फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RR vs SRH Highlights: हैदराबाद ने राजस्थान को चार विकेट से हराया, संदीप शर्मा की नो बॉल पड़ी भारी

Sun, 07 May 2023 11:22 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

खास बातें

RR vs SRH Indian Premier League 2023 Highlights: सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को चार विकेट से हराकर अपने प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रखी हैं। इस मैच में राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद के सामने 215 रन का लक्ष्य रखा था। हैदराबाद ने छह विकेट खोकर आखिरी गेंद में इसे हासिल कर लिया।
विज्ञापन
सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:10 PM, 07-May-2023

हैदराबाद ने राजस्थान को चार विकेट से हराया

सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को चार विकेट से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने दो विकेट पर 214 रन का विशाल स्कोर बनाया था। इसके जवाब में हैदराबाद ने छह विकेट खोकर 217 रन बनाए और मैच चार विकेट से जीत लिया। अब्दुल समद ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। इससे पहले संदीप शर्मा ने उन्हें आउट कर दिया था, लेकिन यह नो बॉल निकली और समद ने फ्री हिट में छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिला दी।

राजस्थान के लिए जोस बटलर ने 95 और संजू सैमसन ने 66 रन बनाए। वहीं, हैदराबाद के लिए अभिषेक शर्मा ने 55 और राहुल त्रिपाठी ने 47 रन बनाए। अंत में ग्लेन फिलिप्स ने सात गेंद में 25 रन बनाकर अपनी टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाया और समद ने सात गेंद में 17 रन बनाकर हैदराबाद को जीत दिलाई। इस जीत के साथ ही हैदराबाद की टीम प्लेऑफ में बनी हुई है। 10 मैच के बाद हैदराबाद के पास आठ अंक हैं।

10:59 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: हैदराबाद का छठा विकेट गिरा

196 रन के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद का छठा विकेट गिरा है। ग्लेन फिलिप्स सात गेंद में 25 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कुलदीप यादव ने उन्हें शिमरोन हेटमायर के हाथों कैच कराया। फिलिप्स ने अपनी पारी में तीन छक्के और एक चौका लगाया। फिलहाल अब्दुल समद और मार्को यानसेन क्रीज पर हैं।

10:54 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: हैदराबाद का पांचवां विकेट गिरा

174 रन के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद का पांचवां विकेट गिरा है। एडेन मार्करम पांच गेंद में छह रन बनाकर आउट हो चुके हैं। चहल ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। चहल ने एक ओवर में दो विकेट लेकर मैच पलट दिया है। अब हैदराबाद के लिए जीत मुश्किल होगी। ग्लेन फिलिप्स और अब्दुल समद क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
10:47 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: हैदराबाद का चौथा विकेट गिरा

171 रन के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद का चौथा विकेट गिरा है। राहुल त्रिपाठी 29 गेंद में 47 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और तीन छक्के लगाए। चहल ने उन्हें यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराया।

10:40 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: हैदराबाद का तीसरा विकेट गिरा

157 रन के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद का तीसरा विकेट गिरा है। हेनरिच क्लासेन 12 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। युजवेन्द्र चहल ने उन्हें जोस बटलर के हाथों कैच कराया। क्लासेन ने अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के लगाए। अब राहुल त्रिपाठी के साथ कप्तान मार्करम क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
10:37 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: हैदराबाद का स्कोर 150 रन के पार

सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर दो विकेट पर 150 रन के पार जा चुका है। अभिषेक के आउट होने के बाद राहुल त्रिपाठी और हेनरिक क्लासेन ने तूफानी अंदाज में रन बनाए हैं और अपनी टीम को मैच में वापस ला दिया है। 

10:21 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: हैदराबाद का दूसरा विकेट गिरा

116 रन के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद का दूसरा विकेट गिरा है। अभिषेक शर्मा 34 गेंद में 55 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। रविचंद्रन अश्विन ने उन्हें चहल के हाथों कैच कराया। अभिषेक ने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए। अब राहुल त्रिपाठी के साथ हेनरिच क्लासेन क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर दो विकेट पर 117 रन है।

10:16 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 100 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। अभिषेक शर्मा और राहुल त्रिपाठी क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं, लेकिन दोनों की धीमी बल्लेबाजी हैदराबाद के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है। अब इन दोनों को खुलकर बल्लेबाजी करनी होगी। यह जोड़ी अर्धशतकीय साझेदारी कर चुकी है। 12 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर एक विकेट पर 107 रन है।

09:48 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: हैदराबाद का पहला विकेट गिरा

51 रन के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद का पहला विकेट गिरा है। अनमोलप्रीत सिंह 25 गेंद में 33 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में एक छक्का और चार चौके लगाए। युजवेन्द्र चहल ने उन्हें शिमरोन हेटमायर के हाथों कैच कराया। पावरप्ले में हैदराबाद ने एक विकेट खोकर 52 रन बनाए। अब अभिषेक शर्मा के साथ राहुल त्रिपाठी क्रीज पर हैं। सात ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर एक विकेट पर 58 रन है।

09:46 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: हैदराबाद की अच्छी शुरुआत

215 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने अच्छी शुरुआत की है। अनमोलप्रीत सिंह और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने तेज गति से रन बनाए हैं। पावरप्ले के अंदर ही हैदराबाद का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है। 

09:24 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: हैदराबाद की बल्लेबाजी शुरू

215 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। अनमोलप्रीत सिंह और अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत की है। राजस्थान के लिए संदीप शर्मा ने पहला ओवर किया। एक ओवर का खेल होने के बाद हैदराबाद का स्कोर बिना किसी नुकसान के चार रन है।

09:06 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: राजस्थान ने दो विकेट खोकर 214 रन बनाए

राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट खोकर 214 रन बनाए हैं और हैदराबाद के सामने 215 रन का लक्ष्य रखा है। राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा 95 रन जोस बटलर ने बनाए। वहीं, कप्तान संजू सैमसन ने 66 रन की नाबाद पारी खेली। यशस्वी जायसवाल 35 रन बनाकर आउट हुए। हैदराबाद के लिए भुवनेश्वर कुमार और मार्को यानसेन ने एक-एक विकेट लिया।

09:03 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: राजस्थान का स्कोर 200 रन के पार

दो विकेट पर राजस्थान की टीम का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। संजू सैमसन अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं और हेटमायर के साथ मिलकर अपनी टीम को और बड़े स्कोर तक ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।

08:59 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: राजस्थान का दूसरा विकेट गिरा

192 रन के स्कोर पर राजस्थान रॉयल्स का दूसरा विकेट गिरा है। जोस बटलर 59 गेंद में 95 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और चार छक्के लगाए। हालांकि, वह आईपीएल में अपने छठे शतक से चूक गए। अब सैमसन के साथ शिमरोन हेटमायर क्रीज पर हैं। 19 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर दो विकेट पर 197 रन है।

08:54 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: संजू सैमसन का अर्धशतक

संजू सैमसन ने 33 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में चार छक्के और दो चौके लगाए हैं। बटलर के साथ उन्होंने शतकीय साझेदारी कर अपनी टीम का स्कोर 200 रन के करीब पहुंचा दिया है।

08:37 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: राजस्थान का स्कोर 150 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। संजू सैमसन और जोस बटलर के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है और राजस्थान की टीम बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है। अब तक राजस्थान ने 10 से ज्यादा के रन रेट से रन बनाए हैं। बटलर अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं। वहीं, सैमसन भी अर्धशतक के करीब हैं। 16 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर एक विकेट पर 168 रन है।

08:24 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: जोस बटलर का अर्धशतक

जोस बटलर ने 32 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में अब तक पांच चौके और दो छक्के लगाए हैं। उनकी शानदार पारी के चलते राजस्थान की टीम बेहतर स्थिति में है और बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है। वह सैमसन के साथ अर्धशतकीय साझेदारी कर चुके हैं। दोनों तेजी से रन बना रहे हैं। 13 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर एक विकेट पर 135 रन है।

08:17 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: राजस्थान का स्कोर 100 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। संजू सैमसन और जोस बटलर तूफानी अंदाज में रन बना रहे हैं और अपनी टीम को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। बटलर अपने अर्धशतक के भी करीब पहुंच गए हैं। 11 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर एक विकेट पर 115 रन है।

08:01 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: पावरप्ले के बाद राजस्थान का स्कोर 55/1

पावरप्ले में राजस्थान रॉयल्स ने एक विकेट खोकर 55 रन बनाए हैं। यशस्वी जायसवाल 35 रन बनाकर आउट हो चुके हैं, लेकिन कप्तान संजू और जोस बटलर क्रीज पर जमे हुए हैं। ये दोनों बड़ी साझेदारी कर अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने की कोशिश करेंगे। सात ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर एक विकेट पर 70 रन है।

07:56 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: राजस्थान का पहला विकेट गिरा

पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स का पहला विकेट 54 रन के स्कोर पर गिरा है। यशस्वी जायसवाल 18 गेंद में 35 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए। मार्को यानसेन ने उन्हें टी नटराजन के हाथों कैच कराया। अब जोस बटलर के साथ कप्तान संजू सैमसन क्रीज पर हैं।

07:54 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: राजस्थान का स्कोर 50 रन के पार

पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने शानदार शुरुआत की है। यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर तेज गति से रन बना रहे हैं। राजस्थान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है। 

07:35 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: राजस्थान की बल्लेबाजी शुरू

राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। वहीं, हैदराबाद के लिए भुवनेश्वर कुमार ने पहला ओवर किया। जायसवाल और बटलर ने एक बार फिर अच्छी शुरुआत की है, दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं। दो ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 26 रन है।

07:09 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्करम (कप्तान), हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, अब्दुल समद, मार्को यानसेन, विवरांत शर्मा, मयंक मारकंडे, भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन।

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), जो रूट, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, रविचंद्रन अश्विन, मुरुगन अश्विन, संदीप शर्मा, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल।

07:02 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live: राजस्थान ने टॉस जीता, पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। राजस्थान के लिए जो रूट यह मैच खेल रहे हैं। यह आईपीएल में उनका पहला मुकाबला होगा। वहीं, हैदराबाद की टीम भी दो बदलाव के साथ मैदान पर उतरी है। हैरी ब्रूक की जगह ग्लेन फिलिप्स को मौका दिया गया है। 
 

06:25 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: अंक तालिका में हैदराबाद आखिरी स्थान पर

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अंक तालिका में आखिरी स्थान पर है। इस टीम को नौ में से सिर्फ तीन मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि छह में हार का सामना करना पड़ा है। हैदराबाद प्लेऑफ की रेस से बाहर होने की कगार पर है। हालांकि, इस मैच में जीत हासिल कर यह टीम प्लेऑफ की रेस में बने रहना चाहेगी। हैदराबाद को अपने शुरुआती दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बाद इस टीम ने लगातार दो मैच जीते। हालांकि, पिछले पांच में से चार मैचों में यह टीम हारी है। ऐसे में हैदराबाद भी लय हासिल कर यह मैच जीतना चाहेगी और जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी।

06:23 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Live Score: पांच मैच जीत चुकी है राजस्थान की टीम

राजस्थान की टीम इस सीजन 10 में से पांच मैच जीत चुकी है, जबकि पांच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। यह टीम 10 अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। राजस्थान ने अपने शुरुआती पांच में से चार मैच जीते थे, लेकिन पिछले पांच में से चार मुकाबलों में इस टीम को हार का सामना करना पड़ा है। अब राजस्थान की टीम दो हार के बाद जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी और प्लेऑफ के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करना चाहेगी।

06:14 PM, 07-May-2023

RR vs SRH Highlights: हैदराबाद ने राजस्थान को चार विकेट से हराया, संदीप शर्मा की नो बॉल पड़ी भारी

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2023 का 52वां मैच सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच है। हैदराबाद की टीम इस मैच में जीत के साथ अपने प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रखना चाहेगी। वहीं, राजस्थान भी जीत के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंचना चाहेगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें