प्रिंस यादव की गेंद पर रहमत शाह बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में फंस गए और गुरनूर बराड़ ने उनका कैच पकड़ लिया। इसके साथ ही भारत ने यह मुकाबला 170 रन से जीत लिया। दरविश रसूली रिटायर्ड हर्ट हुए, फिर बैटिंग करने नहीं उतरे। मैच खत्म होते ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ मिलाए। रसूली बल्लेबाजी के लिए वापस नहीं आए और इसी के साथ मुकाबला समाप्त हो गया। भारत ने इस जीत के साथ सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। रहमत शाह 89 गेंदों में 79 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 8 चौके शामिल रहे।
गुरनूर बरार ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए सलीम सफी को बोल्ड कर दिया। उन्होंने 139.5 किमी प्रति घंटे की तेज यॉर्कर डाली, जो अंदर आती हुई सीधी स्टंप पर जाकर लगी और सफी का विकेट गिर गया। सलीम सफी 19 गेंदों में 9 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 2 चौके शामिल थे।
अर्शदीप सिंह ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर अफगानिस्तान को बड़ा झटका दिया। उनकी गेंद पर एएम गजनफर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में सफल नहीं हो सके और श्रेयस अय्यर ने उनका कैच लपक लिया। गजनफर सिर्फ 2 गेंदों में 1 रन बनाकर आउट हुए। इस विकेट के साथ अर्शदीप सिंह हैट्रिक पर पहुंच गए और अफगानिस्तान की मुश्किलें और बढ़ गईं।
प्रिंस यादव ने डेब्यू मैच में अपने वनडे करियर का पहला विकेट लिया। अफगानिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। प्रिंस ने नांगेयालिया खरोटी को आउट किया जो छह रन बनाकर आउट हुए।
गुरनूर बरार ने हशमातुल्लाह शाहिदी को आउट कर अफगानिस्तान को चौथा झटका दिया है। शाहिदी चार रन बनाकर आउट हुए।
डारविश रसूली रिटायर्ड होकर पवेलियन लौट गए हैं। बल्लेबाजी करते वक्त रसूली को क्रैंप आ गया और वह क्रीज पर ही लेट गए। इसके बाद फिजियो आए और उनका उपचार किया, लेकिन वह पवेलियन लौट गए।
वाशिंगटन सुंदर ने सेदिकुल्लाह अटल को आउट कर अफगानिस्तान को तीसरा झटका दिया। सेदिकुल्लाह 50 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए।
भारत को इब्राहिम जादरान के रूप में दूसरी सफलता मिली है। जादरान अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन अर्शदीप की गेंद पर आउट हो गए। प्रिंस यादव ने शानदार तरीके से जादरान का कैच पकड़ा। जादरान 31 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए।
सेदिकुल्लाह अटल और इब्राहिम जादरान के बीच साझेदारी पनप रही है। भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान की शुरुआत धीमी रही है और टीम ने एक विकेट भी गंवा दिया है।
गुरनूर बरार ने रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट कर अफगानिस्तान को पहला झटका दिया है। गुरबाज को इससे पहले प्रिंस यादव की गेंद पर जीवनदान मिला था, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके और 33 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुए।
प्रिंस यादव की गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज को जीवनदान मिला। प्रिंस की गेंद पर गुरबाज ने शॉट खेला, लेकिन गेंद ऊंची उठ गई और 30 यार्ड पर कैच हो गई। लेकिन ये नो बॉल हुई क्योंकि प्रिंस का पैर क्रीज से आगे आ गया था। इस तरह प्रिंस यादव का डेब्यू पर विकेट लेने का इंतजार बढ़ गया।
भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान की पारी शुरू हो गई है। भारत ने अफगानिस्तान को 403 रनों का लक्ष्य दिया है। अफगानिस्तान की ओर से इब्राहिम जादरान और रहमानुल्लाह गुरबाज क्रीज पर मौजूद हैं।
गिल और ईशान किशन के शतकों की मदद से भारत ने अफगानिस्तान को 403 रनों का लक्ष्य दिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 402 रन बनाए। भारत ने वनडे इतिहास में आठवीं बार 400 रनों का आंकड़ा पार किया है और वह इस मामले में दक्षिण अफ्रीका की बराबरी पर पहुंच गया है। भारत के लिए इस मैच में गिल और ईशान ने दमदार बल्लेबाजी की। एक समय भारतीय टीम 450 रन का आंकड़ा पार करने की स्थिति में दिखाई दे रही थी, लेकिन गिल और ईशान के आउट होने के बाद अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने वापसी की।
भारत के लिए सबसे ज्यादा रन गिल ने बनाए जो 154 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा ईशान ने 125 रनों की पारी खेली। गिल और ईशान के बीच तीसरे विकेट के लिए 224 रनों की साझेदारी हुई। इन दोनों के अलावा रोहित शर्मा 48, श्रेयस अय्यर 26 और वाशिंगटन सुंदर 19 रन बनाकर आउट हुए। अफगानिस्तान की ओर से नांगेयालिया खरोटी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि राशिद खान को तीन सफलता मिली। वहीं, ए.एम. गजनफर और मोहम्मद सलीम सैफी को एक-एक विकेट मिले।
भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ आठ विकेट गंवा दिए हैं। भारत को अर्शदीप सिंह के रूप में आठवां झटका लगा जो तीन रन बनाकर आउट हुए।
भारत को गुरनूर बरार के रूप में सातवां झटका लगा है। राशिद खान ने गुरनूर को आउट किया जो सात गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए।
भारत को श्रेयस अय्यर के रूप में छठा झटका लगा है। श्रेयस को खरोटी ने अपना शिकार बनाया जो 24 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए।
खरोटी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए भारत को पांचवां झटका दिया। खरोटी ने पहले गिल को आउट किया और अगली गेंद पर केएल राहुल को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। हालांकि, खरोटी हैट्रिक पूरी नहीं कर सके।
भारत को कप्तान शुभमन गिल के रूप में चौथा झटका लगा है। गिल ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की और वह 110 गेंदों पर 22 चौकों और दो छक्कों की मदद से 154 रन बनाकर आउट हुए। गिल इसके साथ ही सबसे कम पारियों में भारत के लिए 3000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने 150 रन पूरे कर लिए हैं। गिल और श्रेयस के बीच साझेदारी पनप रही है। इसके साथ ही भारत ने 350 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। अभी भारत की पारी में आठ ओवर और शेष हैं।
भारत को ईशान किशन के रूप में तीसरा झटका लगा है जो शतक लगाकर पवेलियन लौटे। नांगेयालिया खारोटी की गेंद पर ऊंचा शॉट खेलने के चक्कर में ईशान अपना विकेट गंवा बैठे। ईशान इस मैच में विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे थे और 79 गेंदों पर 14 चौकों और सात छक्कों की मदद से 125 रन बनाकर आउट हुए। ईशान और गिल के बीच तीसरे विकेट के लिए 224 रनों की साझेदारी हुई।
शतक लगाने के बाद भी गिल और ईशान किशन ने शैली में कोई बदलाव नहीं किया है और इन दोनों बल्लेबाजों की शानदार साझेदारी जारी है। गिल और ईशान के बीच तीसरे विकेट के लिए 200+ रनों की साझेदारी पूरी हो गई है और भारत का स्कोर भी 300 रन के पार पहुंच गया है।
कप्तान गिल के बाद ईशान किशन ने भी अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में शतक जड़ दिया है। ईशान ने 71 गेंदों पर अपना सैकड़ा पूरा किया। ईशान और गिल के बीच तीसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी जारी है और दोनों बल्लेबाज अब तक 170 रन जोड़ चुके हैं।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 77 गेंदों पर शतक जड़ दिया है। गिल का यह वनडे में नौवां सैकड़ा है। उन्होंने ईशान किशन के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए बड़ी साझेदारी निभाई है। दोनों बल्लेबाज अब तक 150+ रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। ईशान भी शतक लगाने के करीब हैं।
ईशान किशन ने अफगानिस्तान के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। ईशान और गिल के बीच तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी हो गई है जिससे भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंच गया है।
गिल और ईशान किशन के बीच शानदार साझेदारी जारी है। गिल जहां शतक की ओर बढ़ रहे हैं, वहीं ईशान अर्धशतक लगाने के करीब हैं। भारत का स्कोर भी 200 के करीब पहुंच गया है।
गिल और ईशान किशन के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो गई है। गिल शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और दूसरे छोर पर किशन भी उनका साथ बखूबी निभा रहे हैं।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में अर्धशतक जड़ दिया है। गिल ने लगातार दूसरे मैच में पचासा लगाया। रोहित के आउट होने के बाद अब वह ईशान किशन के साथ मिलकर साझेदारी आगे बढ़ा रहे हैं।
भारत को रोहित शर्मा के रूप में दूसरा झटका लगा है। रोहित और गिल के बीच दूसरे विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी हुई जिसे राशिद खान ने तोड़ा। रोहित अर्धशतक लगाने के करीब थे, लेकिन 39 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुए।
सात ओवर के बाद भारत ने एक विकेट पर 55 रन बना लिए हैं। रोहित 17 गेंद में 26 रन और शुभमन 16 गेंद में 23 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
पारी के चौथे ओवर में रोहित शर्मा ने लगातार दो छक्के जड़े। सलीम साफी इस ओवर में गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की तीसरी गेंद सलीम ने शॉर्ट रखी और रोहित ने ट्रेडमार्क पुल शॉट पर डीप मिडविकेट के ऊपर से छह रन बटोरे। इसकी अगली गेंद फिर सलीम ने शॉर्ट रखी। रोहित ने फिर से पुल पर छक्का जड़ा। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 28 रन है। रोहित 10 गेंद में 17 रन और गिल पांच गेंद में पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं।
यशस्वी जायसवाल का विकेट दूसरे ओवर में ही गिर गया। नौ पर भारत को पहला झटका लगा। उन्हें सलीम साफी ने खरोटी के हाथों कैच कराया। यशस्वी एक चौके की मदद से चार रन ही बना सके। वहीं, रोहित ने दूसरे ओवर में चौके के साथ अपना खाता खोला। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर नौ रन है। फिलहाल रोहित के साथ कप्तान शुभमन गिल क्रीज पर हैं।
दूसरे वनडे की शुरुआत हो चुकी है। पहले ओवर में अल्लाह गजनफर ने गेंदबाजी की और मेडन ओवर किया। फिलहाल यशस्वी जयसवाल और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं।
भारत: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सदीकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), दरवेश रसूली, राशिद खान, नंगेयालिया खरोटी, एएम गजनफर, मोहम्मद सलीम सफी, बिलाल सामी।
🚨 Toss 🚨
— BCCI (@BCCI) June 17, 2026
Afghanistan have won the toss and elected to bowl in the 2⃣nd ODI.
Updates ▶️ https://t.co/JYJ5l44iJ6#TeamIndia | #INDvAFG | @IDFCFIRSTBank pic.twitter.com/SytPh2cKsV
अफगानिस्तान ने दूसरे वनडे में टॉस जीत लिया है। कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। वहीं, भारत की ओर से प्रिंस यादव डेब्यू कर रहे हैं। आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए खेलने वाले प्रिंस को लखनऊ में ही अंतरराष्ट्रीय कैप सौंपी गई है। उन्हें श्रेयस अय्यर ने कैप सौंपी। वह इस सीरीज में टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे भी पहले वनडे में डेब्यू कर चुके हैं। भारत और अफगानिस्तान दोनों टीमों में काफी बदलाव हैं। भारतीय टीम से नीतीश रेड्डी को बाहर किया गया है। टीम इंडिया में प्रिंस यादव के अलावा कुलदीप यादव और यशस्वी जायसवाल को शामिल किया गया है। कुलदीप हर्ष दुबे की जगह आए हैं। प्रिंस प्रसिद्ध की जगह शामिल किए गए हैं।
Precious moments ✨
— BCCI (@BCCI) June 17, 2026
Congratulations to Prince Yadav as he receives his #TeamIndia ODI debut cap from Vice-captain Shreyas Iyer 🥳👏
Updates ▶️ https://t.co/JYJ5l44iJ6#INDvAFG | @IDFCFIRSTBank pic.twitter.com/dX9JYubQFH
अफगानिस्तान के लिए पहले वनडे में रहमानुल्लाह गुरबाज ने शानदार शतक लगाया था, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का पर्याप्त साथ नहीं मिला। टीम को दूसरे मैच में बेहतर सामूहिक बल्लेबाजी की उम्मीद होगी। राशिद खान, एएम गजनफर और मोहम्मद नबी की स्पिन तिकड़ी धर्मशाला में प्रभाव नहीं छोड़ पाई थी, लेकिन लखनऊ की पिच स्पिनरों के लिए अधिक मददगार साबित हो सकती है। बहरहाल, भारत के पास सीरीज जीतने का मौका है, वहीं अफगानिस्तान के लिए यह मुकाबला 'करो या मरो' जैसा होगा। ऐसे में लखनऊ में एक और रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा रही है।
पहले मैच में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले गुरनूर बराड़ ने तीन विकेट लेकर शानदार शुरुआत की थी। ऐसे में उन्हें एक और मौका मिलना लगभग तय माना जा रहा है। आईपीएल में प्रभावित करने वाले प्रिंस यादव को अभी इंतजार करना पड़ सकता है। भारत के तेज गेंदबाजों ने पहले मुकाबले में अनुशासित प्रदर्शन किया था और टीम प्रबंधन उसी संयोजन को बरकरार रखना चाहेगा।
पहले वनडे में भारत ने कुलदीप यादव को आराम देकर बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे को डेब्यू का मौका दिया था। दुबे ने तीन विकेट लेकर प्रभावित भी किया, लेकिन अनुभवी कुलदीप यादव की वापसी की संभावना बनी हुई है। हाल के समय में कुलदीप की फॉर्म उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है। आईपीएल और अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में भी वह संघर्ष करते दिखे थे। इसके बावजूद वनडे क्रिकेट में उनका अनुभव और बीच के ओवरों में विकेट निकालने की क्षमता टीम के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है।
पहले वनडे में रोहित शर्मा बल्लेबाजी के दौरान कलाई पर गेंद लगने के बाद असहज नजर आए थे। हालांकि उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी, लेकिन उनकी फिटनेस को लेकर कुछ सवाल बने हुए हैं। यदि टीम प्रबंधन एहतियात के तौर पर रोहित को आराम देने का फैसला करता है तो यशस्वी जायसवाल को मौका मिल सकता है। बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने हाल के महीनों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है और सीमित अवसरों में खुद को साबित भी किया है।
भारत और अफगानिस्तान के बीच बुधवार को तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच दोपहर दोपहर डेढ़ बजे शुरू होगा। धर्मशाला में बारिश से प्रभावित पहले वनडे में भारत ने अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई थी। अब लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने वाले दूसरे मुकाबले में जीत भारत को अजेय बढ़त दिला सकती है। हालांकि, भारतीय टीम की नजर सिर्फ मौजूदा सीरीज पर नहीं है। अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप को देखते हुए टीम मैनेजमेंट प्रयोग करना चाहता है। कप्तान शुभमन गिल पहले ही साफ कर चुके हैं कि टीम का फोकस अलग-अलग विकल्पों को आजमाने पर रहेगा।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला थोड़ी देर में शुरू होगा। यह मुकाबला लखनऊ में खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने पहला वनडे सात विकेट से अपने नाम किया था। टीम इंडिया की नजर दूसरा वनडे जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त बनाने पर है।