फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SRH vs LSG Highlights: लखनऊ की लगातार दूसरी जीत, हैदराबाद को 12 रन से हराया, आवेश खान ने लगातार दो विकेट लेकर पलटा मैच

Tue, 05 Apr 2022 04:29 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

SRH vs LSG: हैदराबाद के कप्तान केन विलियम्सन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 169 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम नौ विकेट पर 157 रन ही बना सकी।
विज्ञापन
आवेश खान - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:21 PM, 04-Apr-2022

लखनऊ ने हैदराबाद को 12 रन से हराया

लखनऊ सुपरजाएंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 12 रन से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 169 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम 20 ओवर में  नौ विकेट गंवाकर 157 रन ही बना सकी। लखनऊ के तेज गेंदबाज आवेश खान ने 18वें ओवर में मैच पलट दिया।

तब हैदराबाद को 18 गेंदों पर 33 रन की जरूरत थी। उस वक्त निकोलस पूरन और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर थे। इस ओवर में आवेश ने लगातार दो गेंदों पर निकोलस पूरन (34) और अब्दुल समद (0) को पवेलियन भेजा। इस ओवर में आवेश ने सात रन भी दिए। इसके बाद हैदराबाद की टीम उबर नहीं सकी और हार गई। 

लखनऊ की टीम की यह लगातार दूसरी जीत है। टीम ने अब तक कुल तीन मैच खेले हैं। पहले मैच में गुजरात के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद लखनऊ ने वापसी करते हुए चेन्नई और हैदराबाद के खिलाफ जीत हासिल की। इस जीत के साथ लखनऊ टीम प्वाइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है। वहीं, हैदराबाद की यह लगातार दूसरे मैच में दूसरी हार है। एसआरएच की टीम प्वाइंट्स टेबल में सबसे आखिरी यानी 10वें नंबर पर मौजूद है।

 

11:09 PM, 04-Apr-2022

आवेश ने पलटा मैच का समीकरण

18वें ओवर में आवेश खान ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लिए। इस ओवर की तीसरी गेंद पर आवेश ने निकोलस पूरन को दीपक हुड्डा के हाथों कैच कराया। वे 24 गेंदों पर 34 रन बना सके। वहीं, अगली ही गेंद पर चार करोड़ रुपये में रिटेन किए गए अब्दुल समद को विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया। समद का आईपीएल में खराब फॉर्म जारी है। आवेश हैट्रिक से चूक गए। 18 ओवर के बाद हैदराबाद ने छह विकेट गंवाकर 144 रन बना लिए हैं। अब हैदराबाद को 12 गेंदों पर 26 रन की जरूरत है। आवेश ने इस मैच में चार ओवर में 24 रन देकर चार विकेट लिए। यह उनकी बेस्ट बॉलिंग है। इससे पहले 2021 में आवेश ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शारजाह में 13 रन देकर तीन विकेट लिए थे।

11:01 PM, 04-Apr-2022

हैदराबाद के बल्लेबाज फिर विफल रहे

17 ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने चार विकेट गंवाकर 137 रन बना लिए हैं। फिलहाल निकोलस पूरन 21 गेंदों पर 28 रन और वॉशिंगटन सुंदर 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं। हैदराबाद को अब 18 गेंदों पर 33 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
10:52 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: हैदराबाद को 24 गेंदों पर 41 रन की जरूरत

16 ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने चार विकेट गंवाकर 129 रन बना लिए हैं। फिलहाल निकोलस पूरन 18 गेंदों पर 26 रन और वॉशिंगटन सुंदर 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। हैदराबाद को अब 24 गेंदों पर 41 रन की जरूरत है। 

10:47 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: 15 ओवर के बाद हैदराबाद 120/4

15 ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने चार विकेट गंवाकर 120 रन बना लिए हैं। फिलहाल निकोलस पूरन 16 गेंदों पर 21 रन और वॉशिंगटन सुंदर छह रन बनाकर क्रीज पर हैं। हैदराबाद को अब 30 गेंदों पर 50 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
10:34 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: क्रुणाल ने राहुल त्रिपाठी को पवेलियन भेजा

13 ओवर तक हैदराबाद ने तीन विकेट गंवाकर 95 रन बना लिए हैं। 14वें ओवर की पहली ही गेंद पर क्रुणाल पांड्या ने अच्छी बल्लेबाजी कर रहे राहुल त्रिपाठी को पवेलियन भेजा। त्रिपाठी 30 गेंदों पर 44 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया। क्रुणाल ने इससे पहले मार्करम को भी पवेलियन भेजा था। फिलहाल वॉशिंगटन सुंदर और निकोलस पूरन क्रीज पर हैं। हैदराबाद को अब 36 गेंदों पर 65 रन की जरूरत है।

10:17 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: हैदराबाद को लगा तीसरा झटका

हैदराबाद की टीम ने 10 ओवर के बाद दो विकेट के नुकसान पर 82 रन बना लिए हैं। 11वें ओवर में 82 के स्कोर पर ही टीम को तीसरा झटका लगा। क्रुणाल पांड्या ने एडेन मार्करम को केएल राहुल के हाथों कैच कराया। वह 14 गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुए। मार्करम और त्रिपाठी के बीच तीसरे विकेट के लिए 31 गेंदों प 44 रन की साझेदारी हुई। फिलहाल निकोलस पूरन और राहुल त्रिपाठी 35 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 11 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर तीन विकेट गंवाकर 83 रन है। हैदराबाद को अब 54 गेंदों पर 87 रन की जरूरत है। 

09:58 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: दोनों ओपनर्स पवेलियन लौटे

38 के स्कोर पर हैदराबाद को दूसरा झटका लगा। कप्तान केन विलियम्सन और अभिषेक शर्मा खराब शॉट खेलकर आउट हुए। दोनों बड़े शॉट लगाना चाहते थे और कैच आउट हो गए। विलियम्सन 16 गेंदों पर 16 रन और अभिषेक शर्मा 13 रन बना सके। दोनों को आवेश खान ने पवेलियन भेजा। छह ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर दो विकेट पर 40 रन है। फिलहाल राहुल त्रिपाठी पांच रन और एडेन मार्करम एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।

09:50 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: हैदराबाद को पहला झटका

25 के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद को पहला झटका लगा। कप्तान केन विलियम्सन 16 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें आवेश खान ने एंड्र्यू टाय के हाथों कैच कराया। विलियम्सन खराब शॉट खेलकर आउट हुए। चार ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर एक विकेट पर 28 रन है। फिलहाल अभिषेक शर्मा आठ रन और राहुल त्रिपाठी तीन रन बनाकर क्रीज पर हैं।

09:43 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: तीन ओवर के बाद हैदराबाद 21/0

तीन ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने बिना विकेट गंवाए 21 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान केन विलियम्सन 12 रन और अभिषेक शर्मा आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। लखनऊ ने हैदराबाद को 170 रन का लक्ष्य दिया है।

09:35 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज क्रीज पर

सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और केन विलियम्सन क्रीज पर हैं। जेसन होल्डर ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। एक ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर बिना विकेट गंवाए छह रन है। 

09:17 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: लखनऊ ने हैदराबाद को 170 रन का लक्ष्य दिया

लखनऊ सुपरजाएंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के सामने 170 रन का लक्ष्य रखा है। केएल राहुल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 50 गेंदों पर छह चौके और एक छक्की की मदद से 68 रन बनाए। वहीं, दीपक हुड्डा ने भी 33 गेंदों पर 51 रन की पारी खेली। इन दोनों की पारी की बदौलत लखनऊ ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 169 रन बनाए। हैदराबाद की ओर से टी नटराजन, वॉशिंगटन सुंदर और रोमारियो शेफर्ड ने दो-दो विकेट झटके।

वॉशिंगटन सुंदर

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ टीम की शुरुआत खराब रही। 16 रन के स्कोर तक टीम ने क्विंटन डिकॉक (1) और एविन लुईस (1) के विकेट गंवा दिए थे। दोनों को वॉशिंगटन सुंदर ने पवेलियन भेजा। इसके बाद रोमारियो शेफर्ड ने मनीष पांडे (11) को भी आउट कर दिया। 27 रन तक लखनऊ ने तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद केएल राहुल और दीपक हुड्डा ने पारी संभाली।

केएल राहुल और दीपक हुड्डा

19वें ओवर में टी नटराजन ने लखनऊ सुपरजाएंट्स को दो झटके दिए। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर कप्तान केएल राहुल को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। राहुल की कप्तानी पारी समाप्त हुई। वे 50 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से 68 रन बनाकर आउट हुए।  इसके बाद चौथी गेंद पर नटराजन ने शानदार यॉर्कर पर क्रुणाल पांड्या को क्लीन बोल्ड किया। क्रुणाल तीन गेंदों पर छह रन बना सके। 

टी नटराजन

20वें ओवर की आखिरी गेंद पर आयुष बदोनी रन आउट हुए। वे 12 गेंदों पर तीन चौके की मदद से 19 रन बना सके। जेसन होल्डन आठ रन बनाकर नाबाद रहे। हैदराबाद के तूफानी गेंदबाज उमरान मलिक ने काफी रन लुटाए। उन्होंने तीन ओवर में 39 रन लुटाए। अपने पहले ओवर में उमरान ने तीन रन दिए थे। इसके बाद अपने दूसरे ओवर में उन्होंने 20 रन और तीसरे ओवर में 16 रन लुटाए।

आखिरी गेंद पर बदोनी रन आउट हुए

09:12 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: नटराजन का डबल स्ट्राइक

19वें ओवर में टी नटराजन ने लखनऊ सुपरजाएंट्स को दो झटके दिए। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर कप्तान केएल राहुल को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। राहुल की कप्तानी पारी समाप्त हुई। वे 50 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से 68 रन बनाकर आउट हुए। राहुल ने आयुष बदोनी के साथ 19 गेंदों पर 30 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद चौथी गेंद पर नटराजन ने शानदार यॉर्कर पर क्रुणाल पांड्या को क्लीन बोल्ड किया। क्रुणाल तीन गेंदों पर छह रन बना सके। 19 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर छह विकेट पर 152 रन है।

08:59 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: 17 ओवर के बाद लखनऊ 137/4

17 ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स ने चार विकेट गंवाकर 137 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान केएल राहुल 44 गेंदों पर 62 रन और आयुष बदोनी छह गेंदों पर 10 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वॉशिंगटन सुंदर ने 17वें ओवर में 17 रन लुटाए। सुंदर ने चार ओवर में 28 रन देकर दो विकेट झटके। 18वें ओवर में भुवनेश्वर की गेंद पर अब्दुल समद ने राहुल का कैच छोड़ दिया।

08:54 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: केएल राहुल का अर्धशतक

लखनऊ के केएल राहुल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 40 गेंदों पर अर्धशतक जमाया। यह उनके आईपीएल करियर का 28वां अर्धशतक रहा। 16 ओवर के बाद लखनऊ ने चार विकेट गंवाकर 120 रन बना लिए हैं। फिलहाल आयुष बदोनी पांच रन और राहुल 40 गेंदों पर 50 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दीपक हुड्डा 51 रन बनाकर आउट हुए।

08:50 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: अर्धशतक लगाने के बाद हुड्डा आउट

114 पर लखनऊ सुपर जाएंट्स को चौथा झटका लगा। दीपक हुड्डा 33 गेंदों पर 51 रन की शानदार पारी खेलने के बाद आउट हुए। उन्हें रोमारियो शेफर्ड ने राहुल त्रिपाठी के हाथों कैच कराया। हुड्डा का यह आईपीएल में पांचवां अर्धशतक रहा। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और तीन छक्के लगाए। हुड्डा ने राहुल के साथ चौथे विकेट के लिए 62 गेंदों पर 87 रन की साझेदारी निभाई।

08:40 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: राहुल और हुड्डा अर्धशतक के करीब

14 ओवर के बाद लखनऊ सुपरजाएंट्स ने तीन विकेट गंवाकर 108 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान केएल राहुल 36 गेंदों पर 47 रन और दीपक हुड्डा 29 गेंदों पर 48 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक चौथे विकेट के लिए 55 गेंदों पर 81 रन की साझेदारी हो चुकी है। हैदराबाद के तूफानी गेंदबाज उमरान मलिक ने अब तक तीन ओवर में 39 रन लुटाए हैं। अपने पहले ओवर में उन्होंने तीन रन दिए थे। इसके बाद पारी के 10वें और 14वें ओवर को मिलाकर उमरान ने 36 रन लुटाए। 

08:31 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: राहुल और हुड्डा ने लखनऊ की पारी संभाली

12 ओवर के बाद लखनऊ सुपरजाएंट्स ने तीन विकेट गंवाकर 85 रन बना लिए हैं। कप्तान केएल राहुल 32 गेंदों पर 41 रन और दीपक हुड्डा 21 गेंदों पर 31 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। 10वें ओवर में हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने 20 रन लुटाए थे।

08:25 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: 10 ओवर के बाद लखनऊ 68/3

10 ओवर के बाद लखनऊ सुपरजाएंट्स ने तीन विकेट गंवाकर 68 रन बना लिए हैं। फिलहाल दीपक हुड्डा 15 गेंदों पर 20 रन और केएल राहुल 26 गेंदों पर 35 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 10वें ओवर में उमरान मलिक की गेंद पर हुड्डा और राहुल ने मिलकर 20 रन बटोरे। इस ओवर में तीन चौके और एक छक्का लगा। इससे पहले वॉशिंगटन सुंदर ने लखनऊ को दो झटके दिए थे। उन्होंने डिकॉक और लुईस को पवेलियन भेजा था। वहीं, रोमारियो ने मनीष पांडे को आउट किया।

08:10 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: आठ ओवर के बाद लखनऊ 43/3

आठ ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स ने तीन विकेट गंवाकर 43 रन बना लिए हैं। फिलहाल दीपक हुड्डा पांच रन और कप्तान केएल राहुल 21 गेंदों पर 25 रन बनाकर क्रीज पर हैं। वॉशिंगटन सुंदर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए क्विंटन डिकॉक और एविन लुईस को पवेलियन भेजा। वहीं, रोमारियो शेफर्ड ने मनीष पांडे को आउट किया।

07:58 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: लखनऊ को लगा तीसरा झटका

पांचवें ओवर में रोमारियो शेफर्ड ने लखनऊ सुपरजाएंट्स को तीसरा झटका दिया। उन्होंने इस ओवर की पांचवीं गेंद पर मनीष पांडे को भुवनेश्वर कुमार के हाथों कैच कराया। पांडे 10 गेंदों पर 11 रन बना सके। फिलहाल दीपक हुड्डा और केएल राहुल क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर तीन विकेट पर 32 रन है। हुड्डा दो रन और राहुल 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

रोमारियो शेफर्ड को बधाई देते साथी खिलाड़ी

07:50 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: सुंदर ने लखनऊ को दिया दूसरा झटका

चौथे ओवर में लखनऊ को दूसरा झटका लगा। वॉशिंगटन सुंदर ने इस ओवर की पहली गेंद पर एविन लुईस को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। लुईस एक रन बना सके। चार ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर दो विकेट पर 17 रन है।

07:38 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: लखनऊ को लगा पहला झटका

पारी के दूसरे ही ओवर में वॉशिंगटन सुंदर की शानदार गेंदबाजी देखने को मिली। उन्होंने ओवर की चौथी गेंद पर क्विंटन डिकॉक को कप्तान विलियम्सन के हाथों कैच कराया। डिकॉक चार गेंदों पर एक रन बना सके। इसके बाद अगली ही गेंद पर सुंदर ने एविन लुईस के खिलाफ एल्बीडब्ल्यू की अपील की। हालांकि, यह करीबी फैसला रहा और ऑन फील्ड अंपायर ने पहले नॉटआउट दिया। बाद में विलियम्सन ने रिव्यू लिया, लेकिन फैसला अंपायर्स कॉल से निकला।

वॉशिंगटन सुंदर

07:31 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: लखनऊ के ओपनर्स मैदान पर

लखनऊ सुपरदजाएंट्स के ओपनर कप्तान केएल राहुल और क्विंटन डिकॉक क्रीज पर हैं। वहीं, हैदराबाद के लिए भुवनेश्वर कुमार ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। एक ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर बिना विकेट गंवाए तीन रन है।

07:04 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

लखनऊ सुपर जाएंट्स: केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), मनीष पांडे, एविन लुईस, दीपक हुड्डा, आयुष बदोनी, क्रुणाल पांड्या, जेसन होल्डर, एंड्रयू टाय, रवि बिश्नोई, आवेश खान।

सनराइजर्स हैदराबाद: केन विलियमसन (कप्तान), अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), एडेन मार्कराम, अब्दुल समद, रोमारियो शेफर्ड, वॉशिंगटन सुंदर, भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन, उमरान मलिक।

07:02 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: हैदराबाद ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान केन विलियम्सन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। कप्तान विलियम्सन ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने टीम में एक बदलाव किया। तेज गेंदबाद दुष्मंथा चमीरा की जगह वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जेसन होल्डर को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। होल्डर पिछले सीजन में हैदराबाद टीम से खेले थे और इस सीजन लखनऊ के लिए डेब्यू में अपनी पुरानी टीम के खिलाफ खेलेंगे।

06:59 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: होल्डर अपनी पुरानी टीम के खिलाफ खेलेंगे

जेसन होल्डर को लखनऊ सुपरजाएंट्स ने कैप दी है। पिछले सीजन में वह सनराइजर्स हैदराबाद से खेले थे। होल्डर आज अपनी पुरानी टीम के खिलाफ खेलेंगे। लखनऊ के बॉलिंग कोच एंडी बिचेल ने उन्हें कैप सौंपी।

06:57 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: पिच रिपोर्ट

डीवाई पाटिल स्टेडियम में गति और उछाल है और पहले गेंदबाजी करने वाली टीम को इसका फायदा होगा। इस सीजन में इस मैदान पर तीन मैच खेले गए हैं। एक मैच पहले बैटिंग करने वाली टीम जीती, जबकि दो मैचों में चेज करने वाली टीम ने जीत हासिल की। ये दोनों नाइट मैच थे। इस मैदान पर इस सीजन में अब तक कुल 58 छक्के लगे हैं। थोड़ी देर में टॉस होगा।

06:37 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: हैदराबाद की बल्लेबाजी में भी नहीं दिखी धार

टीम की बल्लेबाजी कप्तान केन विलियम्सन, राहुल त्रिपाठी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद और अभिषेक शर्मा पर निर्भर है। एडिन मार्कराम फॉर्म में दिख रहे हैं जिन्होंने पिछले मैच में नाबाद 57 रन की पारी खेली थी। सीजन की पहली जीत के लिए हैदराबाद को सभी विभागों में अच्छा करने की जरूरत होगी।

06:36 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: हैदराबाद के गेंदबाज फॉर्म में नहीं हैं

सनराइजर्स हैदराबाद को पहले मैच में राजस्थान से 61 रन से हार का सामना करना पड़ा। टीम के गेंदबाजों को रनों पर अंकुश रखना होगा। अपने पहले मैच में भुवनेश्वर कुमार (1/29) को छोड़कर बाकी गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड, उमरान मलिक, टी नटराजन और वॉशिंगटन सुंदर ने काफी रन खर्च किए थे।

06:35 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: मनीष की फॉर्म चिंता का सबब

लखनऊ के लिए मनीष पांडे की खराब फॉर्म चिंता का सबब है। टीम के पास ऑलराउंडर के रूप में जैसन होल्डर और क्रुणाल पंड्या भी हैं। गेंदबाजी में आवेश खान, श्रीलंकाई दुश्मंथा चमीरा, एंड्रयू टाय और युवा स्पिनर रवि बिश्नोई हैं, लेकिन उन्हें रनों पर अंकुश रखना होगा।

06:34 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: लखनऊ की बल्लेबाजी बेहद मजबूत

कप्तान लोकेश राहुल और क्विंटन डिकॉक के रूप में टीम के पास बेहतरीन सलामी जोड़ी है। चेन्नई के खिलाफ इस जोड़ी ने पहले विकेट पर 99 रन की साझेदारी की थी। विंडीज के बल्लेबाज एविन लुईस ने 23 गेंदों पर आतिशी 55 रन बनाकर जीत में प्रमुख योगदान दिया था। दीपक हुड्डा की मौजूदगी के साथ टीम के पास एक मजबूत मध्यक्रम है। युवा बल्लेबाज आयुष बदोनी ने भी बड़े हिट लगाने की क्षमता से सभी को प्रभावित किया है।

06:32 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Live: लखनऊ ने चेन्नई के खिलाफ बड़ा लक्ष्य हासिल किया

आईपीएल की नई टीम लखनऊ सुपरजाएंट्स ने सीजन की शुरुआत गुजरात के खिलाफ हार से की थी, लेकिन अगले मैच में टीम गत विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ जीत के साथ वापसी करने में सफल रही। टीम की ताकत बल्लेबाजी है और पिछले मैच में 211 का लक्ष्य हासिल कर उसने यह दिखा भी दिया है। 

06:09 PM, 04-Apr-2022

SRH vs LSG Highlights: लखनऊ की लगातार दूसरी जीत, हैदराबाद को 12 रन से हराया, आवेश खान ने लगातार दो विकेट लेकर पलटा मैच

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2022 के 12वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) का मुकाबला लखनऊ सुपरजाएंट्स (एलएसजी) से है। हैदराबाद की टीम ने अब तक सीजन में सिर्फ एक मैच खेला है और उसे राजस्थान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, लखनऊ की टीम ने इस आईपीएल में दो मैच खेले हैं। चेन्नई के खिलाफ टीम को जीत मिली, जबकि गुजरात के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ये मैच जीतकर दोनों टीमें प्वाइंट्स टेबल में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें