फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SRH vs RR Highlights : आखिरी गेंद पर जीता हैदराबाद, राजस्थान को रोमांचक मुकाबले में एक रन से हराया

Thu, 02 May 2024 11:34 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद

खास बातें

SRH vs RR Indian Premier League 2024 : तालिका में शीर्ष पर चल रही राजस्थान रॉयल्स का सामना आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली सनराइजर्स हैदराबाद से हुआ। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। हैदराबाद के लिए भुवनेश्वर कुमार ने शानदार प्रदर्शन किया जिसके दम पर टीम दो अंक हासिल करने में सफल रही, जबकि राजस्थान का प्लेऑफ में पहुंचने का इंतजार बढ़ गया। 
विज्ञापन
सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स लाइव स्कोर - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:24 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : रोमांचक मैच में अंतिम गेंद पर हारा राजस्थान

भुवनेश्वर कुमार की शानदार गेंदबाजी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को रोमांचक मुकाबले में एक रन से हराया। हैदराबाद ने नीतीश रेड्डी के नाबाद 76 रन और ट्रेविस हेड के 58 रनों की पारी के दम पर 20 ओवर में तीन विकेट पर 201 रन बनाए। जवाब में राजस्थान खराब शुरुआत से उबरते हुए रियान पराग के 77 रन और यशस्वी जायसवाल के 67 रनों की पारी के बावजूद 20 ओवर में सात विकेट पर 200 रन बना सकी। राजस्थान को आखिरी गेंद पर दो रन की जरूरत थी, लेकिन भुवनेश्वर ने रोवमैन पोवेल को आउट कर हैदराबाद को जीत दिला दी। भुवनेश्वर कुमार ने इस मैच में तीन विकेट लिए और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस जीत से जहां हैदराबाद ने दो महत्वपूर्ण अंक लिए, जबकि राजस्थान का प्लेऑफ में पहुंचने का इंतजार बढ़ गया।  

राजस्थान की 10 मैचों में यह दूसरी हार है और वह 16 अंकों के साथ शीर्ष पर मौजूद है। राजस्थान अगर यह मुकाबला जीतने में सफल रहती तो प्लेऑफ के लिए क्वलीफाई कर लेती, लेकिन टीम ऐसा नहीं कर सकी। दूसरी ओर, हैदराबाद की टीम 12 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष चार में पहुंच गई है। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पांचवें स्थान पर खिसक गई है। 

11:10 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : कमिंस ने जुरेल को आउट किया

पैट कमिंस ने ध्रुव जुरेल को आउट कर राजस्थान को छठा झटका दिया। जुरेल एक रन बनाकर आउट हुए। कमिंस का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। राजस्थान को अब जीत के लिए 11 गेंदों पर 20 रनों की जरूरत है। 

11:06 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : हेत्मायर पवेलियन लौटे

टी. नटराजन ने राजस्थान को पांचवां झटका देते हुए शिमरॉन हेत्मायर को आउट किया। हेत्मायर 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे। नटराजन का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। 

विज्ञापन
10:55 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : रियान पराग आउट हुए

हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने रियान पराग को आउट कर राजस्थान को चौथा झटका दिया। पराग 49 गेंदों पर 77 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर रोवमैन पोवेल उतरे हैं और उनके साथ शिमरॉन हेत्मायर मौजूद हैं। 

10:43 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : यशस्वी जायसवाल पवेलियन लौटे

टी. नटराजन ने यशस्वी जायसवाल को आउट कर उनकी शानदार पारी का अंत किया। यशस्वी 40 गेंदों पर 67 रन बनाकर आउट हुए। इसके साथ ही यशस्वी और रियान के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई शतकीय साझेदारी का भी अंत हो गया। अब शिमरॉन हेत्मायर क्रीज पर उतरे हैं। 

विज्ञापन
10:27 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : पराग ने भी पूरा किया पचासा

यशस्वी जायसवाल के बाद रियान पराग ने भी पचासा पूरा कर लिया है। इस बीच, दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी कर ली है। राजस्थान ने 11 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 111 रन बना लिए हैं। राजस्थान को जीत के लिए अब 54 गेंदों पर 91 रनों की जरूरत है। 

10:24 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : यशस्वी ने जड़ा अर्धशतक

यशस्वी ने खुद को मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए ना सिर्फ राजस्थान की पारी को संभाला, बल्कि अर्धशतक भी जड़ा दिया। उनका साथ रियान पराग भी बखूबी निभा रहे हैं जो अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। 

10:19 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : राजस्थान की पारी संभली

यशस्वी जायसवाल और रियान पराग ने धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच इस तरह तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। नौ ओवर की समाप्ति के बाद राजस्थान ने दो विकेट पर 90 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैँ। 

09:59 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : राजस्थान ने पार किया 60 रनों का आंकड़ा

खराब शुरुआत के बावजूद राजस्थान ने पावरप्ले की समाप्त तक दो विकेट पर 60 रन बना लिए हैं। यशस्वी और रियान पराग ने राजस्थान की पारी को संभाला और पावरप्ले तक हैदराबाद को और सफलता हासिल करने नहीं दी। यशस्वी 32 रन और रियान 25 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

09:49 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : रियान-यशस्वी ने राजस्थान को संभाला

शुरुआती झटकों के बाद सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और रियान पराग ने राजस्थान की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने संयम होकर खेलते हुए चार ओवर में दो विकेट पर 35 रन बना लिए हैं। यशस्वी 18 रन और रियान 15 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

09:32 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : सैमसन भी पवेलियन लौटे

भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पहले ही ओवर में राजस्थान को दोहरा झटका दिया है। जोस बटलर को आउट करने बाद उन्होंने कप्तान संजू सैमसन को भी बोल्ड कर दिया है। सैमसन तीन गेंद खेल कर खाता खोले बिना आउट हुए। अब रियान पराग क्रीज पर उतरे हैं। उनके साथ यशस्वी जायसवाल मौजूद हैं। 

09:29 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : बटलर खाता खोले बिना आउट

इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे जोस बटलर अपनी पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट हो गए हैं। तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने बटलर को पवेलियन की राह दिखाई। अब क्रीज पर कप्तान संजू सैमसन उतरे हैं। 

09:12 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : राजस्थान को मिला 202 रनों का लक्ष्य

नीतीश रेड्डी और ट्रेविस हेड के अर्धशतक और हेनरिच क्लासेन की शानदार पारी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स के सामने जीत के लिए 202 रनों का लक्ष्य रखा है। हैदराबाद ने नीतीश के 42 गेंदों पर तीन चौके और आठ छक्कों की मदद से नाबाद 76 रन और ट्रेविस हेड के 44 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्के के सहारे 58 रन की पारी के दम पर 20 ओवर में तीन विकेट पर 201 रन बनाए। हैदराबाद की ओर से क्लासेन ने 19 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्के की मदद से नाबाद 42 रनों का योगदान दिया। राजस्थान के लिए तेज गेंदबाज आवेश खान ने दो विकेट लिए। 

इससे पहले, सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और आवेश खान ने अभिषेक शर्मा को आउट कर हैदराबाद को शुरुआत झटका दिया। अगले ओवर में अनमोलप्रीत सिंह संदीप शर्मा का शिकार बने जिससे हैदराबाद पर दबाव बढ़ गया। हैदराबाद की बल्लेबाजी पावरप्ले में धीमी पड़ गई और हैदराबाद ने इस सीजन पावरप्ले में अपना न्यूनत स्कोर बनाया। पावरप्ले में हैदराबाद की टीम दो विकेट पर 37 रन ही बना सकी थी। हालांकि, हेड ने नीतीश रेड्डी के साथ मिलकर पारी को गति दी और दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 96 रन जोड़कर हैदराबाद को संभाला। इस बीच, हेड ने इस सीजन का अपना चौथा अर्धशतक भी जड़ा। हालांकि आवेश खान ने हेड को बोल्ड कर उनकी पारी का अंत कर दिया।

हेड के आउट होने के बाद नीतीश रेड्डी ने अपना गियर बदला और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अपना पचासा पूरा किया। उन्हें दूसरे छोर पर हेनरिच क्लासेन का अच्छा साथ मिला जो लगातार बड़े शॉट लगाते रहे। हैदराबाद ने पहले 10 ओवर में 75 रन बनाए थे, लेकिन हेड, नीतीश और क्लासेन की विस्फोटक पारी से हैदराबाद ने अगली 60 गेंदों पर 126 रन बटोरे और सिर्फ एक ही विकेट गंवाया। क्लासेन और नीतीश के बीच इस दौरान चौथे विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी हुई। स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल इस मैच में खासे महंगे साबित हुए और उन्होंने चार ओवर के अपने स्पैल में 62 रन लुटाए। इस दौरान चहल की इकॉनोमी 15.50 की रही। 

09:02 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : नीतीश-क्लासेन की विस्फोटक बल्लेबाजी

नीतीश रेड्डी और हेनरिच क्लासेन ने धुआंधार बल्लेबाज कर हैदराबाद को धीमी शुरुआत से उबारा। हैदराबाद ने 18 ओवर की समाप्ति पर तीन विकेट पर 174 रन बना लिए हैं। रेड्डी 40 गेंदों पर 74 रन और क्लासेन नौ गेंदों पर 17 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

08:49 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : नीतीश ने जड़ा अर्धशतक

नीतीश रेड्डी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ दिया है। नीतीश ने राजस्थान के खिलाफ 30 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। 

08:44 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : आवेश ने समाप्त की हेड की पारी

तेज गेंदबाज आवेश खान ने ट्रेविस हेड को बोल्ड कर हैदराबाद को तीसरा झटका दिया। हेड 44 गेंदों पर 58 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर हेनरिच क्लासेन उतरे हैं और उनके साथ नीतीश रेड्डी मौजूद हैं। हैदराबाद ने 15 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 131 रन बना लिए हैं। 

08:28 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : हेड ने जड़ा अर्धशतक

ट्रेविस हेड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ इस सीजन का अपना चौथा अर्धशतक जड़ा। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर हैदराबाद ने 12 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 92 रन बना लिए हैं। हेड के साथ नीतीश रेड्डी भी मौजूद हैं जो 22 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी हो चुकी है। 

08:19 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : हेड अर्धशतक के करीब

ट्रेविड हेड ने कुछ आक्रामक शॉट खेलकर हैदराबाद की पारी को संभाला। हेड अर्धशतक लगाने के करीब पहुंच गए हैं। 10 ओवर की समाप्ति के बाद हैदराबाद ने दो विकेट पर 75 रन बनाए हैं। हेड 44 रन और नीतीश रेड्डी 12 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:09 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : हैदराबाद की धीमी बल्लेबाजी

शुरुआती झटके लगने के बाद हैदराबाद की पारी धीमी हो गई है और टीम ने आठ ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 48 रन बनाए हैं। हैदराबाद ने इस सीजन पावरप्ले में अपना न्यूनत स्कोर बनाया। पावरप्ले में हैदराबाद की टीम दो विकेट पर 37 रन ही बना सकी थी। क्रीज पर फिलहाल ट्रेविस हेड 25 रन और नीतीश रेड्डी तीन रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

07:56 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : राजस्थान को मिली दूसरी सफलता

तेज गेंदबाज संदीप शर्मा की गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने अनमोलप्रीत सिंह का शानदार कैच पकड़ा और राजस्थान को दूसरी सफलता दिलाई। अनमोलप्रीत पांच गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। ट्रेविस हेड हालांकि क्रीज पर टिके हुए हैं और उनका साथ देने नीतीश रेड्डी उतरे हैं। 

07:48 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : अभिषेक शर्मा आउट हुए

तेज गेंदबाज आवेश खान ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को पहला झटका दिया। अभिषेक 10 गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर हेड के साथ नए बल्लेबाज के तौर पर अनमोलप्रीत सिंह उतरे हैं। 

07:42 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : हैदराबाद की तेज शुरुआत

ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने सनराइजर्स हैदराबाद को तेज शुरुआत दिलाई है। तीन ओवर की समाप्ति के बाद हैदराबाद ने बिना किसी नुकसान के 21 रन बना लिए हैं। हेड 12 रन और अभिषेक नौ रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

07:31 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : हैदराबाद की पारी शुरू

सनराइजर्स हैदराबाद की पारी शुरू हो गई है और ट्रेविस हेड के साथ अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। राजस्थान की ओर से ट्रेंट बोल्ट ने गेंदबाजी की शुरुआत की है। 

07:07 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : दोनों टीमों की प्लेइंग-11

राजस्थान रॉयल्सः यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन (विकेटकीपर और कप्तान), रियान पराग, ध्रुव जुरेल, रोवमैन पोवेल, शिमरान हेत्मायर, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, आवेश खान, युजवेंद्र चहल, संदीप शर्मा। इंपैक्ट सबः जोस बटलर, टॉम कोहलेर-कैडमोर, शुभम दुबे, नवदीप सैनी, तनुष कोटियान। 

सनराइजर्स हैदराबादः ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, अनमोलप्रीत सिंह, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), नीतीश रेड्डी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मार्को जेनसेन, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, टी. नटराजन। इंपैक्ट सबः उमरान मलिक, मयंक मारकंडे, एडेन मार्करम, संवीर सिंह, जयदेव उनादकट। 

07:01 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : हैदराबाद ने जीता टॉस

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। 

06:27 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : शानदार फॉर्म में चल रही राजस्थान की टीम

दूसरी ओर राजस्थान का अब तक का सफर बेदाग रहा है। पहले सत्र की विजेता टीम ने हर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ उम्दा प्रदर्शन किया है और 16 अंक लेकर शीर्ष पर है। उसके पास जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल और कप्तान संजू सैमसन जैसे फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज हैं। शिमरोन हेटमायेर और रोवमन पॉवेल के अलावा रियान पराग और ध्रुव जुरेल ने भी रन बनाए हैं। गेंदबाजी में उनके पास युजवेंद्र चहल, ट्रेंट बोल्ट का अनुभव और आवेश खान तथा संदीप शर्मा का जोश है।

06:27 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : चेज करते हुए फिसड्डी रही है हैदराबाद की टीम

सनराइजर्स ने इस सत्र में पहले बल्लेबाजी करते हुए दो बार 250 से अधिक स्कोर बनाया। वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए 200 से अधिक का स्कोर एक बार भी हासिल नहीं कर सकी है। मुख्य कोच विटोरी ने आरसीबी से मिली हार के बाद कहा था- हम लक्ष्य देने में कामयाब रहे हैं और अब लक्ष्य का पीछा करना भी सीखना होगा। सनराइजर्स बल्लेबाजी में ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा पर काफी निर्भर है । दोनों के फ्लॉप होने पर सनराइजर्स की पारी भी चरमरा जाती है। एडेन मार्करम को अब अपने चिर परिचित फॉर्म में लौटना होगा जिनका बल्ला अभी तक खामोश रहा है।

06:27 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Live : हैदराबाद अपने पिछले दोनों मैच गंवा चुकी

कुछ दिन पहले तक शानदार फॉर्म में चल रही सनराइजर्स को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए मिली हार का खामियाजा भुगतना पड़ा है। इन पराजयों के बाद टीम शीर्ष चार से बाहर हो गई। चार जीत और चार हार के बाद अब दस अंक लेकर 2016 की चैंपियन टीम पांचवें स्थान पर है। पैट कमिंस की कप्तानी वाली टीम के शीर्ष और मध्यक्रम के बल्लेबाज लक्ष्य का पीछा करते हुए नाकाम रहे हैं जिससे कोच डेनियल विटोरी को स्वीकार करना पड़ा कि लक्ष्य का पीछा करते हुए अति आक्रामक खेलने की रणनीति गलत रही।

06:21 PM, 02-May-2024

SRH vs RR Highlights : आखिरी गेंद पर जीता हैदराबाद, राजस्थान को रोमांचक मुकाबले में एक रन से हराया

IPL Live Cricket Score, SRH vs RR Indian Premier League 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज तालिका में शीर्ष पर चल रही राजस्थान रॉयल्स का सामना आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली सनराइजर्स हैदराबाद से है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में हो रहा है। राजस्थान की नजरें इस मैच को जीतकर प्लेऑफ में जगह बनाने उतरेगी, जबकि पिछले दो मैचों में हार का सामना करने वाली हैदराबाद की नजरें वापसी करने पर टिकी होंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें