सनराइजर्स हैदराबाद की टीम शाहबाज अहमद की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर राजस्थान रॉयल्स को हराकर आईपीएल 2024 सीजन के फाइनल में पहुंच गई है। हैदराबाद का सामना रविवार को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से होगा। केकेआर ने हैदराबाद को क्वालिफायर-1 मैच में हराया था और एक बार फिर दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। राजस्थान ने एलिमिनेटर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को हराकर फाइनल में पहुंचने की पहली बाधा पार कर ली थी, लेकिन टीम खिताबी मुकाबले में प्रवेश करने से पहले अंतिम बाधा पार नहीं कर सकी और उसका सफर यहीं समाप्त हो गया।
राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था, लेकिन हैदराबाद ने खराब शुरुआत से उबरते हुए हेनरिच क्लासेन के 34 गेंदों पर 50 रन की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में नौ विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन उनके आउट होने के बाद टीम की लय गड़बड़ा गई। ध्रुव जुरैल ने हालांकि अर्धशतक जड़कर टीम को मैच में बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन जरूरी रन रेट इतना ज्यादा था कि जुरैल की कोशिश भी काम नहीं आ सकी। राजस्थान ने 20 ओवर में सात विकेट पर 139 रन बनाए। हैदराबाद के लिए इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे स्पिनर शाहबाज अहमद ने बेहतरीन गेंदबाजी की। शाहबाज ने तीन विकेट लिए और राजस्थान की पारी लड़खड़ा दी।
हैदराबाद ने राजस्थान पर शिकंजा कस लिया है और राजस्थान रॉयल्स को जीत के लिए छह गेंदों पर 42 रनों की जरूरत है। ध्रुव जुरैल अर्धशतक जड़कर क्रीज पर मौजूद हैं। उनके साथ ट्रेंट बोल्ट खेल रहे हैं।
हैदराबाद ने राजस्थान को एक और झटका देते हुए रोवमैन पोवेल को आउट कर सातवीं सफलता हासिल की। पोवेल 12 गेंदों पर छह रन बनाकर टी. नटराजन की गेंद पर आउट हुए। राजस्थान को जीत के लिए 14 गेंदों पर 52 रन बनाने हैं। ध्रुव जुरैल हालांकि क्रीज पर टिके हुए हैं और अर्धशतक की ओर बढ़ रहे हैं।
लगातार गिरते विकेटों के बीच ध्रुव जुरैल और रोवमैन पोवेल ने राजस्थान की उम्मीद बचाई हुई है। राजस्थान को अब जीत के लिए 18 गेंदों पर 53 रनों की जरूरत है, जबकि उसके चार विकेट ही शेष हैं। राजस्थान को अगर जीत दर्ज करनी है तो जुरैल और पोवेल को तूफानी बल्लेबाजी करनी होगी। राजस्थान ने 17 ओवर की समाप्ति के बाद छह विकेट पर 123 रन बनाए हैं। जुरैल 22 गेंदों पर 41 रन और पोवेल छह रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे शिमरॉन हेत्मायर अपना प्रभाव नहीं बिखेर सके और 10 गेंदों पर चार रन बनाकर छठे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। हेत्मायर को अभिषेक शर्मा ने आउट किया।
इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर खेल रहे शाहबाज अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए राजस्थान की पारी लड़खड़ा दी है। शाहबाज ने अश्विन को खाता खोले बिना आउट किया। राजस्थान ने 79 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। शाहबाज का यह इस मैच का तीसरा विकेट है। राजस्थान ने चहल की जगह शिमरॉन हेत्मायर को इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर उतारा है।
शाहबाज अहमद ने रियान पराग को आउट कर राजस्थान को चौथा झटका दिया। पराग 10 गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। रियान ने आरसीबी के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में साहसिक पारी खेली थी और टीम को जीत दिलाई थी, लेकिन इस मैच में वह नहीं चल सके।
अभिषेक शर्मा ने कप्तान संजू सैमसन को आउट कर राजस्थान को तीसरा झटका दिया। सैमसन 11 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की पारी लड़खड़ा गई है और टीम ने 67 रन पर तीन विकेट गंवा दिए हैं। अब क्रीज पर ध्रुव जुरेल के साथ रियान पराग मौजूद हैं।
इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे शाहबाज अहमद ने शानदार लय में दिख रहे यशस्वी जायसवाल को आउट कर हैदराबाद को दूसरी सफलता दिलाई। यशस्वी 21 गेंदों पर 42 रन बनाकर आउट हुए। यशस्वी अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन शाहबाज ने उनकी पारी का अंत कर दिया।
पहला झटका लगने के बावजूद यशस्वी जासवाल ने राजस्थान की पारी को संभाले रखा और पावरप्ले की समाप्ति तक स्कोर 50 रन के पार पहुंचा दिया। राजस्थान ने छह ओवर तक एक विकेट पर 51 रन बनाए लिए हैं। यशस्वी ने छठा ओवर डालने आए भुवनेश्वर कुमार पर तीन चौके और एक छक्का जड़ा तथा ओवर से 19 रन जुटाए। यशस्वी 15 गेंदों पर 33 रन और सैमसन छह रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने सलामी बल्लेबाज टॉम कोहलर कैडमोर को आउट कर राजस्थान को पहला झटका दिया। कैडमोर 10 रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर यशस्वी जायसवाल मौजूद हैं और उनका साथ देने कप्तान संजू सैमसन उतरे हैं।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे राजस्थान की टीम को यशस्वी और कैडमोर की सलामी जोड़ी ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। राजस्थान ने तीन ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 19 रन बना लिए हैं। यशस्वी 13 रन और कैडमोर छह रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
हैदराबाद द्वारा 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की पारी शुरू हो गई है। राजस्थान की ओर से यशस्वी जायसवाल के साथ टॉम कोहलर कैडमोर पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। हैदराबाद के लिए तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने गेंदबाजी की शुरुआत की।
सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स के सामने क्वालिफायर-2 में 176 रन का लक्ष्य दिया। हैदराबाद के लिए हेनरिच क्लासेन ने 34 गेंदों पर 50 रनों की पारी खेली जिसकी मदद से टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 175 रन बनाए। राजस्थान की ओर से तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट और संदीप शर्मा ने तीन-तीन विकेट झटके। राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया जिससे ट्रेंट बोल्ट ने सही साबित करने में जरा भी देर नहीं लगाई।
बोल्ट ने हैदराबाद को शुरुआती झटके दिए और उसे दबाव में ला दिया। हैदराबाद की सलामी जोड़ी एक बार फिर असफल रही और अभिषेक शर्मा सस्ते में पवेलियन लौटे। बोल्ट ने हैदराबाद को पावरप्ले में ही तीन झटके दिए और राजस्थान को शुरुआती सफलता दिलाई। इन झटकों से हैदराबाद की टीम मुसीबत में आ गई। हालांकि हेनरिच क्लासेन ने इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे शाहबाज अहमद के साथ मिलकर पारी को संभाला। क्लासेन ने शानदार अर्धशतक जड़ा जिससे हैदराबाद की टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रही। हैदराबाद को अगर फाइनल मुकाबले में जगह बनानी है तो हैदराबाद के गेंदबाजों को शानदार प्रदर्शन करना होगा।
तेज गेंदबाज संदीप शर्मा ने बोल्ड कर क्लासेन की शानदार पारी का अंत किया। क्लासेन 34 गेंदों पर चार छक्कों की मदद से 50 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब कप्तान पैट कमिंस क्रीज पर उतरे हैं।
हेनरिच क्लासेन ने गिरते विकेटों के बीच हैदराबाद की पारी को संभाला और शानदार अर्धशतक जड़ा। क्लासेन की बेहतरीन पारी की मदद से हैदराबाद ने 18 ओवर की समाप्ति के बाद छह विकेट पर 163 रन बना लिए हैं। क्लासेन 50 रन और शाहबाज 17 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
क्लासेन और इंपैक्ट सब के तौर पर उतरे शाहबाज अहमद ने हैदराबाद की पारी संभालते हुए स्कोर 17 ओवर की समाप्ति के बाद 150 पहुंचा दिया है। क्लासेन अर्धशतक की ओर बढ़ रहे हैं और 30 गेंदों पर 42 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। उनक साथ शाहबाज अहमद 14 रन बनाकर खेल रहे हैं।
तेज गेंदबाज आवेश खान ने लगातार दूसरी गेंद पर विकेट लेकर हैदराबाद की पारी लड़खड़ा दी। नीतीश रेड्डी के आउट होने के बाद नए बल्लेबाज के रूप में उतरे अब्दुल समद पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए हैं। हैदराबाद ने 14 ओवर की समाप्ति तक छह विकेट पर 120 रन बनाए हैं। क्लासेन 23 गेंदों पर 29 रन बनाकर मौजूद हैं।
तेज गेंदबाज आवेश खान ने नीतीश रेड्डी को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को पांचवां झटका दिया। नीतीश हेनरिच क्लासेन के साथ मिलकर अच्छी साझेदारी कर रहे थे, लेकिन आवेश ने नीतीश को आउट कर हैदराबाद को एक और झटका दिया। नीतीश पांच रन बनाकर आउट हुए।
तेज गेंदबाज संदीप शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड को आउट कर हैदराबाद को बड़ा झटका दिया। हेड 28 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर फिलहाल हेनरिच क्लासेन मौजूद हैं और उनका साथ देने नीतीश रेड्डी आए हैं।
शुरुआती झटकों के बाद सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड और हेनरिच क्लासेन ने सनराइजर्स हैदराबाद को संभाला। हेड ने चिर परिचित अंदाज में तेजी से खेलना शुरू किया। दोनों की शानदार बल्लेबाजी से हैदराबाद ने आठ ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 92 रन बना लिए हैं। हेड 21 गेंदों पर 31 रन और क्लासेन 10 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
बोल्ट ने हैदराबाद की पारी लड़खड़ाते हुए उसे पावरप्ले में तीसरा झटका दिया। नए बल्लेबाज के रूप में उतरे एडेन मार्करम भी अपने विकेट गंवा बैठे हैं। दिलचस्प बात यह है कि सभी तीनों विकेट बोल्ट ने लिए हैं। मार्करम एक रन बनाकर आउट हुए। अब हेनरिच क्लासेन क्रीज पर उतरे हैं।
ट्रेंट बोल्ट ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए लय में दिख रहे राहुल त्रिपाठी को आउट कर हैदराबाद को दूसरा झटका दिया। राहुल 15 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर एडेन मार्करम उतरे हैं।
शुरुआती झटका लगने के बावजूद हैदराबाद की रन गति धीमी नहीं पड़ी है। अभिषेक के आउट होने के बाद नए बल्लेबाज के रूप में उतरे राहुल त्रिपाठी ने तेजी से खेलते हुए राजस्थान के गेंदबाजों पर दबाव बनाया। राहुल की धुआंधार बल्लेबाजी से हैदराबाद ने चार ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 45 रन बना लिए हैं। राहुल त्रिपाठी 12 गेंदों पर 26 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि ट्रेविड हेड छह रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को पहला झटका दिया। अभिषेक पांच गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर राहुल त्रिपाठी उतरे हैं।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की पारी शुरू हो गई है और ट्रेविस हेड के साथ अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत करने आए हैं। राजस्थान के लिए तेज गेंदबज ट्रेंट बोल्ट ने गेंदबाजी की शुरुआत की।
राजस्थान रॉयल्सः यशस्वी जायसवाल, टॉम कोहलेर कैडमोर, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), रियान पराग, ध्रुव जुरेल, रोवमैन पोवेल, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, आवेश खान, संदीप शर्मा, युजवेंद्र चहल। इंपैक्ट सबः शिमरॉन हेत्मायर, नांद्रे बर्गर, शुभम दुबे, डेनोवान फेरेरा, कुलदीप सेन।
सनराइजर्स हैदराबादः ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, नीतीश रेड्डी, एडेन मार्करम, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), अब्दुल समद, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, जयदेव उनादकट, टी. नटराजन। इंपैक्ट सबः उमरान मलिक, सनवीर सिंह, ग्लेन फिलिप्स, मयंक मारकंडे, शाहबाज अहमद।
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। राजस्थान की टीम ने क्वालिफायर-2 मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला किया है। हैदराबाद की टीम में विजयकांत वियासकांत की जगह एडेन मार्करैम की वापसी हुई है।
सनराइजर्स के पास हेनरिक क्लासेन जैसा विस्फोटक बल्लेबाज मौजूद है। उन्होंने 180 के स्ट्राइक रेट से 413 रन बनाए हैं। वहीं, उनके बल्ले से 34 छक्के निकले हैं। क्लासेन आते ही बड़े शॉट खेलने के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, चेपॉक का विकेट उप्पल, कोटला और वानखेड़े के मैदान से थोड़ा अलग होगा। यहां गेंद रुककर आएगी। ऐसे में बड़े शॉट खेलना थोड़ा मुशकिल हो सकता है।
राजस्थान की टीम ने 2008 में आईपीएल का खिताब जीता था और टीम अब तक दो बार क्वालिफायर-2 में पहुंची है। टीम को इस दौरान एक बार जीत मिली, जबकि एक मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। राजस्थान की टीम 2013 में पहली बार क्वालिफायर-2 मुकाबला खेली थी और उसे कोलकाता में खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस ने चार विकेट से हराया था। इसके बाद टीम को 2022 में भी क्वालिफायर-2 मुकाबला खेलना पड़ा, लेकिन इस बार संजू सैमसन की अगुआई वाली टीम ने आरसीबी को सात विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, लेकिन खिताबी मुकाबले में राजस्थान को गुजरात टाइटंस से हार मिली।
पैट कमिंस की अगुआई वाली सनराइजर्स हैदराबाद का क्वालिफायर-2 में रिकॉर्ड बेहतर है। हैदराबाद की टीम अब तक तीन बार क्वालिफायर-2 में हिस्सा ले चुकी है जहां दो बार टीम को सफलता मिली है, जबकि एक मैच उसने गंवाया है। हैदराबाद 2016 में क्वालिफायर-2 मुकाबला गुजरात लायंस के खिलाफ खेली थी जहां उसने चार विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया था। टीम ने इसके बाद खिताबी मुकाबले में आरसीबी को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। इसके बाद हैदराबाद 2018 सीजन में भी क्वालिफायर-2 खेली और उस समय टीम ने केकेआर को 14 रनों से हराया, लेकिन फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से हार गई। फिर टीम ने 2020 सीजन में भी क्वालिफायर-2 मुकाबला खेला, लेकिन हैदराबाद को दिल्ली कैपिटल्स के हाथों 17 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
राजस्थान का शीर्ष बल्लेबाजी क्रम अपनी लय में लौटता दिख रहा है। आरसीबी के खिलाफ खेले गए एलिमिनेटर मैच में यशस्वी जायसवाल ने दमदार प्रदर्शन किया। टी20 विश्व कप 2024 से पहले सलामी बल्लेबाज अपनी फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे। हालांकि, कप्तान संजू सैमसन की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है। दरअसल, पिछले तीन मैचों में वह 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाए हैं।
रॉयल्स के गेंदबाजी आक्रमण पर नजर डालें तो अश्विन और चहल की जोड़ी चेपॉक में हैदराबाद के लिए मुसीबत बन सकती है। दोनों को इस विकेट की अच्छी खासी परख है। वहीं, लीग के आखिरी चरण में अश्विन अपनी फॉर्म में वापसी करने में कामयाब हुए हैं। ऐसे में क्वालिफायर-2 में वह खतरनाक साबित हो सकते हैं।
हेड और अभिषेक ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है। इस जोड़ी को 'ट्रेविषेक' नाम दिया गया है। मौजूदा संस्करण में हेड ने 199.62 के स्ट्राइक रेट से 533 रन बनाए हैं जबकि अभिषेक ने 207.04 के स्ट्राइक रेट से 470 रन बना लिए हैं। दोनों के बल्ले से अब तक 72 छक्के और 96 चौके निकल चुके हैं।
IPL Live Cricket Score, Qualifier 2 SRH vs RR 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज क्वालिफायर-2 में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना एलिमिनेटर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को हराने वाली राजस्थान रॉयल्स से है। दोनों ही टीमों के लिए खिताबी मुकाबले में प्रवेश करने का यह अंतिम अवसर होगा। हैदराबाद और राजस्थान में से जो टीम ये मुकाबला जीतेगी उसका सामना रविवार को फाइनल में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से होगा।