उप कप्तानी को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई। हार्दिक एक क्रिकेटर के रूप में क्या क्या कर सकते हैं, ये हम सब जानते हैं। उन्हें रिप्लेस करना कठिन है। वह कप्तान को भी बहुत सारे विकल्प देते हैं और वह लंबे ब्रेक के बाद वापस आ रहे हैं। उनके लिए कोई रिप्लेसमेंट नहीं है। जो वह कर सकते हैं वह शानदार है। वह एक लंबे ब्रेक के बाद टीम में आ रहे हैं। हम उम्मीद कर रहे हैं कि वह अपनी इंजरी और फॉर्म पर काम कर रहे हैं। खासकर जिस तरह से वह गेंदबाजी करते हैं, वह (कप्तान) रोहित को काफी संतुलन और विकल्प देंगे।
हमने ऑफ स्पिनर को लेकर भी चर्चा की। सुंदर ने हाल फिलहाल में ज्यादा क्रिकेट खेली नहीं है। न ही उन्हें ज्यादा मौका मिला है। इसके बाद कॉम्पिटीशन अश्विन और अक्षर पटेल के बीच था। तो हमने सोचा कि दो बाएं हाथ के स्पिनर जो पिछले कुछ समय से अच्छा कर रहे हैं। अश्विन ने पिछले कुछ समय से इस प्रारूप में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। वहीं, अक्षर अच्छे फॉर्म में हैं। वनडे विश्व कप के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज से अक्षर का प्रदर्शन शानदार रहा है। वह प्लेयर ऑफ द सीरीज भी रहे थे। वह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। इन सभी ने हमें अक्षर को चुनने पर मजबूर किया। अगर हमें मिडिल ऑर्डर में किसी बाएं हाथ के बल्लेबाज को भेजना है तो भी हम अक्षर का इस्तेमाल कर सकते हैं। अक्षर को काफी अनुभव भी है, वह पिछले काफी समय से टीम इंडिया के लिए खेल रहे हैं।
हम चाहते हैं कि हर खिलाड़ी वही करें जो वह आईपीएल में करते आ रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि शिवम दुबे ने आईपीएल में ज्यादा गेंदबाजी नहीं की है, लेकिन वह सीजनल क्रिकेटर हैं। वह रेड बॉल क्रिकेट में गेंदबाजी करना जानते हैं। ऐसे में वह व्हाइट बॉल क्रिकेट में गेंदबाजी कर सकते हैं। जब टी20 फॉर्मेट खेलते हैं, तो स्किल पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है। जिस भी गेंदबाज के पास थोड़ी स्किल है वह कामयाब हो सकता है। हम यह उम्मीद कर रहे हैं कि अगर शिवम से हम गेंदबाजी करने के लिए कहते हैं तो वह गेंदबाजी करेंगे। हार्दिक आईपीएल में नियमित तौर पर गेंदबाजी कर रहे हैं। हार्दिक फिट हैं और अच्छा कर रहे हैं। ऑलराउंडर्स का जो भी रोल है, हम उम्मीद कर रहे हैं कि विश्व कप में वह अपना काम करेंगे। हम चारों ऑलराउंडर्स से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।
अगरकर ने कहा, अगर विश्व कप आईपीएल की तरह होने लग जाए जहां 220-230 रन आम बात है तो हमारे पास टीम में काफी ज्यादा मजबूती है।
सारे विकल्प खुले हुए हैं। हम बस वेस्टइंडीज जाएंगे और वहां के कंडीशन को देखकर प्लेइंग-11 के बारे में सोचेंगे। पिचों के बारे में हमें ज्यादा पता नहीं है। हमने पहले न्यूयॉर्क में खेला नहीं है तो हमें पता नहीं है कि पिच कैसा खेलेगी। हमने वेस्टइंडीज में खेला हुआ है, लेकिन वहां भी हम अलग-अलग वेन्यू पर खेलेंगे। तो पहले पता करना होगा कि पिच कैसा खेलेगी और फिर टीम कॉम्बिनेशन के बारे में सोचा जाएगा। हालांकि, एक चीज जो हमने ध्यान दिया, वह है मध्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा हिटर्स के बारे में। टॉप ऑर्डर में हमारे बल्लेबाज हैं जो हिट कर सकते हैं। लेकिन हम बीच के ओवरों में हम ऐसा खिलाड़ी चाहते थे जो आए और बिना किसी डर के शॉट खेले। इस बारे में हमने ज्यादा नहीं सोचा कि वह गेंदबाजी करता है या नहीं। शिवम दुबे का चयन इसी वजह से हुआ है।
कोहली के स्ट्राइक रेट पर सवाल पूछे जाने पर रोहित शर्मा हंसने लगे। इस पर अगरकर ने कहा- हम कोहली के स्ट्राइक रेट के बारे में फिलहाल कुछ नहीं सोच रहे। वह शानदार फॉर्म में हैं। आईपीएल में भी वह खूब रन बना रहे। हमारे लिए अनुभव काफी मायने रखता है। अगर किसी मैच में 220 रन बनते हैं तो हमारी टीम में वैसे बल्लेबाज या खिलाड़ी हैं जो उस स्ट्राइक रेट को मैच कर सकें। हमारी टीम में काफी बैलेंस है तो कोहली के स्ट्राइक रेट पर ध्यान देने के बारे में हमने सोचा भी नहीं। आप आईपीएल में फॉर्म पर ध्यान दें। विश्व कप जैसे टूर्नामेंट में अलग तरह का दबाव होगा, वहां अनुभव काम आएगा।
हमने काफी पहले से ही टी20 विश्व कप को लेकर टीम बनाना शुरू कर दिया था। वेस्टइंडीज की पिचों को देखते हुए हमने प्लेइंग-11 के बारे में भी सोचना शुरू कर दिया था। बस कुछ स्लॉट बच गए थे। हमने आईपीएल से काफी पहले ही टीम को बनाना शुरू कर दिया था। जो भी खिलाड़ी चुने गए हैं ऐसा नहीं है कि वह इस प्रारूप में नए हैं। हमारे 15 क्या होंगे इस बारे में आईपीएल से पहले सोचना शुरू कर दिया था। आईपीएल में हर रोज प्रदर्शन बदलता है तो इसके आधार पर हमने ज्यादा नहीं सोचा।
मैं चार स्पिनर चुनने के कारण का खुलासा अभी नहीं करूंगा और इस बारे में वेस्टइंडीज में जानकारी दूंगा। मैं निजी तौर पर चार स्पिनर रखना चाहता था और हार्दिक को तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में उतारना चाहता हूं। अक्षर और जडेजा अच्छी बल्लेबाजी भी करते हैं और कुलदीप तथा चहल आक्रमक स्पिनर हैं जो हमें अच्छा संतुलन देते हैं।
रिंकू सिंह ने कुछ भी गलत नहीं किया है, यहां तक कि शुभमन गिल ने भी। रोहित को अधिक विकल्प के लिए टीम में कुछ कलाई के स्पिनर चाहिए थे। ऐसा ही मामला अक्षर के लिए भी है जो एक बैटिंग ऑलराउंडर हैं। हमने सोचा कि वह उपयोगी हो सकते हैं। यह हमारे लिए कठिन था, लेकिन दिन के अंत में हमें टीम चुननी थी।
जो फॉर्मेट का विश्व कप होता है हम उस पर ध्यान देते हैं। 2022 टी20 विश्व कप के बाद कई खिलाड़ियों को इस प्रारूप से ब्रेक दिया गया था। चूंकि वनडे विश्व कप था तो हमने वनडे पर ज्यादा ध्यान दिया और टी20 मिस किया। हमने टेस्ट को तरजीह दी क्योंकि इस प्रारूप को कोई मिस नहीं करना चाहता। हमने चयन समिति, कोच सबसे बात की। अगरकर बाद में चयन समिति के अध्यक्ष बने, इसलिए उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं है।
हमारा शीर्ष क्रम आक्रमक बल्लेबाजी करता है और यह बुरा नहीं है। हम चाहते थे कि मध्य ओवरों में भी कोई इसी तरह की भूमिका निभाए और फ्री होकर खेले। हमने आईपीएल में शिवम दुबे के प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन किया। हमने इस बारे में बात की और उनका चयन किया। लेकिन, इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि हमारी प्लेइंग इलेवन क्या होगी। यह अभ्यास और विपक्षी टीम पर आधारित होगी
राहुल को लेकर अगरकर ने कहा, राहुल एक शानदार खिलाड़ी हैं। हम मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ियों को देख रहे थे और वह आईपीएल में ओपनिंग कर रहे थे। ऋषभ पंत मध्यक्रम में बल्लेबाजी कर रहे थे। वह नंबर पांच पर बल्लेबाजी कर हैं। सैमसन भी डाउन द ऑर्डर बल्लेबाजी कर सकते हैं। हमने इसी सोच के साथ जाने का सोचा। हमने खिलाड़ियों से ज्यादा रिक्त स्थान को भरने का सोचा। जो स्लॉट खाली थे, उनमें खिलाड़ियों को सेट किया गया। हम ऐसे खिलाड़ी ढूंढ रहे थे जो पारी के अंत में ज्यादा से ज्यादा रन बटोर सकें।
अगरकर ने कहा, हार्दिक ने भले ही कुछ टी20 सीरीज में भारत का नेतृत्व किया, लेकिन रोहित एक महान कप्तान हैं। वनडे विश्व कप और टी20 विश्व कप में छह महीने का अंतर था। हमें कुछ फैसले लेने थे और इसमें कोई शक नहीं था।
रोहित ने कहा, हर कुछ आपके पक्ष में नहीं जाएगा। यही जिंदगी है। मेरे लिए यह शानदार अनुभव रहा है। मैं पहले भी कप्तान नहीं रहा हूं और बहुत सारे कप्तानों के अंदर खेला है। ये मेरे लिए नया नहीं है। जो है उसी में खुश रहो। आप कोशिश कर सकते हैं। आप एक खिलाड़ी के तौर पर कोशिश करिए और मैं यही पिछले एक महीने से ऐसा ही कर रहा हूं।
अजीत अगरकर और रोहित शर्मा की प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू हो चुकी है। रोहित और अगरकर टी20 विश्व कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम को लेकर सवालों के जवाब दे रहे हैं।
अजीत अगरकर और रोहित शर्मा की टी20 विश्व कप को लेकर होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस को शुरू होने में देरी हो रही है। रोहित और अगरकर बीसीसीआई मुख्यालय में मौजूद हैं।
अजीत अगरकर के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भी प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए बीसीसीआई मुख्यालय पहुंच गए हैं।
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगकर प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए बीसीसीआई मुख्यालय पहुंच गए हैं। जल्द ही रोहित के साथ उनकी कॉन्फ्रेंस शुरू होगी।
टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में विकेटकीपर के रूप में केएल राहुल की जगह संजू सैमसन को चुना गया। हालांकि, क्या सैमसन को ऋषभ पंत से पहले प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा? सैमसन वेस्टइंडीज की परिस्थितियों से अच्छी तरह परिचित हैं और उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है। इसके अलावा वह आईपीएल में शानदार फॉर्म में हैं तो क्या भारत उन्हें मैच विजेता पंत की जगह मौका देने पर विचार करेगा?
ये एक ऐसा सवाल है जो हर किसी के मन में है। टी20 विश्व कप के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए व्हाइट बॉल करियर कैसा होगा इस बारे में भी रोहित बात कर सकते हैं।
आईसीसी इवेंट्स में भारत के लिए रवींद्र जडेजा का प्रदर्शन शानदार रहा है। हालांकि, उनका हालिया फॉर्म उतना अच्छा नहीं रहा है। क्या उन्हें टीम में चुनने से पहले उनके हालिया फॉर्म पर विचार किया गया? यह भी बड़ा सवाल होगा।
रोहित शर्मा के लिए ये बड़ा सवाल होगा। कोहली ने एक सलामी बल्लेबाज के रूप में आरसीबी के लिए शानदार प्रदर्शन किया है, तो क्या भारत उन्हें शीर्ष पर खिलाने का जोखिम उठाएगा, जहां वह फील्ड रेस्ट्रिक्शंस और पावरप्ले का फायदा उठा सकते हैं और फिर अन्य बल्लेबाजों को दूसरे छोर पर आक्रामक होने की अनुमति देने के लिए एंकर की भूमिका निभा सकते हैं। टी20 विश्व कप आईपीएल नहीं है इसलिए रणनीति थोड़ी अलग होगी।
अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद रिंकू सिंह को भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया। रिंकू ने भारत के लिए 15 टी20 मैचों में 89 की औसत से 356 रन बनाए थे।
हार्दिक पांड्या का आईपीएल में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है और टीम में उनकी जगह पर बड़ा सवालिया निशान लगा हुआ है। हालांकि, न केवल पांड्या को चुना गया, बल्कि उन्हें टीम का उप कप्तान भी बनाया गया।
विराट कोहली का स्ट्राइक रेट पिछले कुछ समय से चर्चा का विषय रहा है। कुछ फैंस और पूर्व क्रिकेटर्स ने उनके स्ट्राइक रेट पर सवाल उठाए गए थे। ऐसी खबरें थीं कि अजीत अगरकर कोहली को टीम में रखने के इच्छुक नहीं थे, इसलिए चयनकर्ता से आज कुछ कठिन सवाल पूछे जाएंगे।
विराट कोहली को टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में चुना गया। कोहली ने आईपीएल में आरसीबी के लिए उल्लेखनीय रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि, क्या भारत टी20 विश्व कप में सलामी बल्लेबाज के रूप में कोहली के साथ प्रयोग करेगा, खासकर टीम में यशस्वी जयसवाल के रहते? इसको लेकर भी दोनों जवाब दे सकते हैं।
हाल ही में भारतीय टीम की घोषणा की गई। रोहित शर्मा को टीम का कप्तान बनाया गया जबकि हार्दिक पंड्या को टीम का उप-कप्तान चुना गया। टीम में युजवेंद्र चहल के साथ संजू सैमसन और शिवम दुबे को भी चुना गया है। हालांकि, रिंकू सिंह और केएल को बाहर कर दिया गया।
रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पांड्या (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल , अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
रिजर्व: शुभमन गिल, रिंकू सिंह, खलील अहमद और अवेश खान।
रोहित शर्मा और अजीत अगरकर भारत की टी20 विश्व कप टीम के बारे में कठिन सवालों के जवाब देंगे और टीम वेस्टइंडीज और यूएसए में मेगा इवेंट के लिए कैसे तैयारी कर रही है। रिंकू सिंह को बाहर करना और विराट कोहली के स्ट्राइक रेट के संबंध में कुछ कठिन सवाल कप्तान-चयनकर्ता जोड़ी पर उठाए जाने की संभावना है। हम इस प्रेस कॉन्फ्रेंस से जुड़े हर लाइव अपडेट आपको दे रहे हैं। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होने वाली है।
रोहित शर्मा, अजीत अगरकर प्रेस कॉन्फ्रेंस लाइव अपडेट: भारत के कप्तान रोहित शर्मा और अजीत अगरकर आज दो मई को भारत की टी20 विश्व कप टीम पर एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा हाल ही में की गई थी। रोहित को टीम का कप्तान बनाया गया, जबकि विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत और हार्दिक पंड्या को टीम में जगह मिली। युजवेंद्र चहल के साथ शानदार आईपीएल फॉर्म के कारण शिवम दुबे और संजू सैमसन को भी चुना गया। हालांकि, रिंकू सिंह और केएल राहुल को टीम से बाहर कर दिया गया।