आईपीएल 2024 का 66वां मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया है। हैदराबाद में सनराइजर्स की टीम का सामना गुजरात से होना था। हालांकि, टॉस होने से पहले ही बारिश होने लगी और टॉस नहीं हो पाया। साढ़े सात के आसपास बीच में कुछ देर के लिए बारिश रुकी और लगा कि मैच आधे घंटे की देरी से शुरू हो जाएगा। आठ बजे टॉस और सवा आठ में मैच शुरू करने का समय भी तय किया गया, लेकिन आठ बजने से पांच मिनट पहले फिर से तेज बारिश होने लगी और फिर नहीं रुकी। पांच-पांच ओवर के मैच के लिए साढ़े 10 कट ऑफ टाइम था। हालांकि, आउट फील्ड काफी गीला था और मैदान के कई हिस्सों में पानी जमा हो गया था। ऐसे में अंपायर्स ने मैदान कर्मियों से बात कर मैच को रद्द करने का फैसला किया।
ह इस सीजन तीसरा मैच है जब बारिश ने खलल डाला है। इससे पहले कोलकाता और मुंबई के बीच मुकाबला भी बारिश से प्रभावित रहा था। वह मैच दो घंटे 15 मिनट की देरी से शुरू हुआ था और 16-16 ओवर का हुआ था। वहीं, गुजरात का कोलकाता से पिछला मुकाबला बारिश से धुल गया था। हैदराबाद-गुजरात का मुकाबला बारिश से धुलने वाला दूसरा मुकाबला है।
बारिश की वजह से सनराइजर्स हैदराबाद की टीम प्लेऑफ में पहुंच गई है। इस मैच के रद्द होने से हैदराबाद और गुजरात दोनों को एक-एक अंक दिए गए। हैदराबाद के अब 13 मैचों में 15 अंक हैं और टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। चेन्नई सुपर किंग्स को छोड़कर कोई भी अन्य टीम 15 या इससे ज्यादा अंक नहीं बना सकती है। ऐसे में सनराइजर्स ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया। चेन्नई के 13 मैचों के बाद 14 अंक हैं। टीम को 18 मई को बेंगलुरु से भिड़ना है। बेंगलुरु के 12 अंक हैं। वहीं, अब दिल्ली की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। लखनऊ का भी नेट रन रेट निगेटिव है और इसे कवर कर पाना मुश्किल होगा। वहीं, चेन्नई और बेंगलुरु के बीच मुकाबला वर्चुअल नॉकआउट होगा।
अंपायरों और मैदान कर्मियों के बीच बातचीत जारी है। दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई।
पांच-पांच ओवर के मैच के लिए रात साढ़े 10 बजे कट ऑफ टाइम है। हैदराबाद में अभी भी बारिश जारी है। ऐसे में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। बारिश अभी रुकती है तो ग्राउंड स्टाफ और सुपरसोपर्स को मैदान को तैयार करने में कम से कम आधा घंटा लगेगा। हालांकि, अगर बारिश की वजह से मैच धुलता है तो सनराइजर्स की टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर जाएगी। एक-एक अंक बांटे जाएंगे और हैदराबाद के 15 अंक हो जाएंगे। चेन्नई के अलावा कोई भी टीम इतने अंक तक नहीं पहुंच सकती है।
हैदराबाद में फिर से झमाझम बारिश हो रही है। इसकी वजह से मैदान को कवर्स से ढका गया है। रात में बारिश की संभावना जताई गई थी और अब तक मैच प्रभावित रहा है। अब तक टॉस भी नहीं हो सका है। कुछ देर पहले अंपायर्स ने आठ बजे टॉस करवाने का एलान किया था, लेकिन अब फिर से बारिश की वजह से इसमें भी देरी हो गई है। आठ बजे टॉस और सवा आठ बजे मैच शुरू करने को कहा गया था। हालांकि, अब साढ़े आठ बजे से पहले मैच शुरू होने की बेहद कम संभावना है। ऐसे में साढ़े आठ बजे से ओवर्स में कटौती शुरू हो जाएगी। यह इस सीजन तीसरा मैच है जब बारिश ने तंग किया है। इससे पहले कोलकाता और मुंबई के बीच मुकाबला भी बारिश से प्रभावित रहा था। वह मैच दो घंटे 15 मिनट की देरी से शुरू हुआ था और 16-16 ओवर का हुआ था। वहीं, गुजरात का कोलकाता से पिछला मुकाबला बारिश से धुल गया था।
आठ बजे टॉस होगा। वहीं, सवा आठ पर पहली गेंद फेंकी जाएगी। फिलहाल वहां बारिश नहीं हो रही है, लेकिन पिच को कवर्स से ढक दिया गया है। सवा आठ पर शुरू होने पर मैच 20-20 ओवर का होगा। हालांकि, साढ़े आठ बजे के बाद मैच शुरू होने पर ओवर्स में कटौती शुरू हो जाएगी। यह देखने वाली बात होगी कि सवा आठ में मैच शुरू हो पाता है या नहीं।
मैदान से कवर्स हटाए जा चुके हैं। सुपरसोपर्स काम में जुटे हुए हैं। थोड़ी देर में टॉस हो सकता है। रात में बारिश की थोड़ी संभावना जताई गई थी। अब यह देखने वाली बात होगी कि इस मैच पर बारिश का कितना असर पड़ता है। फिलहाल आउटफील्ड गीला होने कारण टॉस में देरी हो रही है।
खराब मौसम की वजह से टॉस में देरी हो रही है। शाम में करीब डेढ़ घंटे बारिश हुई थी। इसके बाद मैदान से कवर्स को हटा लिया गया था। हालांकि, कुछ देर बाद फिर से पिच को कवर्स से ढक दिया गया। मैदान के ऊपर काले बादल मंडरा रहे थे। इसके बाद मैच रेफरी ने दोनों कप्तानों कमिंस और शुभमन को बुलाकर बातचीत की। दोनों ही अपने ट्रेनिंग गियर में नजर आए। बातचीत के बाद दोनों ने रेफरी से सहमति जताते हुए अपने अपने डगआउट में लौट गए। हालांकि, अभी बारिश नहीं हो रही है।
हैदराबाद में मैच के दौरान बारिश का खतरा है। दो घंटे पहले वहां जमकर बारिश हो रही थी। साथ ही आंधी भी आई थी। मैच के दौरान भी बारिश की संभावना है। अगर मैच प्रभावित होता है तो सनराइजर्स को नुकसान उठाना पड़ सकता है। एक-एक अंक बांटे जाएंगे, जिससे सनराइजर्स को क्वालिफाई करने के लिए एक और मैच का इंतजार करना होगा। हालांकि, उनके शीर्ष दो में जगह बनाने का सपना टूट जाएगा। साथ ही एक अंक मिलने पर यह भी तय हो जाएगा कि शनिवार को चेन्नई और बेंगलुरु के बीच होने वाले मुकाबले से कोई एक टीम ही प्लेऑफ में पहुंच पाएगी।
13 में से सिर्फ पांच मैच जीत सकी गुजरात के 11 अंक ही हैं और वह जीत के साथ विदा लेना चाहेगी। पूर्व कप्तान हार्दिक पंड्या के इस सत्र में मुंबई इंडियंस के पास लौटने के बाद गुजरात की टीम में संतुलन नजर नहीं आया। पंड्या ने 2022 की खिताबी जीत और पिछले साल फाइनल तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई थी। कोलकाता के खिलाफ पिछला मैच बारिश में धुल गया, लेकिन गेंदबाजों ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ पहले तीन ओवर में तीन विकेट लेकर उम्मीद जगाई थी। बल्लेबाजी में कप्तान शुभमन गिल और बी साई सुदर्शन पर एक बार फिर अच्छी शुरुआत देने की जिम्मेदारी होगी। डेविड मिलर इस सत्र में फॉर्म में नहीं दिखे, लेकिन आखिरी मैच में वह उपयोगी पारी खेलना चाहेंगे।
सनराइजर्स ने इस सत्र में जहां अविश्वसनीय स्कोर बनाए हैं तो शर्मनाक पराजय भी झेली है। गुजरात ने उसे टूर्नामेंट में सात विकेट से हराया था। पिछले पांच मैचों में से तीन में उसे पराजय झेलनी पड़ी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उसे 35 रन से, चेन्नई सुपरकिंग्स ने 78 और मुंबई इंडियंस ने सात विकेट से हराया। टीम बल्लेबाजी में हेड और शर्मा पर पूरी तरह निर्भर है। उनके नाकाम रहने पर उसकी पारी लड़खड़ा जाती है लिहाजा नीतीश रेड्डी, हेनरिच क्लासेन और अब्दुल समद को बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
इस मुकाबले से पहले सनराइजर्स को एक सप्ताह का ब्रेक मिला है जिससे वे तरोताजा होकर मैदान पर लौटेंगे। इसके अलावा आठ मई को लखनऊ पर रिकॉर्ड जीत दर्ज करने के बाद उसके हौसले वैसे भी बुलंद है। गेंदबाजों ने लखनऊ को कम स्कोर पर रोका तो ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने 166 रन का लक्ष्य 10 विकेट बाकी रहते 9.4 ओवर में ही हासिल कर लिया।
प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रख पाने के बावजूद सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल के प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ सिर्फ एक जीत की जरूरत है, जबकि गुजरात की टीम प्रतिष्ठा के लिए ही खेलेगी। कप्तान पैट कमिंस की टीम की नजरें शीर्ष दो में जगह पक्की करने पर लगी है। उन्हें इसके बाद एक मैच और खेलना है और उनका नेट रनरेट भी प्लस 0.406 है। सनराइजर्स के 12 मैचों में 14 अंक है और वह अधिकतम 18 अंक हासिल कर सकती है जिससे शीर्ष दो में उसकी जगह पक्की हो जाएगी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 के 66वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना गुजरात टाइटंस से है। यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जा रहा है। सनराइजर्स की टीम प्लेऑफ में पहुंचने से एक जीत दूर है। उसके दो मैच बचे हुए हैं। आज के मैच में जीतते ही टीम प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। हालांकि, हार उन्हें मुश्किलों डाल देगा। वहीं, गुजरात टाइटंस की टीम प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है।