महिला टी20 विश्व कप का नौवां संस्करण न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक जीत के साथ समाप्त हो गया। रविवार को सोफी डिवाइन की टीम ने दक्षिण अफ्रीका को फाइनल मैच में 32 रनों से हराकर टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया। यह पहला मौका है जब टीम ने आईसीसी टी20 विश्व कप का खिताब जीता है।
लगातार दूसरी बार खिताब से चूकी द. अफ्रीका की टीम
दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकबले में द. अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। कीवियों ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 158 रन बनाए। जवाब में अफ्रीकी टीम नौ विकेट पर 126 रन ही बना सकी। इस तरह न्यूजीलैंड ने अपना पहला खिताब जीत लिया। वहीं, लौरा वोलवार्ड्ट के नेतृत्व वाली टीम को लगातार दूसरी बार फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। पिछली बार अपने घरेलू मैदानों में हुए टी 20 विश्व कप के फाइनल में उन्हें ऑस्ट्रेलिया के हाथों 19 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
लौरा और तजमीन ने दिलाई शानदार शुरुआत
159 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत शानदार हुई। लौरा वोलवार्ड्ट और तजमीन ब्रिट्स के बीच पहले विकेट के लिए 51 रनों की शानदार साझेदारी हुई। यह तीसरा मौका है जब इस टूर्नामेंट के दौरान दोनों बल्लेबाजों के बीच 50 से अधिक रनों की साझेदारी हुई। वहीं, महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में दोनों के बीच छठी बार 50+ रनों की साझेदारी हुई। टीम को पहला झटका तजमीन के रूप में पहला झटका लगा जो 17 रन बनाकर लौटीं। वहीं, कप्तान लौरा 33 रन बनाकर आउट हुईं।
ताश के पत्तों की तरह बिखरा द. अफ्रीका का बल्लेबाजी क्रम
इसके बाद द. अफ्रीका का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। इस मुकाबले में लौरा और तजमीन के बाद सिर्फ दो बल्लेबाज दहाई के स्कोर को छू सके। कीवियों के खिलाफ एनेके बॉश ने नौ, मारिजैन कप ने आठ, नादिन डी क्लर्क ने छह, क्लो ट्रायन ने 14, सुने लूस ने आठ, एनेरी डर्कसन ने 10, सिनालो जाफ्ता ने छह, म्लाबा और खाका ने चार-चार रन बनाए। कीवियों के लिए रोजमेरी मेयर और अमेलिया केर ने तीन-तीन विकेट चटकाए जबकि कार्सन, जोनस और हालीडे को एक-एक सफलता मिली।
द. अफ्रीका का आठवां विकेट 18वें ओवर की पहली गेंद पर गिरा। क्लो ट्रायन 14 रन बनाकर आउट हो गईं।
द. अफ्रीका का सातवां विकेट डेरेकसन के रूप में गिरा, जो सिर्फ 10 रन बना सकीं। नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सिनेलो जाफ्ता उतरी हैं। टीम को जीते के लिए 12 गेंदों में 42 रनों की दरकार है।
द. अफ्रीका की टीम के बल्लेबाजी क्रम को न्यूजीलैंड के खिलाफ संघर्ष करते देखा जा रहा है। टीम को छठा झटका 97 रन के स्कोर पर लूस के रूप में लगा जो सिर्फ आठ रन बना सकीं। आठवें नंबर पर अब बल्लेबाजी के लिए डेरेकसन उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए ट्रायन क्रीज पर मौजूद हैं। 16 ओवर के बाद टीम का स्कोर 100/6 है।
77 रन के स्कोर पर द. अफ्रीका ने लगातार दो विकेट खोए। 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर कार्सन ने मारिजैन कप को अपना शिकार बनाया, जो सिर्फ आठ रन बना पाईं। वहीं, पारी का 13वां ओवर डालने आईं रोजमेरी मेयर ने पहली गेंद पर नादिन डी क्लर्क को प्लाइमर के हाथों कैच कराया।
इस मुकाबले में शानदार शुरुआत करने वाली द. अफ्रीका अब संघर्ष करती दिख रही है। लौरा और तजमीन के बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरीं एनेके बॉश भी पवेलियन लौट गईं। लौरा और तजमीन के बीच पहले विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी हुई थी। ब्रिट्स 17 रन बनाकर आउट हुईं। उनके पीछे-पीछे कप्तान लौरा भी 33 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। एनेके को केर ने गेज के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ नौ रन बना सकीं। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए नादिन डी क्लर्क उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए मारिजन कप क्रीज पर मौजूद हैं।
सलामी बल्लेबाजी के लिए उतरीं लौरा (29) और तजमीन (15) शानदार फॉर्म में नजर आ रही हैं। दोनों के बीच 47 रनों की साझेदारी हो चुकी है। पावरप्ले भी समाप्त हो गया है।
द. अफ्रीका की पारी शुरू हो चुकी है। लौरा वोलवार्ड्ट और तजमीन ब्रिट्स क्रीज पर मौजूद हैं। फैंस को दोनों से अच्छी शुरुआत की उम्मीद है।
खिताबी मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 159 रनों का लक्ष्य रखा है। इस मुकाबले में सूजी बेट्स ने 32, अमेलिया केर ने 43 और ब्रूक हालीडे ने 38 रनों की दमदार पारी खेली। तीनों के प्रदर्शन की बदौलत टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 158 रन बनाए। द. अफ्रीका के लिए म्लाबा ने दो विकेट चटकाए जबकि खाका, ट्रायन और नादिन डी क्लर्क ने एक-एक विकेट चटकाया।
अमेलिया केर 43 रन बनाकर आउट हो गईं। उन्हें म्लाबा ने ब्रिट्स के हाथों कैच कराया। अपनी शानदार पारी के दौरान उन्होंने चार चौके लगाए। अब सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए इसाबेला गेज उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए मैडी ग्रीन मौजूद हैं।
द. अफ्रीका की गेंदबाज क्लो ट्रायन ने कीवियों को चौथा झटका देकर ब्रूक और अमेलिया के बीच हुई 50+ रनों की साझेदारी को खत्म कर दिया। उन्होंने ब्रूक हालीडे को निशाना बनाया। वह 38 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटीं। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मैडी ग्रीन उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए अमेलिया केर क्रीज पर मौजूद हैं। 18 ओवर के बाद टीम का स्कोर 131/4 है।
70 के स्कोर पर तीन विकेट खो चुकी न्यूजीलैंड को अब अमेलिया केर और ब्रूक हालीडे का सहारा है। दोनों ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मोर्चा संभाल लिया है और 37 गेंदों में 50 रनों की साझेदारी कर ली है। दोनों बल्लेबाज शानदार फॉर्म में नजर आ रही हैं। 17 ओवर के बाद टीम का स्कोर 125/3 है।
न्यूजीलैंड को तीसरा झटका नादिन डी क्लर्क ने दिया। उन्होंने सोफी डिवाइन को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ छह रन बना सकीं। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ब्रूक हालीडे उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए अमेलिया केर क्रीज पर मौजूद हैं। 13 ओवर के बाद टीम का स्कोर 85/3 है।
न्यूजीलैंड को दूसरा झटका सूजी बेट्स के रूप में लगा। उन्हें म्लाबा ने अपना शिकार बनाया। वह तीन चौकों की मदद से 32 रनों की पारी खेलने में कामयाब हुईं। अब चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सोफी डिवाइन उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए अमेलिया केर क्रीज पर मौजूद हैं।
न्यूजीलैंड को पहला झटका अयाबोंगा खाका ने दिया। उन्होंने जॉर्जिया प्लाइमर को अपना शिकार बनाया। वह नौ रन बनाकर पवेलियन लौटीं। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अमेलिया केर उतरीं हैं। उनका साथ देने के लिए सूजी बेट्स क्रीज पर मौजूद हैं।
न्यूजीलैंड की पारी शुरू हो चुकी है। सूजी बेट्स और जॉर्जिया प्लाइमर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों अच्छी फॉर्म में नजर आ रही हैं।
न्यूजीलैंड: सूजी बेट्स, जॉर्जिया प्लाइमर, अमेलिया केर, सोफी डिवाइन (कप्तान), ब्रूक हॉलिडे, मैडी ग्रीन, इसाबेला गेज (विकेटकीर), रोजमेरी मेयर, ली ताहुहु, ईडन कार्सन, फ्रैन जोनास।
दक्षिण अफ्रीका: लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्स, एनेके बॉश, क्लो ट्रायॉन, मारिजेन कप, सुने लुस, नादिन डी क्लार्क, एनेरी डार्कसेन, सिनेलो जाफ्ता (विकेटकीपर), नॉनकुलुलेको म्लाबा, अयाबोंगा खाका।
महिला टी20 विश्व कप के फाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। दोनों टीमें खिताबी मुकाबले में किसी बदलाव के बिना उतरी हैं।
दक्षिण अफ्रीका की दो बल्लेबाज लौरा वॉलवार्ट (190 रन) और तंजीम ब्रिटस (170 रन) अच्छी फॉर्म में चल रही हैं। उनके पास मलाबा जैसी अच्छी गेंदबाज हैं जिन्होंने गत विजेता ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट पर 135 रन ही बनाने दिए थे और टीम ने दो ओवर शेष रहते जीत हासिल कर ली थी। मलाबा अभी तक दस विकेट ले चुकी हैं। शीर्ष क्रम पर जहां वॉलवार्ट और ब्रिट्स हैं वहीं एनाके बोश और मारिजाने कैप से भी टीम को बड़ी उम्मीदें रहेंगी।
दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका की टीम भी खिताब जीतने के लिए बेताब होगी। पिछली बार अपने घरेलू मैदानों में हुए टी 20 विश्व कप के फाइनल में उन्हें ऑस्ट्रेलिया के हाथों 19 रन से हार का सामना करना पड़ा था। वे पिछली बार की कसक को दूर कर चैंपियन बनना चाहेगी। यह दक्षिण अफ्रीका की टीम है जिसने छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को लगातार आठवीं बार फाइनल में प्रवेश करने से रोका है। जबकि पहले मैच में मजबूत भारतीय टीम को हराने वाली न्यूजीलैंड की टीम को ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था।
इस टीम में सूजी बेट्स जैसी बल्लेबाज और एमिलिया केर जैसी उपयोगी ऑलराउंडर मौजूद हैं। डिवाइन, सूजी बेट्स और लिया ताहूहू के लिए यह न्यूजीलैंड की जर्सी में अंतिम वैश्विक टूर्नामेंट माना जा रहा है। 35 साल की डिवाइन के खाते में सफेद गेंद के प्रारूप में सात हजार से ज्यादा रन हैं जबकि 37 साल की बेट्स दस हजार से ज्यादा रन बना रही हैं। 34 साल की ताहूहू वनडे में 112 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 93 विकेट ले चुकी हैं। न्यूजीलैंड की टीम खिताब जीतने के लिए कोई कसर नहीं रखेगी। न्यूजीलैंड की ओर से एमिलिया केर अब तक 12 विकेट ले चुकी हैं। उन्हें ईडन कारसन (08), रोजमैरी मायर (07) और अनुभवी ताहूहू से अच्छा सहयोग मिला है।
न्यूजीलैंड महिला टीम ने 2000 में वनडे विश्वकप जीता था लेकिन मौजूदा टीम का कोई भी सदस्य उस ऐतिहासिक जीत का हिस्सा नहीं रहा। महिला टी20 विश्व कप शुरू होने से पहले न्यूजीलैंड की टीम ने लगातार दस मैच हारे थे लेकिन डिवाइन के नेतृत्व में इस टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।
Live Cricket Score, New Zealand W vs South Africa W (NZ W vs SA W) T20 World Cup 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज महिला टी20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जा रहा है। दोनों टीमों को अपने पहले खिताब की तलाश है।