रवि के नेतृत्व में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर बुंदेलखंड ब्लास्टर्स ने एलएलसी टेन10 के मुकाबले में काशी नाइट्स को 53 रनों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। बुंदेलखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में चार विकेट पर 127 रन बनाए थे, जवाब में काशी नाइट्स की टीम 9.3 ओवर में 74 रन पर ऑलआउट हो गई। काशी के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज अजीत मोहिते ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए, लेकिन टीम का अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। बुंदेलखंड के लिए रवि के अलावा मोहम्मद कमिल त्यागी ने दो विकेट लिए, जबकि रोहन खरत, विशाल सिंह और आकाश लेफ्टी ने एक-एक विकेट झटके।
रवि की शानदार गेंदबाजी से बुंदेलखंड ब्लास्टर्स ने काशी नाइट्स की पारी लड़खड़ा दी है। काशी नाइट्स ने छह ओवर की समाप्ति के बाद सात विकेट पर 47 रन बना लिए हैं। काशी के तीन बल्लेबाज खाता खोलने में असफल रहे हैं।
लक्ष्य का पीछा करते हुए काशी नाइट्स ने सधी हुई शुरुआत की है और तीन ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट के नुकसान पर 29 रन बना लिए हैं। काशी के लिए सलामी बल्लेबाज अमन ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन वह सात गेंदों पर चार चौकों की मदद से 16 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद साफू खाता खोले बिना पवेलियन लौटे।
मुलायम और जडेजा हितेंद्रसिंह की शानदार बल्लेबाजी की मदद से बुंलेदखंड ब्लास्टर्स ने काशी नाइट्स के सामने 128 रनों का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए बुंदेलखंड ने 10 ओवर में चार विकेट पर 127 रन बनाए। बुंदेलखंड के लिए मुलायम ने 23 गेंदों पर एक चौका और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 44 रन बनाए, जबकि जडेजा ने आठ गेंदों पर तीन छक्कों के सहारे 21 रन बनाए। वहीं, कप्तान नोमान ने 15 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 29 रन की पारी खेली।
अच्छी शुरुआत के बाद बुंदेलखंड की पारी लड़खड़ा गई थी। बुंदेलखंड के लिए नदीम शेख ने आठ गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 18 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद शान ने मोहम्मद कमिल त्यागी को खाता खोले बिना आउट किया। फिर अखिलेश अधाना को भी शान ने अपनी गेंद पर कैच लेकर शिकार बनाया। अखिलेश सात रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद नोमान और मुलायम ने अर्धशतकीय साझेदारी की। नोमान के आउट होने के बाद एक छोर से मुलायम ने पारी आगे बढ़ाई, जबकि दूसरे छोर से जडेजा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। काशी नाइट्स की ओर से शान ने दो विकेट लिए, जबकि कप्तान अंकित सिंह कल्की और पुल्कित चौधरी को एक-एक विकेट मिला।
कप्तान नोमान शेख ने शुरुआती विकेट गिरने के बाद बुंदेलखंड ब्लास्टर्स की पारी को संभाला है। बुंदेलखंड ने छह ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 65 रन बना लिए हैं। काशी नाइट्स ने जल्द ही बुंदेलखंड के तीन विकेट झटके थे, लेकिन नोमान और मुलायम के बीच साझेदारी ने बुंदेलखंड को संभाला और काशी नाइट्स को सफलता हासिल नहीं करने दी है।
अच्छी शुरुआत के बाद बुंदेलखंड की पारी लड़खड़ा गई है और उसने तीन ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 28 रन बनाए हैं। बुंदेलखंड के लिए नदीम शेख ने आठ गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 18 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद शान ने मोहम्मद कमिल त्यागी को खाता खोले बिना आउट किया। फिर अखिलेश अधाना को भी शान ने अपनी गेंद पर कैच लेकर शिकार बनाया। अखिलेश सात रन बनाकर पवेलियन लौटे।
एलएलसी टेन10 में सोमवार का आखिरी मुकाबला बुंदेलखंड ब्लास्टर्स और काशी नाइट्स के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में बुंदेलखंड ने काशी नाइट्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। बुंदेलखंड को नदीम शेख और अखिलेश अधाना ने अच्छी शुरुआत दिलाई है और टीम का स्कोर 20 रन के पार पहुंच गया है।
ब्रज वारियर्स ने एलएलसी टेन10 के मुकाबले में सुपर चैलेंजर्स को छह विकेट से हरा दिया है। सुपर चैलेंजर्स ने 10 ओवर में सात विकेट पर 83 रन बनाए थे, लेकिन ब्रज वारियर्स ने 8.3 ओवर में चार विकेट पर 84 रन बनाकर मैच जीत लिया। ब्रज वारियर्स के लिए जयदीप कुमार दोयला ने 19 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्कों की मदद से सर्वाधिक 31 रन बनाए। सुपर चैलेंजर्स के लिए मनीष ने तीन विकेट झटके, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। सुपर चैलेंजर्स की ओर से मनीष के अलावा राजेश नायुडू को एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सलामी बल्लेबाज और कप्तान कृष्णा गावली ने पहले ही ओवर में दो छक्के लगाए, लेकिन इसके बाद वह अपना विकेट गंवा बैठे। ब्रज वारियर्स के लिए धीरज सिंह ने 9 रन, विकेटकीपर बल्लेबाज हारिस मंसूरी ने 12 रन बनाए, जबकि वकार हैदर पांच गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 14 रन और राहुल ठाकुर दो रन बनाकर नाबाद रहे।
ब्रज वारियर्स का स्कोर छह ओवर की समाप्ति के बाद 60 रन के पार पहुंच गया है। जयदीप कुमार अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं जिसकी मदद से टीम ने छह ओवर के बाद दो विकेट पर 65 रन बना लिए हैं। टीम को अब जीत के लिए चार ओवरों में 19 रन बनाने की जरूरत है, जबकि उसके आठ विकेट शेष हैं।
सुपर चैलेंजर्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ब्रज वारियर्स ने तेज शुरुआत की है और तीन ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 35 रन बना लिए हैं। ब्रज वारियर्स को पहले ही ओवर में कप्तान कृष्णा गावली के रूप में पहला झटका लगा था जो तीन गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुए थे। गावली ने अच्छी शुरुआत की थी और दो छक्के जड़े थे, लेकिन प्रितम बारी ने उन्हें बोल्ड कर ब्रज वारियर्स को पहला झटका दिया। फिलहाल धीरज सिंह और जयदीप कुमार दोयला क्रीज पर मौजूद हैं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सुपर चैलेंजर्स की पारी समाप्त हो गई है और उसने ब्रज वारियर्स के सामने जीत के लिए 84 रनों का लक्ष्य रखा है। सुपर चैलेंजर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन वकार हैदर की अगुआई में ब्रज वारियर्स के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की जिससे सुपर चैलेंजर्स की टीम 10 ओवर में सात विकेट पर 83 रन ही बना सकी। सुपर चैलेंजर्स के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज बिट्टू मैक्सी ने 19 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 33 रन बनाए। उनके अलावा अन्य बल्लेबाज फ्लॉप रहे और प्रभावित नहीं कर सके।
सुपर चैलेंजर्स ने शुरुआत में ही मुकेश यादव (3) और विनीत सिंह (6) की सलामी जोड़ी का विकेट जल्द ही गंवा दिया। इसके बाद कप्तान दीपक गड़वी भी छह रन बनाकर पवेलियन चल दिए। हालांकि, बिट्टू ने शानदार बल्लेबाजी की जिससे टीम लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। सुपर चैलेंजर्स की ओर से अक्षय महाजन क्रिकेट 3, प्रितम बरी 4 और अजय सिंह बिष्ट शून्य रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ओकेंद्र पाल सिंह पांच गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 15 रन और अब्दुल्लाह भाई सोनाकाटिया पांच रन बनाकर नाबाद लौटे। ब्रज वारियर्स के लिए वकार हैदर ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए, जबकि दीपांशु बहुगुणा और हर्ष यादव को दो-दो विकेट मिले।
खराब शुरुआत के बाद सुपर चैलेंजर्स को बिट्टू मैक्सी ने संभाला। उन्होंने चौथा ओवर डालने आए बशारत हुसैन पर लगातार तीन छक्के जड़कर अपने इरादे जाहिर किए। बिट्टू लगातार बड़ा शॉट खेल रहे थे और टीम को मुश्किल से उबारने की कोशिश की। बिट्टू की पारी के दम पर ही सुपर चैलेंजर्स 50 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रहा। हालांकि, दीपांशु ने बिट्टू को आउट कर उनकी पारी का अंत किया। बिट्टू 19 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए। सुपर चैलेंजर्स ने छह ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 53 रन गंवा दिए हैं।
सुपर चैलेंजर्स ने ब्रज वारियर्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया है, लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही है और उसने सलामी जोड़ी के विकेट जल्दी गंवा दिए हैं। दीपांशु बहुगुना ने विनीत सिंह को छह रन के स्कोर पर आउट कर सुपर चैलेंजर्स को पहला झटका दिया। इसके बाद वकार हैदर ने मुकेश यादव को आउट किया जो पांच गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए। तीन ओवर की समाप्ति तक सुपर चैलेंजर्स का स्कोर दो विकेट पर 14 रन है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एलएलसी टेन10 में आज दिन के तीसरे मैच में ब्रज वारियर्स का सामना सुपर चैलेंजर्स से है। इसके बाद रात को बुंदेलखंड ब्लास्टर्स का मुकाबला काशी नाइट्स से होगा।