फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SRH vs GT Highlights: गुजरात ने हैदराबाद को सात विकेट से हराया, सिराज के बाद सुंदर-गिल और रदरफोर्ड चमके

Sun, 06 Apr 2025 11:07 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद

खास बातें

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 152 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 16.4 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। यह हैदराबाद की इस सत्र की चौथी शिकस्त है।
विज्ञापन
हैदराबाद बनाम गुजरात - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:57 PM, 06-Apr-2025

गुजरात ने सात विकेट से जीता मुकाबला

सनराइजर्स हैदराबाद ने रविवार को गुजरात के खिलाफ मुकाबला गंवा दिया। मेहमानों ने उन्हें सात विकेट से हराकर इस सत्र की लगातार तीसरी जीत दर्ज की। रविवार को खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 152 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 16.4 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। यह हैदराबाद की इस सत्र की चौथी शिकस्त है। इससे पहले उन्हें केकेआर (80 रन), दिल्ली कैपिटल्स (सात विकेट) और लखनऊ सुपर जाएंट्स (पांच विकेट) ने मात दी थी। 

लगातार तीसरी जीत के साथ शुभमन गिल के नेतृत्व वाली टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। उनके खाते में छह अंक हो गए हैं और नेट रन रेट में भी सुधार हुआ है। वहीं, पैट कमिंस की अगुआई वाली टीम 10वें स्थान पर है। उनका नेट रन रेट -1.629 है। शीर्ष पर छह अंक और 1.257 नेट रन रेट के साथ दिल्ली कैपिटल्स है।

लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की शुरुआत झटके के साथ हुई। मोहम्मद शमी ने तीसरे ओवर में साई सुदर्शन को अपना शिकार बनाया। वह नौ गेंदों में सिर्फ पांच रन बना सके। इसके बाद पैट कमिंस ने जोस बटलर को क्लासेन के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल पाए।

16 के स्कोर पर दो विकेट खो चुकी गुजरात को एक बड़ी की जरूरत थी। उनकी इस आवश्यकता को कप्तान गिल और चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए वाशिंगटन सुंदर ने पूरा किया। दोनों के बीच 90 रनों की सबसे बड़ी साझेदारी हुई। अपने डेब्यू मैच में सुंदर ने 29 गेंदों में 49 रनों की दमदार पारी खेली। हालांकि, वह अर्धशतक नहीं पूरा कर पाए। वहीं, शुभमन गिल और शेरफेन रदरफोर्ड क्रमश: 61 और 35 रन बनाकर नाबाद रहे। हैदराबाद के लिए मोहम्मद शमी ने दो और पैट कमिंस ने एक विकेट लिया।

10:36 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: अर्धशतक से चूके वाशिंगटन सुंदर

अपने डेब्यू मैच में शानदार फॉर्म में नजर आए वाशिंगटन सुंदर सिर्फ एक रन से अर्धशतक जड़ने से चूक गए। उन्हें मोहम्मद शमी ने अनिकेत वर्मा के हाथों कैच कराया। तीसरे विकेट के लिए सुंदर ने गिल के साथ 90 रन की साझेदारी की। अब बल्लेबाजी के लिए शेरफेन रदरफोर्ड उतरे हैं। 

10:32 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: 36 गेंदों में शुभमन गिल ने जड़ा पचासा

36 गेंदों में शुभमन गिल ने पचासा जड़ा है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान वाशिंगटन सुंदर भी उनका साथ दे रहे हैं। वह भी अर्धशतक के करीब हैं। 13 ओवर के बाद स्कोर 106/2 है।

विज्ञापन
10:10 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: शुभमन गिल और वाशिंगटन सुंदर ने संभाला मोर्चा

शुभमन गिल और वाशिंगटन सुंदर ने मोर्चा संभाल लिया है। दोनों के बीच 40 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। आठ ओवर के बाद स्कोर 64/2 है।

09:49 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: गुजरात का दूसरा विकेट गिरा

पैट कमिंस ने गुजरात को दूसरा झटका दिया। उन्होंने जोस बटलर को अपना शिकार बनाया। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। अब बल्लेबाजी के लिए वाशिंगटन सुंदर उतरे हैं।

विज्ञापन
09:42 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: गुजरात को पहला झटका लगा

गुजरात को पहला झटका मोहम्मद शमी ने दिया। उन्होंने साई सुदर्शन को अपना शिकार बनाया। वह नौ गेंदों में सिर्फ पांच रन बना सके। अब बल्लेबाजी के लिए जोस बटलर उतरे हैं। 

09:27 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: गुजरात की पारी शुरू

153 रन के लक्ष्य का पीछा करने के लिए गुजरात की टीम तैयार है। पारी की शुरुआत करने के लिए साई सुदर्शन और शुभमन गिल पहुंचे हैं। हैदराबाद के लिए पहला ओवर मोहम्मद शमी डाल रहे हैं।

09:12 PM, 06-Apr-2025

हैदराबाद ने गुजरात के सामने 153 रन का लक्ष्य

डेथ ओवर्स में पैट कमिंस की तूफानी पारी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 153 रन का लक्ष्य तैयार किया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 152 रन बनाए हैं। गुजरात के लिए मोहम्मद सिराज ने चार विकेट लिए जबकि प्रसिद्ध कृष्णा और साई किशोर ने दो-दो विकेट लिए।

इस मुकाबले में हैदराबाद की शुरुआत खराब हुई। मोहम्मद सिराज ने ट्रेविस हेड (8) और अभिषेक शर्मा (18) की सलामी जोड़ी को पवेलियन भेजा। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने ईशान किशन को आउट किया। वह सिर्फ 17 रन बना सके। हैदराबाद के लिए नीतीश रेड्डी ने 31, हेनरिक क्लासेन ने 27, अनिकेत वर्मा ने 18 और कामिंदु मेंडिस ने एक रन बनाया। वहीं, पैट कमिंस और मोहम्मद शमी क्रमश: 22 और छह रन बनाकर नाबाद रहे। 

09:07 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: मोहम्मद सिराज ने सिमरजीत सिंह को बोल्ड किया

मोहम्मद सिराज ने इम्पैक्ट खिलाड़ी के तौर पर आए सिमरजीत सिंह को बोल्ड कर दिया। वह खाता भी नहीं खोल सके। अब बल्लेबाजी के लिए मोहम्मद शमी उतरे हैं।

09:04 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: अनिकेत वर्मा 18 रन बनाकर आउट

हैदराबाद को सातवां झटका मोहम्मद सिराज ने दिया। उन्होंने अनिकेत वर्मा को अपना शिकार बनाया। वह 18 रन बना सके। अब बल्लेबाजी के लिए सिमरजीत सिंह उतरे हैं।

08:54 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: हैदराबाद को छठा झटका लगा

हैदराबाद को छठा झटका कामिंदु मेंडिस के रूप में प्रसिद्ध कृष्णा ने दिया। वह सिर्फ एक रन बना सके। अब कप्तान पैट कमिंस उतरे हैं।

08:43 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: सनराइजर्स की आधी टीम पवेलियन लौटी

सनराइजर्स हैदराबाद की आधी टीम महज 105 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गई है। साई किशोर ने नीतीश रेड्डी को आउट किया जो अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। नीतीश ने 34 गेंदों पर 31 रन बनाए। 

08:37 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: हैदराबाद को चौथा झटका लगा

हैदराबाद को चौथा झटका साई किशोर ने दिया। उन्होंने हेनरिक क्लासेन को बोल्ड किया। वह 27 रन बनाकर आउट हुए। अब नीतीश रेड्डी का साथ देने के लिए अनिकेत वर्मा उतरे हैं।

08:31 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: नीतीश रेड्डी और हेनरिक क्लासेन के बीच 30+ रन की साझेदारी

नीतीश रेड्डी और हेनरिक क्लासेन के बीच 30 रनों से ज्यादा की साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने गुजरात के खिलाफ मोर्चा संभाल लिया है। 13 ओवर के बाद स्कोर 89/3 है।

08:10 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: हैदराबाद का तीसरा विकेट गिरा

हैदराबाद का तीसरा विकेट आठवें ओवर में गिरा। प्रसिद्ध कृष्णा ने ईशान किशन को अपना शिकार बनाया। वह 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब नीतीश रेड्डी का साथ देने के लिए हेनरिक क्लासेन उतरे हैं।

08:04 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: पावरप्ले समाप्त हुआ, स्कोर 45/2

इस मैच में हैदराबाद की खराब शुरुआत हुई है। उन्हें दोनों झटके मोहम्मद सिराज ने दिए। पहले तेज गेंदबाज ने ट्रेविस हेड को आउट किया। इसके बाद अभिषेक शर्मा को पवेलियन भेजा। फिलहाल क्रीज पर ईशान किशन और नीतीश रेड्डी मौजूद हैं। छह ओवर के बाद स्कोर 45/2 है।

07:53 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: 38 पर हैदराबाद को दूसरा झटका लगा

हैदराबाद का दूसरा विकेट भी मोहम्मद सिराज ने झटका। उन्होंने अभिषेक शर्मा को अपना शिकार बनाया। वह 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब ईशान किशन का साथ देने के लिए नीतीश रेड्डी उतरे हैं।

07:50 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: अभिषेक-ईशान के बीच पनप रही साझेदारी

अभिषेक शर्मा और ईशान किशन के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही है। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। चार ओवर के बाद स्कोर 37/1 है।

07:35 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: हैदराबाद को पहला झटका

हैदराबाद की शुरुआत झटके के साथ हुई है। मोहम्मद सिराज ने पहले ही ओवर में ट्रेविस हेड को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ आठ रन बना सके। अब अभिषेक शर्मा का साथ देने के लिए ईशान किशन उतरे हैं।

07:05 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), राहुल तेवतिया, शाहरुख खान, राशिद खान, वाशिंगटन सुंदर, रविश्रीनिवासन साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: शेरफेन रदरफोर्ड, ग्लेन फिलिप्स, अनुज रावत, महिपाल लोमरोर, अरशद खान।

सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, नितीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, कामिंडु मेंडिस, पैट कमिंस (कप्तान), जीशान अंसारी, जयदेव उनादकट, मोहम्मद शमी।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: अभिनव मनोहर, सचिन बेबी, सिमरजीत सिंह, राहुल चाहर, वियान मुल्डर।

07:01 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: गुजरात ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान शुभमन गिल ने बताया कि इस मुकाबले में वाशिंगटन सुंदर को डेब्यू का मौका मिला है। वह अरशद खान की जगह खेलेंगे। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने बताया कि हर्षल पटेल की जगह जयदेव उनादकट को एकादश में शामिल किया गया है।

06:42 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है...

सनराइजर्स हैदराबादः अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, नीतीश कुमार रेड्डी, अनिकेत वर्मा, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), कामिंदु मेंडिस, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, सिमरजीत सिंह, मोहम्मद शमी, जीशान अंसारी। 
गुजरात टाइटंसः साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, अरशद खान, राशिद खान, आर साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा। 

06:39 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: बटलर की फॉर्म में वापसी से गुजरात मजबूत

जहां तक गुजरात टाइटंस का सवाल है तो ऐसा लग रहा है कि उसकी टीम ने अपनी लय हासिल कर ली है। बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ धमाकेदार जीत से उसकी टीम का मनोबल बढ़ा होगा। इस मैच में जोस बटलर ने शानदार अर्धशतक लगाया था। बटलर, कप्तान शुभमन गिल और बी साईं सुदर्शन की मौजूदगी में उसका शीर्ष क्रम काफी मजबूत नजर आता है। इन तीनों बल्लेबाजों ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है और उम्मीद है कि वह अपनी इस फॉर्म को आगे भी जारी रखेंगे।

06:38 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score: सनराइजर्स के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को बनाने होंगे रन

सनराइजर्स के लिए राहत की बात यह है कि उसकी टीम को गुजरात के खिलाफ अगला मैच अपने घरेलू मैदान पर खेलना है जहां अभी तक रन वर्षा होती रही है। सनराइजर्स को अगर हार की हैट्रिक पूरी करने के बाद वापसी करना है तो उसके मुख्य बल्लेबाजों ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिच क्लासेन को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। सनराइजर्स के लिए गेंदबाजी भी चिंता का विषय लगती है क्योंकि युवा लेग स्पिनर जीशान अंसारी (चार विकेट) को छोड़कर कोई भी गेंदबाज खतरनाक नहीं दिख रहा है। कप्तान कमिंस की इकोनॉमी रेट 12.30 रन प्रति ओवर है, जबकि उनके देश के एडम जांपा की इकोनॉमी रेट 11.75 है। अनुभवी मोहम्मद शमी भी महंगे रहे। उन्होंने अभी तक प्रति ओवर 10 रन दिए हैं।
 

06:06 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score : सनराइजर्स ने की थी धमाकेदार शुरुआत

सनराइजर्स ने अपने पहले मैच में 286 रन बनाकर धमाकेदार शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद उसके बल्लेबाजों की आक्रामकता नहीं चल पाई। सनराइजर्स ने अगले तीन मैच में 190, 163 और 120 रन बनाए। उसे इन तीनों मैच में हार का सामना करना पड़ा। सनराइजर्स की टीम अभी अंक तालिका में 10वें और अंतिम स्थान पर है तथा ऐसा लग रहा है कि विश्व चैंपियन पैट कमिंस की अगुआई वाली यह टीम बिखर रही है। पिछले साल की उपविजेता सनराइजर्स की टीम आक्रामकता और अति आक्रामकता के बीच संतुलन बनाने में नाकाम रही है तथा उसके अधिकतर बल्लेबाजों ने अपने विकेट इनाम में दिए हैं।

06:06 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Live Score : जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी सनराइजर्स

पिछले सीजन की उपविजेता सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत आईपीएल 2025 में अच्छी नहीं रही है। अब उसका सामना गुजरात टाइटंस के साथ होगा। इस मैच में जहां सनराइजर्स वापसी के इरादे से उतरेगी, वहीं गुजरात भी अपना दम दिखाएगी। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के कारण आईपीएल में अपना विशेष स्थान बनाने वाले सनराइजर्स हैदराबाद के लिए उसकी यह आक्रामकता ही हार का कारण बन रही है और गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले मैच में उसे अपनी इस शैली पर आत्ममंथन करना होगा।

05:59 PM, 06-Apr-2025

SRH vs GT Highlights: गुजरात ने हैदराबाद को सात विकेट से हराया, सिराज के बाद सुंदर-गिल और रदरफोर्ड चमके

IPL Live Cricket Score, SRH vs GT Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 के 19वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का गुजरात टाइटंस से सामना हो रहा है। इस मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें