फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

WI vs SA: वेस्टइंडीज टी20 विश्व कप से बाहर, द. अफ्रीका ने तीन विकेट से हराया, सेमीफाइनल में पहुंची टीम

Mon, 24 Jun 2024 11:16 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एंटीगुआ

खास बातें

West Indies vs South Africa T20 World Cup : टी20 विश्व कप 2024 के सुपर-8 राउंड के ग्रुप 2 में दक्षिण अफ्रीका का सामना वेस्टइंडीज से था। यह वर्चुअल नॉकआउट मुकाबला एंटीगुआ के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला गया। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 135 रन बनाए। हालांकि, डकवर्थ लुईस नियम के तहत द. अफ्रीका के सामने 17 ओवर में 123 रन का लक्ष्य मिला, जिसे उन्होंने 16.1 ओवर में सात विकेट खोकर हासिल कर लिया।
विज्ञापन
दक्षिण अफ्रीका की टीम - फोटो : ICC
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:29 AM, 24-Jun-2024

दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को हराया

मेजबान वेस्टइंडीज टी20 विश्व कप से बाहर हो चुका है। सुपर-8 के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने उन्हें डकवर्थ लुईस नियम के तहत तीन विकेट से हरा दिया। वेस्टइंडीज ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 135 रन बनाए थे। इसके बाद जब दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो ओवर के बाद दो विकेट पर 15 रन था, तो बारिश ने खलल डाला। जब मैच शुरू हुआ तो तीन ओवर्स घटाए गए। दक्षिण अफ्रीका को 17 ओवर में 123 रन का लक्ष्य मिला। यानी बाकी बचे 15 ओवर में उन्हें 108 रन बनाने थे। छोटी-छोटी साझेदारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने यह स्कोर हासिल कर लिया। दक्षिण अफ्रीका ने 16.1 ओवर में सात विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मार्को यानसेन ने 14 गेंद में 21 रन की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा ट्रिस्टन स्टब्स ने 29 रन और हेनरिक क्लासेन ने 22 रन की पारी खेली। 

इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। सुपर-8 के ग्रुप-2 से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दो टीमें तय हो गईं। दक्षिण अफ्रीका ने शीर्ष पर रहते हुए क्वालिफाई किया, जबकि इंग्लैंड की टीम दूसरे स्थान पर रही। सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका का सामना सुपर-8 के ग्रुप-1 में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी, जबकि इंग्लैंड की टीम ग्रुप-1 में शीर्ष पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी। 27 जून को सेमीफाइनल के दोनों मुकाबले खेले जाएंगे।

10:21 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका को सातवां झटका

दक्षिण अफ्रीका की टीम को 110 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। रोस्टन चेज ने केशव महाराज को अपना तीसरा शिकार बनाया। फिलहाल कगिसो रबाडा और मार्को यानसेन क्रीज पर हैं। दक्षिण अफ्रीका को अब छह गेंद में पांच रन की जरूरत है।

10:12 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका को छठा झटका

दक्षिण अफ्रीका को 100 के स्कोर पर छठा झटका लगा। रोस्टन चेज ने डेविड मिलर के बाद ट्रिस्टन स्टब्स को पवेलियन भेजा। मैच रोमांचक स्थिति में है। अब दक्षिण अफ्रीका को आखिरी तीन ओवर में 19 रन की जरूरत है। मार्को यानसेन और केशव महाराज क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
10:08 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका

दक्षिण अफ्रीका को 93 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। चेज ने मिलर को क्लीन बोल्ड किया। वह चार नर बना सके। फिलहाल ट्रिस्टन स्टब्स और मार्को यानसेन क्रीज पर हैं। दक्षिण अफ्रीका को अब 24 गेंद में 23 रन की जरूरत है।

09:45 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका

77 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका लगा। अल्जारी जोसेफ ने हेनरिक क्लासेन को विकेटकीपर पूरन के हाथों कैच कराया। क्लासेन ने 10 गेंद में 22 रन बनाए। आठ ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर चार विकेट पर 77 रन है। फिलहाल द. अफ्रीका को 54 गेंद में 46 रन की जरूरत है। ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
09:30 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका

दक्षिण अफ्रीका को 42 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। छठे ओवर में अल्जारी जोसेफ ने कप्तान एडेन मार्करम को काइल मेयर्स के हाथों कैच कराया। फिलहाल हेनरिक क्लासेन और ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 50 रन है। दक्षिण अफ्रीका को अब 66 गेंद में 73 रन की जरूरत है।

09:16 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: खेल शुरू

खेल दोबारा शुरू हो चुका है। वेस्टइंडीज-दक्षिण अफ्रीका सुपर-8 मैच में तीन ओवर्स की कटौती हुई है। वेस्टइंडीज ने 136 रन का लक्ष्य दिया था। हालांकि, बारिश की वजह से डकवर्थ लुईस नियम के तहत तीन ओवर्स घटाए गए हैं। अब दक्षिण अफ्रीका के सामने 17 ओवर में 123 रन का लक्ष्य है। इसमें से 15 रन टीम ने बना लिए हैं। यानी उन्हें अब 15 ओवर (90 गेंद) में 108 रन की जरूरत है।

08:59 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका को 123 रन का लक्ष्य

वेस्टइंडीज-दक्षिण अफ्रीका सुपर-8 मैच में ओवर्स की कटौती हुई है। वेस्टइंडीज ने 136 रन का लक्ष्य दिया था। हालांकि, बारिश की वजह से डकवर्थ लुईस नियम के तहत तीन ओवर्स घटाए गए हैं। अब दक्षिण अफ्रीका के सामने 17 ओवर में 123 रन का लक्ष्य है। इसमें से 15 रन टीम ने बना लिए हैं। यानी उन्हें अब 15 ओवर (90 गेंद) में 108 रन की जरूरत है। वेस्टइंडीज की ओर से अब दो गेंदबाज चार ओवर गेंदबाजी कर सकते हैं। वहीं, तीन गेंदबाज तीन ओवर गेंदबाजी कर सकते हैं। पावरप्ले पांच ओवर का होगा। मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार सवा नौ बजे होगी।

08:32 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: बारिश रुकी, कवर्स हटाए गए

बारिश रुक चुकी है। कवर्स हटाए गए हैं। इस मैच में कम से कम पांच ओवर का खेल होने के लिए कट ऑफ टाइम भारतीय समयानुसार 10 बजे के आसपास है। हालांकि, एंटीगुआ में ड्रेनेज की शानदार व्यवस्था है। ऐसे में ज्यादा दिक्कत नहीं होनी चाहिए। भारतीय समयानुसार नौ बजे के आसपास ओवर्स घटने शुरू हो जाएंगे। दोनों टीमों के लिए यह करो या मरो वाला मुकाबला है। हारने वाली टीम बाहर हो जाएगी। जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। बारिश के कारण मैच रद्द होता है तो विंडीज बाहर हो जाएगी और दक्षिण अफ्रीका की टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। अगर पांच ओवर का खेल होता है तो दक्षिण अफ्रीका को 48 रन का लक्ष्य मिल सकता है। 136 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बारिश की वजह से मैच रुकने तक दक्षिण अफ्रीका ने दो ओवर में दो विकेट गंवाकर 15 रन बना लिए हैं। रीजा हेंड्रिक्स और क्विंटन डिकॉक को आंद्रे रसेल ने पवेलियन भेजा।

08:02 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: रसेल का दूसरे ओवर में दोहरा झटका

आंद्रे रसेल ने दक्षिण अफ्रीका की पारी के दूसरे ओवर में दो झटके दिए। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर रीजा हेंड्रिक्स (0) को विकेटकीपर पूरन के हाथों कैच कराया। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर रसेल ने डिकॉक को रदरफोर्ड के हाथों कैच कराया। डिकॉक ने 12 रन बनाए। रसेल का ओवर खत्म होते ही बारिश शुरू हो गई और मैच को रोकना पड़ा। एंटीगुआ में फिलहाल तेज बारिश हो रही है। मैदान को कवर्स से ढका गया है। अगर बारिश की वजह से यह मैच रद्द होता है तो दक्षिण अफ्रीका की टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं, मेजबान वेस्टइंडीज बाहर हो जाएगा। मैच का नतीजा डकवर्थ लुईस से होने के लिए दक्षिण अफ्रीका को कम से कम पांच ओवर बल्लेबाजी करनी होगी। मैच रद्द हुआ तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेंगे। दक्षिण अफ्रीका के चार अंक हैं और एक अंक मिलते ही पांच अंक हो जाएंगे। ऐसे में टीम ग्रुप-2 में शीर्ष पर रहते हुए क्वालिफाई करेगी। इंग्लैंड की टीम इस स्थिति में दूसरे स्थान पर रहेगी। वहीं, वेस्टइंडीज के तीन ही अंक हो पाएंगे और टीम बाहर हो जाएगी। 

07:57 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका

दक्षिण अफ्रीका को दूसरे ओवर में 12 के स्कोर पर पहला झटका लगा। आंद्रे रसेल ने रीजा हेंड्रिक्स को विकेटकीपर पूरन के हाथों कैच कराया। वह खाता नहीं खोल सके। फिलहाल कप्तान मार्करम और क्विंटन डिकॉक क्रीज पर हैं।

07:40 AM, 24-Jun-2024

वेस्टइंडीज ने 135 रन बनाए

वेस्टइंडीज ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 136 रन का लक्ष्य दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 135 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही थी। शाई होप (0) और निकोलस पूरन (1) जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद काइल मेयर्स ने रोस्टन चेज के साथ 81 रन की साझेदारी निभाई।

तबरेज शम्सी ने इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने मेयर्स को आउट किया। मेयर्स ने 35 रन बनाए। इस बीच चेज ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा अर्धशतक 39 गेंद में जड़ा। मेयर्स के आउट होते ही फिर से वेस्टइंडीज की पारी ढह गई। कप्तान रोवमन पॉवेल एक रन, शेरफेन रदरफोर्ड खाता खोले बिना और चेज 42 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए।

आंद्रे रसेल ने दो छक्के लगाकर जरूर पारी संभालने की कोशिश की। हालांकि, नॉर्त्जे ने उन्हें रन आउट कर झटका दिया। रसेल ने नौ गेंद में 15 रन बनाए। अकील हुसैन छह रन बनाकर आउट हुए। अल्जारी जोसेफ 11 रन और गुडाकेश मोती चार रन बनाकर नाबाद रहे। तबरेज शम्सी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, मार्को यानसेन, मार्करम, केशव महाराज और रबाडा को एक-एक विकेट मिला।

07:32 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: वेस्टइंडीज के आठ विकेट गिरे

18 ओवर के बाद वेस्टइंडीज ने आठ विकेट गंवाकर 118 रन बना लिए हैं। गुडाकेश मोती खाता खोले बिना और अल्जारी जोसेफ एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। इससे पहले आंद्रे रसेल नौ गेंद में 15 रन और अकील हुसैन छह रन बनाकर आउट हुए थे।

07:17 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: वेस्टइंडीज को छठा झटका

वेस्टइंडीज को 97 के स्कोर पर छठा झटका लगा। रोस्टन चेज 42 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें शम्सी ने रबाडा के हाथों कैच कराया। फिलहाल आंद्रे रसेल और अकील हुसैन क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर छह विकेट पर 117 रन है।

07:03 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: पॉवेल-रदरफोर्ड आउट, चेज का अर्धशतक

94 के स्कोर तक वेस्टइंडीज ने पांच विकेट गंवा दिए हैं। शाई होप (0) और निकोलस पूरन (1) के जल्दी आउट होने के बाद रोस्टन चेज और काइल मेयर्स ने 81 रन की बेहतरीन साझेदारी की। मेयर्स 35 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विंडीज ने दो और विकेट गंवा दिए हैं। कप्तान रोवमन पॉवेल एक रन और शेरफेन रदरफोर्ड खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। इस बीच चेज ने 39 गेंद में टी20 अंतरराष्ट्रीय का दूसरा अर्धशतक लगाया। फिलहाल चेज के साथ आंद्रे रसेल क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर पांच विकेट पर 94 रन है।

06:55 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: मेयर्स पवेलियन लौटे

12 ओवर के बाद वेस्टइंडीज ने तीन विकेट पर 86 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोस्टन चेज 31 गेंद में 35 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 12वें ओवर में तबरेज शम्सी ने काइल मेयर्स को स्टब्स के हाथों कैच कराया। मेयर्स ने चेज के साथ 65 गेंद में 81 रन की साझेदारी निभाई। विंडीज ने पांच के स्कोर पर ही दो विकेट गंवा दिए थे। तब पूरन और होप आउट हो चुके थे। लेकिन मेयर्स और चेज ने बेहतरीन साझेदारी निभाई। अब चेज का साथ निभाने कप्तान रोवमन पॉवेल आए हैं।

06:40 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: रबाडा-यानसेन में हुई जबरदस्त टक्कर

आठ ओवर के बाद वेस्टइंडीज ने दो विकेट गंवाकर 63 रन बना लिए हैं। फिलहाल काइल मेयर्स 27 रन और रोस्टन चेज 29 रन बनाकर क्रीज पर हैं। आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर मेयर्स ने एक सीधा शॉट हवा में खेला था। लॉन्ग ऑन और लॉन्ग ऑफ पर मौजूद रबाडा और यानसेन दौड़ते हुए बाउंड्री के पास आए और हवा में एकदूसरे से टकरा गए। हालांकि, दोनों गेंद तो नहीं पकड़ पाए, लेकिन चोटिल जरूर हो गए। गेंद छह रन के लिए गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि यानसेन दर्द से कराहते दिखे। वहीं, रबाडा भी मैदान पर दर्द के मारे बैठ गए। कुछ देर बाद रबाडा ठीक दिखाई पड़े, लेकिन यानसेन को मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। 

06:28 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: पावरप्ले खत्म

पावरप्ले खत्म होने के बाद वेस्टइंडीज ने दो विकेट गंवाकर 47 रन बना लिए हैं। विंडीज ने शुरुआती दो ओवर में ही दो विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, रोस्टन चेज और काइल मेयर्स ने 42 रन की साझेदारी कर पारी संभाली है। इस दौरान चेज का एक आसान कैच भी नॉर्त्जे ने छोड़ा। मेयर्स 19 रन और चेज 21 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इससे पहले शाई होप (0) और निकोलस पूरन (1) कुछ खास नहीं कर सके। होप को यानसेन और पूरन को मार्करम ने पवेलियन भेजा था।

06:11 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: वेस्टइंडीज को दूसरा झटका

पांच के स्कोर पर वेस्टइंडीज को दूसरा झटका लगा। पहले ओवर में शाई होप (0) का विकेट गंवाने के बाद दूसरे ओवर में एडेन मार्करम ने निकोलस पूरन को यानसेन के हाथों कैच कराया। पूरन एक रन बना सके। फिलहाल काइल मेयर्स और रोस्टन चेज क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर दो विकेट पर 10 रन है।

06:06 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: वेस्टइंडीज को पहले ही ओवर में झटका

वेस्टइंडीज के लिए शाई होप और काइल मेयर्स ओपनिंग करने उतरे थे। हालांकि, पहले ही ओवर में मार्को यानसेन ने होप को ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों कैच कराया। होप खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल निकोलस पूरन और मेयर्स क्रीज पर हैं। एक ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर एक विकेट पर पांच रन है।

06:04 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

वेस्टइंडीज: काइल मेयर्स, शाई होप, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), रोस्टन चेज, रोवमन पॉवेल (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, आंद्रे रसेल, अकील होसेन, अल्जारी जोसेफ, गुडाकेश मोती, ओबेड मैकॉय।

दक्षिण अफ्रीका: रीजा हेंड्रिक्स, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), एडेन मार्करम (कप्तान), हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसेन, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्त्जे, तबरेज शम्सी।

06:04 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Live Score: दक्षिण अफ्रीका ने जीता टॉस

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उन्होंने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। ओटनील बार्टमैन की जगह तबरेज शम्सी को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वहीं वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमन पॉवेल ने जॉनसन चार्ल्स की जगह काइल मेयर्स को टीम में शामिल किया है।

05:59 AM, 24-Jun-2024

WI vs SA Highlights: वेस्टइंडीज टी20 विश्व कप से बाहर, सुपर-8 में द. अफ्रीका ने तीन विकेट से हराया, सेमीफाइनल में पहुंची टीम

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज टी20 विश्व कप 2024 के सुपर-8 राउंड के ग्रुप 2 में दक्षिण अफ्रीका का सामना वेस्टइंडीज से है। यह मुकाबला एंटीगुआ के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जा रहा है। दोनों ही टीमों के लिए यह करो या मरो वाला मैच है। यह एक तरह से वर्चुअल नॉकआउट मैच है। हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें