फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RR vs RCB Highlights: राजस्थान ने आरसीबी को छह विकेट से हराया; जुरेल और सूर्यवंशी की अर्धशतकीय पारियां

Sat, 11 Apr 2026 12:20 AM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, गुवाहाटी

खास बातें

ध्रुव जुरेल (81*) और वैभव सूर्यवंशी (78) की तूफानी अर्धशतकीय पारियों की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से हरा दिया। 
विज्ञापन
जुरेल-वैभव - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:05 AM, 11-Apr-2026

राजस्थान ने जीता मुकाबला

ध्रुव जुरेल (81*) और वैभव सूर्यवंशी (78) की तूफानी अर्धशतकीय पारियों की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को छह विकेट से हरा दिया। शुक्रवार को गुवाहाटी के बारसपारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने कप्तान रजत पाटीदार की 63 रनों की पारी की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 201 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने महज 18 ओवर में चार विकेट पर 202 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

11:50 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: 16 ओवर का खेल पूरा

16 ओवर का खेल पूरा हो चुका है और राजस्थान ने चार विकेट पर 184 रन बना लिए हैं। जुरेल 66 और जडेजा 21 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। अब राजस्थान को जीत के लिए 24 गेंदों में 18 रनों की जरूरत है।

11:22 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: राजस्थान को चौथा झटका

रियान पराग तीन रन बनाकर आउट हो गए। उनके बल्ले से रन निकलना तो दूर की बात है, वह क्रीज पर खड़े होने के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं। अब रवींद्र जडेजा क्रीज पर आए हैं। 10 ओवर के बाद स्कोर चार विकेट पर 137 रन है।

विज्ञापन
11:14 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: राजस्थान को तीसरा झटका

क्रुणाल पांड्या ने शिमरॉन हेटमायर को हेजलवुड के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। अब जुरेल का साथ देने रियान पराग आए हैं।

11:12 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: राजस्थान को दूसरा झटका

राजस्थान को दूसरा झटका नौवें ओवर की पहली गेंद पर क्रुणाल पांड्या ने दिया। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को अपना शिकार बनाया। वह आठ चौके और सात छक्के की मदद से 78 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर शिमरॉन हेटमायर आए हैं।

विज्ञापन
11:00 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: पावरप्ले समाप्त हुआ

पावरप्ले में राजस्थान ने एक विकेट पर 97 रन बनाए हैं। वैभव 57 और जुरेल 27 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। 

10:54 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: वैभव की आतिशी पारी

वैभव सूर्यवंशी शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और उन्होंने महज 15 गेंदों में इस सीजन का अपना दूसरा अर्धशतक पूरा कर लिया है।  दूसरे विकेट के लिए वह ध्रुव जुरेल के साथ 50 रनों की साझेदारी भी निभा चुके हैं। पांच ओवर के बाद स्कोर एक विकेट पर 73 रन है।

10:40 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: 21 पर राजस्थान को पहला झटका

राजस्थान को पहला झटका जोश हेजलवुड ने दिया। उन्होंने यशस्वी जायसवाल को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हुए। अब वैभव का साथ देने ध्रुव जुरेल आए हैं।

10:34 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: राजस्थान की पारी शुरू

राजस्थान की पारी शुरू हो चुकी है। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं।

10:20 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: आरसीबी की पारी समाप्त

आरसीबी ने राजस्थान रॉयल्स के सामने 202 रनों का लक्ष्य रखा है। शुक्रवार को गुवाहाटी के बारसपारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने रजत पाटीदार की कप्तानी पारी की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 201 रन बनाए। राजस्थान के लिए बिश्नोई, आर्चर और बृजेश ने दो-दो विकेट लिए जबकि संदीप और जडेजा ने एक-एक विकेट चटकाए।

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिल सॉल्ट मैच की पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। सॉल्ट को जोफ्रा आर्चर ने आउट किया। इसके बाद पिछले दो मुकाबलों में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले देवदत्त पडिक्कल सात गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए। क्रुणाल पांड्या बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज एक रन बनाकर आउट हुए। विराट कोहली अच्छी शुरुआत का फायदा उठान में नाकाम रहे और वह 16 गेंदों में 32 रन बनाने के बाद रवि बिश्नोई की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए।

जितेश शर्मा ने भी अपने प्रदर्शन से निराश किया और वह सिर्फ पांच रन ही बना सके। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 70 रनों की तूफानी पारी खेलने वाले टिम डेविड इस मुकाबले में फ्लॉप रहे और सिर्फ 13 रन ही बना सके। रोमारियो शेफर्ड ने कुछ दमदार शॉट्स लगाए, लेकिन वह 11 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद रवींद्र जडेजा की गेंद पर बृजेश शर्मा के हाथों में कैच दे बैठे। हालांकि, रजत पाटीदार एक छोर संभालकर खड़े रहे और उन्होंने 40 गेंदों में 63 रनों की दमदार पारी खेली।

रजत ने कप्तानी पारी खेलते हुए अपनी इस इनिंग में 4 चौके और चार छक्के लगाए। रजत ने वेंकटेश अय्यर के साथ मिलकर सिर्फ 19 गेंदों में 41 रनों की अहम साझेदारी निभाई। वहीं, वेंकटेश ने 15 गेंदों में 29 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि भुवनेश्वर कुमार 9 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई और बृजेश शर्मा ने दो-दो विकेट चटकाए। संदीप शर्मा और रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट निकाला।

10:07 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: पाटीदार आउट हुए

रजत पाटीदार 63 रन बनाकर आउट हो गए। संदीप शर्मा ने उन्हें पवेलियन भेजा। अब वेंकटेश अय्यर और भुवनेश्वर कुमार क्रीज पर मौजूद हैं।

09:58 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: रजत पाटीदार ने 35 गेंदों में पूरा किया अर्धशतक

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। 16 ओवर के बाद स्कोर सात विकेट पर 150 रन है। वेंकटेश अय्यर भी क्रीज पर हैं।

09:53 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: आरसीबी को सातवां झटका

आरसीबी को सातवां झटका जडेजा ने दिया। उन्होंने रोमारियो शेफर्ड को अपना शिकार बनाया। वह 22 रन बनाकर आउट हुए। अब रजत पाटीदार का साथ देने वेंकटेश अय्यर आए हैं। 15 ओवर के बाद स्कोर सात विकेट पर 139 रन है।

09:37 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: आरसीबी को छठा झटका

आरसीबी को छठा झटका बृजेश शर्मा ने दिया। उन्होंने टिम डेविड को हेटमायर के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ 13 रन बना पाए। अब पाटीदार का साथ देने रोमारियो शेफर्ड आए हैं।

09:23 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: पांचवां विकेट गिरा

आरसीबी को पांचवां झटका बृजेश शर्मा ने दिया। उन्होंने जितेश शर्मा को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह पांच रन बनाकर आउट हुए। अब रजत पाटीदार का साथ देने टिम डेविड आए हैं।

09:15 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: चौथा झटका

आरसीबी को चौथा झटका भी रवि बिश्नोई ने दिया। उन्होंने क्रुणाल पांड्या को हेटमायर के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ एक रन बना पाए। अब पाटीदार का साथ देने जितेश शर्मा आए हैं।

09:06 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: विराट कोहली आउट हुए

आरसीबी को तीसरा झटका रवि बिश्नोई ने दिया। उन्होंने विराट कोहली को बोल्ड किया। वह 16 गेंदों में सात चौके की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए। अब रजत पाटीदार का साथ देने क्रुणाल पांड्या आए हैं। पांच ओवर के बाद स्कोर तीन विकेट पर 58 रन है।

08:57 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: 45 पर आरसीबी को दूसरा झटका

आरसीबी को दूसरा झटका तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर देवदत्त पडिक्कल के रूप में लगा। जोफ्रा आर्चर की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश करते हुए वह हेटमायर को कैच थमा बैठे। अब विराट का साथ देने कप्तान रजत पाटीदार आए हैं।

08:42 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: पहला झटका

आरसीबी को पहली गेंद पर पहला झटका लगा है। जोफ्रा आर्चर की गेंद पर फिल सॉल्ट का कैच ध्रुव जुरेल ने लपका। अब विराट कोहली का साथ देने देवदत्त पडिक्कल आए हैं।

08:39 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: आरसीबी की पारी शुरू

आरसीबी की पारी शुरू हो चुकी है। विराट कोहली और फिल सॉल्ट क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों टीम को अच्छी शुरुआत दिलाना चाहेंगे।

08:33 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: गुवाहाटी में बारिश थमी

गुवाहाटी में बारिश रुक गई है। आईपीएल की तरफ से दिए गए अपडेट के मुताबिक, अगर बारिश फिर नहीं लौटती है तो 8:40 बजे मुकाबला शुरू हो जाएगा।
 

08:21 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: मैच शुरू होने में देरी

मैच 8:15 बजे शुरू होना था, लेकिन बारिश के कारण अब तक खेल की शुरुआत नहीं हो सकी है। फिलहाल गुवाहाटी में बारिश हो रही है और मैदान को कवर्स से ढका गया है।
 

08:11 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: गुवाहाटी में फिर शुरू हुई बारिश

गुवाहाटी में एक बार फिर बारिश शुरू हो गई है। पहले अंपायर्स ने मैदान का निरीक्षण करने के बाद 8:15 बजे खेल शुरू कराने का फैसला लिया था। हालांकि, बारिश के कारण कुछ और देरी हो सकती है।

08:07 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरॉन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, बृजेश शर्मा।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: वैभव सूर्यवंशी, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, शुभम दुबे, तुषार देशपांडे।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: सुयश शर्मा, जैकब बेथेल, रसिख सलाम डार, कनिष्क चौहान, वेंकटेश अय्यर।

08:02 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: राजस्थान ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान रियान पराग ने बताया कि तुषार देशपांडे को आराम दिया गया है और उनकी जगह बृजेश शर्मा खेलेंगे। वहीं, आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने बताया कि जैकब डफी को आराम दिया गया है। उनकी जगह जोश हेजलवुड को मौका मिला है।

07:40 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: टॉस आठ बजे होगा

गुवाहाटी में बारिश रुक गई है। अंपायर्स ने मैदान का निरीक्षण करने के बाद टॉस आठ बजे कराने का फैसला लिया है। वहीं, मैच की पहली गेंद 8:15 बजे फेंकी जाएगी। अच्छी बात यह है कि दर्शकों को पूरे 20-20 ओवर का मुकाबला देखने को मिलेगा।

07:28 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: गुवाहाटी में बारिश थमी

गुवाहाटी में बारिश थम गई है। मैदान कवर्स से हटाए जा रहे हैं। अंपायर्स किसी भी वक्त मैदान का निरीक्षण करेंगे और टॉस का समय निर्धारित करेंगे।

07:01 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: टॉस में देरी

राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबले के टॉस में देरी होगी। गुवाहाटी में फिलहाल बारिश हो रही है, जिसकी वजह से टॉस को कुछ समय के लिए टाला गया है। 
 

06:03 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: फॉर्म में हैं यशस्वी-वैभव

वहीं, रॉयल्स इस सत्र में सबसे आक्रामक बल्लेबाजी ईकाई के रूप में सामने आई है जिसका श्रेय जायसवाल और सूर्यवंशी को जाता है। दोनों ने टीम को शानदार शुरुआत देकर विरोधी गेंदबाजों को दबाव में ला दिया है। सूर्यवंशी ने पिछले मैच में जसप्रीत बुमराह को पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अपने बेखौफ खेल का फिर परिचय दिया था। रॉयल्स के गेंदबाज भी रणनीति पर अमल करने में कामयाब रहे हैं।

06:03 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: लय में दिख रहे पडिक्कल

तीसरे नंबर पर उतर रहे पडिक्कल ने घरेलू क्रिकेट का अपना फॉर्म कायम रखते हुए संतुलित आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी की है। आईपीएल में अपने डेब्यू सत्र में आरसीबी के लिए 473 रन बनाने वाले पडिक्कल बाद में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के साथ उस सफलता को दोहरा नहीं सके थे। पिछले सत्र में वह आरसीबी में लौटे और पहली बार उसे आईपीएल खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस सत्र में भी उन्होंने पहले चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 29 गेंद में 50 और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 26 गेंद में 61 रन बनाए। कप्तान रजत पाटीदार और ऑस्ट्रेलिया के टिम डेविड मध्यक्रम को मजबूती देते हैं। आरसीबी के गेंदबाजों ने भी इस सत्र में प्रभावित किया है। जैकब डफी ने जोश हेजलवुड की कमी पूरी की है तो बीच के ओवरों में क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा ने रन रोके हैं। 

06:02 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Live Score: राजस्थान की आरसीबी से टक्कर

यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी से मिल रही आक्रामक शुरुआत के साथ राजस्थान रॉयल्स शुक्रवार को गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ आईपीएल के मैच में अपना दबदबा कायम रखना चाहेगी, जबकि आरसीबी की उम्मीदें फॉर्म में चल रहे देवदत्त पडिक्कल पर टिकी होंगी। दो साल पहले टी20 क्रिकेट से विदा लेने के बावजूद आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के प्रदर्शन में कमी नहीं आई है। उनके मार्गदर्शन में आरसीबी ने संतुलित शीर्ष क्रम तैयार कर लिया है और पिछले मैच में फिल सॉल्ट ने भी उम्दा पारी खेली थी।

05:41 PM, 10-Apr-2026

RR vs RCB Highlights: राजस्थान ने आरसीबी को छह विकेट से हराया; जुरेल और सूर्यवंशी की अर्धशतकीय पारियां

IPL Live Cricket Score, RR vs RCB Indian Premier League 2026 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच आईपीएल 2026 का 16वां मुकाबला खेला जाएगा। गुवाहाटी में खेले जाने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच में वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल के अलावा विराट कोहली पर नजरें रहेंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें