मुंबई की टीम ने हिमाचल को तीन विकेट से हराकर पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीत ली है। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए हिमाचल की टीम ने 143 रन बनाए थे। इसके जवाब में मुंबई ने सात विकेट खोकर 146 रन बनाए और तीन गेंद रहते यह मुकाबला जीत लिया। दोनों टीमें पहली बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची थीं और मुंबई ने खिताबी जंग अपने नाम की। हिमाचल ने इससे पहले विजय हजारे ट्रॉफी जीती थी। ऐसे में इस टीम के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने की भी संभावना थी, लेकिन इस बार हिमाचल की टीम कमाल नहीं कर पाई।
मैच में क्या हुआ?
टॉस हराकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हिमाचल की टीम ने खराब शुरुआत की। 10 रन के स्कोर पर पहला विकेट गिरा और 20 के स्कोर पर दो बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। निखिल गंगटा ने 14 गेंद में 22 रन बनाकर टीम की वापसी कराई, लेकिन 51 के स्कोर पर वह भी आउट हो गए। उनके आउट होते ही हिमाचल की टीम बिखर गई और सात रन के अंतराल पर टीम के पांच विकेट गिर गए। 58 रन के स्कोर पर हिमाचल के छह बल्लेबाज आउट हो चुके थे।
इसके बाद आकाश वशिष्ठ और एकांत सेन ने 60 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 118 रन तक पहुंचाया। आकाश 22 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, एकांत सेन ने 29 गेंद में 37 रन बनाए। अंत के ओवरों में मयंक डागर ने 12 गेंद में 21 रन बनाकर अपनी टीम का स्कोर 143 रन तक पहुंचा दिया।
मुंबई के लिए तनुष कोत्यान और मोहित अवस्थी ने तीन-तीन विकेट लिए। अमन हकीम खान और शिवम दुबे को एक-एक विकेट मिला।
सरफराज ने मुंबई को दिलाई जीत
144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत भी कुछ खास नहीं थी। पृथ्वी शॉ 11 और कप्तान रहाणे एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी कर अपनी टीम को संभाला। इसके बाद जायसवाल 28 गेंद में 27 रन और श्रेयस अय्यर 26 गेंद में 34 रन बनाकर आउट हो गए।
चार विकेट गिरने के बाद मुंबई की टीम भी बिखर गई। शिवम दुबे सात रन, अमन हकीम छह रन और शम्स मुलानी दो रन बनाकर आउट हुए। मुंबई को जीत के लिए आखिरी दो ओवर में 23 रन की जरूरत थी और हिमाचल के पास मैच जीतने का मौका था, लेकिन अभिनय ने 19वें ओवर में 17 रन लुटा दिए और मुंबई की जीत लगभग तय हो गई। सरफराज ने इस ओवर में 15 रन बटोरे। अगले ओवर में तनुष कोत्यान ने पहले दो रन लिए फिर छक्का लगाकर अपनी टीम को चैंपियन बना दिया।
सरफराज खान पर मुंबई को जीत दिलाने का दारोमदार है। टीम के सात विकेट गिर चुके हैं। अब सरफराज क्रीज पर एकमात्र विशेषज्ञ बल्लेबाज हैं। मुंबई को जीत के लिए आखिरी ओवर में छह रन की जरूरत है।
हिमाचल प्रदेश के वैभव अरोरा ने अपने आखिरी ओवर में दो विकेट लेकर मैच में हिमाचल प्रदेश की वापसी करा दी है। उन्होंने पहले शिवम दुबे फिर अमन हकीम खान को आउट कर मैच को रोमांचक बना दिया है। 17 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर छह विकेट पर 116 रन है। सरफराज खान के साथ शम्स मुलानी क्रीज पर हैं। मुंबई को जीत के लिए आखिरी तीन ओवर में 28 रन की जरूरत है।
144 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की टीम का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 50 रन के पार जा चुका है। यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। पृथ्वी शॉ आठ गेंद में 11 रन और कप्तान अजिंक्य रहाणे पांच गेंद में एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। हिमाचल के लिए दोनों विकेट कप्तान ऋषि धवन ने लिए हैं। आठ ओवर के बाद मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 57 रन है।
हिमाचल प्रदेश मे फाइनल मुकबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई के सामने 144 रन का लक्ष्य रखा है। इस मुकाबले में हिमाचल की टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी। 10 रन के स्कोर पर टीम का पहला विकेट गिरा था अंकुश बैंस चार रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद सुमीत वर्मा भी आठ रन बनाकर आउट हो गए। इस समय टीम का स्कोर 20 रन था। हालांकि, निखिल गंगटा ने 14 गेंद में 22 रन बनाकर हिमाचल की पारी को लय दी, लेकिन वह आठवें ओवर में आउट हो गए। यहां पर हिमाचल की टीम बिखर गई और सात रन के अंतराल पर टीम के पांच विकेट गिर गए।
58 रन पर छह विकेट गंवाकर हिमाचल की टीम संघर्ष कर रही थी, लेकिन आकाश वशिष्ठ और एकांत सेन ने 60 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 118 रन तक पहुंचाया। आकाश 22 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, एकांत सेन ने 29 गेंद में 37 रन बनाए। अंत के ओवरों में मयंक डागर ने 12 गेंद में 21 रन बनाकर अपनी टीम का स्कोर 143 रन तक पहुंचा दिया।
मुंबई के लिए तनुष कोत्यान और मोहित अवस्थी ने तीन-तीन विकेट लिए। अमन हकीम खान और शिवम दुबे को एक-एक विकेट मिला।
हिमाचल प्रदेश का स्कोर सात विकेट पर 120 रन के पार जा चुका है। यह टीम एक समय पर 58 रन पर छह विकेट गंवाकर मुश्किल में थी, लेकिन एकांत सेन और आकाश वशिष्ठ ने सातवें विकेट के लिए सात रन की साझेदारी कर अपनी टीम का स्कोर 120 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद आकाश 25 रन बनाकर आउट हो गए। एकांत ने 29 गेंद में 37 रन बनाए। 19 ओवर के बाद हिमाचल प्रदेश का स्कोर आठ विकेट पर 128 रन है।
छह विकेट के नुकसान पर हिमाचल प्रदेश का स्कोर 70 रन के पार जा चुका है। मुंबई के लिए तनुष कोत्यान ने शानदार गेंदबाजी की है और हिमाचल के बल्लेबाजों को बैकफुट पर रखा है। इस मैच में हिमाचल की टीम ने शुरुआती झटकों से उबर कर दो विकेट पर 50 रन के स्कोर पर पहुंच गए थी, लेकिन मुंबई के गेंदबाजों ने दो रन के अंतराल पर तीन विकेट लेकर मैच में अपनी टीम की पकड़ मजबूत कर दी।
हिमाचल के प्रशांत चोपड़ा 27 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हुए। अंकुश बैंस तीन गेंद में चार रन और सुमीत वर्मा सात गेंद में आठ रन बनाकर पवेलियन लौटे। निखिल गंगटा ने 14 गेंद में 22 रन की पारी खेली। नितिन शर्मा पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। कप्तान ऋषि धवन ने तीन गेंद में एक रन बनाए। अब आकाश वसिष्ठ और एकांत सेन क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद हिमाचल प्रदेश का स्कोर छह विकेट पर 79 रन है।
मुंबई के लिए अब तक तनुष कोत्यान ने तीन और मोहित अवस्थी ने दो विकेट लिए हैं।
हिमाचल की एक समय पर दो विकेट के नुकसान पर 50 रन बनाकर बेहतर स्थिति में दिख रही थी, लेकिन इसके बाद मुबंई के गेंदबाजों ने दो रन के अंतराल में तीन विकेट लेकर हिमाचल की टीम को बैकफुट में ढकेल दिया है। अब हिमाचल के लिए वापसी करना बेहद मुश्किल होगा।
दो विकेट के नुकसान पर हिमाचल प्रदेश का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। प्रशांत चोपड़ा और निखिल गंगटा शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। ये दोनों हिमाचल की टीम को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं।
10 रन के स्कोर पर हिमाचल प्रदेश का पहला विकेट गिरा है। अंकुश बैंस चार रन बनाकर आउट हो चुके हैं। तीन ओवर के बाद हिमाचल का स्कोर एक विकेट पर 19 रन है।
मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। मुंबई की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
हिमाचल प्रदेश: प्रशांत चोपड़ा, अंकुश बैंस (विकेटकीपर), सुमीत वर्मा, आकाश वशिष्ठ, निखिल गंगटा, एकांत सेन, ऋषि धवन (कप्तान), सिद्धार्थ शर्मा, मयंक डागर, कंवर अभिनय सिंह, वैभव अरोड़ा।
मुंबई: पृथ्वी शॉ, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, सरफराज खान (विकेटकीपर), शिवम दुबे, शम्स मुलानी, तनुश कोटियन, अमन हकीम खान, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का फाइनल मैच मुंबई और हिमाचल प्रदेश के बीच है। दोनों टीमें पहली बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची हैं। ऐसे में इस टूर्नामेंट को नया चैंपियन मिलना तय है। मुंबई की टीम कागजों पर ज्यादा मजबूत है, लेकिन हिमाचल की टीम अब तक इस टूर्नामेंट में अजेय रही है। साथ ही यह टीम विजय हजारे ट्रॉफी की गत चैंपियन भी है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मैच होना तय है।