राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 61 रन से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में छह विकेट पर 210 रन का स्कोर खड़ा किया। कप्तान संजू सैमसन ने राजस्थान के लिए अपने 100वें मैच में स्पेशल पारी खेली। वे 27 गेंदों पर 55 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, देवदत्त पडिक्कल ने 29 गेंदों पर 41 रन और शिमरोन हेटमायर ने 13 गेंदों पर 32 रन की पारी खेली।
जवाब में हैदराबाद की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 149 रन ही बना सकी। हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा रन एडेन मार्करम ने बनाए। वे 41 गेंदों पर 57 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा वॉशिंगटन सुंदर ने 14 गेंदों पर 40 रन की पारी खेली। हैदराबाद के दो बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए। इसमें राहुल त्रिपाठी और निकोलस पूरन शामिल हैं।
19वें ओवर में 133 के स्कोर पर हैदराबाद को सातवां झटका लगा। वॉशिंगटन सुंदर 14 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 40 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 285 का रहा। हैदराबाद को छह गेंदों में 77 रन की जरूरत है, जो कि नामुमकिन है। फिलहाल मार्करम और भुवनेश्वर कुमार क्रीज पर हैं।
16वें ओवर में 78 के स्कोर पर हैदराबाद को छठा झटका लगा। उन्हें युजवेंद्र चहल ने क्लीन बोल्ड किया। चहल को मिली यह तीसरी सफलता थी। राजस्थान की टीम अब बड़ी जीत की तरफ बढ़ रही है। 16 ओवर के बाद हैदराबाद ने छह विकेट गंवाकर 81 रन बना लिए हैं। फिलहाल वॉशिंगटन सुंदर तीन रन और एडेन मार्करम 32 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
हैदराबाद को 37 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। युजवेंद्र चहल ने अब्दुल समद को रियान पराग के हाथों कैच कराया। समद छह गेंदों पर चार रन बना सके। यह मैच अब पूरी तरह से राजस्थान के मुट्ठी में आ चुका है। फिलहाल रोमारियो शेफर्ड चार रन और एडेन मार्करम 19 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 12 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर पांच विकेट पर 44 रन हैं। युजवेंद्र चहल अब तक दो विकेट ले चुके हैं।
211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद ने नौ ओवर में चार विकेट गंवाकर 32 रन बना लिए हैं। नौवें ओवर में युजवेंद्र चहल ने अभिषेक शर्मा को शिमरोन हेटमायर के हाथों कैच कराया। अभिषेक 19 गेंदों पर नौ रन बना सके। सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी शर्मनाक रही है। पावरप्ले यानी पहले छह ओवर में ही हैदराबाद ने 14 रन बनाकर तीन विकेट गंवा दिए थे। यह आईपीएल इतिहास का पावरप्ले में संयुक्त रूप से सबसे कम स्कोर है। इससे पहले राजस्थान ने 2009 में बैंगलोर के खिलाफ पावरप्ले में 14 रन बनाए थे। निकोलस पूरन (0), राहुल त्रिपाठी (0) और केन विलियम्सन (2) कुछ खास नहीं कर सके। फिलहाल अब्दुल समद दो रन और एडेन मार्करम 13 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

हैदराबाद के हाथों से ये मैच निकलता जा रहा है। पांच ओवर के अंदर टीम ने तीन विकेट गंवा दिए हैं। पांचवें ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने निकोलस पूरन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वे नौ गेंदों पर खाता भी नहीं खोल सके। आईपीएल में पूरन का खराब फॉर्म जारी है। पिछले सीजन पंजाब से खेलते हुए भी वह कई बार शून्य पर आउट हुए थे।
2021 आईपीएल में पूरन 12 मैचों की 11 पारियों में 85 रन बना सके थे। इस साल मेगा ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने पूरन को 10.75 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन इस बार भी वह कुछ खास नहीं कर सके और शून्य पर आउट हुए। फिलहाल एडेन मार्करम चार रन और अभिषेक शर्मा दो रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पांच ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर तीन विकेट पर 13 रन है।
सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही है। टीम ने चार ओवर के अंदर सात पर दो विकेट गंवा दिए हैं। ट्रेंट बोल्ट और प्रसिद्ध कृष्णा दोनों की गेंद स्विंग कर रही है। कृष्णा ने अपने पहले ओवर में विलियम्सन को आउट किया था। इसके बाद अपने दूसरे ओवर में उन्होंने राहुल त्रिपाठी को भी पवेलियन भेजा। त्रिपाठी अपना खाता भी नहीं खोल सके थे। कृष्णा ने उन्हें विकेटकीपर सैमसन के हाथों कैच कराया। चार ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर दो विकेट पर सात रन है। फिलहाल निकोलस पूरन शून्य और अभिषेक शर्मा एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। यह एक विकेट मेडन ओवर रहा।
211 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को पारी के दूसरे ही ओवर में झटका लगा। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने हैदराबाद के कप्तान केन विलियम्सन को देवदत्त पडिक्कल के हाथों कैच कराया। विलियम्सन सात गेंदों पर दो रन बना सके। दो ओवर के बाद हैदराबाद ने एक विकेट गंवाकर तीन रन बना लिए हैं। फिलहाल राहुल त्रिपाठी शून्य और अभिषेक शर्मा एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के सामने 211 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की टीम ने छह विकेट गंवाकर 210 रन बनाए। कप्तान संजू सैमसन ने राजस्थान के लिए अपने 100वें मैच में 27 गेंदों पर 55 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। यह उनके आईपीएल करियर का 16वां अर्धशतक रहा। अपनी पारी में सैमसन ने तीन चौके और पांच छक्के लगाए।
राजस्थान की टीम भाग्यशाली रही। पहले ही ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने बटलर को पूरन के हाथों कैच कराया था, लेकिन गेंद नो बॉल निकली और बटलर को जीवनदान मिला। इसके बाद बटलर ने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर 58 रन की ओपनिंग साझेदारी निभाई। अपना पहला आईपीएल मैच खेल रहे वेस्टइंडीज के रोमारियो शेफर्ड ने यशस्वी को आउट कर साझेदारी तोड़ी। यशस्वी 16 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाए।
इसके बाद उमरान मलिक ने जोस बटलर को विकेटकीपर निकोलस पूरन के हाथों कैच कराया। बटलर 28 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 35 रन बना पाए। इसके बाद कप्तान संजू सैमसन ने देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलकर पारी संभाली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों पर 73 रन की साझेदारी निभाई। पडिक्कल अर्धशतक से चूक गए। वे 29 गेंदों पर 41 रन बनाकर आउट हुए। इसमें चार चौके और दो छक्के शामिल हैं।
सैमसन भी अर्धशतक लगाने के बाद ज्यादा देर बल्लेबाजी नहीं कर सके। उनके आउट होने के बाद शिमरोन हेटमायर ने तूफानी पारी खेली। उन्होंने 13 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्के की मदद से 32 रन की आक्रामक पारी खेली। उन्होंने रियान पराग के साथ 19 गेंदों पर 44 रन की साझेदारी निभाई। आखिरी ओवर में टी नटराजन ने हेटमायर और रियान पराग को पवेलियन भेजा। पराग नौ गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुए। नाथन कूल्टर-नाइल एक रन बनाकर नाबाद रहे।
हैदराबाद की ओर से उमरान मलिक और टी नटराजन ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, भुवनेश्वर कुमार और रोमारियो शेफर्ड ने एक-एक विकेट लिया। राजस्थान ने आखिरी पांच ओवर में तीन विकेट गंवाकर 62 रन बनाए।
राजस्थान ने 19 ओवर के बाद चार विकेट गंवाकर 203 रन बना लिए हैं। शिमरोन हेटमायर तूफानी पारी खेल रहे हैं। उन्होंने अब तक 11 गेंदों पर 28 रन बना लिए हैं। वहीं, रियान पराग सात गेंदों पर 11 रन बना चुके हैं। 18वें और 19वें ओवर को मिलाकर राजस्थान के बल्लेबाजों ने 33 रन बटोरे।
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन की तूफानी पारी समाप्त हुई। उन्हें 17वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने अब्दुल समद के हाथों कैच कराया। सैमसन का यह राजस्थान के लिए 100वां मैच था। इस मैच को खास बनाते हुए उन्होंने 27 गेंदों पर 55 रन की पारी खेली। अपनी पारी में सैमसन ने तीन चौके और पांच छक्के लगाए। यह उनके आईपीएल करियर का 16वां अर्धशतक रहा। 17 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर चार विकेट पर 170 रन है। फिलहाल रियान पराग पांच रन और शिमरोन हेटमायर तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
उमरान मलिक की स्पीड से देवदत्त पडिक्कल भी चौंक गए। मलिक ने 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर पडिक्कल को क्लीन बोल्ड किया। वे 29 गेंदों पर 41 रन बना सके। 15 ओवर के बाद राजस्थान ने तीन विकेट गंवाकर 148 रन बना लिए हैं।
14 ओवर के बाद राजस्थान ने दो विकेट गंवाकर 138 रन बना लिए हैं। संजू सैमसन और देवदत्त पडिक्कल तूफानी पारी खेल रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 60 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। सैमसन 19 गेंदों पर 37 रन और पडिक्कल 25 गेंदों पर 36 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
11 ओवर के बाद राजस्थान ने दो विकेट गंवाकर 101 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान संजू सैमसन 17 गेंदों पर 36 रन और देवदत्त पडिक्कल नौ गेंदों पर चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। सैमसन का यह राजस्थान के लिए 100वां मैच भी है।
नौवें ओवर में राजस्थान रॉयल्स को दूसरा झटका लगा। उमरान मलिक ने जोस बटलर से बदला ले लिया। राजस्थान की पारी के चौथे ओवर में बटलर ने उमरान की गेंद पर 20 रन बटोरे थे। अब उमरान ने नौवें ओवर की पहली गेंद पर बटलर को विकेटकीपर निकोलस पूरन के हाथों कैच कराया। बटलर 28 गेंदों पर 35 रन बनाकर आउट हुए।
अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और तीन छक्के लगाए। उमरान की अपनी को फील्ड अंपायर ने नकार दिया था। इसके बाद कप्तान विलियम्सन ने डीआरएस की मांग की। थर्ड अंपायर ने बटलर को आउट करार दिया। नौ ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर दो विकेट पर 78 रन है। फिलहाल देवदत्त पडिक्कल और संजू सैमसन क्रीज पर हैं।
सातवें ओवर में 58 के स्कोर पर राजस्थान की टीम को पहला झटका लगा। इस मैच से आईपीएल में डेब्यू करने वाले वेस्टइंडीज के रोमारियो शेफर्ड ने यशस्वी जायसवाल को मार्करम के हाथों कैच कराया। यशस्वी 16 गेंदों पर 20 रन बना सके। इसमें दो चौके और एक छक्का शामिल है।
इससे पहले यशस्वी और बटलर ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावरप्ले यानी पहले छह ओवर में 58 रन जोड़े। सात ओवर के बाद राजस्थान ने एक विकेट गंवाकर 60 रन बना लिए हैं। फिलहाल जोस बटलर 26 गेंदों पर 34 रन और कप्तान संजू सैमसन एक रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
चौथे ओवर में तूफानी गेंदबाज उमरान मलिक गेंदबाजी के लिए आए। उनके इस ओवर में 21 रन पड़े। इस ओवर में उमरान ने 150 की स्पीड से भी गेंद फेंकी। ओवर की तीसरी गेंद उमरान ने 150 किमी प्रति घंटा की स्पीड से फेंकी थी। वहीं, चौथी गेंद 148 किमी प्रति घंटा और पांचवीं गेंद 146 किमी प्रति घंटा की स्पीड से फेंकी। चार ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर बिना विकेट गंवाए 34 रन है। जोस बटलर 19 गेंदों पर 25 रन और यशस्वी जायसवाल छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
तीन ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 13 रन बना लिए हैं। फिलहाल जोस बटलर पांच रन और यशस्वी जायसवाल छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
राजस्थान के लिए जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल ओपनिंग के लिए उतरे। वहीं, हैदराबाद ने गेंद भुवनेश्वर कुमार को थमाई। इस ओवर में भारी ड्रामा देखने को मिला। भुवनेश्वर की पांचवीं गेंद पर जोस बटलर कैच आउट हो गए। इसके बाद बटलर डग आउट की तरफ बढ़ने लगे, लेकिन अंपायर ने रोक लिया। थर्ड अंपायर ने उस गेंद को नो बॉल कहा, क्योंकि भुवनेश्वर ओवरस्टेप कर गए थे। इस तरह बटलर को जीवनदान मिला। तब बटलर शून्य पर बल्लेबाजी कर रहे थे। एक ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए एक रन है।

यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर
संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स के लिए 100वां मैच खेल रहे हैं। वह लगातार इस टीम के कंसिस्टेंट परफॉर्मर रहे हैं। ओवरऑल इस मैच से पहले तक सैमसन ने आईपीएल में 121 मैच खेले हैं। इसकी 117 पारियों में उन्होंने 29.22 की औसत से 3068 रन बनाए हैं।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, देवदत्त पडिक्कल, संजू सैमसन (विकेटकीपर/कप्तान), शिमरोन हेटमायर, रियान पराग, रविचंद्रन अश्विन, नाथन कूल्टर-नाइल, युजवेंद्र चहल, ट्रेंट बोल्ट, प्रसिद्ध कृष्णा।
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, केन विलियमसन (कप्तान), निकोलस पूरन (विकेटकीपर), एडेन मार्कराम, अब्दुल समद, वॉशिंगटन सुंदर, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन, उमरान मलिक।
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान केन विलियम्सन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। हैदराबाद के चार विदेशी खिलाड़ी केन विलियम्सन, निकोलस पूरन, एडेन मार्करम और रोमारियो शेफर्ड होंगे। वहीं, राजस्थान के चार विदेशी खिलाड़ी जोस बटलर, शिमरोन हेटमायर, ट्रेंट बोल्ट और नाथन कूल्टर नाइल हैं।
पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पिछला मैच 2018 में खेला गया था और तब आखिरी पारी में 159 रन बने थे। इस ग्राउंड का डाइमेंशन छोटा है। स्ट्रेट बाउंड्री थोड़ी लंबी है और वह 75 मीटर की है। वहीं, साइड बाउंड्रीज 65 मीटर की है।
एमसीए के पिच पर घास है, यानी गेंद अच्छी कैरी होगी और इससे तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। साथ ही इस मैदान में हवा भी चलती है। इससे अंडर द लाइट्स सीमर्स को फायदा मिल सकता है।

पुणे के एमसीए स्टेडियम में दोनों टीमों के रिकॉर्ड की बात करें तो हैदराबाद ने यहां तीन मैच खेले हैं और एक में जीत और दो मैचों में हार मिली है। वहीं, राजस्थान ने महाराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में कुल पांच मैच खेले हैं। इसमें से टीम ने दो मैचों में जीत हासिल की और तीन में टीम को हार मिली है।
इस मैच को लेकर टॉस थोड़ी देर में होगा। वहीं, पहली गेंद शाम साढ़े सात बजे फेंकी जाएगी। आंकड़ों की बात करें तो दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर है। हैदराबाद और राजस्थान के बीच कुल 15 मैच खेले गए हैं। इसमें से एसआरएच ने आठ और आरआर ने सात मैच जीते हैं।
हर बार की तरह सनराइजर्स हैदराबाद का मजबूत पक्ष गेंदबाजी है। टीम के पास वॉशिंगटन सुंदर और रोमारियो शेफर्ड के रूप में दो बेहतरीन ऑलराउंडर हैं। भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन और उमरान मलिक तेज गेंदबाजी की कमान संभालेंगे। इसके अलावा कार्तिक त्यागी, टी नटराजन, मार्को येन्सन, शॉन एबट, उमरान मलिक, फजलहक फारूकी के रूप में टीम के पास कई तेज गेंदबाज हैं।
बल्लेबाजी की जिम्मेदारी एडेन मार्करम, केन विलियम्सन, राहुल त्रिपाठी और निकोलस पूरन पर होगी। वहीं, अगर टीम को बेहतर करना है तो युवा अभिषेक शर्मा और अब्दुल समद को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
मेगा ऑक्शन में राजस्थान ने कई बेहतरीन खिलाड़ी खरीदे हैं और बहुत ही बेहतरीन टीम तैयार की है। यशस्वी जायसवाल से लेकर जोस बटलर और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी टीम के टॉप ऑर्डर का हिस्सा हैं। वहीं शिमरोन हेटमायर और नीशम अंत के ओवरों में तेजी से रन बनाने में माहिर हैं।
टीम के पास रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल के रूप में दो बेहतरीन स्पिनर हैं। वहीं ट्रेंट बोल्ट, प्रसिद्ध कृष्णा और नवदीप सैनी तेज गेंदबाजी का जिम्मेदारी संभालेंगे।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2022 के पांचवें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना राजस्थान रॉयल्स से है। एक युवा कप्तान संजू सैमसन के सामने बेहद अनुभवी केन विलियम्सन होंगे। पिछले सीजन इन दोनों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। राजस्थान की टीम सातवें और हैदराबाद की टीम आठवें स्थान पर रही थी। ऐसे में दोनों टीमें इस साल अपने-अपने अभियान की शुरुआत जीत से करना चाहेंगी।