आईपीएल 2021 में आज सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला खेला गया। दुबई के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में हैदराबाद की टीम ने कप्तान केन विलियमसन (51*) और जेसन रॉय (60) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर राजस्थान के 165 रन के लक्ष्य को 9 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया। इसी के साथ हैदराबाद ने सीजन की अपनी दूसरी जीत भी दर्ज की। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए संजू सैमसन की अर्धशतकीय पारी के दम पर 164 रन बनाए थे।
अभिषेक शर्मा ने चेतन के चौथे ओवर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर उनकी लाइन लेंथ बिगाड़ दी। चेतन ने 18वें ओवर में 16 रन लुटा दिए और मैच अब हैदराबाद की मुट्ठी में चला गया है।
मुस्तफिजुर रहमान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 17वें ओवर में महज चार रन दिए और हैदराबाद के बल्लेबाजों पर लगाम लगाए रखा। हैदराबाद को अब आखिरी 18 गेंदों में 22 रन की जरुरत।
यूएई लेग में पहली बार खेलने उतरे प्रियम गर्ग पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उन्हें मुस्तफिजुर रहमान ने अपनी ही गेंद पर खुद कैच लपककर आउट किया। 13 ओवर के बाद सनराइजर्स का स्कोर: 119/3, केन विलियमसन (30*), अभिषेक शर्मा (0*)
चेतन साकरिया ने अपने पहले ही ओवर में प्रभावित किया। इस ओवर में उन्होंने तीन रन देकर जेसन रॉय का बड़ा विकेट अपने नाम किया। 12 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर: 114/2, केन विलियमसन (25*), प्रियम गर्ग (0*)
राजस्थान ने गेंदबाजी में बदलाव किया और लंबे इंतजार के बाद चेतन साकरिया को गेंद थमाई। चेतन ने भी निराश नहीं किया और अपने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर जेसन रॉय को सैमसन के हाथों कैच कराया। रॉय ने आउट होने से पहले 42 गेंदों में 60 रन की तूफानी पारी खेली।
राहुल तेवतिया अपने तीसरे ओवर में काफी खर्चीले साबित हुए। उनके इस ओवर में रॉय ने जमकर धुनाई की और तीन चौके और एक छक्का लगाया। इस ओवर में कुल 21 रन आए। 11 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर: 111/1, जेसन रॉय (59*), केन विलियमसन (23*)
सनराइजर्स की तरफ से डेब्यू करते हुए जेसन रॉय ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने तेवतिया की गेंद पर लगातार दो गेंदों में छक्का और चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया।
महिपाल लोमरोर ने बल्लेबाजी के बाद अब गेंदबाजी में भी प्रभावित किया। उन्होंने अपने पहले ओवर में महज छह रन देकर ऋद्धिमान साहा का विकेट भी चटकाया। छह ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 63/1, जेसन रॉय (31*), केन विलियमसन (5*)
हैदराबाद के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा ने तेज शुरुआत की लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उन्हें महिपाल लोमरोर ने अपने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर सैमसन के हाथों स्टंपिंग कराया। साहा ने आउट होने से पहले 11 गेंद में 18 रन बनाए।
ऋद्धिमान साहा और जेसन रॉय ने हैदराबाद को उम्मीद के मुताबिक एक तेज शुरुआत दिलाई है। दोनों ने पांच ओवर में ही पहले विकेट के लिए 57 रन जोड़ दिए हैं।
राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 164 रन बनाए। कप्तान संजू सैमसन ने टीम की तरफ से सर्वाधिक 82 रन बनाए, जबकि यशस्वी जायसवाल ने 36 रन का योगदान दिया। सनराइजर्स की तरफ से सिद्धार्थ कौल सबसे सफल गेंदबाज रहे और दो विकेट चटकाए।
राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन अपने चौथे आईपीएल शतक से चूक गए हैं। उन्हें 82 रन के स्कोर पर कौल ने होल्डर के हाथों कैच कराया। सैमसन ने 57 गेंदों की पारी के दौरान सात चौके और तीन छक्के लगाए।
भुवनेश्वर कुमार ने आज के मैच में शानदार गेंदबाजी की है। उन्होंने टीम को पहली सफलता दिलाने के साथ ही चार ओवर में 28 रन देकर एक विकेट चटकाया। 19वें ओवर में भी उन्होंने महज सात रन ही खर्चे। 19 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 160/3, संजू सैमसन (82*), महिपाल लोमरोर (27*)
राजस्थान की तरफ से कप्तान संजू सैमसन कप्तानी पारी खेल रहे हैं। वह रन बनाने का किसी भी तरह का मौका नहीं छोड़ रहे हैं। 18 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 153/3, संजू सैमसन (78*), महिपाल लोमरोर (25*)
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने आईपीएल में अपने 3000 रन पूरे कर लिए हैं।
कप्तान संजू सैमसन ने 41 गेंदों में चौके के साथ अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक भी है। सैमसन ने सिद्धार्थ कौल की ओवर में दो छक्के के साथ अकेले कुल 20 रन जड़े। 16 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 133/3, संजू सैमसन (66*), महिपाल लोमरोर (18*)
राजस्थान की उम्मीदें अब कप्तान संजू सैमसन और महिपाल लोमरोर से है। दोनों ही खिलाड़ी इस वक्त क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 92/3, संजू सैमसन (36*), महिपाल लोमरोर (8*)
राशिद खान ने एक बार फिर से हैदराबाद को बड़ी सफलता दिलाई है। राशिद ने दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर लिविंग्स्टन को समद के हाथों कैच कराया। लिविंगस्टन तीसरी बार राशिद का शिकार हुए हैं। आउट होने से पहले उन्होंने छह गेंदों में चार रन बनाए।
संदीप शर्मा ने राजस्थान की एक मजबूत साझेदारी को आखिरकार तोड़ दिया है। संदीप ने अपने कोटे के तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का खाने के बाद अगली ही गेंद पर यशस्वी जायसवाल को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया है। संदीप की धीमी गेंद पर यशस्वी आगे बढ़कर शॉट खेलना चाहते थे लेकिन गेंद ने बल्ले का किनारा लिया और बोल्ड हो गए। उन्होंने आउट होने से पहले 23 गेंदों में 36 रन बनाए।
यशस्वी जायसवाल और कप्तान संजू सैमसन की जोड़ी टीम को शुरूआती झटके से उबारने में लगी है। दोनों ही खिलाड़ियों के बीच एक अच्छी साझेदारी हो रही है। पहला पावरप्ले भी समाप्त हो चुका है। छह ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 49/1, यशस्वी जायसवाल (24*), यशस्वी जायसवाल (19*)
भुवनेश्वर कुमार ने बेहतरीन गेंदबाजी के साथ मैच की शुरुआत की है। उन्होंने अपना पहला ओवर मेडेन डालने के साथ ही लुईस का बड़ा विकेट भी अपने नाम किया है। दो ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 11/1, यशस्वी जायसवाल (5*), संजू सैमसन (0*)
लुईस के विकेट के साथ ही भुवनेश्वर कुमार ने पॉवरप्ले में 50वां आईपीएल विकेट पूरा कर लिया है। भुवी अब जहीर खान और संदीप शर्मा के बाद ऐसा करने वाले तीसरे गेंदबाज बन चुके हैं।
अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने अपने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर राजस्थान को बड़ा झटका दिया है। भुवी ने लुईस को अब्दुल समद के हाथों छह रन के स्कोर पर कैच करा दिया है।
राजस्थान ने पहले ही ओवर में 11 रन बटोरे। लुइस और जायसवाल ने एक-एक चौके जड़े।
राजस्थान की तरफ से यशस्वी जायसवाल और एविन लुईस पारी की शुरुआत कर रहे हैं। वहीं हैदराबाद ने संदीप शर्मा को नई गेंद थमाई है।
राजस्थान रॉयल्स:
संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), एविन लुईस, यशस्वी जायसवाल, महिपाल लोमरोर, लियम लिविंगस्टन, रियान पराग, राहुल तेवतिया, क्रिस मॉरिस, जयगदेव उनदकट, चेतन साकरिया, मुस्तफ़िज़ुर रहमान
सनराइज़र्स हैदराबाद:
केन विलियमसन, जेसन रॉय, ऋद्धिमान साहा, प्रियम गर्ग, अभिषेक शर्मा, जेसन होल्डर, अब्दुल समद, राशिद खान, भुवनेश्वर कुमार, संदीप शर्मा, सिद्धार्थ कौल
इंग्लैंड के तूफानी बल्लेबाज जेसन रॉय ने सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से आज अपना डेब्यू किया है। उन्हें डेविड वॉर्नर की जगह पर टीम में शामिल किया गया है।
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है।
राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच अब तक 14 मुकाबले खेले गए हैं और दोनों के बीच मुकाबला बराबरी का रहा है। संजू सैमसन की अगुवाई वाली राजस्थान और केन विलियमसन की कप्तानी वाली हैदराबाद दोनों ने सात-सात मैच जीते हैं।