फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

USA vs WI: वेस्टइंडीज ने अमेरिका को 11वें ओवर में नौ विकेट से हराया, होप ने खेली अर्धशतकीय पारी, पूरन भी चमके

Sat, 22 Jun 2024 09:37 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बारबाडोस

खास बातें

 America vs West Indies T20 World Cup : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज टी20 विश्व कप 2024 के 46वां मैच में अमेरिका और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अमेरिका ने 19.5 ओवर में 10 विकेट पर 128 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज ने 10.5 ओवर में शाई होप की 82 रनों की नाबाद पारी के बदौलत एक विकेट पर 130 रन बनाए और नौ विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
वेस्टइंडीज बनाम अमेरिका - फोटो : ICC/T20 World Cup
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:51 AM, 22-Jun-2024

वेस्टइंडीज की नौ विकेट से जीत

वेस्टइंडीज ने शनिवार को अमेरिका के खिलाफ नौ विकेट से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा। अब वेस्टइंडीज अपना तीसरा मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 24 जून को खेलेगी। पिछले मैच में विंडीज टीम को इंग्लैंड के खिलाफ करारी हार मिली थी। वहीं, अमेरिका का सेमीफाइनल में पहुंचना अब मुश्किल है। 

ग्रुप दो की अंक तालिका का हाल
वेस्टइंडीज ने इस जीत के साथ ग्रुप दो में बड़ा बदलाव किया है। अब टीम दो अंकों के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच गई है। वहीं, उनका नेट रनरेट +1.814 हो गया। इंग्लैंड की टीम दो मैचों में एक जीत के साथ तीसरे पायदान पर खिसक गई है। उनके खाते में दो अंक जरूर हैं लेकिन उनका नेट रनरेट +0.412 है। चौथे पायदान पर अमेरिका की टीम है जिसे सुपर-8 में अब तक एक भी जीत नहीं मिली है। वहीं, उनका नेट रनरेट -2.908 हो गया है। इस ग्रुप में फिलहाल दक्षिण अफ्रीका चार अंक और +0.625 के नेट रनरेट के साथ शीर्ष पर है। 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अमेरिका ने 19.5 ओवर में 10 विकेट पर 128 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज ने 10.5 ओवर में शाई होप की 82 रनों की नाबाद पारी के बदौलत एक विकेट पर 130 रन बनाए और नौ विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। वेस्टइंडीज को अपना अगला मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलना है। अगर इस मैच में टीम को जीत मिलती है तो वह अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच जाएगी और सेमीफाइनल में जगह बना लेगी। 

वेस्टइंडीज की पारी
129 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत शानदार हुई। शाई होप और जॉनसन चार्ल्स के बीच पहले विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी हुई। हरमीत सिंह ने सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर चार्ल्स को मिलिंद कुमार के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ 15 रन बना सके। इसके बाद मोर्चा निकोलस पूरन ने संभाला। उन्होंने सलामी बल्लेबाज के साथ टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। दोनों के बीच 63 रनों की नाबाद साझेदारी हुई। पूरन ने 12 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्के की मदद से 27 रन बनाए। वहीं, होप ने तूफानी प्रदर्शनक किया। उन्होंने चार चौके और आठ छक्कों की मदद से 82 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 210.25 का रहा।

08:32 AM, 22-Jun-2024

USA vs WI Live Score: वेस्टइंडीज का पहला विकेट गिरा

वेस्टइंडीज को पहला झटका हरमीत सिंह ने 67 रन के स्कोर पर दिया। उन्होंने जॉनसन चार्ल्स का विकेट चटकाया। वह सिर्फ 15 रन बना सके। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए निकोलस पूरन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए क्रीज पर साई होप मौजूद हैं। नौ ओवर के बाद टीम का स्कोर 97/1 है।

08:10 AM, 22-Jun-2024

USA vs WI Live Score: वेस्टइंडीज की पारी शुरू

वेस्टइंडीज की सलामी जोड़ी अमेरिकी गेंदबाजों को निशाना बनाते दिख रही है। शाई होप और जॉनसन चार्ल्स दोनों फॉर्म में नजर आ रहे हैं। चार ओवर के बाद टीम का स्कोर 33/0 है।

विज्ञापन
07:37 AM, 22-Jun-2024

USA vs WI Live Score: अमेरिका की पारी 128 रन पर सिमटी

अमेरिका ने वेस्टइंडीज को 129 रन का लक्ष्य दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अमेरिका की पारी 19.5 ओवर में 128 रन पर सिमट गई। अमेरिका के लिए एंड्रीज गौस ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए। वहीं, वेस्टइंडीज के लिए रोस्टन चेज ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, जबकि आंद्रे रसेल और अल्जारी जोसेफ को दो-दो विकेट मिले।

अमेरिका की शुरुआत खराब रही थी। स्टीवन टेलर दो रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद गौस ने नीतीश कुमार के साथ 48 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को गुडाकेश मोती ने तोड़ा। उन्होंने नीतीश को एल्बीडब्ल्यू किया। नीतीश 19 गेंद में 20 रन बना सके। गौस भी रन रेट बढ़ाने के चक्कर में अल्जारी जोसेफ का शिकार बने। वह 16 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान एरॉन जोंस (11), कोरी एंडरसन (7) और हरमीत सिंह (0) को रोस्टन चेज ने पवेलियन भेजा। चेज ने 14वें ओवर में लगातार दो गेंद पर एंडरसन और हरमीत को आउट किया था। मिलिंद कुमार 19 रन और शेडली वान 18 रन बनाकर आउट हुए। केंजिगे एक रन और सौरभ नेत्रवलकर खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। अली खान छह गेंद में 14 रन बनाकर नाबाद रहे। 

07:19 AM, 22-Jun-2024

USA vs WI Live Score: अमेरिका का स्कोर 100 के पार

अमेरिका ने 16 ओवर के बाद छह विकेट पर 102 रन बना लिए हैं। फिलहाल मिलिंद कुमार 18 रन और शेडली नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। रोस्टन चेज ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके हैं।

विज्ञापन
07:08 AM, 22-Jun-2024

USA vs WI Live Score: चेज हैट्रिक से चूके

14वें ओवर में वेस्टइंडीज के स्पिनर रोस्टन चेज ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लिए। उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर कोरी एंडरसन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया था। इसके बाद अगली ही गेंद पर हरमीत सिंह को जॉनसन चार्ल्स के हाथों कैच कराया। एंडरसन सात रन बना सके, जबकि हरमीत खाता भी नहीं खोल पाए। 14 ओवर के बाद अमेरिका का स्कोर छह विकेट पर 91 रन है।

06:46 AM, 22-Jun-2024

USA vs WI Live Score: अमेरिका को चौथा झटका

अमेरिका को 65 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। 10वें ओवर में रोस्टन चेज ने कप्तान एरॉन जोंस को क्लीन बोल्ड किया। वह 11 रन बना सके। फिलहाल मिलिंद कुमार और कोरी एंडरसन क्रीज पर हैं। 10 ओवर के बाद अमेरिका का स्कोर चार विकेट पर 69 रन है।

06:40 AM, 22-Jun-2024

USA vs WI Live Score: अमेरिका को तीसरा झटका

अमेरिका को आठवें ओवर में 60 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। एंड्रीज गौस 16 गेंद में 29 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें अल्जारी जोसेफ ने शाई होप के हाथों कैच कराया। फिलहार कोरी एंडरसन और कप्तान एरॉन जोंस क्रीज पर हैं। नौ ओवर के बाद अमेरिका का स्कोर तीन विकेट पर 65 रन है।

06:32 AM, 22-Jun-2024

USA vs WI Live Score: अमेरिका को दूसरा झटका

अमेरिका को 51 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। सात ओवर समाप्त हो चुके हैं। फिलहाल कप्तान एरॉन जोंस और एंड्रीज गौस क्रीज पर हैं। नीतीश कुमार को गुडाकेश मोती ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 19 गेंद में 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। स्टीवन टेलर भी पवेलियन लौट चुके हैं। नीतीश और गौस के बीच 48 रन की साझेदारी हुई।

06:28 AM, 22-Jun-2024

USA vs WI Live Score: पावरप्ले समाप्त

पावरप्ले समाप्त हो चुका है। अमेरिका ने छह ओवर में एक विकेट पर 48 रन बना दिए हैं। एंड्रीज गौस 12 गेंद में 25 रन और नीतीश कुमार 18 गेंद में 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। टीम को एकमात्र झटका स्टीवन टेलर के रूप में लगा। 

06:10 AM, 22-Jun-2024

USA vs WI Live Score: अमेरिका को पहला झटका

दो ओवर के बाद अमेरिका ने एक विकेट गंवाकर 10 रन बना लिए हैं। नीतीश कुमार तीन रन और एंड्रीज गौस पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं। पारी के दूसरे ओवर में आंद्रे रसेल ने स्टीवन टेलर को रोस्टन चेज के हाथों कैच कराया। वह सात गेंद में दो रन बना सके।

05:57 AM, 22-Jun-2024

USA vs WI Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

अमेरिका: स्टीवन टेलर, एंड्रीज गौस (विकेटकीपर), नीतीश कुमार, एरॉन जोन्स (कप्तान), कोरी एंडरसन, मिलिंद कुमार, हरमीत सिंह, शैडली वैन शल्कविक, नोस्टुश केनजिगे, अली खान, सौरभ नेत्रवलकर।
वेस्टइंडीज: जॉनसन चार्ल्स, शाई होप, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), रोस्टन चेज, रोवमन पॉवेल (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, आंद्रे रसेल, अकील होसेन, अल्जारी जोसेफ, गुडाकेश मोती, ओबेड मैकॉय।

05:56 AM, 22-Jun-2024

USA vs WI Live Score: वेस्टइंडीज ने जीता टॉस

वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमन पॉवेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। वेस्टइंडीज के प्लेइंग-11 में दो बदलाव है। शाई होप और ओबेड मैकॉय की वापसी हुई है। ब्रैंडन किंग और रोमारियो शेफर्ड को बाहर किया गया है। वहीं, अमेरिका ने भी दो बदलाव किए हैं। जहांगीर और जेस्सी सिंह को बाहर किया गया है। मिलिंद कुमार और शेडली को मौका दिया गया है।

05:56 AM, 22-Jun-2024

USA vs WI Live Score: कमजोर गेंदबाजी अमेरिका के लिए खड़ी कर सकता है परेशानी

अमेरिका की कमजोरी उसका अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण है जिसके लिए वेस्टइंडीज के पावर हिटर्स निकोलस पूरन, आंद्रे रसेल और पॉवेल को गेंदबाजी करना बड़ी चुनौती होगा। दूसरी ओर वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डेरेन सैमी ने कहा कि उनकी टीम का मनोबल गिरा नहीं है। उन्होंने कहा, किसी टूर्नामेंट में किसी मैच में विरोधी टीम आप पर हावी हो जाती है लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि आप बाहर ही हो गए हैं। अब हमें सारे मैच जीतने होंगे और हमारा फोकस उसी पर है।

05:56 AM, 22-Jun-2024

USA vs WI Live Score: अमेरिका को खेलना होगा आक्रामक क्रिकेट

दूसरी ओर पाकिस्तान को हराने के बाद अमेरिका ने भले ही कोई मैच नहीं जीता हो लेकिन भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका पर अप्रत्याशित जीत के करीब पहुंचने के बाद 18 रन से हार गई। सह मेजबान अमेरिका ने अभी तक आक्रामक क्रिकेट खेली है और इस मैच में भी उससे यही उम्मीद होगी। अमेरिकी बल्लेबाज स्टीवन टेलर ने मैच से पूर्व कहा, हम अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं और टीम का आपसी तालमेल कमाल का है। हमें पता है कि सुपर आठ की बाकी टीमों के सामने हमें कमजोर माना जाएगा। हम यहां अच्छा खेलने आए हैं। ऐसा कर सके तो जीतेंगे वरना हारेंगे।

05:55 AM, 22-Jun-2024

USA vs WI Live Score: वेस्टइंडीज को मिली थी इंग्लैंड से हार

ग्रुप चरण में अपराजेय रहने के बाद वेस्टइंडीज को सुपर आठ चरण के पहले मैच में गत चैंपियन इंग्लैंड ने आठ विकेट से हराया था। वेस्टइंडीज के बल्लेबाज स्ट्राइक रोटेट करने में नाकाम रहे और पारी में 51 डॉट गेंदें रही। इस हार के बाद रोवमैन पॉवेल की टीम अंक तालिका में सबसे नीचे खिसक गई है और उसका नेट रनरेट भी माइनस 1.343 है। उसे तीसरा खिताब जीतने की उम्मीदें बनाए रखने के लिए बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। 

05:55 AM, 22-Jun-2024

USA vs WI Live Score: ग्रुप-2 का मुकाबला

वेस्टइंडीज और अमेरिका के बीच सुपर आठ चरण में ग्रुप दो का मुकाबला खेला जाएगा। दोनों मेजबानों के लिए यह मुकाबला करो या मरो की तरह है जहां वेस्टइंडीज को सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखने के लिए अमेरिका के खिलाड़ी बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी, जबकि ग्रुप चरण में पाकिस्तान को हराकर उलटफेर करने वाली अमेरिका की कोशिश एक बार फिर इसी तरह का कारनामा करने पर टिकी होंगी। 

05:51 AM, 22-Jun-2024

USA vs WI: वेस्टइंडीज ने अमेरिका को 11वें ओवर में नौ विकेट से हराया, होप ने खेली अर्धशतकीय पारी, पूरन भी चमके

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज टी20 विश्व कप 2024 के 46वें मैच में अमेरिका का सामना वेस्टइंडीज से है। दोनों ही टीमें सुपर-8 राउंड में एक-एक मुकाबला हार चुकी हैं। ऐसे में दोनों ही टीमों के लिए यह करो या मरो का मुकाबला है। एक हार टीम के लिए सेमीफाइनल का रास्ता मुश्किल कर देगी। वेस्टइंडीज की टीम अमेरिका के खिलाफ उलटफेर से बचना चाहेगी। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें