फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SRH vs DC Highlights: बारिश के कारण रद्द हुआ मुकाबला, दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद को मिले एक-एक अंक

Mon, 05 May 2025 11:12 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद

खास बातें

सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया। इसके बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिया गया। इसी के साथ पैट कमिंस की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई जबकि अक्षर पटेल की टीम की उम्मीदें अब भी बरकरार हैं।
विज्ञापन
हैदराबाद बनाम दिल्ली - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:11 PM, 05-May-2025

SRH vs DC Highlights: बारिश के कारण रद्द हुआ मुकाबला

सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया। इसके बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिया गया। अब दिल्ली के खाते में 13 अंक हो गए हैं और वह पांचवें स्थान पर मौजूद है। वहीं, हैदराबाद सात अंकों के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गई है। सोमवार को खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट खोकर 133 रन बनाए थे। हालांकि, बारिश के कारण हैदराबाद की पारी शुरू नहीं हो सकी। इसी के साथ पैट कमिंस की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई जबकि अक्षर पटेल की टीम की उम्मीदें अब भी बरकरार हैं।

हैदराबाद प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली तीसरी टीम है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स बाहर हो चुकी हैं। दोनों टीमें अंक तालिका में क्रमश: नौवें और 10वें पायदान पर मौजूद हैं। हैदराबाद ने अब तक 11 मुकाबले खेले। इनमें उन्हें सिर्फ तीन मैचों में जीत मिली। अब टीम का सामना केकेआर, आरसीबी और लखनऊ से होना है। वहीं, दिल्ली की पंजाब किंग्स, गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस से टक्कर होगी। अक्षर पटेल की टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए तीनों मुकाबले जीतने होंगे।

इस मुकाबले में हैदराबाद के गेंदबाजों ने दिल्ली के बल्लेबाजों पर शिकंजा कसा था। उनकी शुरुआत झटके के साथ हुई थी। सलामी बल्लेबाज करुण नायर पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। उन्हें पैट कमिंस ने अपना शिकार बनाया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद कमिंस ने अभिषेक पोरेल और फाफ डुप्लेसिस को अपना शिकार बनाया। दोनों बल्लेबाज क्रमश: आठ और तीन रन बनाकर आउट हुए। वहीं, अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल सिर्फ 10 रन बना पाए जबकि कप्तान अक्षर पटेल ने छह रन बनाए। दिल्ली के लिए ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष शर्मा ने सर्वाधिक 41-41 रनों की पारी खेली। इसके अलावा विप्रज निगम 18 रन बनाकर आउट हुए और मिचेल स्टार्क एक रन बनाकर नाबाद रहे। हैदराबाद के लिए पैट कमिंस ने तीन विकेट लिए जबकि जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल और इशान मलिंगा को एक-एक सफलता मिली।

09:53 PM, 05-May-2025

SRH vs DC Live Score: बारिश के कारण रुका मैच

हैदराबाद में बारिश के कारण मैच रुक गया है। कवर्स से मैदान ढक गया है।

09:20 PM, 05-May-2025

SRH vs DC Live Score: दिल्ली कैपिटल्स ने हैदराबाद के सामने रखा 134 रन का लक्ष्य

दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के सामने 134 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 133 रन बनाए। उनके लिए ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष शर्मा ने 41-41 रनों की पारी खेली। वहीं, हैदराबाद के लिए पैट कमिंस ने तीन विकेट लिए जबकि जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल और ईशान मलिंगा को एक-एक विकेट मिला।

विज्ञापन
09:10 PM, 05-May-2025

SRH vs DC Live Score: आशुतोष शर्मा-ट्रिस्टन स्टब्स के बीच 50+ रन की साझेदारी

आशुतोष शर्मा और ट्रिस्टन स्टब्स के बीच 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। 19 ओवर के बाद स्कोर 124/6 है।

08:36 PM, 05-May-2025

SRH vs DC Live Score: दिल्ली कैपिटल्स को छठा झटका

दिल्ली को छठा झटका विप्रज निमग के रूप में लगा। वह 18 रन बनाकर रनआउट हो गए। अब ट्रिस्टन स्टब्स का साथ देने आशुतोष शर्मा आए हैं।

विज्ञापन
08:10 PM, 05-May-2025

SRH vs DC Live Score: दिल्ली की आधी टीम पवेलियन लौटी

जयदेव उनादकट ने केएल राहुल को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को पांचवां झटका दिया। 29 रन के स्कोर पर दिल्ली की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। राहुल 14 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। 

08:02 PM, 05-May-2025

SRH vs DC Live Score: दिल्ली को 26 पर चौथा झटका

दिल्ली को 26 पर चौथा झटका लगा। हर्षल पटेल ने अक्षर पटेल को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ छह रन बना सके। अब क्रीज पर ट्रिस्टन स्टब्स आए हैं।

07:54 PM, 05-May-2025

SRH vs DC Live Score: दिल्ली को 15 पर तीसरा झटका

पैट कमिंस आज कहर बरपा रहे हैं। उन्होंने अपने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर अभिषेक पोरेल को भी पवेलियन की राह दिखाई। वह सिर्फ आठ रन बना सके। अब क्रीज पर कप्तान अक्षर पटेल आए हैं।

07:43 PM, 05-May-2025

SRH vs DC Live Score: दिल्ली को छह पर दूसरा झटका

दिल्ली को दूसरा झटका भी पैट कमिंस ने दिया। उन्होंने फाफ डुप्लेसिस को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ तीन रन बना सके। अब क्रीज पर केएल राहुल आए हैं।

07:30 PM, 05-May-2025

SRH vs DC Live Score: दिल्ली की झटके से शुरुआत

दिल्ली की झटके से शुरुआत हुई है। पैट कमिंस ने करुण नायर को पहली ही गेंद पर आउट किया। अब क्रीज पर अभिषेक पोरेल आए हैं। उनका साथ देने के लिए फाफ डुप्लेसिस मौजूद हैं।

07:07 PM, 05-May-2025

SRH vs DC Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), सचिन बेबी, हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, अभिनव मनोहर, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, जीशान अंसारी, ईशान मलिंगा, जयदेव उनादकट।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: ट्रैविस हेड, मोहम्मद शमी, हर्ष दुबे, राहुल चाहर, वियान मुल्डर।

दिल्ली कैपिटल्स: अभिषेक पोरेल, फाफ डुप्लेसिस, करुण नायर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, विप्रज निगम, मिचेल स्टार्क, दुष्मंथ चमीरा, कुलदीप यादव, टी नटराजन।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: आशुतोष शर्मा, मोहित शर्मा, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, समीर रिजवी, मुकेश कुमार।

07:01 PM, 05-May-2025

SRH vs DC Live Score: हैदराबाद ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। उन्होंने सचिन बेबी और अभिनव मनोहर को प्लेइंग 11 में शामिल किया है। दिल्ली कैपिटल्स ने टीम में बदलाव किया है। कप्तान अक्षर पटेल ने बताया कि मुकेश कुमार की जगह टी नटराजन को टीम में शामिल किया गया है।

06:38 PM, 05-May-2025

SRH vs DC Live Score: सनराइजर्स को गेंदबाजी में सुधार की जरूरत

दूसरी ओर, सनराइजर्स की टीम अपने पास मौजूदा अनुभव का फायदा नहीं उठा पाई। पैट कमिंस के नेतृत्व में ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन और जयदेव उनादकट की मौजूदगी वाली टीम संघर्ष कर रही है। उनादकट ने हाल ही में सनराइजर्स के लड़खड़ाते आईपीएल अभियान पर खुलकर बात की। उन्होंने प्रभावहीन गेंदबाजी और बदलती पिच की स्थिति को टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार ठहराया। वैसे पैट कमिंस, मोहम्मद शमी और हर्षल पटेल के रूप में उसके पास एक मजबूत तिकड़ी है। शुक्रवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 38 रन से हार के बाद टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो गई है। 

06:38 PM, 05-May-2025

SRH vs DC Live Score: अक्षर पटेल की चोट चिंता का विषय

केकेआर के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज फाफ डुप्लेसिस ने फॉर्म में वापसी करते हुए अर्धशतक जड़ा था, लेकिन धीमी पिच से सामंजस्य बैठाना उनके लिए चिंता का सबब बना हुआ है। केएल राहुल नौ मैच में 371 रन के साथ दिल्ली के शीर्ष रन स्कोरर हैं । राहुल के अलावा अभिषेक पोरेल ने भी शीर्ष क्रम में काफी आक्रामक बल्लेबाजी की है और एक अर्धशतक सहित 250 से अधिक रन बनाए हैं। टीम में ऑलराउंडर विपराज निगम भी हैं जो अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं। दिल्ली की गेंदबाजी में पेसर मिचेल स्टार्क की अगुआई में दुष्मंता और मुकेश कुमार हैं और अगर अक्षर पूरी तरह से फिट होते हैं तो दिल्ली कैपिटल्स के पास ताकतवर आक्रमण है। अक्षर पटेल चोट से जूझ रहे हैं। वह 30 अप्रैल को केकेआर के खिलाफ फील्डिंग करते समय बाएं हाथ में चोट लगने के बाद मैदान से चले गए थे। देखना यह होगा कि वह चोट से उबरकर सनराइजर्स के खिलाफ खेलते हैं या नहीं।

06:37 PM, 05-May-2025

SRH vs DC Live Score: झटकों से बचने की कोशिश करेगी दिल्ली

दिल्ली की टीम पैट कमिंस की टीम के खिलाफ भी उसके मैदान पर जीत दर्ज करना चाहेगी। टीम को अपने पिछले दो मैच में घरेलू मैदान पर केकेआर और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली ने अपने पिछले पांच में से तीन मुकाबले गंवाए हैं और टीम लीग के इस महत्वपूर्ण चरण में और झटकों से बचने की कोशिश करेगी। 

06:37 PM, 05-May-2025

SRH vs DC Live Score: जीत की राह पर लौटने उतरेगी दिल्ली कैपिटल्स

अक्षर पटेल की अगुआई वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम घरेलू मैदान पर कमजोर प्रदर्शन से उबरकर सोमवार को निचले क्रम में चल रही सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत की राह पर लौटने के इरादे से उतरेगी। दिल्ली कैपिटल्स को पिछले मैच में अपने घरेलू मैदान अरुण जेटली स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ 14 रन से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन टीम ने विरोधियों के मैदान पर बेहतर प्रदर्शन की बदौलत प्लेऑफ में जगह बनाने की उम्मीद जीवंत रखी है। 

06:30 PM, 05-May-2025

SRH vs DC Highlights: बारिश के कारण रद्द हुआ मुकाबला, दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद को मिले एक-एक अंक

IPL Live Cricket Score, SRH vs DC Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का 55वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में दिल्ली शीर्ष चार में जगह बनाने का लक्ष्य लेकर उतरी है। वहीं, हैदराबाद की नजर समीकरण बिगाड़ने पर है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें