फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SRH vs KKR Highlights: केकेआर ने हैदराबाद को सात विकेट से हराया, रघुवंशी और रहाणे के बीच शानदार साझेदारी

Sun, 03 May 2026 07:03 PM IST
Sovit Chaturvedi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद

खास बातें

SRH vs KKR Indian Premier League 2026: केकेआर ने गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजी भी अच्छी की जिससे वह सनराइजर्स हैदराबाद को हराने में सफल रही। टीम के लिए वरुण चक्रवर्ती ने जहां गेंद से प्रभावित किया, वहीं, रहाणे और रघुवंशी ने टीम की जीत की नींव रखी।
विज्ञापन
रघुवंशी और रहाणे - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:03 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: केकेआर की जीत

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल 2026 के मुकाबले में सात विकेट से हराया। केकेआर ने इस तरह प्लेऑफ की उम्मीदों को जीवंत रखा है। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में 165 रन बनाए थे। जवाब में केकेआर के लिए अंगकृष रघुवंशी ने अर्धशतक लगाया और कप्तान रहाणे के साथ मिलकर शानदार साझेदारी की जिससे टीम ने 18.2 ओवर में तीन विकेट पर 169 रन बनाकर मैच जीता। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर के लिए फिन एलेन ने 29 रन बनाए। पहला झटका लगने के बाद रहाणे और रघुवंशी ने दूसरे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी की। रहाणे हालांकि, अर्धशतक पूरा नहीं कर सके और 36 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रघुवंशी भी अपना विकेट गंवा बैठे। रघुवंशी ने 47 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। इसके बाद रिंकू सिंह और कैमरन ग्रीन ने मैच फिनिश किया। रिंकू 11 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 22 रन बनाए, जबकि ग्रीन तीन रन बनाकर नाबाद लौटे। हैदराबाद के लिए पैट कमिंस, शिवांग कुमार और साकिब हुसैन को एक-एक विकेट मिला।

06:53 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: रघुवंशी आउट हुए

शिवांग कुमार ने रघुवंशी को आउट कर केकेआर को तीसरा झटका दिया। रघुवंशी 47 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 59 रन बनाकर आउट हुए।

06:42 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: केकेआर को दूसरा झटका

केकेआर को कप्तान अजिंक्य रहाणे के रूप में दूसरा झटका लगा है। रहाणे और रघुवंशी के बीच साझेदारी पनप रही थी, लेकिन साकिब हुसैन ने रहाणे को आउट कर इसे तोड़ा। रहाणे 36 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। रहाणे और रघुवंशी के बीच दूसरे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी हुई।

विज्ञापन
06:36 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: रघुवंशी का अर्धशतक

अंगकृष रघुवंशी ने 39 गेंदों पर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। रहाणे और रघवंशी के बीच दूसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी जारी है जिससे टीम का स्कोर 130 रन हो गया है।

06:24 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: केकेआर का स्कोर 100 के पार

रहाणे और रघुवंशी के बीच शानदार साझेदारी जारी है जिससे केकेआर का स्कोर 100 के पार पहुंच गया है। सनराइजर्स हैदराबाद को विकेट की तलाश है। 

विज्ञापन
06:07 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: रहाणे-रघुवंशी की साझेदारी

अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी के बीच दूसरे विकेट के लिए साझेदारी पनप रही है। आठ ओवर की समाप्ति के बाद केकेआर का स्कोर एक विकेट पर 89 रन है।

05:45 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: केकेआर को पहला झटका

केकेआर को फिन एलेन के रूप में पहला झटका लगा है। एलेन और रहाणे ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी और दोनों बल्लेबाज पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़ चुके थे। एलेन को पैट कमिंस ने अपना शिकार बनाया जो 13 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए। 

05:27 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: केकेआर की पारी शुरू

हैदराबाद के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की पारी शुरू हो गई है। केकेआर की ओर से कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलेन उतरे हैं। एलेन इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलने उतरे हैं। 

05:12 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: हैदराबाद की पारी समाप्त

ट्रेविस हेड के अर्धशतक की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद ने केकेआर को 166 रनों का लक्ष्य दिया है। हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। हैदराबाद की टीम हालांकि, 19 ओवर में 165 रन पर ऑलआउट हो गई। केकेआर के लिए वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी की और तीन विकेट लेने में सफल रहे। केकेआर के सभी गेंदबाजों को इस मैच में विकेट मिले। हैदराबाद की ओर से हेड ने 28 गेंदों पर नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 61 रन बनाए, जबकि ईशान किशन ने 29 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों के सहारे 42 रन की पारी खेली।

हैदराबाद के लिए हेड और ईशान के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। हेड और अभिषेक ने हैदराबाद को अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। अभिषेक के आउट होने के बाद हेड और ईशान के बीच दूसरे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी हुई। इस दौरान हेड ने 22 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। ये साझेदारी टूटने के बाद हैदराबाद की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। हेड जब आउट हुए तो टीम का स्कोर नौ ओवर में दो विकेट पर 105 रन था, लेकिन अगले 10 ओवर में टीम ने शेष आठ विकेट 60 रन पर ही गंवा दिए। केकेआर के लिए वरुण के अलावा सुनील नरेन और कार्तिक त्यागी को दो-दो विकेट मिले, जबकि वैभव अरोड़ा, कैमरन ग्रीन और अनुकूल रॉय को एक-एक सफलता मिली। 

05:01 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: केकेआर को नौवीं सफलता

वैभव अरोड़ा ने शिवांग कुमार को आउट कर हैदराबाद को नौवां झटका दिया। शिवांग दो गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए।

04:59 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: हैदराबाद के आठ विकेट गिरे

अनुकूल रॉय ने पैट कमिंस का विकेट लेकर हैदराबाद को आठवां झटका दिया। अनुकूल ने अपनी ही गेंद पर कमिंस का कैच लिया। कमिंस आठ गेंदों पर एक छक्के की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए।

04:53 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: हैदराबाद की पारी लड़खड़ाई

नरेन ने ईशान किशन को आउट कर हैदराबाद की पारी को लड़खड़ा दिया है। नरेन ने ईशान को अपना शिकार बनाया जो 29 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए। 

04:48 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: नरेन के आईपीएल में 200 विकेट पूरे

सुनील नरेन ने सलिल अरोड़ा को बोल्ड कर सनराइजर्स हैदराबाद को छठा झटका दिया। नरेन का यह आईपीएल में 200वां विकेट है। सलिल छह गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए।

04:40 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: हैदराबाद की आधी टीम आउट

हैदराबाद की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। वरुण चक्रवर्ती ने अनिकेत वर्मा को अपना शिकार बनाया जो आठ गेंदों पर एक चौके की मदद से छह रन बनाकर आउट हुए। 

04:27 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: हैदराबाद को चौथा झटका

वरुण चक्रवर्ती ने समारन रविचंद्रन को आउट कर हैदराबाद को चौथा झटका दिया है। रविचंद्रन चार गेंदों पर एक चौके की मदद से चार रन बनाकर आउट हुए। 

04:21 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: केकेआर को तीसरी सफलता

केकेआर को हेनरिच क्लासेन के रूप में तीसरी सफलता मिली है। ग्रीन की गेंद पर क्लासेन ने जोरदार शॉट लगाया, लेकिन बाउंड्री पर खड़े रोवमैन पॉवेल ने एक हाथ से शानदार कैच पकड़कर उनकी पारी का अंत किया। क्लासेन आठ गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए। 

04:12 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: हैदराबाद को दूसरा झटका

सनराइजर्स हैदराबाद को ट्रेविस हेड के रूप में दूसरा झटका लगा है। वरुण चक्रवर्ती ने हेड को अपना शिकार बनाया जो 28 गेंदों पर नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। 

04:04 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: हेड का अर्धशतक

ट्रेविस हेड ने केकेआर के खिलाफ 22 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। हेड शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और ईशान किशन के साथ मिलकर साझेदारी निभा रहे हैं।

03:58 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: पावरप्ले समाप्त

हैदराबाद ने केकेआर के खिलाफ पावरप्ले में एक विकेट पर 71 रन बनाए। इस दौरान केकेआर को अभिषेक शर्मा के रूप में एक सफलता मिली है।

03:48 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: अभिषेक पवेलियन लौटे

हैदराबाद को अभिषेक शर्मा के रूप में पहला झटका लगा है। कार्तिक त्यागी ने अभिषेक को अपना शिकार बनाया जो 10 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए।

03:44 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: हैदराबाद की तेज शुरुआत

हेड और अभिषेक की जोड़ी ने हैदराबाद को तेज शुरुआत दिलाई है। हैदराबाद ने तीन ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 37 रन बनाए हैं। 

03:32 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: हैदराबाद की बल्लेबाजी शुरू

केकेआर के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। हैदराबाद के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड पारी का आगाज करने उतरे हैं।

03:13 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: दोनों टीमों के इम्पैक्ट सब के विकल्प

कोलकाता नाइट राइडर्स: फिन एलेन, रमनदीप सिंह, तेजस्वी दहिया, नवदीप सैनी, टिम साइफर्ट।

सनराइजर्स हैदराबाद: प्रफुल्ल हिंगे, हर्ष दुबे, लियाम लिविंगस्टोन, साकिब हुसैन, जीशान अंसारी।

03:07 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, स्मरण रविचंद्रन, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा।

कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रोवमन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती।

03:03 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: हैदराबाद ने जीता टॉस

सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। पैट कमिंस ने कहा कि पिच अच्छी है और मौसम बहुत गर्म है। हम पहले बल्लेबाजी कर टोटल सेट करेंगे। मैं पिच पढ़ने में अच्छा नहीं हूं, लेकिन यह हाई स्कोरिंग मैच हो सकता है। वहीं, रहाणे ने भी कहा कि उनकी टीम पहले बल्लेबाजी करना चाहती थी। केकेआर ने मनीष पांडे को खिलाया है, जो इस सीजन का अपना पहला मैच खेल रहे हैं। वहीं, एसआरएच ने हर्ष दुबे की जगह हर्षल पटेल को खिलाया है।

02:35 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: क्या प्लेइंग-11 में बदलाव करेगा केकेआर?

  • केकेआर ने 2025 में निराशाजनक अभियान के बावजूद रहाणे को कप्तान बनाए रखा लेकिन यह बल्लेबाज अभी तक टीम को प्रेरित करने में नाकाम रहा है। 
  • यह देखना बाकी है कि क्या केकेआर आखिरकार रचिन रवींद्र को टीम में शामिल करता है या नहीं, क्योंकि वह काफी समय से बेंच पर बैठे हैं। रचिन के होने से टीम के एक गेंदबाज का विकल्प भी मिलेगा।
  • फिन एलेन और टिम सीफर्ट भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं, जबकि अंगकृष रघुवंशी, कैमरन ग्रीन और रोवमैन पॉवेल जैसे खिलाड़ी अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।
  • केकेआर को कमजोर तेज गेंदबाजी आक्रमण और स्पिन गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती का नहीं चल पाने से भी नुकसान उठाना पड़ा है। 
  • गेंदबाजी में उसकी टीम मुख्य रूप से अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी जैसे घरेलू खिलाड़ियों पर निर्भर है।

02:24 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: कमिंस की वापसी से मिली मजबूती

सनराइजर्स की गेंदबाजी की बात करें तो कप्तान पैट कमिंस की वापसी से उसे मजबूती मिली है। उनके अलावा प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा, नीतीश रेड्डी और साकिब हुसैन भी अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभा रहे हैं।

02:23 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Live Score: हैदराबाद की बल्लेबाजी है दमदार

  • हैदराबाद का मजबूत पक्ष हमेशा से ही उसकी बल्लेबाजी रही है, विशेषकर शीर्ष क्रम। 
  • सनराइजर्स के पास टूर्नामेंट में अभी तक सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे और तीसरे स्थान पर काबिज अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन हैं।
  • ईशान किशन के रूप में सनराइजर्स के पास एक और विस्फोटक बल्लेबाज है जो किसी भी दिन अपने दम पर मैच का रुख बदल सकता है और उन्होंने इस सत्र में इसे साबित भी किया है।
  • ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने भी सनराइजर्स के पिछले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 76 रन बनाकर फॉर्म में शानदार वापसी की। 

02:20 PM, 03-May-2026

SRH vs KKR Highlights: केकेआर ने हैदराबाद को सात विकेट से हराया, रघुवंशी और रहाणे के बीच शानदार साझेदारी

IPL Live Cricket Score, SRH vs KKR Indian Premier League 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2026 में आज कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से हो रहा है। केकेआर के लिए मौजूदा सीजन अच्छा नहीं रहा है और उसे प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए यह मुकाबला जीतना होगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें