फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SRH vs DC Highlights: सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली को 47 रनों से हराया, अभिषेक के बाद गेंदबाजों ने बिखेरा जलवा

Tue, 21 Apr 2026 11:26 PM IST
Sovit Chaturvedi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद

खास बातें

SRH vs DC Indian Premier League 2026: सनराइजर्स हैदराबाद ने अभिषेक शर्मा की शानदार बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के दम पर दिल्ली कैपिटल्स को हरा दिया है। हैदराबाद की टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। इस मैच में दिल्ली की गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों औसत दर्जे की रही।
विज्ञापन
दिल्ली बनाम हैदराबाद - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:25 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद जीता

अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी के बाद ईशान मलिंगा की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से हराया। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में दो विकेट पर 242 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 195 रन ही बना सकी। दिल्ली के लिए नीतीश राणा ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए, जबकि समीर रिजवी ने 41 और केएल राहुल ने 37 रन बनाए।

हैदराबाद के लिए ईशान मलिंगा ने चार विकेट लिए, जबकि हर्ष दुबे को तीन सफलता मिली। साकिब हुसैन और दिलशान मादुशांका एक-एक विकेट हासिल करने में सफल रहे। हैदराबाद की टीम इस जीत से अंक तालिका में आठ अंक लेकर तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स छह अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। 

11:14 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: दिल्ली को छठा झटका

ईशान मलिंगा ने इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे आशुतोष शर्मा को आउट कर दिल्ली को छठा झटका दिया। आशुतोष 10 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए।

11:00 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: मलिंगा को तीसरी सफलता

ईशान मलिंगा ने ट्रिस्टन स्टब्स को आउट कर दिल्ली को पांचवां झटका दिया। स्टब्स और समीर रिजवी ने दिल्ली को संभाले रखा था और लगातार बड़े शॉट्स खेलकर हैदराबाद के गेंदबाजों पर दबाव बना रहे थे। लेकिन मलिंगा ने इस साझेदारी को तोड़ दिया। स्टब्स और रिजवी के बीच पांचवें विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी हुई। स्टब्स 16 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए।

विज्ञापन
10:54 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: दिल्ली का स्कोर 150 के पार

दिल्ली की पारी लड़खड़ाने के बाद ट्रिस्टन स्टब्स और समीर रिजवी ने साझेदारी कर टीम को संभाले रखा है। स्टब्स और रिजवी हैदराबाद के गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं जिससे टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंच गया है।

10:34 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: खाता नहीं खोल सके मिलर

ईशान मलिंगा ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लिए और दिल्ली को चौथा झटका दिया। मलिंगा ने पहले नीतीश को आउट किया और फिर अगली ही गेंद पर डेविड मिलर को बोल्ड किया। मिलर खाता भी नहीं खोल सके। हालांकि, वह हैट्रिक पूरी नहीं कर सके। 

विज्ञापन
10:32 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: नीतीश राणा पवेलियन लौटे

ईशान मलिंगा ने नीतीश राणा को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को तीसरा झटका दिया है। नीतीश अर्धशतक लगा चुके थे, लेकिन मलिंगा की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। ईशान 30 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए।

10:28 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: केएल राहुल आउट

साकिब हुसैन ने केएल राहुल को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को दूसरा झटका दिया है। राहुल और नीतीश राणा के बीच अच्छी साझेदारी हो रही थी, लेकिन साकिब ने इस साझेदारी को तोड़ा। राहुल और नीतीश ने दूसरे विकेट के लिए 86 रन जोड़े। राहुल 23 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए।

10:26 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: नीतीश का पचासा

नीतीश राणा ने 27 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। नीतीश और केएल राहुल ने मिलकर दिल्ली की पारी को संभाले रखा है। दोनों बल्लेबाजों के बीच अब तक दूसरे विकेट के लिए 80+ रनों की साझेदारी हो चुकी है। 

10:01 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: दिल्ली की पारी संभली

पहला झटका लगने के बाद केएल राहुल और नीतीश राणा ने दिल्ली की पारी को संभाल लिया है। दोनों बल्लेबाजों के बीच साझेदारी पनप रही है जिससे टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंच गया है।

09:44 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: दिल्ली को पहला झटका

दिलशान मादुशांका ने पाथुम निसांका को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को पहला झटका दिया है। निसांका छह गेंदों पर एक छक्के की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए। 

09:34 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: दिल्ली की पारी शुरू

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की पारी शुरू हो गई है। दिल्ली के लिए पाथुम निसांका के साथ केएल राहुल पारी का आगाज करने उतरे हैं। 

09:17 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: हैदराबाद की पारी समाप्त

सनराइजर्स हैदराबाद ने अभिषेक शर्मा की नाबाद शतकीय पारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स को 243 रनों का लक्ष्य दिया है। अभिषेक ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की जिससे हैदराबाद ने 20 ओवर में दो विकेट पर 242 रन बनाए। हैदराबाद के लिए अभिषेक 68 गेंदों पर 10 चौकों और 10 छक्कों की मदद से नाबाद 135 रन बनाए। अभिषेक ने इस तरह आईपीएल इतिहास में पांचवां सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाया है।

हैदराबाद की बल्लेबाजी शुरुआत से ही विस्फोटक रही, लेकिन अभिषेक के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज 50+ स्कोर नहीं बना सका। अभिषेक के अलावा ट्रेविस हेड ने 37 और कप्तान ईशान किशन ने 25 रन बनाए, जबकि हेनरिच क्लासेन 13 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 37 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली के लिए अक्षर पटेल ने एक विकेट लिया।

09:00 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: हैदराबाद का स्कोर 200 के पार

अभिषेक शर्मा की शानदार बल्लेबाजी जारी है जिससे सनराइजर्स हैदराबाद ने 17 ओवर की समाप्ति के बाद 200 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। अभिषेक के साथ हेनरिच क्लासेन क्रीज पर मौजूद हैं।

08:45 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: ईशान आउट हुए

ईशान किशन रन आउट होकर पवेलियन लौट गए हैं। ईशान अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन अपना विकेट गंवा बैठे। ईशान 13 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाकर आउट हुए। अभिषेक और ईशान के बीच दूसरे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी हुई। 

08:42 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: अभिषेक का शतक

अभिषेक शर्मा ने 47 गेंदों पर शतक लगा दिया है। अभिषेक शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और उन्होंने खुद को मिले जीवनदान का बखूबी फायदा उठाया है। अभिषेक के आईपीएल करियर का यह दूसरा शतक है। अभिषेक और ईशान किशन के बीच शानदार साझेदारी जारी है जिससे टीम का स्कोर 15 ओवर ही में 170 रन के पार पहुंच गया है। 

08:40 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: अभिषेक शतक के करीब

सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा दिल्ली के खिलाफ शतक लगाने के करीब पहुंच गए हैं। अभिषेक और ईशान के बीच दूसरे विकेट के लिए साझेदारी जारी है।

08:22 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: अभिषेक की शानदारी पारी जारी

अभिषेक शर्मा की शानदार बल्लेबाजी जारी है जिससे सनराइजर्स हैदराबाद ने 11 ओवर के बाद 125 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। अभिषेक को ईशान का अच्छा साथ मिल रहा है।

08:09 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: दिल्ली को पहली सफलता

अक्षर पटेल ने ट्रेविस हेड को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को पहली सफलता दिलाई है। हेड और अभिषेक ने हैदराबाद को अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 97 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि, अक्षर ने इस साझेदारी का अंत किया। हेड 26 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। 

08:07 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: अभिषेक का पचासा

अभिषेक शर्मा ने दिल्ली के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। अभिषेक और हेड के बीच पहले विकेट के लिए साझेदारी जारी है और दोनों बल्लेबाज अब तक 90+ रन जोड़ चुके हैं। 

07:44 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: हैदराबाद की सधी शुरुआत

दिल्ली के खिलाफ हैदराबाद ने सधी हुई शुरुआत की है और पहले तीन ओवर तक दिल्ली को कोई सफलता नहीं हासिल करने दी। दिल्ली के गेंदबाजों ने भी अभिषेक और हेड को ज्यादा खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया है।

07:31 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: हैदराबाद की पारी शुरू

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की पारी शुरू हो गई है। हैदराबाद के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। 

07:09 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिच क्लासेन, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवांग कुमार, हर्ष दुबे, साकिब हुसैन, ईशान मलिंगा।
इम्पैक्ट सब: सामरन रविचंद्रन, प्रफुल्ल हिंगे, लियाम लिविंगस्टोन, दिलशान मधुशांका, हर्षल पटेल।

दिल्ली कैपिटल्स: पाथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), समीर रिजवी, नीतीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (विकेटकीपर), डेविड मिलर, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, टी. नटराजन, लुंगी एनगिडी।
इम्पैक्ट सब: करुण नायर, दुश्मंता चमीरा, आशुतोष शर्मा, त्रिपुराना विजय, आकिब नबी। 

07:01 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: दिल्ली ने जीता टॉस

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। दिल्ली ने इस मैच के लिए एक बदलाव किया है। आकिब नबी की जगह नीतीश राणा को प्लेइंग-11 में मौका मिला है। सनराइजर्स हैदराबाद ने भी एकादश में कुछ बदलाव किए हैं। 

06:22 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: बल्लेबाजी है सनराइजर्स का मजबूत पक्ष 

बल्लेबाजी सनराइजर्स का मजबूत पक्ष रहा है लेकिन पिछले कुछ मैच में उसके प्रमुख बल्लेबाज जैसे ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं बनाए रख पाए हैं। बल्लेबाजी में उसका दारोमदार शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों पर है लेकिन इनके नहीं चल पाने पर उसके मध्यक्रम पर दबाव बढ़ जाता है। विशेषकर हेनरिक क्लासेन को सारी जिम्मेदारी निभानी पड़ती है। 

06:14 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: दिल्ली के खिलाफ नहीं खेलेंगे कमिंस 

कमिंस भी टीम से जुड़ गए हैं लेकिन वह इस मैच में नहीं खेल पाएंगे। सनराइजर्स की तरफ से पिछले दो मैच में अपेक्षाकृत कम चर्चित खिलाड़ियों प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन और शिवांग कुमार ने मौकों का पूरा फायदा उठाया है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हिंगे के शानदार प्रदर्शन के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ ईशान मलिंगा की अगुआई में गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिससे उसकी टीम जीत हासिल करने में सफल रही। 

06:08 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Live Score: दोनों टीमों के समान अंक

पिछले दो मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाली सनराइजर्स हैदराबाद की टीम दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले आईपीएल के मैच में घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेगी। दोनों टीम के अभी छह-छह अंक है, लेकिन सनराइजर्स का नेट रन रेट बेहतर है और इसलिए वह चौथे स्थान पर काबिज है। कप्तान पैट कमिंस की अनुपस्थिति में सनराइजर्स की गेंदबाजी कमजोर नजर आ रही थी लेकिन उसने धीरे-धीरे इसमें सुधार कर लिया है। 

06:03 PM, 21-Apr-2026

SRH vs DC Highlights: सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली को 47 रनों से हराया, अभिषेक के बाद गेंदबाजों ने बिखेरा जलवा

IPL Live Cricket Score, SRH vs DC Indian Premier League 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2026 में आज सनराइजर्स हैदराबाद का सामना दिल्ली कैपिटल्स से राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में है। सनराइजर्स ने अपने पिछले दो मैच जीते हैं और उसकी नजरें जीत की हैट्रिक लगाने पर टिकी होंगी। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की कोशिश लय बरकरार रखने की होगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें