फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SA vs AUS Highlights: दूसरे दिन का खेल समाप्त, ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 144/8; अब तक 218 रनों की बढ़त

Thu, 12 Jun 2025 10:42 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

खास बातें

South Africa vs Australia (SA vs AUS) WTC Final 2025: विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल मुकाबले के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया ने स्टंप्स तक दूसरी पारी में 144 रन पर आठ विकेट गंवा दिए हैं, लेकिन उसकी कुल बढ़त 218 रन की हो गई है। 
विज्ञापन
दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया लाइव स्कोर - फोटो : ICC Twitter
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:41 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: दूसरे दिन का खेल समाप्त

दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच डब्ल्यूटीसी फाइनल के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है। ऑस्ट्रेलिया ने स्टंप्स तक दूसरी पारी में आठ विकेट पर 144 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 218 रन हो गई है। दिन का खेल समाप्त होने तक मिचेल स्टार्क 16 और नाथन लियोन एक रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। दक्षिण अफ्रीका के लिए कगिसो रबाडा और लुंगी एनगिडी ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि मार्को यानसेन और वियान मुल्डर को अब तक एक-एक सफलता मिली है। 

ऑस्ट्रेलिया ने आज दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 138 रन पर ऑलआउट की और 74 रनों की बढ़त हासिल की। हालांकि, कगिसो रबाडा और लुंगी एनगिडी की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने वापसी की कोशिश की और दूसरी पारी में भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को रोके रखा। ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी दूसरी पारी में खराब रही और उसने 73 रन पर ही सात विकेट गंवा दिए। इसके बाद एलेक्स कैरी ने मिचेल स्टार्क के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी की जिससे ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 200 रन के पार पहुंची। दिन का खेल समाप्त होने से पहले ही रबाडा ने कैरी को आउट किया जो 43 रन बनाकर आउट हुए और अर्धशतक लगाने से चूक गए। 

ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरी पारी में मार्नस लाबुशेन ने 22, स्टीव स्मिथ ने 13, उस्मान ख्वाजा ने 6, ट्रेविस हेड ने 9, ब्यू वेबस्टर ने 9 और कप्तान पैट कमिंस ने 6 रन बनाए। मैच के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की कोशिश बढ़त को बड़ी करने पर होगी, जबकि दक्षिण अफ्रीका की नजरें जल्द से जल्द ऑस्ट्रेलियाई पारी को ऑलआउट करने पर लगी होंगी। 

10:30 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: स्टार्क-कैरी की साझेदारी टूटी

कगिसो रबाडा ने एलेक्स कैरी को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को आठवां झटका दिया। कैरी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन रबाडा की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। कैरी 50 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने मिचेल स्टार्क के साथ आठवें विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी की। इन दोनों की साझेदारी की मदद से ही ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 200 रन के पार पहुंच गई है। 

10:09 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 के पार

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। फिलहाल क्रीज पर मिचेल स्टार्क और एलेक्स कैरी मौजूद हैं। ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 180 रन के पार पहुंच गई है। 

विज्ञापन
09:21 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया को सातवां झटका

लुंगी एनगिडी ने पैट कमिंस को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को सातवां झटका दिया है। कमिंस पांच गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हो गए हैं। एनगिडी को अब तक तीन विकेट मिल चुके हैं। 

09:12 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिरा

वियान मुल्डर ने ट्रेविस हेड को बोल्ड कर ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका दिया। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 66 रन के स्कोर पर छह विकेट गंवा दिए हैं। हेड 18 गेंदों पर एक चौके की मदद से नौ रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक 140 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। 

विज्ञापन
09:08 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौटी

दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। लुंगी एनगिडी ने ब्यू बेवस्टर को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका दिया। वेबस्टर 11 गेंदों पर एक चौके की मदद से नौ रन बनाकर आउट हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक 139 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। 

08:47 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: स्मिथ पवेलियन लौटे

लुंगी एनगिडी ने स्टीव स्मिथ को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका दिया है। स्मिथ 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। 

08:37 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका

मार्को यानसेन ने मार्नस लाबुशेन को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका दिया। लाबुशेन 64 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया ने 44 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए हैं। कंगारू टीम की कुल बढ़त 118 रन हो गई है। 

08:30 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: स्मिथ-लाबुशेन की साझेदारी

दो झटके लगने के बाद स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन ने ऑस्ट्रेलिया की पारी को संभाले रखा है। ऑस्ट्रेलिया ने चाय ब्रेक से पहले दूसरी पारी में दो विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इन दोनों बल्लेबाजों के बीच पनप रही साझेदारी से टीम मुश्किल स्थिति से उबर रही है। ऑस्ट्रेलिया की बढ़त हालांकि 116 रन की हो गई है। 

07:51 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: टी तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 32/2

ऑस्ट्रेलिया ने डब्ल्यूटीसी फाइनल के दूसरे दिन चायकाल तक दूसरी पारी में दो विकेट पर 32 रन बनाए हैं। दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी दूसरे सत्र में 138 रन पर सिमट गई थी। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन कगिसो रबाडा ने एक ही ओवर में दो विकेट झटक कर कंगारू टीम पर दबाव बनाया। ऑस्ट्रेलिया ने चायकाल से पहले उस्मान ख्वाजा और कैमरन ग्रीन के विकेट गंवा दिए हैं। ऑस्ट्रेलिया की बढ़त फिलहाल 106 रन की हो गई है। 

07:41 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: ग्रीन खाता खोले बिना आउट

कगिसो रबाडा ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका दिया है। रबाडा ने पहले उस्मान ख्वाजा को आउट किया और फिर कैमरन ग्रीन को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 28 रन पर दो विकेट गंवा दिए हैं। 

07:38 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया को लगा पहला झटका

कगिसो रबाडा ने उस्मान ख्वाजा को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका दिया है। ख्वाजा 23 गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 100 रन के पार पहुंच गई है। 

07:19 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया की अच्छी शुरुआत

दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी में जल्द समेटने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत की है। ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 100 रन के करीब पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलिया के लिए मार्नस लाबुशेन और उस्मान ख्वाजा क्रीज पर मौजूद हैं।  

06:38 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी समाप्त

ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान पैट कमिंस के शानदार प्रदर्शन की मदद से दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 138 रन पर ऑलआउट कर दी। कंगारू टीम को इस तरह 74 रनों की बढ़त हासिल हुई है। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 212 रन बनाए थे, लेकिन कमिंस की अगुआई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की मदद से वह बढ़त लेने में सफल रही। ऑस्ट्रेलिया के लिए कमिंस ने छह विकेट लिए , जबकि मिचेल स्टार्क को दो और जोश हेजलवुड को एक सफलता मिली। दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी इस कदर खराब रही कि टीम के सिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई अंक तक पहुंच सके। 

दक्षिण अफ्रीका की ओर से डेविड बेडिंघम ने सर्वाधिक 45 रन बनाए, जबकि कप्तान तेंबा बावुमा 36 रन बनाकर आउट हुए। रियान रिक्लेटन ने 16 और काइल वेरेने ने 13 रनों का योगदान दिया। कमिंस ने इसके साथ ही पारी में पांच विकेट पूरे किए। डब्ल्यूटीसी के मौजूदा चक्र में सबसे ज्यादा बार फाइव विकेट हॉल भी कमिंस के नाम हो गए हैं। उन्होंने छठी बार डब्ल्यूटीसी 2023-25 चक्र में ऐसा किया। इतना ही नहीं, कमिंस मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं। उनके नाम अब तक 2023-25 चक्र में 79 विकेट हो चुके हैं। उन्होंने दोनों ही मामलों में भारत के जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ दिया है।

दक्षिण अफ्रीका के लिए एकमात्र बड़ी साझेदारी बावुमा और बेडिंघम के बीच हुई। इन दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे दिन चार विकेट पर 43 रन से पारी आगे बढ़ाई। बावुमा और बेडिंघम के बीच पांचवें विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही दक्षिण अफ्रीका की पारी बिखर गई। दक्षिण अफ्रीका के लिए वियान मुल्डर ने छह, ट्रिस्टन स्टब्स ने दो, केशव महाराज ने सात और कगिसो रबाडा ने एक रन बनाए, जबकि एडेन मार्करम और मार्को यानसेन खाता भी नहीं खोल सके। 

06:34 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: केशव महाराज आउट

दक्षिण अफ्रीका को केशव महाराज के रूप में नौवां झटका लगा है जो सात रन बनाकर आउट हुए। महाराज रन आउट होकर पवेलियन लौटे। दक्षिण अफ्रीका ने 138 रन पर नौवां विकेट गंवाया है और वह अभी ऑस्ट्रेलिया से 74 रन पीछे चल रही है। फिलहाल कगिसो रबाडा और लुंगी एनगिडी क्रीज पर मौजूद हैं। 

06:23 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: कमिंस को पांचवीं सफलता

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए दक्षिण अफ्रीका को आठवां झटका दिया। कमिंस ने डेविड बेडिंघम को आउट किया जो अर्धशतक से चूक गए। बेडिंघम एक छोर से पारी संभाले हुए थे, लेकिन 111 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 45 रन बनाकर आउट हो गए। कमिंस ने इसके साथ ही पारी में पांच विकेट पूरे कर लिए हैं। डब्ल्यूटीसी के मौजूदा चक्र में सबसे ज्यादा बार फाइव विकेट हॉल भी कमिंस के नाम हो गए हैं। उन्होंने छठी बार डब्ल्यूटीसी 2023-25 चक्र में ऐसा किया। इतना ही नहीं, कमिंस मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं। उनके नाम अब तक 2023-25 चक्र में 78 विकेट हो चुके हैं। उन्होंने दोनों ही मामलों में भारत के जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ दिया है। 

06:07 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: यानसेन खाता खोले बिना आउट

पैट कमिंस ने लंच ब्रेक के बाद दक्षिण अफ्रीका को एक ही ओवर में दो झटके दिए हैं। कमिंस ने पहले वेरेने को आउट किया और फिर मार्को यानसेन को अपनी ही गेंद पर कैच कराया। यानसेन खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। दक्षिण अफ्रीका ने 126 रन पर सात विकेट गंवा दिए हैं और टीम अभी ऑस्ट्रेलिया से 86 रन पीछे चल रही है। 

06:04 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: दक्षिण अफ्रीका को छठा झटका

दक्षिण अफ्रीका को काइल वेरेने के रूप में छठा झटका लगा है। वेरेने 39 गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर डेविड बेडिंघम टिके हुए हैं। 

05:04 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: लंच तक दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 121/5

दक्षिण अफ्रीका ने डब्ल्यूटीसी फाइनल मैच के दूसरे दिन लंच ब्रेक तक पहली पारी में पांच विकेट पर 121 रन बनाए हैं। दक्षिण अफ्रीका के लिए डेविड बेडिंघम 39 रन और काइल वेरेने 11 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। वेरेने और बेडिंघम के बीच अब तक 27 रनों की साझेदारी हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका की टीम फिलहाल ऑस्ट्रेलिया से 91 रन पीछे चल रही है। दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे दिन 43 रन पर चार विकेट से आगे खेलना शुरू किया। तेंबा बावुमा और बेडिंघम ने अच्छी साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी हुई। बावुमा को कमिंस ने अपना शिकार बनाया जो 84 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुए।  

04:47 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: दक्षिण अफ्रीका के 100 रन पूरे

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डब्ल्यूटीसी फाइनल में दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 100 रन पूरे कर लिए हैं। दक्षिण अफ्रीका ने पांच विकेट पर 100 रन बनाए हैं, लेकिन वह अभी कंगारू टीम से 112 रन पीछे चल रही है। फिलहाल क्रीज पर बेडिंघम और वेरेने मौजूद हैं। 

04:24 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: बावुमा पवेलियन लौटे

पैट कमिंस ने तेंबा बावुमा को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका दिया। बावुमा और बेडिंघम के बीच अच्छी साझेदारी चल रही थी और दोनों बल्लेबाजों ने 64 रन जोड़े। बावुमा 84 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका ने फिलहाल पांच विकेट पर 94 रन बनाए हैं और वह ऑस्ट्रेलिया से 118 रन पीछे चल रही है। 

03:58 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: बावुमा-बेडिंघम के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

तेंबा बावुमा और बेडिंघम के बीच पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका की टीम अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 131 रन पीछे है। 

03:15 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Live: दूसरे दिन का खेल शुरू

ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच डब्ल्यूटीसी फाइनल के दूसरे दिन का खेल शुरू हो गया है। दक्षिण अफ्रीका की ओर से कप्तान तेंबा बावुमा और डेविड बेडिंघम ने पारी की शुरुआत की है। पहले दिन ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 212 रन पर ऑलआउट हो गई थी, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने भी स्टंप्स तक 43 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे।

01:16 PM, 12-Jun-2025

SA vs AUS Highlights: दूसरे दिन का खेल समाप्त, ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 144/8; अब तक 218 रनों की बढ़त

Live Cricket Score, South Africa vs Australia (SA vs AUS) WTC Final 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल मुकाबले का आज दूसरा दिन है। पहले दिन ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 212 रन पर ऑलआउट हो गई थी, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने भी स्टंप्स तक 43 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। अब आज दोनों ही टीमें बढ़त हासिल करने के इरादे से उतरेंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें