फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SA vs ENG Highlights: दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराया, डुसेन और क्लासेन ने जड़े अर्धशतक

Sat, 01 Mar 2025 08:14 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कराची

खास बातें

SA vs ENG Champions Trophy 2025: दक्षिण अफ्रीका ने ग्रुप बी के अंतिम मुकाबले में इंग्लैंड को हराकर शान से सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, इंग्लैंड इस टूर्नामेंट में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी और उसका सफर यहीं समाप्त हो गया।
विज्ञापन
क्लासेन और डुसेन - फोटो : Proteas Men
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:14 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live Score: दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को हराया

हेनरिक क्लासेन और रासी वान डेर डुसैन की अर्धशतकीय पारियों की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को चैंपियंस ट्रॉफी के ग्रुप बी मुकाबले में सात विकेट से हराया। दक्षिण अफ्रीका इस तरह इस ग्रुप में शीर्ष पर रहकर सेमीफाइनल में पहुंचा। ग्रुप बी से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम ऑस्ट्रेलिया रही। वहीं, इंग्लैंड को ग्रुप चरण में तीनों ही मैच में हार का सामना करना पड़ा और वह एक भी मैच जीत दर्ज किए बिना टूर्नामेंट से बाहर हो गया। दक्षिण अफ्रीका तीन मैचों में दो जीत और एक बेनतीजा के साथ पांच अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर आ गया है, वहीं तीन मैचों में एक जीत और दो बेनतीजा के साथ चार अंक लेकर ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर रहा। 

दक्षिण अफ्रीका ने इस मैच में शानदार बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। इंग्लैंड ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया, लेकिन मार्को यानसेन और वियान मुल्डर की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को 38.2 ओवर में 179 रन पर ऑलआउट कर दिया। जवाब में डुसेन ने 87 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 72 रन और क्लासेन ने 56 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 64 रन बनाए जिससे दक्षिण अफ्रीका ने 29.1 ओवर में तीन विकेट पर 183 रन बनाकर मैच जीत लिया। दक्षिण अफ्रीका की टीम अजेय रहकर सेमीफाइनल में पहुंची है। 

लक्ष्य का पीछा करते हुए तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने ट्रिस्टन स्टब्स और रियान रिक्लेटोन को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को 47 रन के स्कोर पर दो झटका दिया था, लेकिन क्लासेन और डुसेन ने तीसरे विकेट के लिए 127 रनों की साझेदारी की जिससे दक्षिण अफ्रीका मैच अपने नाम करने में सफल रहा। क्लासेन का विकेट आदिल राशिद ने तब लिया जब दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए छह रनों की जरूरत थी। क्लासेन के आउट होने के बाद डेविड मिलर उतरे और उन्होंने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। मिलर दो गेंदों पर सात रन बनाकर नाबाद लौटे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से रिक्लेटोन ने 27 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए आर्चर ने दो और राशिद ने एक विकेट लिया। 

08:00 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live Score: डुसेन का अर्धशतक

हेनरिक क्लासेन के बाद रासी वान डेर डुसेन ने भी अर्धशतक जड़ दिया है। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 100+ रनों की साझेदारी भी पूरी हो चुकी है। 26 ओवर की समाप्ति तक दक्षिण अफ्रीका ने दो विकेट पर 159 रन बना लिए हैं। अब उसे जीत के लिए और 144 गेंदों पर 21 रन बनाने हैं। 

07:53 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live Score: क्लासेन का पचासा

हेनरिक क्लासेन ने इंग्लैंड के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। क्लासेन और डुसेन के बीच तीसरे विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका ने इन दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारी की मदद से 23 ओवर में दो विकेट पर 137 रन बना लिए हैं। क्लासेन ने लगातार पांचवें मैच में 50+ स्कोर बनाया है और वह वनडे में दक्षिण अफ्रीका के लिए लगातार पांच 50+ स्कोर बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले जोंटी रोड्स (2000-01) और क्विंटन डिकॉक (2017 और 2019) ऐसा कर चुके हैं। 

विज्ञापन
07:37 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live Score: दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 100 के पार

शुरुआती झटका लगने के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 100 के पार पहुंच गया है। इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर ने दो विकेट लिए थे, लेकिन इसके बाद क्लासेनऔर डुसेन क्रीज पर टिक गए हैं और दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 111 रन बना लिए हैं। उसे अब जीत के लिए 30 ओवर में 69 रन बनाने की जरूरत है। 

07:07 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live Score: दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 65 के पार

इंग्लैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 65 के पार पहुंच गया है। जोफ्रा आर्चर ने दक्षिण अफ्रीका को शुरुआत में दो झटके दिए थे, लेकिन हेनरिक क्लासेन और रासी वान डेर डुसैन ने टीम को संभाला। दक्षिण अफ्रीका ने 13 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 69 रन बना लिए हैं। 

विज्ञापन
06:41 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live Score: रिक्लेटोन आउट हुए

तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने रियान रिक्लेटोन को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका दिया है। रिक्लेटोन 25 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 47 रन पर दो विकेट गंवा दिए हैं। 

06:11 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live Score: दक्षिण अफ्रीका का पहला विकेट गिरा

तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने ट्रिस्टन स्टब्स को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका दिया। स्टब्स खाता खोले बिना आउट हुए। अब क्रीज पर रासी वान डेर डुसेन उतरे हैं। 

06:05 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live Score: दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरू

लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरू हो गई है। दक्षिण अफ्रीका के लिए रियान रिक्लेटोन और ट्रिस्टन स्टब्स उतरे हैं। इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका के सामने जीत के लिए 180 रनों का लक्ष्य रखा है। 

05:28 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live Score: इंग्लैंड की पारी समाप्त, अफगानिस्तान बाहर

तेज गेंदबाज मार्को यानसेन और वियान मुल्डर की शानदार गेंदबाजी की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड की पारी 38.2 ओवर में 179 रन पर ऑलआउट कर दी। यह इस चैंपियंस ट्रॉफी का सबसे न्यूनतम टोटल स्कोर है। इंग्लैंड के इतने कम स्कोर पर ऑलआउट होने का मतलब है कि अब इस मैच का नतीजा जो हो दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंच गया है और अफगानिस्तान की उम्मीदें पूरी तरह समाप्त हो गई हैं क्योंकि अब इतना मार्जिन ही नहीं बचा जिससे अफगानिस्तान की टीम बेहतर नेट रन रेट के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर सके। 

इससे पहले, इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था, लेकिन उसकी शुरुआत ही खराब रही और यानसेन ने उसे तीन झटके दिए। इंग्लैंड के लिए बड़ी साझेदारियां नहीं हो सकी जिसका उसे सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। यानसेन और मुल्डर के अलावा केशव महाराज को दो विकेट मिले, जबकि लुंगी एनगिडी और कैगिसो रबादा को एक-एक विकेट मिला। 

इंग्लैंड के लिए अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने सबसे ज्यादा 44 गेंदों पर 37 रन बनाए, जबकि जोफ्रा आर्चर ने 25, बेन डकेट ने 24, कप्तान जोफ्रा आर्चर ने 21, हैरी ब्रूक ने 19, जैमी ओवरटन ने 11, लियाम लिविंगस्टोन ने 9, फिल सॉल्ट ने 8 और आदिल राशिद ने 2 रन बनाए। वहीं, साकिब महमूद पांच रन बनाकर नाबाद रहे। 

05:15 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live Score: बटलर पवेलियन लौटे

इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर पवेलियन लौट गए हैं। उन्हें लुंगी एनगिडी ने केशव महाराज के हाथों कैच कराकर आउट किया। बटलर 43 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड ने नौ विकेट पर 173 रन बना लिए हैं। एनगिडी का वनडे में यह 100वां विकेट है।  

05:11 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live Score: आर्चर आउट हुए

वियान मुल्डर ने जोफ्रा आर्चर को आउट कर इंग्लैंड को आठवां झटका दिया। आर्चर और जोस बटलर के बीच आठवें विकेट के लिए 57 गेंदों पर 42 रनों की साझेदारी हुई। आर्चर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन यानसेन को कैच थमाकर पवेलियन लौट गए। आर्चर 31 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 25 रन बनाकर आउट हुए। 

04:59 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live Score: इंग्लैंड का स्कोर 150 के पार

गिरते विकटों के बीच इंग्लैंड का स्कोर 150 के पार पहुंच गया है। फिलहाल क्रीज पर जोफ्रा आर्चर के साथ कप्तान जोस बटलर मौजूद हैं। बटलर और आर्चर के बीच अब तक आठवें विकेट के लिए 30 रनों की साझेदारी हो चुकी है। इंग्लैंड ने 32 ओवर की समाप्ति तक सात विकेट पर 159 रन बना लिए हैं। 

04:32 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live Score: इंग्लैंड को लगा सातवां झटका

कैगिसो रबाडा की गेंद पर लुंगी एनगिडी ने शानदार कैच पकड़कर जैमी ओवरटन को आउट किया। ओवरटन 20 गेंदों पर एक चौके की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई है और उसने 26 ओवर की समाप्ति के बाद सात विकेट पर 129 रन बनाए हैं। 

04:14 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live Score: इंग्लैंड का छठा विकेट गिरा

केशव महाराज ने लियाम लिविंगस्टोन को क्लासेन के हाथों स्टंप कराकर आउट किया। लिविंगस्टोन ने क्रीज से आगे बढ़कर शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन वह चूक गए और क्लासेन ने उन्हें स्टंप करने में कोई भूल नहीं की। लिविंगस्टोन 15 गेंदों पर एक चौके की मदद से नौ रन बनाकर आउट हुए। 

04:00 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live Score: इंग्लैंड की आधी टीम पवेलियन लौटी

वियान मुल्डर ने जो रूट को आउट कर इंग्लैंड को पांचवां झटका दिया। इस तरह 103 रन के स्कोर पर इंग्लैंड की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। रूट अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और टीम की पारी को संभाले हुए थे, लेकिन मुल्डर ने रूट को बोल्ड किया। रूट 44 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। 

03:55 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live Score: ब्रूक-रूट की साझेदारी टूटी

केशव महाराज ने हैरी ब्रूक को आउट कर जो रूट के साथ हो रही साझेदारी को तोड़ा। ब्रूक 29 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने रूट के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की। मार्को यानसेन ने इंग्लैंड को तीन झटके दिए थे, लेकिन रूट और ब्रूक ने इंग्लैंड की पारी को संभाल लिया था। 17 ओवर की समाप्ति के बाद इंग्लैंड ने चार विकेट पर 100 रन बना लिए हैं। 

03:21 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live Score: 10 ओवर के बाद स्कोर 62/3

37 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा चुकी इंग्लैंड को अब एक अच्छी साझेदारी की जरूरत है। फिलहाल क्रीज पर जो रूट और हैरी ब्रूक मौजूद हैं। 10 ओवर के बाद स्कोर 62/3 है।

03:06 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live: इंग्लैंड को तीसरा झटका

तेज गेंदबाज मार्को यानसेन ने इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया है। यानसेन ने अपनी ही गेंद पर सलामी बल्लेबाज बेन डकेट को आउट किया जो 21 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड को अब तक तीनों झटके यानसेन ने ही दिए हैं। उन्होंने डकेट से पहले फिल सॉल्ट और जैमी स्मिथ को भी अपना शिकार बनाया था। 

02:46 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live: यानसेन ने दिया झटका

मार्को यानसेन ने इंग्लैंड को दूसरा झटका दिया है। यानसेन ने पहले ओवर में फिल सॉल्ट को आउट किया था और अब अगले ओवर में जैमी स्मिथ को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। सॉल्ट की तरह स्मिथ भी आसान सा कैच देकर आउट हुए। इंग्लैंड ने इस तरह 20 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए हैं। 

02:37 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live: फिल सॉल्ट आउट

तेज गेंदबाज मार्को यानसेन ने फिल सॉल्ट को आउट कर इंग्लैंड को पहला झटका दिया है। दक्षिण अफ्रीका के लिए गेंदबाजी की शुरुआत यानसेन करने आए थे और उन्होंने पहले ही ओवर की आखिरी गेंद पर सॉल्ट को आउट किया। सॉल्ट बड़ा शॉट खेलना चाह रहे थे, लेकिन गेंद बल्ले पर ठीक से लगी नहीं और 30 यार्ड सर्किल पर खड़े डुसेन ने कैच लपक कर सॉल्ट की पारी का अंत किया। सॉल्ट छह गेंदों पर दो चौकों की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए। 

02:32 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live: इंग्लैंड की पारी शुरू

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के मैच में इंग्लैंड की पारी शुरू हो गई है। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। इंग्लैंड के लिए पारी का आगाज करने फिल सॉल्ट और बेन डकेट आए हैं। 

02:06 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

दक्षिण अफ्रीकाः ट्रिस्टन स्टब्स, रियान रिक्लेटोन, रासी वान डेर डुसेन, एडेन मार्करैम (कप्तान), हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), डेविड मिलर, वियान मुल्डर, मार्को यानसेन, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा, लुंगी नगिडी।
इंग्लैंडः फिल सॉल्ट, बेन डकेट, जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), जो रूट, हैरी ब्रूक, जोस बटलर (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जैमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, साकिब महमूद। 

02:04 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live: इंग्लैंड ने जीता टॉस

इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। बटलर आखिरी बार कप्तान के तौर पर मैदान पर उतरे हैं। उन्होंने इस मैच से पहले कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था। दक्षिण अफ्रीका के नियमित कप्तान तेंबा बावुमा की जगह एडेन मार्करैम इस मैच में कप्तानी कर रहे हैं। बावुमा चोटिल होने के कारण इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। 

01:52 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live: इंग्लैंड के खिलाड़ियों में आत्मविश्वास की कमी

रूट को छोड़कर इंग्लैंड का कोई भी खिलाड़ी आत्मविश्वास से भरा हुआ नहीं दिखता है। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारत के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज में उसे सभी मैच में हार का सामना करना पड़ा था। उसकी टीम को हार के इस क्रम को तोड़ने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। अफगानिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में रूट ने 120 रन की शानदार पारी खेली थी लेकिन उसके अन्य बल्लेबाज फिर से अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में नाकाम रहे। इंग्लैंड को अपने पहले मैच में गेंदबाजों की नाकामी के कारण ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार सामना करना पड़ा था।

01:47 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Live: दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा भारी

अफगानिस्तान ने एक रोमांचक मुकाबले में आठ रन से जीत दर्ज करके न सिर्फ इंग्लैंड को सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर किया, बल्कि अंतिम चार में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को भी जीवंत रखा। दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। इंग्लैंड की टीम को अपने दोनों मैच में हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड के खिलाफ मैच में दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है क्योंकि उसकी टीम ने अभी तक तीनों विभाग में अच्छा प्रदर्शन किया है और उसके अधिकतर खिलाड़ी अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं। दूसरी तरफ इंग्लैंड की टीम बल्लेबाजी में जो रूट पर जरूरत से ज्यादा निर्भर है।

01:44 PM, 01-Mar-2025

SA vs ENG Highlights: दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराया, डुसेन और क्लासेन ने जड़े अर्धशतक

Live Cricket Score Today, SA vs ENG Champions Trophy 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज ग्रुप बी के आखिरी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका का सामना इंग्लैंड से हो रहा है। दक्षिण अफ्रीका की टीम सेमीफाइनल में पहुंचने के बेहद करीब है। वहीं, अब तक एक भी मैच नहीं जीत सकी इंग्लैंड की नजरें जीत का खाता खोलकर टूर्नामेंट से विदा लेने पर टिकी होंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें