फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SA vs NZ Highlights: चैंपियंस ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले में भारत से भिड़ेंगे कीवी, द. अफ्रीका को 50 रन से हराया

Wed, 05 Mar 2025 10:44 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लाहौर

खास बातें

आज चैंपियंस ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका का सामना न्यूजीलैंड से हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने रचिन रवींद्र और केन विलियमसन की शतकीय पारियों की बदौलत 50 ओवर में छह विकेट खोकर 362 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका निर्धारित ओवर में नौ विकेट खोकर 312 रन बना सकी। इस तरह मिचेल सैंटनर की टीम ने यह मैच 50 रन से जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
विज्ञापन
दक्षिण अफ्रीका बनाम न्यूजीलैंड - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:21 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: फाइनल में पहुंचा न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 50 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब टीम का सामना चैंपियंस ट्रॉफी के खिताबी मैच में भारत से होगा। यह मैच नौ मार्च (रविवार) को दुबई में खेला जाएगा। बुधवार को खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने रचिन रवींद्र और केन विलियमसन की शतकीय पारियों की बदौलत 50 ओवर में छह विकेट खोकर 362 रन बनाए। यह चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास का सबसे बड़ा टोटल है। जवाब में दक्षिण अफ्रीका निर्धारित ओवर में नौ विकेट खोकर 312 रन बना सकी। उनके लिए डेविड मिलर ने नाबाद शतक जड़ा। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत झटके के साथ हुई थी। उन्हें पहला झटका मैट हेनरी ने रेयान रिकेल्टन के रूप में दिया जो सिर्फ 17 रन बना सके। इसके बाद मोर्चा कप्तान टेम्बा बावुमा और रासी वान डर डुसेन ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 105 गेंदों में 105 रनों की साझेदारी हुई।

मिचेल सैंटनर ने बावुमा को केन विलियमसन के हाथों कैच कराया। वह 71 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, डुसेन चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 69 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद टीम को एक अच्छी साझेदारी की जरूरत थी, लेकिन उनका मध्यक्रम ताश के पत्तों की तरह बिखरता रहा। 

सेमीफाइनल मैच में डेविड मिलर ने 67 गेंदों में 100* रन बनाए। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा वनडे शतक है। उनके अलावा एडन मार्करम ने 31, हेनरिक क्लासेन ने तीन, वियान मुल्डर ने आठ, मार्को यानसेन ने तीन, केशव महाराज ने एक, कगिसो रबाडा ने 16 और लुंगी एनगिडी ने एक* रन बनाया। कीवियों के लिए मिचेल सैंटनर ने तीन विकेट लिए जबकि मैट हेनरी और ग्लेन फिलिप्स ने दो-दो विकेट झटकेष इसके अलावा माइकल ब्रेसवेल और रचिन रवींद्र को एक-एक सफलता मिली।

08:46 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: क्लासेन आउट हुए

दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका सैंटनर ने दिया। उन्होंने हेनरिक क्लासेन को अपना शिकार बनाया। वह तीन रन बनाकर आउट हुए। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए डेविड मिलर उतरे हैं। 29 ओवर के बाद स्कोर 167/4 है।

08:37 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: रासी वान डर डुसेन 69 रन बनाकर आउट हुए

दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका मिचेल सैंटनर ने दिया। उन्होंने रासी वान डर डुसेन को अपना शिकार बनाया। वह 66 गेंदों में 69 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हेनरिक क्लासेन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए एडन मार्करम मौजूद हैं।

विज्ञापन
08:19 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: बावुमा आउट हुए

मिचेल सैंटनर ने तेंबा बावुमा को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका दिया। बावुमा और डुसेन के बीच दूसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी हो रही थी, लेकिन सैंटनर ने इस साझेदारी का अंत किया। बावुमा और डुसेन के बीच 105 रनों की साझेदारी हुई। बावुमा 71 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए। 

08:17 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: डुसेन का पचासा

तेंबा बावुमा के बाद वान डेर डुसेन ने भी अर्धशतक जड़ दिया है। यह उनका 17वां वनडे अर्धशतक है। 

विज्ञापन
08:08 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: बावुमा ने जड़ा अर्धशतक

न्यूजीलैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 100 के पार पहुंच गया है। कप्तान तेंबा बावुमा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 64 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। बावुमा ने डुसेन के साथ मिलकर 50+ रनों की साझेदारी भी कर ली है। 20 ओवर की समाप्ति के बाद दक्षिण अफ्रीका स्कोर एक विकेट पर 107 रन है। 

08:00 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: बावुमा-डुसेन की साझेदारी

कप्तान तेंबा बावुमा और डुसेन के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है जिससे दक्षिण अफ्रीका ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 17 ओवर बाद एक विकेट पर 94 रन बना लिए हैं। पहला झटका लगने के बाद बावुमा और डुसेन ने पारी संभाले रखी है। 

07:38 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 60 के पार

न्यूजीलैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 60 रन के पार पहुंच गया है। दक्षिण अफ्रीका ने 11 ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 69 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्रीज पर कप्तान तेंबा बावुमा के साथ रासी वान डेर डुसैन मौजूद हैं। 

07:08 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: दक्षिण अफ्रीका का पहला विकेट गिरा

मैट हेनरी ने सलामी बल्लेबाज रेयान रिक्लेटन को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका दिया है। रिक्लेटन 13 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 17 रन बनाकर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका ने पांच ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 24 रन बनाए हैं। 

06:53 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरू

न्यूजीलैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरू हो गई है। न्यूजीलैंड ने चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के सामने 363 रनों का लक्ष्य रखा है। दक्षिण अफ्रीका के लिए कप्तान तेंबा बावुमा के साथ रियान रिक्लेटन पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। 

06:18 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड ने दिया विशाल लक्ष्य

केन विलियमसन और रचिन रवींद्र के शतकों की मदद से न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका के सामने जीत के लिए 363 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में छह विकेट पर 362 रन बनाए। यह चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास का सबसे बड़ा टोटल है। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टीम को पीछे छोड़ा जिन्होने इसी टूर्नामेंट में इंग्लैंड के खिलाफ सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करते हुए पांच विकेट पर 356 रन बनाए थे। अगर दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में जगह बनानी है तो उसे नया इतिहास रचते हुए पुराने सभी रिकॉर्ड्स को तोड़ना होगा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने विल यंग का विकेट जल्दी गंवा दिया जो 21 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद रचिन और विलियमसन ने शानदार साझेदारी की और दूसरे विकेट के लिए 164 रन जोड़े। रचिन ने इस दौरान अपने वनडे करियर का पांचवां शतक भी जड़ा। रचिन शतक लगाकर आउट हुए। उन्होंने 101 गेंदों पर 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 108 रन बनाए। इसके बाद विलियमसन ने भी पारी आगे बढ़ाई और वनडे करियर का 15वां शतक लगाने में सफल रहे। विलियमसन 94 गेंदों पर 10 चौके और दो छक्कों की मदद से 102 रन बनाकर आउट हुए।  

विलियमसन और रचिन के आउट होने के बाद टॉम लाथम चार रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने शानदार साझेदारी कर टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचाया। मिचेल अर्धशतक लगाने से चूक गए और 37 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 49 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, माइकल ब्रेसवेल 12 गेंदों पर 16 रन बनाए। फिलिप्स अंत तक टिके रहे और 27 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 49 रन बनाकर नाबाद लौटे। कप्तान मिचेल सैंटनर ने नाबाद दो रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए लुंगी एनगिडी ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए, जबकि कैगिसो रबाडा को दो और वियान मुल्डर को एक विकेट मिला। 

05:57 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: डेरिल मिचेल अर्धशतक से चूके

डेरिल मिचेल अर्धशतक लगाने से चूक गए हैं और 49 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। मिचेल और ग्लेन फिलिप्स के बीच अच्छी साझेदारी हो रही थी जिसे लुंगी एनगिडी ने मिचेल को आउट कर तोड़ा। न्यूजीलैंड ने पांच विकेट गंवा दिए हैं। 

05:53 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड का स्कोर 300 के पार

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड का स्कोर 300 के पार पहुंच गया है। रचिन रवींद्र और केन विलियमसन के आउट होने के बाद डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने कीवी टीम की पारी को आगे बढ़ाया और पांचवें विकेट के लिए महज 28 गेंदों पर 50+ रनों की साझेदारी पूरी कर ली है। 46 ओवर की समाप्ति के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर चार विकेट पर 314 रन हो गया है। 

05:35 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड को चौथा झटका

कैगिसो रबाडा ने टॉम लाथम को आउट कर न्यूजीलैंड को चौथा झटका दिया है। लाथम पांच गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 250 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। 

05:25 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: विलियमसन आउट हुए

न्यूजीलैंड को केन विलियमसन के रूप में तीसरा झटका लगा है जो शतक लगाकर आउट हुए। विलियमसन शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और अपना 15वां वनडे शतक लगा चुके थे। वियान मुल्डर ने हालांकि विलियमसन को एनगिडी के हाथों कैच कराकर आउट किया। विलियमसन 94 गेंदों पर 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से 102 रन बनाकर आउट हुए। 

05:22 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: विलियमसन का शतक

न्यूजीलैंड के अनुभवी बल्लेबाज केन विलियमसन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में शतक जड़ दिया है। विलियमसन से पहले रचिन रवींद्र ने भी शतक लगाया था। यह विलियमसन का वनडे में 15वां सैकड़ा है जो उन्होंने 91 गेंदों पर पूरा किया। विलियमसन की शानदार बल्लेबाजी से न्यूजीलैंड का स्कोर 250 रन के पार पहुंच गया है। 

04:59 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: रचिन रवींद्र आउट

कैगिसो रबाडा ने सलामी बल्लेबाज रचिन रवींद्र को आउट कर न्यूजीलैंड को दूसरा झटका दिया है। रचिन शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और वनडे का अपना पांचवां शतक लगा चुके थे, लेकिन रबाडा ने विकेट के पीछ क्लासेन के हाथों कैच कराकर रचिन की पारी का अंत किया। रचिन 101 गेंदों पर 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 108 रन बनाकर आउट हुए। रचिन ने केन विलियमसन के साथ दूसरे विकेट के लिए 164 रनों की साझेदारी की जिससे न्यूजीलैंड का स्कोर 200 के पार पहुंच गया है। 

04:48 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: रचिन ने जड़ा शतक

न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज रचिन रवींद्र ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ दिया है। यह रचिन का वनडे में पांचवां शतक है। उन्होंने 93 गेंदों पर सैकड़ा पूरा किया। रचिन का इस चैंपियंस ट्रॉफी में यह दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ ग्रुप चरण के मैच में भी शतक लगाया था। रचिन और विलियमसन के बीच शानदार साझेदारी हो रही है जिससे न्यूजीलैंड का स्कोर 32 ओवर के बाद एक विकेट पर 201 रन हो गया है। 

04:29 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: विलियमसन का अर्धशतक

रचिन रवींद्र के बाद केन विलियमसन ने भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में अर्धशतक लगा दिया है। विलियमसन और रचिन शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी पूरी हो चुकी है। न्यूजीलैंड का स्कोर 28 ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 169 रन है। रचिन 90 रन और विलियमसन 55 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

04:20 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: रचिन-विलियमसन की शानदार साझेदारी

रचिन रवींद्र और केन विलियमसन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी जारी रखी है जिससे न्यूजीलैंड का स्कोर 25 ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 143 रन पहुंच गया है। रचिन और विलियमसन के बीच अब तक दूसरे विकेट के लिए 90+ रनों की साझेदारी हो चुकी है। 

03:54 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: रचिन का अर्धशतक

न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज रचिन रवींद्र ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। रचिन की शानदार बल्लेबाजी से न्यूजीलैंड का स्कोर 100 के पार पहुंच गया है। रचिन के अलावा केन विलियमसन भी क्रीज पर मौजूद हैं और दोनों के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही है। 

03:52 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: रचिन अर्धशतक के करीब

न्यूजीलैंड के लिए रचिन रवींद्र और केन विलियमसन अच्छी साझेदारी निभा रहे हैं जिससे उसका स्कोर 17 ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 94 रन हो गया है। रचिन अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। 

03:27 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड का स्कोर 60 के पार

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड का स्कोर 60 रन के पार पहुंच गया है। 11 ओवर की समाप्ति के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर 63 रन हो गया है। क्रीज पर फिलहाल रचिन रवींद्र के साथ केन विलियमसन मौजूद हैं। 

03:08 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live Score: 48 पर न्यूजीलैंड को लगा पहला झटका

न्यूजीलैंड को पहला झटका लुंगी एनगिडी ने दिया। उन्होंने विल यंग को अपना शिकार बनाया। वह 23 गेंदों में 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। तीसरे नंबर पर अब बल्लेबाजी के लिए केन विलियमसन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रचिन रवींद्र क्रीज पर मौजूद हैं। आठ ओवर के बाद स्कोर 48/1 है।

02:58 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live: न्यूजीलैंड की सधी शुरुआत

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने सधी शुरुआत की है। छह ओवर की समाप्ति तक न्यूजीलैंड का स्कोर बिना किसी नुकसान के 30 रन है। रचिन रवींद्र और विल यंग ने न्यूजीलैंड को अच्छी शुरुआत दिलाई है। 

02:33 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live: न्यूजीलैंड की पारी शुरू

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड की पारी शुरू हो गई है। न्यूजीलैंड की ओर से रचिन रवींद्र के साथ विल यंग पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। न्यूजीलैंड ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। 

02:05 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

न्यूजीलैंडः विल यंग, रचिन रवींद्र, केन विलियमसन, डेरिल मिचेल, टॉम लाथम (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, काइल जैमिसन, विलियम ओ रुर्के। 

दक्षिण अफ्रीकाः रियान रिक्लेटन, तेंबा बावुमा (कप्तान), रासी वान डेर डुसेन, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), डेविड मिलर, एडेन मार्करैम, वियान मुल्डर, मार्को यानसेन, केशव महाराज, कैगिसो रबादा, लुंगी एनगिडी। 
 

02:03 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live: न्यूजीलैंड ने जीता टॉस

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। न्यूजीलैंड ने इस मैच के लिए अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है और भारत के खिलाफ ग्रुप चरण में खेलने वाली टीम ही इस मैच में भी उतरेगी। दक्षिण अफ्रीका टीम में सिर्फ एक बदलाव हुआ है और कप्तान तेंबा बावुमा की वापसी हुई है।   

01:38 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live: स्पिनरों की भूमिका रहेगी अहम

दक्षिण अफ्रीका की टीम पिछले साल टी20 विश्व कप में सेमीफाइनल की बाधा पार करने में सफल रही थी, लेकिन उसे फाइनल में भारत ने हराया था। दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच यह मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम पर खेला जाएगा। लाहौर की पिच थोड़ी धीमी है, लेकिन दुबई की तुलना में वे उतनी स्पिन नहीं करती है। दोनों टीमों के बीच कोई ज्यादा अंतर नहीं है और ज्यादातर विभागों में बराबरी की स्थिति में हैं। गेंदबाजी में विविधता के कारण दक्षिण अफ्रीका के पास हालांकि मामूली बढ़त दिख रही है। दोनों टीमों के बल्लेबाजी क्रम में पर्याप्त ताकत है और उनके पास बेहतरीन क्षेत्ररक्षक भी हैं। मैच का परिणाम में स्पिनरों की भूमिका अहम रहने अनुमान है। 

01:24 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live: ग्रुप में शीर्ष पर रहा दक्षिण अफ्रीका

यह दोनों ही टीमें लगातार अच्छा प्रदर्शन करती हैं, लेकिन बड़े मैचों में दबाव में आ जाती हैं। दक्षिण अफ्रीका ग्रुप बी में शीर्ष पर रहकर सेमीफाइनल में पहुंची थी, लेकिन न्यूजीलैंड के ग्रुप ए के अपने अंतिम मुकाबले में भारत से हार मिली थी। मिचेल सेंटनर की अगुआई में न्यूजीलैंड ग्रुप ए में भारत के बाद दूसरे स्थान पर रहा, जबकि दक्षिण अफ्रीका ग्रुप बी में ऑस्ट्रेलिया से आगे शीर्ष पर रहा।

01:01 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Live: बराबरी पर दिख रही हैं दोनों टीमें 

कागजों पर दोनों टीमें बराबरी की दिख रही है। दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड ने क्रमश: 1998 और 2000 में एक-एक बार चैंपियंस ट्रॉफी जीती है, लेकिन उस समय इस टूर्नामेंट को आईसीसी नॉकआउट ट्रॉफी कहा जाता था और इसका वह महत्व नहीं था जो अब है। दक्षिण अफ्रीका जहां बड़े टूर्नामेंट के चोकर्स (मुख्य मुकाबलों में हार का सामना करने वाली टीम) के अपने तमगे को हटाना चाहेगा, वहीं न्यूजीलैंड की टीम भी खिताब पर अपना कब्जा जमाने के लिए बेताब होगी। न्यूजीलैंड वनडे विश्व कप (2015 और 2019) में दो बार और टी20 विश्व कप (2021) में एक फाइनल में पहुंचने के बाद खिताब जीतने से चूक गया था।

12:57 PM, 05-Mar-2025

SA vs NZ Highlights: चैंपियंस ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले में भारत से भिड़ेंगे कीवी, द. अफ्रीका को 50 रन से हराया

Live Cricket Score Today, SA vs NZ Champions Trophy Semi Final 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज चैंपियंस ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका का सामना न्यूजीलैंड से है। दोनों ही टीमों का प्रदर्शन ग्रुप चरण में अच्छा रहा था, लेकिन दक्षिण अफ्रीका अब तक अजेय बनी हुई है। इन दोनों में से जो भी यह मुकाबला जीतेगा, उसका सामना फाइनल में नौ मार्च को भारत से होगा। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें