडिया की कोशिश दूसरा मैच जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने की होगी। ऑस्ट्रेलिया को इस सीरीज में स्पिन गेंदबाजों ने खासा परेशान किया है और दिल्ली में भी स्पिन गेंदबाजों के हावी रहने की उम्मीद है।