भारत और बांग्लादेश के बीच शनिवार को खेले गए अंडर-19 विश्व कप के रोमांचक मुकाबले में आयुष म्हात्रे की अगुवाई वाली टीम ने 18 रन से शानदार जीत दर्ज की। बारिश से प्रभावित मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिज्ञान कुंडू और वैभव सूर्यवंशी की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 48.4 ओवर में 238 रन बनाए थे। जवाब में बांग्लादेश की टीम को बारिश के कारण डीएलएस प्रणाली के जरिये 29 ओवर में 165 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला। टीम 28.3 ओवर में 146 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। उनके लिए कप्तान अजिजुल हकीम ने सर्वाधिक 51 रनों की पारी खेली। वहीं, भारत की ओर से विहान मल्होत्रा ने चार विकेट लिए जबकि खिलान पटेल ने दो सफलाएं अपने नाम कीं। इसके अलावा दीपेश देवेंद्रन, हेनिल पटेल और कनिष्क चौहान ने एक-एक विकेट हासिल किया।
भारत और बांग्लादेश के बीच बारिश रुकने के बाद मैच दोबारा शुरू हो गया है। अब यह मुकाबला 29 ओवर का होगा और बांग्लादेश को डीएलएस प्रणाली के जरिये 165 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला है। बांग्लादेश के लिए हकीम और सिद्धिकी क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत और बांग्लादेश की अंडर-19 टीमों के बीच विश्व कप का मैच बारिश के कारण एक बार फिर रुक गया है। भारत ने बांग्लादेश को 239 रनों का लक्ष्य दिया है। जवाब में बांग्लादेश ने 17.2 ओवर में दो विकेट पर 90 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर तमीम और अलीन मौजूद हैं। इससे पहले भारत की पारी के दौरान भी बारिश ने मैच में खलल डाला था जिसके बाद मैच 49-49 ओवर का कराने का फैसला किया गया।
भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश का स्कोर 80 रन के पार पहुंच गया है। बांग्लादेश के लिए तमीम के साथ कलाम सिद्धिकी अलीन क्रीज पर मौजूद हैं।
कनिष्क चौहान ने रिफात को आउट कर बांग्लादेश को दूसरा झटका दिया है। रिफात 37 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। रिफात और तमीम के बीच दूसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी हुई।
तमीम और रिफात ने शुरुआती झटका लगने के बाद बांग्लादेश को संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच अब तक 30+ रनों की साझेदारी हो गई है जिससे बांग्लादेश का स्कोर 40 रन के पार पहुंच गया है।
दीपेश देवेंद्रन ने बांग्लादेश को पहला झटका दिया है। दीपेश ने जावेद अबरार को आउट किया जो तीन गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए।
भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की पारी शुरू हो गई है। बांग्लादेश के लिए जावेद और रिफात पारी का आगाज करने उतरे हैं।
भारतीय अंडर-19 टीम ने वैभव सूर्यवंशी और अभिज्ञान कुंडू के अर्धशतकों की मदद से बांग्लादेश को 239 रनों का लक्ष्य दिया है। बांग्लादेश ने विश्व कप के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला लिया। भारत ने कुंडू के 80 रन और वैभव के 72 रनों के दम पर 48.4 ओवर में 238 रन बनाए। मैच में बारिश ने भी खलल डाला जिस कारण मैच 49-49 ओवर का कराने का फैसला किया गया।
भारत के लिए इस मैच में कुंडू और वैभव के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। भारत के लिए कनिष्क चौहान ने 28, दीपेश देवेंद्र ने 11, खिलान पटेल ने आठ, विहान मल्होत्रा ने सात, आयुष म्हात्रे ने छह, आरएस अंबरीश ने पांच और हरवंश पंगालिया ने दो रन बनाए। वहीं, हेनिल पटेल सात रन बनाकर नाबाद रहे। बांग्लादेश के लिए अल फहाद ने पांच विकेट झटके, जबकि इकबाल हुसैन इमोन और हकीम तमीम ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, जिबोन को एक विकेट मिला।
अल फहाद ने अभिज्ञान कुंडू को आउट कर भारत को नौवां झटका दिया। कुंडू शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और शतक लगाने की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन वह 112 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 80 रन बनाकर आउट हुए।
भारत को खिलान पटेल के रूप में आठवां झटका लगा है। खिलान 15 गेंदों पर एक चौके की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए। कुंडू हालांकि क्रीज पर मौजूद हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय अंडर-19 टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंच गया है। भारत के लिए कुंडू क्रीज पर मौजूद हैं और उनका साथ खिलान पटेल निभा रहे हैं।
बारिश के बाद खेल दोबारा शुरू होने पर भारत को आरएस अंबरीश के रूप में सातवां झटका लगा। अंबरीश 12 गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। बारिश के कारण ओवर में कटौती की गई है और अब मुकाबला 49-49 ओवर का हो रहा है।
बुलवायो में भारी बारिश की वजह से खेल को रोक दिया गया है। खेल रुकने तक भारत ने 39 ओवर में छह विकेट गंवाकर 192 रन बना लिए हैं। फिलहाल आरएस अम्ब्रिश चार रन और अभिज्ञान कुंडू 63 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने 82 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। भारत का स्कोर 170 रन के पार पहुंच गया है।
तमीम ने कनिष्क चौहान को आउट कर भारतीय अंडर-19 टीम को छठा झटका दिया है। कनिष्क और कुंडू के बीच छठे विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी हुई। कनिष्क 26 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए।
बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय अंडर-19 टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंच गया है। भारत के लिए अभिज्ञान कुंडू और कनिष्क चौहान क्रीज पर मौजूद हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ भारत की आधी टीम 119 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गई है। इमोन ने हरवंश पंगालिया को आउट कर भारत को पांचवां झटका दिया। पंगालिया सात गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए।
भारत को वैभव सूर्यवंशी के रूप में चौथा झटका लगा है। वैभव शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और शतक की ओर बढ़ रहे थे। लेकिन इमोन ने वैभव को आउट कर उनकी पारी का अंत किया। वैभव और कुंडू के बीच चौथे विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी हुई जिससे भारत का स्कोर 110 के पार पहुंचा। वैभव 67 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 72 रन बनाकर आउट हुए।
बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। भारत के लिए वैभव सूर्यवंशी और अभिज्ञान कुंडू के बीच अच्छी साझेदारी चल रही है। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो गई है।
वैभव सूर्यवंशी का शानदार प्रदर्शन जारी है। वैभव और कुंडू के बीच चौथे विकेट के लिए साझेदारी पनप रही है। भारत का स्कोर 80 रन के पार पहुंच गया है।
वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। शुरुआती झटकों के बाद वैभव ने टीम को संभाले रखा है। वैभव वनडे अंडर-19 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले सातवें बल्लेबाज भी बने। उन्होंने इस मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया।
भारत को विहान मल्होत्रा के रूप में तीसरा झटका लगा है। विहान और वैभव के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही थी, लेकिन तमीम ने विहान को आउट कर इसे तोड़ा। विहान और वैभव ने तीसरे विकेट के लिए 41 रन जोड़े। विहान 24 गेंदों पर सात रन बनाकर आउट हुए।
शुरुआती झटकों के बाद वैभव और विहान ने भारतीय पारी को संभाले रखा है। दोनों बल्लेबाज सधी हुई बल्लेबाजी कर रहे हैं और साझेदारी बनाने के प्रयास में हैं।
अल फहाद ने भारत को लगातार दो गेंदों पर दो झटके दिए। फहाद ने पहले म्हात्रे को आउट किया और फिर अगली गेंद पर वेदांत त्रिवेदी को पवेलियन भेजा। वेदांत खाता खोले बिना आउट हुए।
बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय अंडर-19 टीम को पहला झटका लगा है। कप्तान आयुष म्हात्रे अपना विकेट गंवा बैठे हैं। अल फहाद ने म्हात्रे को अपना शिकार बनाया जो 12 गेंदों पर एक चौके की मदद से छह रन बनाकर आउट हुए।
बांग्लादेश के खिलाफ विश्व कप के मुकाबले में भारत की पारी शुरू हो गई है। भारतीय अंडर-19 टीम की ओर से कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत अंडर-19: आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), कनिष्क चौहान, हरवंश पंगालिया, आरएस अंबरीश, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन, खिलान पटेल।
बांग्लादेश अंडर-19: मोहम्मद रिफत बेग, जावेद अबरार, मोहम्मद अजिजुल हकीम तमीम (कप्तान), कलाम सिद्धिकी अलीन, मोहम्मद रिजान हुसैन, मोहम्मद फरीद हसन फैजल (विकेटकीपर), मोहम्मद समिउन बसिर रतुल, शेख पाएवेज जिबोन, साद इस्लाम रजिन, इकबाल हुसैन इमोन।
बांग्लादेश की अंडर-19 टीम ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने बताया कि उन्होंने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
बारिश की वजह से फिलहाल टॉस में देरी हो रही है। भारतीय समयानुसार दोपहर साढ़े 12 बजे टॉस होना था। हालांकि, मैदान को कवर्स से ढका गया है।
भारतीय अंडर-19 टीम ने विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका पर जीत के साथ की थी। भारत का अब शनिवार को सामना बांग्लादेश से होगा। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के साथ पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा है, ऐसे में दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला चर्चा का केंद्र बना हुआ है। भारत ने अपेक्षाकृत कमजोर माने जानी वाली अमेरिका के खिलाफ गेंदबाजी में दम दिखाया था, लेकिन लक्ष्य का पीछा करते समय उसे भी शुरुआती झटके लगे थे।
पहले मैच में आत्मविश्वास से भरी जीत हासिल करने के बाद भारतीय टीम अपने दूसरे मैच में बांग्लादेश की कड़ी चुनौती के बावजूद जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी। पांच बार की चैंपियन भारत ने बारिश से प्रभावित मैच में अमेरिका को केवल 107 रन पर आउट करके छह विकेट से जीत दर्ज करके अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हेनिल पटेल ने सात ओवरों में 16 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि अन्य गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
भारतीय बल्लेबाजी क्रम में कई स्टार खिलाड़ी शामिल हैं। उसके बल्लेबाज बांग्लादेश के खिलाफ क्रीज पर लंबा समय बिताने की उम्मीद करेंगे क्योंकि अमेरिका के खिलाफ उन्हें खेलने का पर्याप्त मौका नहीं मिला। बांग्लादेश को कमजोर नहीं आंका जा सकता है और उसकी टीम आयुष म्हात्रे के नेतृत्व वाली टीम के सामने कड़ी चुनौती पेश कर सकती है। म्हात्रे और 14 वर्षीय सनसनी वैभव सूर्यवंशी की सलामी जोड़ी एक बार फिर उपकप्तान विहान मल्होत्रा, ऑलराउंडर आरोन जॉर्ज और वेदांत त्रिवेदी और विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू के साथ मिलकर बल्लेबाजी विभाग का जिम्मा संभालेंगे।
दीपेश, आरएस अंबरीश, हेनिल पटेल, किशन कुमार सिंह और उद्धव मोहन के रूप में टीम के पास तेज गेंदबाजी के अच्छे विकल्प हैं, जबकि कनिष्क चौहान, खिलन पटेल और मोहम्मद एनान जैसे खिलाड़ी स्पिन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
Live Cricket Score Today, IND U19 vs BAN U19 World Cup 2026 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। अंडर-19 विश्व कप में आज भारत का सामना बांग्लादेश से है। यह मुकाबला बुलवायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। भारत ने अपने पहले मैच में अमेरिका को हराया था। वहीं, बांग्लादेश का यह इस टूर्नामेंट में पहला मैच है। भारत और बांग्लादेश के बीच हुए बवाल को देखते हुए यह मुकाबला दिलचस्प रहने की उम्मीद है।