फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

AUS vs SA Highlights: पांच बार का विजेता ऑस्ट्रेलिया आठवीं बार विश्व कप फाइनल में, रविवार को भारत से मुकाबला

Thu, 16 Nov 2023 10:18 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

खास बातें

South Africa vs Australia Semi-Final World Cup 2023 Highlights: वनडे विश्व कप 2023 के दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को तीन विकेट से हरा दिया है। कोलकाता के ईडन गार्डेन्स स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 212 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अब रविवार को ऑस्ट्रेलिया का सामना भारत से होगा।
विज्ञापन
दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:11 PM, 16-Nov-2023

ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को हराया

ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को तीन विकेट से हरा दिया और रिकॉर्ड आठवीं बार वनडे विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई। पांच बार की विश्व विजेता कंगारू टीम का सामना रविवार को अहमदाबाद के मैदान में मेजबान और दो बार के विश्व चैंपियन भारत से होगा। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 212 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 47.2 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अफ्रीकी टीम पांचवीं बार विश्व कप के सेमीफाइनल में हारकर बाहर हुई है। 

दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा 101 रन डेविड मिलर ने बनाए। क्लासेन ने 47 रन की पारी खेली। कोइत्जे ने 19 रन बनाए। मार्करम और रबाडा ने 10-10 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस ने तीन-तीन विकेट लिए। जोश हेजलवुड और ट्रेविस हेड ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 62 रन ट्रेविस हेड ने बनाए। स्टीव स्मिथ ने 30 और डेविड वॉर्नर ने 29 रन का योगदान दिया। जोश इंग्लिस ने 28 रन बनाए। लाबुशेन ने 18 रन का योगदान दिया। अंत में मिचेल स्टार्क ने नाबाद 16 और पैट कमिंस ने नाबाद 14 रन की पारी खेल अपनी टीम को जीत दिलाई। दक्षिण अफ्रीका के लिए गेराल्ड कोइत्जे और तबरेज शम्सी ने दो-दो विकेट लिए। कगिसो रबाडा, एडेन मार्करम और केशव महाराज ने एक-एक विकेट लिया।

पहली पारी में क्या हुआ?
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान बावुमा खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। इसके बाद क्विंटन डिकॉक तीन रन और डुसेन छह रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों ने कोलकाता में छाए बादलों का फायदा उठाया और मार्करम को 10 के स्कोर पर आउट कर दिया। 24 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद दक्षिण अफ्रीका का टीम संघर्ष कर रही थी। इसके बाद क्लासेन और मिलर ने पारी संभाली। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी कर मैच में अपनी टीम की वापसी कराई। 

क्लासेन 47 रन बनाकर हेड का शिकार बने और अगली ही गेंद में यानसेन भी खाता खोले बिना आउट हो गए। इसके बाज कोइत्जे ने मिलर का साथ मिभाया और दोनों ने सातवें विकेट के लिए 63 रन जोड़े। कोइत्जे को 19 रन के निजी स्कोर पर पैट कमिंस ने आउट किया, लेकिन तब तक दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 172 रन हो चुका था। महाराज चार रन और रबाडा 10 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इन दोनों ने मिलर को समय दे दिया और वह 101 रन बनाकर आउट हुए। शम्सी एक रन बनाकर नाबाद रहे और दक्षिण अफ्रीका की टीम 49.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 212 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस ने तीन-तीन विकेट लिए। जोश हेजलवुड और ट्रेविस हेड ने दो-दो विकेट लिए।

दूसरी पारी में क्या हुआ?
213 रन का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने शानदार शुरुआत की। डेविड वॉर्नर और ट्रेविस हेड ने पहले विकेट के लिए छह ओवर में 60 रन जोड़ दिए। इसके बाद वॉर्नर 29 के स्कोर पर मार्करम का शिकार बने। रबाडा ने मार्श को खाता भी नहीं खोलने दिया, लेकिन स्मिथ ने हेड के साथ मिलकर पारी संभाली। दोनों ने 45 रन जोड़े। महाराज ने हेड को आउट कर अफ्रीका की वापसी कराई। हेड ने 48 गेंद में 62 रन जड़ दिए। इसके बाद अफ्रीकी स्पिन गेंदबाजों ने शिकंजा कसा और रन बनाना बेहद मुश्किल हो गया। 

लाबुशेन को 18 के स्कोर पर शम्सी ने विकेटों के सामने फंसाया फिर मैक्सवेल को एक रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। इंग्लिस और स्मिथ ने 37 रन की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। कोइत्जे ने स्मिथ को 30 रन के स्कोर पर आउट किया। इंग्लिस 28 रन बनाकर आउट हुए और अफ्रीका की टीम मैच में बनी रही। हालांकि, मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस ने आठवें विकेट के लिए नाबाद 22 की साझेदारी कर अपनी टीम को जीत दिला दी। स्टार्क 16 और कमिंस 14 रन बनाकर नाबाद रहे। अफ्रीका के लिए गेराल्ड कोइत्जे और तबरेज शम्सी ने दो-दो विकेट लिए। कगिसो रबाडा, एडेन मार्करम और केशव महाराज ने एक-एक विकेट लिया।

09:59 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 200 रन के पार

सात विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। कमिंस और स्टार्क क्रीज पर हैं। दोनों धीरे-धीरे करके अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं। अब ऑस्ट्रेलियाई टीम जीत से महज 10 रन दूर है।

09:37 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: ऑस्ट्रेलिया का सातवां विकेट गिरा

193 रन पर ऑस्ट्रेलिया का सातवां विकेट गिरा है। जोश इंग्लिस 49 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। गोराल्ड कोइत्जे ने उन्हें बोल्ड किया। अभी भी अफ्रीका के पास मैच जीतने का मौका है। अब स्टार्क और कमिंस क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
09:08 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिरा

170 रन पर ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिरा है। स्टीव स्मिथ 62 गेंद में 30 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। गेराल्ड कोइत्जी ने उन्हें क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया। अब दक्षिण अफ्रीका के पास मैच जीतने का मौका है।

09:05 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 170 रन के पार

पांच विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 170 रन के पार जा चुका है। स्टीव स्मिथ और जोश इंग्लिस ने पारी संभाली है। ये दोनों अपनी टीम को जीत दिलाने की कोशिश करेंगे।

विज्ञापन
08:31 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: ऑस्ट्रेलिया का पांचवां विकेट गिरा

137 रन पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। तबरेज शम्सी ने ग्लेन मैक्सवेल को क्लीन बोल्ड किया। मैक्सवेल ने पांच गेंद में एक रन बनाया। अब स्टीव स्मिथ के साथ जोस इंग्लिस क्रीज पर हैं। 25 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 141/5 है।

08:22 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: ऑस्ट्रेलिया का चौथा विकेट गिरा

133 रन पर ऑस्ट्रेलिया का चौथा विकेट गिरा है। तबरेज शम्सी ने मार्नस लाबुशेन को आउट किया। लाबुशेन ने 31गेंद में 18 रन बनाए। शम्सी ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब ऑस्ट्रेलियाई टीम मुश्किल में फंस सकती है।

07:48 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिरा

107 रन पर ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिरा है। ट्रेविस हेड 48 गेंद में 62 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। केशव महाराज ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं। 15 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 109/3 है।

07:38 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: ट्रेविस हेड का अर्धशतक

ट्रेविस हेड ने 40 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के चलते ऑस्ट्रेलियाई टीम तेजी से लक्ष्य की तरफ बढ़ रही है। दो विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है।

07:22 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट गिरा

61 रन पर ऑस्ट्रेलियाई टीम का दूसरा विकेट गिरा है। मिचेल मार्श खाता खोले बिना आउट हो गए। कगिसो रबाडा की गेंद पर डुसेन ने शानदार कैच पकड़ा। अब ट्रेविस हेड के साथ स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं। नौ ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 68/2 है।

07:19 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट गिरा

60 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट गिरा है। डेविड वॉर्नर 18 गेंद में 29 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। एडेन मार्करम ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया।

06:48 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी शुरू

213 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। ट्रेविस हेड और डेविड वॉर्नर की जोड़ी क्रीज पर है। पांच ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 39/0 है।

06:18 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका की टीम 212 रन पर सिमटी

दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 121 रन बनाए हैं। सबसे ज्यादा 101 रन डेविड मिलर ने बनाए। क्लासेन ने 47 रन की पारी खेली। कोइत्जे ने 19 रन बनाए। मार्करम और रबाडा ने 10-10 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस ने तीन-तीन विकेट लिए। जोश हेजलवुड और ट्रेविस हेड ने दो-दो विकेट लिए। अब फाइनल में पहुंचने के लिए ऑस्ट्रेलिया को 213 रन की जरूरत है।

06:08 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका का नौवां विकेट गिरा

203 रन पर दक्षिण अफ्रीका का नौवां विकेट गिरा है। डेविड मिलर 116 गेंदों में 101 रन बनाकर आउट हुए। पैट कमिंस ने उन्हें ट्रेविस हेड के हाथों कैच कराया। अब कगिसो रबाडा और तबरेज शम्सी क्रीज पर हैं। ये दोनों अपनी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे।

06:07 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका का आठवां विकेट गिरा

191 रन पर दक्षिण अफ्रीका का आठवां विकेट गिरा है। केशव महाराज आठ गेंद में चार रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मिचेल स्टार्क ने उन्हें स्टीव स्मिथ के हाथों कैच कराया।

06:00 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका का सातवां विकेट गिरा

गेराल्ड कोइत्जे 39 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। पैट कमिंस ने उन्हें जोश इंग्लिस के हाथों कैच कराया।

05:28 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 150 रन के पार

छह विकेट के नुकसान पर दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। गेराल्ड कोइत्जे और डेविड मिलर के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है। अब दक्षिण अफ्रीका के पास 200 रन से ज्यादा का स्कोर बनाने का मौका है। हालांकि, इसके लिए मिलर को बड़ी पारी खेलनी होगी।

05:01 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: डेविड मिलर का अर्धशतक

डेविड मिलर ने 70 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उनकी जुझारू पारी के चलते दक्षिण अफ्रीका का स्कोर छह विकेट पर 120 रन के पार जा चुका है। अब उनकी कोशिश पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर बड़ा स्कोर बनाने की होगी।

04:58 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका के छह विकेट गिरे

119 रन पर दक्षिण अफ्रीका ने छह विकेट गंवा दिए हैं। मार्को यानसेन खाता खोले बिना आउट हो गए। ट्रेविस हेड ने पहली ही गेंद पर उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब डेविड मिलर के साथ गेराल्ड कोइत्जी क्रीज पर हैं।

04:55 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका की आधी टीम पवेलियन लौटी

119 रन पर दक्षिण अफ्रीका की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। ट्रेविस हेड ने हेनरिच क्लासेन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। क्लासेन ने 48 गेंद में 47 रन बनाए। हेड ने उन्हें बोल्ड किया।

04:49 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 100 रन के पार

डेविड मिलर और क्लासेन ने दक्षिण अफ्रीका की पारी संभाल ली है। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है और दक्षिण अफ्रीका का स्कोर चार विकेट पर 100 रन के पार जा चुका है। ये दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं और अफ्रीका की टीम सम्मानजनक स्कोर की तरफ बढ़ रही है। अगर ये दोनों बड़ी साझेदारी करते हैं तो अफ्रीका के पास बड़ा स्कोर बनाने का भी मौका है।

04:12 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 60 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 60 रन के पार जा चुका है। डेविड मिलर और क्लासेन के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है। यह जोड़ी बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को अच्छे स्कोर तक ले जाना चाहेगी।

03:54 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: कोलकाता में बारिश रुकी, खेल शुरू

कोलकाता में बारिश रुक गई है और खेल शुरू हो चुका है। मिलर और क्लासेन की जोड़ी क्रीज पर है। दोनों बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को बड़े स्कोर तक ले जाना चाहेंगे।

03:14 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: बारिश की वजह से खेल रुका

कोलकाता में बारिश की वजह से खेल रुक गया है। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 14 ओवर में चार विकेट खोकर 44 रन बना लिए हैं। हेनरिच क्लासेन और डेविड मिलर क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क ने दो-दो विकेट लिए हैं। अगर बारिश की वजह से आज मैच पूरा नहीं हो पाता है तो कल रिजर्व डे है और कल यह मैच पूरा होगा। अगर कल भी बारिश होती है और मैच पूरा नहीं होता है तो अंक तालिका में बेहतर स्थिति में रहने के कारण दक्षिण अफ्रीका की टीम फाइनल में पहुंच जाएगी।

02:58 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: डुसेन भी पवेलियन लौटे

रासी वन डर डुसेन 31 गेंद में छह रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जोश हेजलवुड ने उन्हें स्टीव स्मिथ के हाथों कैच कराया। अब हेनरिच क्लासेन और डेविड मिलर क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 24/4 है।

02:55 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका

22 रन पर दक्षिण अफ्रीका का तीसरा विकेट गिरा है। एडेन मार्करम 20 गेंद में 10 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मिचेल स्टार्क ने उन्हें डेविड वॉर्नर के हाथों कैच कराया।

02:28 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका

छठे ओवर में आठ के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका लगा। क्विंटन डिकॉक को हेजलवुड कमिंस के हाथों कैच कराया। वह 14 गेंद में तीन रन बना सके। छह ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर आठ रन है। फिलहाल रसी वान डर डुसेन और एडेन मार्करम क्रीज पर हैं।

02:06 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका

दक्षिण अफ्रीका को पहले ही ओवर में झटका लगा। मिचेल स्टार्क ने कप्तान तेम्बा बावुमा को विकेटकीपर जोश इंग्लिस के हाथों कैच कराया। बावुमा खाता भी नहीं खोल सके। एक ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर एक विकेट पर एक रन है। फिलहाल क्विंटन डिकॉक और रसी वान डर डुसेन क्रीज पर हैं।

01:41 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: ओवरकास्ट कंडीशन

कोलकाता में फिलहाल आसमान में बादल छाए हुए हैं। बारिश की संभावना है। ऐसे में मैच में डकवर्थ लुईस नियम का इस्तेमाल हो सकता है। वहीं, अगर आज मैच नहीं हो पाता है तो कल रिजर्व डे पर मैच वहीं से शुरू होगा, जहां आज खत्म होगा। 

01:37 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), तेम्बा बावुमा (कप्तान), रसी वान डर डुसेन, एडेन मार्करम, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, मार्को यानसेन, केशव महाराज, गेराल्ड कोएत्जी, कगिसो रबाडा, तबरेज शम्सी।

ऑस्ट्रेलिया: ट्रैविस हेड, डेविड वॉर्नर, मिचेल मार्श, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, एडम जाम्पा, जोश हेजलवुड।

01:33 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: दक्षिण अफ्रीका ने जीता टॉस

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। बावुमा ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। लुंगी एनगिडी की जगह तबरेज शम्सी को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने दो बदलाव किए हैं। मार्कस स्टोइनिस और शॉन एबॉट को बाहर किया है। उनकी जगह मिचेल स्टार्क और ग्लेन मैक्सवेल की वापसी हुई है। इन दोनों को पिछले मैच में आराम दिया गया था।

12:32 PM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: दोनों टीमों के बीच आंकड़े

वनडे में दोनों टीमें कुल 109 बार भिड़ी हैं। ऑस्ट्रेलिया ने इसमें से 50 मैच जीते हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका को 55 मैचों में जीत मिली। तीन मुकाबले टाई रहे और एक मैच बेनतीजा रहा। वहीं, विश्व कप में दोनों टीमें सात बार आमने-सामने आई हैं। ऑस्ट्रेलिया ने इस दौरान तीन और दक्षिण अफ्रीका ने भी तीन मैच जीते हैं। एक मैच टाई रहा है। विश्व कप के सेमीफाइनल में दोनों टीमें दो बार भिड़ी हैं। इसमें से एक मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीता और एक टाई रहा है। 

11:12 AM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Live: चोकर्स का टैग हटाने उतरेगी दक्षिण अफ्रीका की टीम

दक्षिण अफ्रीका के हर प्रशंसक को ‘चोकर्स’ शब्द से नफरत है और बड़े मुकाबले जीतने की आदी ऑस्ट्रेलिया टीम एक बार फिर उसके जख्मों पर नमक छिड़कना चाहेगी। 

10:15 AM, 16-Nov-2023

AUS vs SA Highlights: पांच बार का विजेता ऑस्ट्रेलिया आठवीं बार विश्व कप फाइनल में, रविवार को भारत से मुकाबला

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज वनडे विश्व कप 2023 के दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया का सामना दक्षिण अफ्रीका से है। यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डेन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम ने बुधवार को न्यूजीलैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई और आज यह तय हो जाएगा कि खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया के सामने कौन सी टीम होगी। जब दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया लीग स्टेज में भिड़े थे तो तेम्बा बावुमा की टीम ने कंगारुओं को करारी शिकस्त दी थी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें