टिम सीफर्ट और फिन एलन की शतकीय साझेदारी के दम पर न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। बुधवार को कोलकाता के इडेन गार्डेन्स में खेले गए इस विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम ने 12.5 ओवर में एक विकेट पर 173 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस तरह टीम फाइनल में पहुंच गई। अब इस टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार को भारत और इंग्लैंड के बीच वानखेड़े में खेला जाएगा। जो भी टीम यह मैच जीतेगी न्यूजीलैंड से 8 मार्च को अहमदाबाद में खिताबी जंग लड़ेगी।
कगिसो रबादा ने टिम सीफर्ट को आउट कर न्यूजीलैंड को पहला झटका दिया है। सीफर्ट 33 गेंदों पर 58 रन बनाकर आउट हुए। सीर्फट और फिन एलेन के बीच पहले विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी हुई।
न्यूजीलैंड के फिन एलेन ने 19 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। यह टी20 विश्व कप में किसी बल्लेबाज का सबसे तेज पचासा है। उन्होंने टिम सीफर्ट के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 100+ रनों की साझेदारी पूरी कर ली है।
न्यूजीलैंड का स्कोर 50 के पार पहुंच गया है। फिन एलन और टिम सीफर्ट क्रीज पर डटे हैं।
न्यूजीलैंड की पारी जारी है। टिम सीफर्ट और फिन एलन क्रीज पर मौजूद हैं। दक्षिण अफ्रीका ने 169 रन बनाए हैं।
दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 170 रन का लक्ष्य दिया है। पहला सेमीफाइनल मुकाबला कोलकाता के ईडेन गार्डेन्स में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है। कीवियों ने अफ्रीकियों को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 169 रन बनाए हैं। उनके लिए मार्को यानसेन ने 55 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं, कीवियों के लिए मैट हेनरी, कोल मैककोन्ची और रचिन रवींद्र ने दो-दो विकेट झटके। इसके अलावा लॉकी फर्ग्यूसन और जेम्स नीशम ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
दक्षिण अफ्रीका को छठा झटका लॉकी फर्ग्यूसन ने दिया। उन्होंने स्टब्स को बोल्ड किया। वह सिर्फ 29 रन बना पाए। अब यानसेन का साथ देने कॉर्बिन बॉश आए हैं।
17 ओवर का खेल पूरा हो चुका है। दक्षिण अफ्रीका ने पांच विकेट पर 128 रन बना लिए हैं। ट्रिस्टन स्टब्स और मार्को यानसेन क्रीज पर मौजूद हैं और दोनों के बीच 50 रन की साझेदारी हो चुकी है।
77 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका ने एक और विकेट गंवा दिया। डेवाल्ड ब्रेविस 34 रन बनाकर आउट हो गए। जेम्स नीशम को सफलता मिली। अब ट्रिस्टन स्टब्स और मार्को यानसेन क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका रचिन रवींद्र ने दिया। उन्होंने डेविड मिलर को मिचेल सैंटनर के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ छह रन बना पाए। अब डेवाल्ड ब्रेविस और ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर मौजूद हैं।
दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका रचिन रवींद्र ने आठवें ओवर में दिया। उन्होंने कप्तान एडेन मार्करम को मिचेल सैंटनर के हाथों कैच कराया। वह 18 रन बना सके। अब ब्रेविस का साथ देने डेविड मिलर आए हैं।
पावरप्ले समाप्त हो चुका है। दक्षिण अफ्रीका ने दो विकेट पर 48 रन बना लिए हैं। फिलहाल मार्करम 16 और ब्रेविस 15 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। डिकॉक 10 और रेयान रिकेल्टन 0 बनाकर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका को दो झटके मैककोन्ची ने 12 के स्कोर पर दिए। उन्होंने क्विंटन डिकॉक और रेयान रिकेल्टन को पवेलियन भेजा। अब क्रीज पर एडेन मार्करम और डेवाल्ड ब्रेविस मौजूद हैं। 2 ओवर के बाद स्कोर 16 रन है।
दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरू हो चुकी है। एडेन मार्करम और क्विंटन डिकॉक क्रीज पर मौजूद हैं।
दक्षिण अफ्रीका: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रेयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी।
न्यूजीलैंड: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैककॉन्ची, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन।
पहले सेमीफाइनल का रोमांच शुरू हो चुका है। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने बताया कि मैट हेनरी और नीशम की वापसी हुई है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने तीन बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कगिसो रबाडा, मार्को यानसेन और केशव महाराज की वापसी हुई है।
दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की टीम भी बेहतरीन लय में दिखाई दी है। बल्लेबाजी में टिम सीफर्ट ने छह मुकाबलों में 157 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 216 रन बनाए हैं। वहीं, रचिन रवींद्र लगातार बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दे रहे हैं। ग्लेन फिलिप्स ने भी न्यूजीलैंड की लड़खड़ाती हुई पारी को बखूबी संभाला है। गेंदबाजी में मिचेल सैंटनर, मैट हेनरी और लोकी फर्ग्यूसन ने बढ़िया प्रदर्शन किया है।
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से बल्लेबाजी में एडेन मार्करम बेहतरीन फॉर्म में नजर आए हैं। मार्करम सात मैचों में 175 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 268 रन बना चुके हैं। वहीं, रेयान रिकेल्टन भी लगातार बल्ले से अहम योगदान दे रहे हैं। रिकेल्टन सात मैचों में 171 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 228 रन बना चुके हैं। क्विंटन डिकॉक ने भी पावरप्ले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को दमदार शुरुआत दी है। गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी दक्षिण अफ्रीका की ओर से इस विश्व कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। एनगिडी छह मैचों में अब तक 12 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। वहीं, कॉर्बिन बॉश 11 विकेट निकाल चुके हैं। रबाडा ने भी वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 मैच में घातक गेंदबाजी की थी। हालांकि, वह जिम्बाब्वे के खिलाफ नहीं खेले थे।
टी20 प्रारूप में दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा न्यूजीलैंड के खिलाफ भारी रहा है। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की कुल 19 बार भिड़ंत हुई है, जिसमें से 12 मुकाबलों में जीत प्रोटियाज टीम के हाथ लगी है। वहीं, न्यूजीलैंड ने सिर्फ सात मैच जीते हैं। वहीं, टी20 विश्वकप में तो दक्षिण अफ्रीका का न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत का रिकॉर्ड शत प्रतिशत का है। दोनों के बीच इस टूर्नामेंट कुल पांच मुकाबले खेले गए हैं और पांचों में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने जीत हासिल की है। हालांकि, दोनों टीमों की मुलाकात कभी टी20 विश्वकप के नॉकआउट में नहीं हुई है।
टी20 विश्वकप के नॉकआउट में दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी। हर तरह के आईसीसी टूर्नामेंट्स की बात करें तो दोनों टीमें नॉकआउट स्टेज में तीन बार आमने-सामने आई हैं और तीनों बार दक्षिण अफ्रीका की टीम हारी है। 2011 के वनडे विश्वकप क्वार्टर फाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 49 रन से हराया था। वहीं, 2015 के वनडे विश्वकप सेमीफाइनल में कीवियों ने प्रोटियाज को चार विकेट से शिकस्त दी थी। 2025 के चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल में फिर से न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 50 रन से हराया था। ये तीनों मुकाबले 50 ओवर के थे।
कागजों पर देखें तो दक्षिण अफ्रीका की टीम का पलड़ा भारी है, लेकिन इस बात से नजरअंदाज नहीं कर सकते कि दिन रहने पर कीवी टीम किसी भी बड़ी टीम को हराने का दमखम रखती है। कोई उन्हें फेवरेट नहीं मानता, लेकिन टीम 2021 टी20 विश्वकप के फाइनल, 2022 टी20 विश्वकप के फाइनल, 2023 वनडे विश्वकप के सेमीफाइनल और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंच चुकी है। ज्यादातर खिलाड़ी वही हैं, जो पिछले टूर्नामेंट का हिस्सा था। टीम में केवल केन विलियम्सन, टिम साउदी और ट्रेंट बोल्ट का अनुभव नहीं है।
टी20 विश्वकप 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की भिड़ंत न्यूजीलैंड से चार मार्च को होगी। यह मुकाबला बुधवार शाम सात बजे से कोलकाता के ईडन गार्डेन्स में खेला जाएगा, जबकि टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम साढ़े छह बजे होगा। दक्षिण अफ्रीका की अब तक टूर्नामेंट में अजेय है। टीम अपने सभी मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची है। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम ग्रुप स्टेज में दक्षिण अफ्रीका से हार मिली थी। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-8 का उसका मुकाबला बारिश से धुल गया। फिर टीम इंग्लैंड से भी हार गई।
Live Cricket Score (SA vs NZ) South Africa vs New Zealand T20 World Cup Semi Final: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। टी20 विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला आज कोलकाता के ईडेन गार्डेन्स में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। इस मैच में जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी। वहीं, दूसरी टीम का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा।