शिमरन हेटमायर और रोवमैन पॉवेल की अर्धशतकीय पारियों के बाद गुडाकेश मोटी की घातक गेंदबाजी के दम पर वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को सुपर-8 के अपने पहले मुकाबले में 107 रनों से हरा दिया। इस मैच में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। कैरेबियाई टीम ने 20 ओवर में छह विकेट पर 254 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.4 ओवर में सिर्फ 147 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। उनके लिए ब्रैड एवंस ने 43 रनों की पारी खेली। वहीं, वेस्टइंडीज के लिए मोटी ने चार और अकील हुसैन ने तीन विकेट लिए। इसके अलावा मैथ्यू फोर्ड को दो और जेसन होल्डर को एक सफलता मिली।
अकील हुसैन ने जिम्बाब्वे को चौथा झटका दिया। उन्होंने डियोन मायर्स को बोल्ड किया। वह सिर्फ 28 रन बना पाए। फिलहाल क्रीज पर सिकंदर रजा और टोनी मुनियोंगा मौजूद हैं। सात ओवर के बाद स्कोर चार विकेट पर 57 रन है।
पावरप्ले समाप्त हो चुका है और जिम्बाब्वे ने तीन विकेट पर 47 रन बना लिए हैं। मरुमणि 14, बेनेट 5 और रयान 0 रन बनाकर आउट हो गए। फिलहाल क्रीज पर डियोन मायर्स और सिकंदर रजा मौजूद हैं।
जिम्बाब्वे के दो विकेट 20 के स्कोर पर ही गिर चुके हैं। मैथ्यू फोर्ड ने तदिवनशे मरुमणि को पवेलियन भेजा। वह सिर्फ 14 रन बना पाए। इसके बाद अकील हुसैन ने ब्रायन बेनेट को बोल्ड किया। वह सिर्फ पांच रन बना सके। अब क्रीज पर डियोन मायर्स और रयान बर्ल मौजूद हैं।
जिम्बाब्वे की पारी शुरू हो चुकी है। ब्रायन बेनेट और तदिवनशे मरुमणि क्रीज पर मौजूद हैं।
वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के सामने 255 रन का लक्ष्य रखा है। जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। वेस्टइंडीज के लिए शिमरन हेटमायर (85) और रोवमैन पॉवेल (59) ने अर्धशतकीय पारियां खेली। वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में छह विकेट पर 254 रन बनाए।
वेस्टइंडीज को तीसरा झटका क्रीमर ने दिया। उन्होंने शिमरन हेटमायर को बेनेट के हाथों कैच कराया। वह 34 गेंदों में सात चौके और सात छक्के की मदद से 85 रन बनाकर आउट हुए। अब रोवमैन पॉवेल का साथ देने शेरफेन रदरफोर्ड आए हैं।
शिमरन हेटमायर ने 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।
पावरप्ले समाप्त हो चुका है और वेस्टइंडीज ने दो विकेट गंवाकर 55 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोवमैन पॉवेल और शिमरन हेटमायर क्रीज पर मौजूद हैं। इससे पहले ब्रैंडन किंग (9) और शाई होप (14) पवेलियन लौटे।
वेस्टइंडीज को पहला झटका रिचर्ड ने दिया। उन्होंने ब्रैंडन किंग को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ नौ रन बना पाए। अब शाई होप का साथ देने शिमरन हेटमायर आए हैं।
वेस्टइंडीज की पारी शुरू हो चुकी है। ब्रैंडन किंग और शाई होप क्रीज पर मौजूद हैं।
वेस्टइंडीज: ब्रैंडन किंग, शाई होप (विकेटकीपर), शिमरन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, मैथ्यू फोर्ड, अकील होसेन, गुडाकेश मोटी, शमार जोसेफ।
जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, तदिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकीवा, ब्रैड इवांस, ग्रीम क्रेमर, रिचर्ड एनगरावा, ब्लेसिंग मुजरबानी।
जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान सिकंदर रजा ने बताया कि इस मुकाबले के लिए प्लेइंग 11 में एक बदलाव हुआ है। रिचर्ड एनगरावा को वेलिंग्टन मसाकद्जा की जगह मौका मिला है। वहीं, वेस्टइंडीज भी एक बदलाव के साथ उतरी है। शाई होप ने बताया कि रोमारियो शेफर्ड को रोस्टन चेज की जगह शामिल किया गया है।
वेस्टइंडीज के लिए चार मैचों में होल्डर ने सर्वाधिक सात विकेट लिए हैं। वहीं, कप्तान शाई होप चार मैचों में 175 रन बनाकर श्रेष्ठ स्कोरर हैं। इसके अलावा, शेरफेन रदरफोर्ड, अकील हुसैन और रोमारियो शेफर्ड भी वेस्टइंडीज के लिए अहम होंगे।
जिम्बाब्वे को इस मैच में सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट से अच्छी पारी की उम्मीद रहेगी। बेनेट तीन मैचों में दो अर्धशतकों की मदद से 175 रन बना चुके हैं। वहीं, ब्लेसिंग मुजरबानी तीन मैचों में नौ विकेट लेकर टीम के शीर्ष गेंदबाज हैं। इन दोनों के अलावा टीम के कप्तान सिकंदर रजा का रोल बेहद अहम होगा।
वानखेड़े की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है। पिच पर बाउंस सही होता है और गेंद बल्ले पर आसानी से आती है। तेज गेंदबाजों को नई गेंद से स्विंग और सीम मिल सकती है। पारी बढ़ने के साथ ही हालात आसान हो जाते हैं। मैच के दौरान मौसम सामान्य रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। वानखेड़े में कुल 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं। वानखेड़े का सबसे बड़ा स्कोर 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने ही बनाया था। भारतीय टीम ने नौ विकेट पर 247 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज वानखेड़े में पांच मैच खेल चुकी है और चार में विजयी रही है। वेस्टइंडीज का इस स्टेडियम में सबसे बड़ा स्कोर भारत के खिलाफ 196/3 है। जिम्बाब्वे पहली बार इस स्टेडियम में टी20 मैच खेलेगी।
वेस्टइंडीज की टीम टी20 फॉर्मेट की तगड़ी टीम मानी जाती है। दो बार विश्व कप जीत चुकी वेस्टइंडीज ग्रुप स्टेज में शीर्ष स्थान पर रहते हुए सुपर-8 में पहुंची है। वहीं, जिम्बाब्वे ने भी इस विश्व कप में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है और ऑस्ट्रेलिया के साथ सह-मेजबान श्रीलंका को मात देते हुए अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान पर रहते हुए सुपर-8 में पहुंची है। वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में बेहतर संतुलित और सटीक दिखी है। ऐसे में सोमवार की शाम को एक बेहद रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है।
वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच अब तक कुल चार टी20 मैच खेले गए हैं। वेस्टइंडीज ने तीन मैचों में जीत हासिल की है, जबकि जिम्बाब्वे एक बार विजयी रही है। टी20 विश्वकप में दोनों टीमें एक बार भिड़ी हैं। 2022 में होबार्ट में खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 31 रन से जीत दर्ज की थी। 2022 के बाद से टी20 फॉर्मेट में दोनों टीमें कभी एक दूसरे के सामने नहीं आई हैं। यानी चार साल बाद दोनों टीमें इस प्रारूप में आमने-सामने होंगी।
टी20 विश्व कप 2026 में सोमवार को सुपर-8 राउंड का सिर्फ एक मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले में सुपर-8 ग्रुप-1 की दो टीमें वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे आमने-सामने होंगी। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम खेला जाएगा। मैच शाम सात बजे से खेला जाएगा और टॉस इससे आधे घंटे पहले याने शाम साढ़े छह बजे होगा। इस मैच पर भारत की भी नजरें होंगी। समीकरण कुछ ऐसे बन रहे कि यह मैच अंत में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
Today Live Cricket Score ZIM vs WI T20 World Cup Super 8 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के बीच टी20 विश्व कप का सुपर-8 का मुकाबला वानखेड़े में खेला जाएगा। ग्रुप चरण में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी बड़ी टीमों को हराकर अजेय रहने वाली जिम्बाब्वे क्या सुपर-8 में बड़ा उलटफेर कर पाएगी?